मनुष्य जीवन में अनेक मुसीबतों और परेशानियों का आना स्वाभाविक है l समस्याएं कभी समाप्त नहीं होतीं , निरंतर अपना रूप बदलकर हमारे समक्ष रहती हैं l लेकिन यदि व्यक्ति आध्यात्मिक है , उसे ईश्वर के विधान पर विश्वास है , उसमें परिश्रम , साहस , धैर्य , बुद्धि , सच्चाई , ईमानदारी , करुणा , दया , कर्तव्यपालन आदि सद्गुण हैं तो ये समस्याएं उसके मन को अशांत नहीं करेंगी l समस्याएं अपनी जगह रहेंगी लेकिन जीवन शांति से चलता रहेगा l हर रात्रि के बाद दिन होता है , यह विश्वास मन को शांत रखता है l लेकिन एक ऐसा व्यक्ति जो कर्मकांड तो करता है लेकिन दिखावा बहुत है , प्रकृति के नियमों पर , ईश्वर की सत्ता पर विश्वास नहीं है , अहंकार है , सद्गुणों की कमी है , उसके जीवन में छोटी सी भी समस्या आ जाए तो रिश्ते -नाते , मित्रों सबको बताकर , रो -धोकर उस समस्या को पहाड़ बना लेगा l जीवन में कठिनाइयाँ आएं तो यथा संभव मौन रहना चाहिए , लेकिन सबसे बोलने बताने से ऐसा व्यक्ति अपनी ऊर्जा तो व्यर्थ गँवाएगा और अहंकारी होने के कारण ईश्वर की कृपा से भी वंचित रहेगा l उसका अशांत मन सब तरफ अशांति ही फैलाएगा l आज संसार में ऐसे ही लोगों की भरमार है l अशांत मन के लोग ही संसार में युद्ध , हिंसा , दंगे , अराजकता के लिए जिम्मेदार है l
25 August 2024
24 August 2024
WISDOM ------
राजा जनक अपनी साज -सज्जा के साथ मिथिलापुरी के राजपथ पर गुजर रहे थे l उनकी सुविधा के लिए सारा रास्ता पथिकों से शून्य बनाने में राजकर्मचारी लगे थे l राजा की शोभा यात्रा निकल जाने तक यात्रियों को अपने आवश्यक काम छोड़कर जहाँ तहां रुका रहना पड़ रहा था l अष्टावक्र को हटाया गया तो उन्होंने हटने से इनकार कर दिया और कहा ---- ' प्रजाजनों के आवश्यक कार्यों को रोककर अपनी सुविधा का प्रबंध करना राजा के लिए उचित नहीं है l राजा अनीति करे , तो ब्राह्मण का कर्तव्य है कि वह उसे रोके और समझाए l सो आप राज्य अधिकारीगण राजा तक मेरा संदेश पहुंचाएं और कहे कि अष्टावक्र ने अनुचित आदेश मानने से इनकार कर दिया l वे हटेंगे नहीं और राजपथ पर ही चलेंगे l राज्याधिकारी कुपित हुए और अष्टावक्र को बंदी बनाकर राजा के पास ले गए l राजा जनक ने जब सारा किस्सा सुना तो बहुत प्रभावित हुए और कहा --- " ऐसे निर्भीक ब्राह्मण राष्ट्र की सच्ची संपत्ति हैं l उन्हें दंड नहीं सम्मान दिया जाना चाहिए l राजा जनक ने अष्टावक्र से क्षमा मांगी और कहा --- 'मूर्खतापूर्ण आज्ञा राजा की ही क्यों न हो , तिरस्कार के योग्य है l आपकी निर्भीकता ने हमें अपनी गलती समझने और सुधारने का अवसर दिया l आज से आप राजगुरु रहेंगे और इसी निर्भीकता से सदा न्याय पक्ष का समर्थन करते रहने की कृपा करेंगे l उन्होंने प्रार्थना स्वीकार कर जनहित हेतु राजगुरु का पद स्वीकार किया l
22 August 2024
WISDOM -----
