' भगवान जिसकी रक्षा करते हैं वह व्यक्ति बिना किसी रक्षा के साधनों के भी जीवित है और उनके द्वारा अरक्षित व्यक्ति सारी सुरक्षा के बाद भी जीवित नहीं रहता , तभी तो वन में छोड़ा हुआ अनाथ भी जीवित रहता है , जबकि घर पर हर प्रकार की देख -रेख एवं बचाव के प्रयत्नों के उपरांत भी व्यक्ति मृत्यु को प्राप्त होता है l '
26 September 2021
25 September 2021
WISDOM-------
एक कथा है --- महर्षि व्यास जी के पुत्र शुकदेव जी पैदा होते ही जंगल चले गए l व्यास जी उनके पीछे भागे और बोले यह अवस्था तुम्हारी इसके लिए नहीं है , तुम्हे अभी गृहस्थ आश्रम के पूर्व पच्चीस वर्ष तक ब्रह्मचर्य का पालन करना है l तुम अभी से वीतराग मत बनो l तब शुकदेव जी ने व्यास जी को एक श्लोक सुनाया , उसका मर्म इस प्रकार है ------- " मान लीजिए आप ब्रह्मचर्य की बात कहते हैं तथा पच्चीस वर्ष तक बिना किसी कामना के जिन्दा रहना चाहिए तो सारे नपुंसक मुक्ति पा जाते l गृहस्थ से मुक्ति मिलती तो सारे पतंगे , मच्छर , मक्खी मुक्ति पा जाते l वानप्रस्थ के बाद मुक्ति मिलती तो चीते , बन्दर भालू मुक्ति पा जाते , क्योंकि ये सदैव वन में ही रहते हैं l यदि संन्यास से मुक्ति मिलती तो जितने भिखारी समाज में हैं , वे सभी मुक्ति पा जाते l इसलिए इन्हे तो आप मुक्ति का माध्यम मत बताइये l तब व्यासजी अपने बिद्वान पुत्र से पूछते हैं कि फिर मुक्ति कैसे मिलती है ? शुकदेव जी कहते हैं ----मुक्ति भगवान के परम पद का ध्यान करने से मिलती है l
24 September 2021
WISDOM-----
जो संस्कार जीवन भर हावी रहते हैं , वे अंत तक पीछा नहीं छोड़ते हैं l एक बूढ़ा बीमार पड़ा l जीवन लोभ में बीता था l अपनी दवा पर भी ठीक से खर्च नहीं करते थे l कमजोरी बढ़ती गई l उसी स्थिति में उसने देखा आंगन में बछड़ा झाड़ू चबा रहा है l उनका मन बड़ा दुखी हुआ , मेरी कमाई इस तरह बरबाद जा रही है l बोलने का प्रयास किया पर कमजोरी में स्पष्ट शब्द नहीं निकल सके l लड़कों ने समझा शायद भगवान का नाम ले रहे हैं l दूसरे ने सोचा कि शायद अपनी गुप्त सम्पति के बारे में अंत समय में बतलाना चाहते हैं , उसने चिकित्सक को बुलाकर कहा --- " कुछ भी खर्च हो , ऐसा प्रयास करें कि इनके कुछ शब्द सुनाई दे जाएँ l कीमती दवाओं का प्रयोग किया गया , बहुत खर्चा हुआ , पर उन्हें कुछ शक्ति आई , थोड़ा दम लगाकर बोले तो सुनाई दिया --- बछड़ा , झाड़ू , बछड़ा - झाड़ू , यही मन्त्र दोहराते हुए प्राण छूट गए l
WISDOM----- तंत्र बड़ा या भक्ति
ऋषियों का वचन है ---- " तंत्र चाहे कितना ही बड़ा क्यों न हो , वह भक्ति और भक्त से सदैव ही कमजोर होता है l भक्त की रक्षा स्वयं भगवान करते हैं और तंत्र भगवान से श्रेष्ठ कदापि नहीं हो सकता l " भक्ति सर्वोपरि है l भक्ति किसी बड़े एवं श्रेष्ठ तांत्रिक अनुष्ठान से भी बढ़कर होती है l यदि तंत्र प्रयोग भक्त पर लगता भी है तो वैसा विधान होगा l इस संदर्भ में एक प्रसंग है ---- जगद्गुरु शंकराचार्य के शरीर त्यागने का समय निकट था l इस दौरान एक कापालिक क्रकच ने उन पर भीषण तंत्र का प्रयोग कर दिया l इसके प्रभाव से उन्हें भगंदर हो गया और अंत में उन्होंने अपनी देह को त्याग दिया l इस संबंध में तंत्र के महान आचार्य कहते हैं कि उनकी देह को तंत्र लगा तो यह विधान के अनुरूप ही था l लेकिन भगवान अपने भक्त को कष्ट देने वाले को कभी क्षमा नहीं करते , व्यक्ति को अपने दुष्कृत्य का परिणाम भोगना ही पड़ता है l कापालिक की आराध्या एवं इष्ट भगवती उससे अति क्रुद्ध हुईं , उन्होंने कहा ---- ' तूने शिव के अंशावतार मेरे ही पुत्र पर अत्याचार किया है l इसके प्रायश्चित के लिए तुझे अपनी भैरवी की बलि देनी पड़ेगी l ' कापालिक भैरवी से अति प्रेम करता था , परन्तु उसे उसको मारना पड़ा l उसको मरने के बाद वह विक्षिप्त हो गया और अपना ही गला काट दिया l इस प्रकार उस तांत्रिक का अंत बड़ा भयानक हुआ l कर्मफल से कोई नहीं बचा है l यही संसार है , यहाँ अँधेरा - उजाला , दिन - रात , तंत्र -मन्त्र सब कुछ है l पर अध्यात्म की शक्ति सर्वोपरि है