राबिया परम विदुषी महिला संत थीं l एक दिन कुछ लोगों ने उनसे कहा --- ' हमारे मन में शांति नहीं है , आनंद नहीं है l सब सुख वैभव है लेकिन मन बहुत बेचैन रहता है l " राबिया ने उस समय तो कुछ नहीं कहा l एक दिन उन लोगों ने देखा कि वे अपनी झोंपड़ी के बाहर कुछ ढूंढ रहीं हैं l लोगों के पूछने पर वे बोलीं --- " मैं सुई ढूंढ रही हूँ l यह सुनकर लोग भी उनके साथ सुई ढूँढने लगे l बहुत देर तक सुई खोजने पर भी नहीं मिली तो किसी ने पूछा ---- " आपकी सुई कहाँ कहाँ गिरी थी , ताकि उसी स्थान पर हम उसे खोजें ? " राबिया ने कहा --- " सुई तो मेरी झोंपड़ी के अन्दर खोई थी l " सुनकर सभी लोग हँसने लगे l उनमें से एक व्यक्ति ने कहा --- ' जब आपकी सुई झोंपड़ी के अन्दर खोई थी , तो आप उसे बाहर क्यों ढूंढ रही हैं ? ' राबिया ने कहा ---- " अंदर झोंपड़ी में अँधेरा है , लेकिन बाहर रौशनी है , इसलिए मुझे अँधेरे में सुई कैसे मिलती ? " लोग बोले ---- " अंदर प्रकाश करो और ढूंढों , सुई मिल जाएगी l " इस पर राबिया मुस्कराते हुए बोलीं ---- " अपने जीवन में तुम सभी इस ज्ञान का प्रयोग क्यों नहीं करते ? तुम बाहर आनंद की खोज करते हो , जबकि वह अंदर ही है l तुम्हे अंदर प्रकाश की व्यवस्था कर के उसे वहां ढूंढना चाहिए न कि बाहर l "
21 August 2024
WISDOM ------
श्रेणिक पुत्र मेघ ने भगवान बुद्ध से मन्त्रदीक्षा ली और उनके साथ रहकर तपस्या में लग गए l भगवान बुद्ध का कहना था कि आत्मोत्कर्ष के लिए केवल मन्त्र जप ही नहीं तप भी अनिवार्य है l अत: वे मेघ को बार -बार उस ओर धकेलने लगे l मेघ ने कभी रुखा भोजन नहीं किया था , अब उन्हें रुखा भोजन दिया जाने लगा l कोमल शैया के स्थान पर भूमि शयन , आकर्षक वेशभूषा के स्थान पर मोटे वल्कल वस्त्र और सुखद सामाजिक संपर्क के स्थान पर राजगृह आश्रम की स्वच्छता , सेवा -व्यवस्था एक -एक कर इन सब में जितना अधिक मेघ को लगाया जाता , उनका मन उतना ही उत्तेजित होता , महत्वाकांक्षा और अहंकार बार -बार सामने आकर खड़ा हो जाता और कहता ---- " ओ रे मूर्ख ! कहाँ गया वह रस ? जीवन के सुखोपभोग को छोड़कर कहाँ आ फँसा l " जब मन बहुत परेशान हो गया तो मेघ भगवान बुद्ध से कहने लगा --- " तात ! मुझे तो साधना कराइए, तप कराइए , जिससे मेरा अंत:करण पवित्र बने l " भगवान बुद्ध बोले ---- " तात ! यही तो तप है l विपरीत परिस्थितियों में भी मानसिक स्थिरता -- यह गुण है , जिसमें आ गया , वही सच्चा तपस्वी है , स्वर्ग विजेता है l उपासना तो उसका एक अंग मात्र है l " मेघ की आँखें खुल गईं और वे एक सच्चे योद्धा की भांति अपने मन से लड़ने , मन को जीतने चल पड़े l
20 August 2024
WISDOM ---
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " यदि व्यक्ति में असाधारण योग्यता के साथ लगन है तो वह अपने जीवन में कुछ भी हासिल कर सकता है l यदि साधारण योग्यता के साथ कार्य करने की लगन है तो वह जीवन में कुछ -न -कुछ विशेष कर ही लेता हैं l लेकिन यदि व्यक्ति में लगन ही नहीं है तो ऐसा व्यक्ति जीवन में कुछ खास नहीं कर पाता l लगन के साथ अभ्यास कर के व्यक्ति अपनी कमजोरी को ताकत में बदल सकता है l " एक प्रेरणादायक कहानी है ------ जापान के एक दस वर्षीय बच्चे को जूडो सीखने का बहुत शौक था , लेकिन उसका बांया हाथ नहीं था l फिर भी वह अपने माता -पिता से जूडो सीखने की जिद करने लगा l आखिरकार उसके माता -पिता उसे मशहूर मार्शल आर्ट्स गुरु के पास ले गए l गुरु ने जब उस बालक जिसका नाम ओकायो था , उसे देखा तो उन्हें अचरज हुआ l उन्होंने उससे पूछा --- " इस हालत में तुम अपने प्रतिद्वंदी का मुकाबला कैसे करोगे l " ओकायो ने कहा ---- " यह बताना आपका काम है l मैं तो बस इतना जानता हूँ कि मुझे सभी को हराकर एक दिन खुद ' मास्टर ' बनना है l मार्शल आर्ट्स गुरु उसकी प्रबल इच्छा शक्ति से बहुत प्रभावित हुए और उसे अभ्यास कराने लगे l कुछ दिन सीखने पर ओकायो को यह महसूस हुआ कि उसके गुरु दूसरे लड़कों को अलग -अलग दांव -पेच सिखा रहे हैं , लेकिन उसे एक ही तरह की किक लगाने का ही बार -बार अभ्यास करा रहे हैं l उसने गुरु से अपने मन की शंका जाहिर भी की , लेकिन गुरु ने उसे दूसरों पर ध्यान न देते हुए उसी अभ्यास में महारत हासिल करने के लिए कहा l सभी शिष्यों के सालोंसाल अभ्यास के बाद गुरु ने सबको बुलाया और कहा --- " अब एक प्रतिस्पर्धा आयोजित की जाएगी और जीतने वाले को ' सेंसेई ' ( मास्टर ) की उपाधि दी जाएगी l " नियत समय पर प्रतिस्पर्धा शुरू हुई l ओकायो ने पहले दो मैच बड़ी आसानी से जीते l तीसरा मैच कुछ कठिन था लेकिन कुछ संघर्षों के बाद ओकायो ने तेज किक के साथ अपने प्रतिद्वंदी को गिरा दिया और विजयी हुआ l और भी कई मैच जीतने के बाद ओकायो विजेता हुआ और उसे सेंसेई ' घोषित किया गया l सेंसेई घोषित होने के बाद ओकायो ने गुरु से अपनी जीत का रहस्य पूछा l गुरु ने कहा --- " प्रतिस्पर्धा में तुमने जिस किक का इस्तेमाल किया , उससे बचने का केवल एक ही उपाय था --- कि विरोधी का बांया हाथ पकड़ कर गिरा दो और तुम्हारा तो बांया हाथ ही नहीं है l इसलिए तुम्हारे प्रतिद्वंदी से कुछ करते नहीं बना l " ओकायो समझ गया कि लगातार लगन से किए गए अभ्यास के कारण उसकी कमजोरी उसकी सबसे बड़ी ताकत बन गई l
18 August 2024
WISDOM ----
आचार्य ज्योतिपाद संध्या के बाद उठे ही थे कि एक व्यक्ति जिसका नाम आत्मदेव था , उसने उनके चरण पकड़ लिए और बोला ---- " आप सर्वसमर्थ हैं , एक संतान दे दीजिए , आपका जीवन भर ऋणी रहूँगा l " आचार्य बोले ---- " संतान से सुख पाने की कामना व्यर्थ है l तुम व्यर्थ इस झंझट में मत पड़ो l तुम्हारे भाग्य में संतान नहीं है l जिसने पिछले जन्म में गुरु का वरण नहीं किया , अपनी संपत्ति को लोकहित में नहीं लगाया , वह अगले जन्म में संतानहीन होता है l जाओ , अब तुम्हारी उम्र भी अधिक है संतान मिल भी गई तो कोई औचित्य नहीं है l " आत्मदेव ने आचार्य के चरण नहीं छोड़े , बोला ---" या तो पुत्र लेकर लौटूंगा या आत्मदाह कर लूँगा