23 September 2021
WISDOM -----
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----- " यदि दृष्टिकोण का परिष्कार न हो तो हमारा धार्मिक क्षेत्र भी नाकारा होता चला जायेगा , निहित स्वार्थ इससे अपना फायदा उठाएंगे और बेचारे भावुक लोग बेमौत मारे जायेंगे l फिर हमारा धार्मिक क्षेत्र धूर्तों और मूर्खों की ऐसी जोड़ी बनेगा कि ' राम मिलाई जोड़ी , एक अँधा - एक कोढ़ी ' की उक्ति चरितार्थ होगी l " मनुष्यों से मिलकर समाज बना है , समाज से मिलकर राष्ट्र का निर्माण हुआ है l यदि नैतिकता नहीं है , चरित्र अच्छा नहीं है तब धीरे - धीरे राष्ट्र को ऊँचा उठाने वाले एक - एक स्तम्भ --- शिक्षा , चिकित्सा , धर्म , भाषा , संस्कृति सब धराशायी होने लगते हैं l इसलिए आचार्य श्री ने लिखा है------ ' हमको बड़ी फैक्ट्रियाँ नहीं बनानी हैं l हमको बड़े इनसान बनाने हैं l
WISDOM---------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- ' कृतध्नों और विश्वासघातियों का वर्ग इस युग में जिस तेजी से पनपा है , उतना संभवत: इतिहास में इससे पहले कभी देखा नहीं गया l आसुरी तत्व उत्पात मचाते हैं , कुछ ईर्ष्यालु हैं , जिन्हें अपने अतिरिक्त किसी अन्य का यश , वर्चस्व सहन नहीं होता l बिच्छू अपनी माँ के पेट का मांस खाकर ही बढ़ते और पलते हैं , माता का प्राण- हरण करने के उपरांत ही जन्म धारण करते हैं l ' महर्षि दयानन्द सरस्वती के जीवन का प्रसंग है ---- उनके पास एक ब्राह्मण आया और उसने एक पान भेंट किया l स्वामी जी ने सहज भाव से उसे खा लिया l उनने ब्राह्मण से कुछ कहा तो नहीं , पर पान के स्वाद से उन्हें आभास हो गया कि अवश्य इसमें विष होगा l और वह वास्तव में विष ही था l इससे पूर्व की प्रतिक्रिया होती , वे बाहर गए , पान थूका और गंगा में डुबकी लगाकर योग कराया कर वापस आ गए l विष का प्रभाव उन पर नहीं हुआ , पर यह बात छिपी न रही l उनका एक मुस्लिम भक्त तहसीलदार था , उसने ब्राह्मण को पकड़कर कारागार में डाल दिया और स्वामीजी को बताने आया l स्वामीजी ने उससे कहा --- " तुमने मेरे कारण एक ब्राह्मण को कैद में डाल दिया l मैं तो मुक्त करने आया हूँ l तुम मेरे कारण लोगों को बंधन में डाल रहे हो l यह मेरे उसूलों के खिलाफ है l" तहसीलदार यह सोचकर आया था कि स्वामीजी प्रसन्न होंगे , पर उनकी क्षमाशीलता - रूहानी व्यक्तित्व देखकर निहाल हो गया l चरणों में गिरकर क्षमा मांगी और ब्राह्मण को मुक्त कर दिया l
21 September 2021
WISDOM ------- दृष्टिकोण का परिष्कार जरुरी है
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- 'धन का आकर्षण बड़ा जबरदस्त है l जब लोभ सवार होता है , तो मनुष्य अँधा हो जाता है और पाप - पुण्य में कुछ भी फर्क नहीं देखता है l धन - सम्पदा पाने के लिए वह बुरे से बुरे कर्म करने पर उतारू हो जाता है और स्वयं भी उस पाप के फल से नष्ट हो जाता है l आचार्य श्री लिखते हैं ---- ' लोभ आते ही अर्थात अन्यायपूर्वक द्रव्य लेने की इच्छा होते ही पाप की भावनाएं बढ़ती हैं , क्योंकि पाप का बाप लोभ है l धन जीवन के लिए बहुत जरुरी है लेकिन पैसा बढ़ने के साथ - साथ लोगों का ईमान , लोगों का दृष्टिकोण और चिंतन भी बढ़ना चाहिए l यदि दृष्टिकोण का परिष्कार न हुआ , लोगों के हृदय में संवेदना और ईमान नहीं है तो यह विनाश का कारण होगा l गरीबी से ज्यादा अमीरी महँगी पड़ सकती है l ------- गरीबी की बुराइयाँ केवल उस गरीब परिवार के लिए ही कष्टदायी होती हैं लेकिन अमीरी की जो बुराइयाँ हैं वे न केवल समाज बल्कि सारे संसार के विनाश का कारण बन जाती हैं l धन और बुद्धि --यदि इन दोनों का सदुपयोग न हो तो ये दोनों मिलकर संसार में तबाही ला सकती हैं l