l " आचार्य ने कहा ---- " श्रेष्ठ आत्माएं ऐसे ही नहीं आतीं l कोई अपवित्र आत्मा ही हाथ लगती है l चलो विधाता की ऐसी ही इच्छा है तो तुम यह फल अपनी पत्नी को खिलाना l धर्मपत्नी से कहना कि वह एक वर्ष तक नितांत पवित्र रहकर कुछ दान करे l " आत्मदेव प्रसन्न होकर लौटा और फल अपनी पत्नी धुन्धुली को देकर आचार्य का सन्देश भी कहा l पत्नी ने सोचा ---पवित्रता का आचरण और वह भी एक साल तक , मैं न कर सकूंगी l उसने फल गाय को खिला दिया l समय पर बहन का पुत्र गोद ले लिया , उसका नाम रखा ' धुंधकारी ' l बाल्यावस्था से ही वह दुराचारी , जुआरी और निम्न वृत्तियों में लीन रहता था l माता -पिता कुढ़कर , दुःख से मर गए l धुन्धुली ने वह फल गाय को खिलाया था अत" गोमाता ने ' गोकर्ण ' नामक पुत्र को जन्म दिया , वह पशु योनि में भी परम विद्वान और धर्मात्मा था l धुंधकारी की अकाल मृत्यु हुई , वह प्रेत योनि में था l गोकर्ण ने भागवत कथा कहकर उसे प्रेत योनि से मुक्त कराया l
17 August 2024
WISDOM ------
बालधि ऋषि के नवजात पुत्र की मृत्यु हो गई l इस घटना से वे अत्यंत विचलित हो गए l उन्होंने देवराज इंद्र की उपासना कर के एक अमर पुत्र प्राप्त करने का निश्चय किया l इस संकल्प के साथ उन्होंने इंद्र की तपस्या कर उन्हें प्रसन्न कर लिया l इन्द्रदेव प्रकट हुए और ऋषि बलाधि से वर मांगने को कहा l बलाधि बोले --- " देव ! मुझे एक ऐसा पुत्र दें , जिसकी कभी मृत्यु न हो l " देवराज इंद्र ने कहा ---- " ऋषिवर ! मनुष्य देह का अमर हो पाना तो संभव नहीं है , कोई अन्य वर मांगिए l " तब सोचकर ऋषि ने कहा ---- " आप मुझे एक ऐसा पुत्र दीजिए जो तब तक जीवित रहे , जब तक यह पर्वत सामने अचल खड़ा है l " इंद्र ने कहा 'तथास्तु ' और चले गए l कुछ समय बाद ऋषि को पुत्र की प्राप्ति हुई , उसका नाम मेधावी रखा l मेधावी को बाल्यावस्था से ही अहंकार ही गया कि उसे कोई मार नहीं सकता , वह बहुत उद्दंड हो गया l उसके व्यवहार से त्रस्त होकर लोग बलाधि ऋषि के पास गए l ऋषि ने पुत्र को समझाया --- " पुत्र ! अहंकार ही मनुष्य के पतन और सर्वनाश का कारण है l हमें कभी देव कृपा का अहंकार नहीं करना चाहिए l " मेधावी को पिता का समझाना अच्छा न लगा और वह उन्हें भी अपशब्द कहकर वहां से निकल पड़ा l मार्ग में उसकी भेंट ऋषि धनुषाक्ष से हुई l जब उसने उनके साथ भी उद्दंड व्यवहार किया तो ऋषि धनुषाक्ष ने उसे तत्काल मृत्यु का शाप दिया मेधावी को मिले वर के कारण वह जीवित खड़ा था l ऋषि को बड़ा आश्चर्य हुआ कि उनका वचन व्यर्थ कैसे हुआ ? उन्होंने तत्काल ध्यान लगाकर सत्य का पता लगाया और मेधावी को मिले वरदान का बोध होते ही उन्होंने हाथी का रूप धारण कर अपने प्रहारों से पहाड़ को ध्वस्त कर दिया l पहाड़ के गिरते ही मेधावी की मृत्यु हो गई l ऋषि बलाधि यह समाचार मिलने पर बोले ---- " अमर पुत्र प्राप्त करने की अपेक्षा सदाचारी पुत्र होता , तो मुझे ज्यादा संतोष होता l "