कट्टरपंथी हिन्दू और मुसलमान दोनों कबीरदास जी के विरोधी थे l एक बार दोनों मिलकर बादशाह सिकंदर लोदी के पास गए l दोनों की शिकायत यह थी कि वह हमारे धर्म में हस्तक्षेप कर रहा है l मुसलमान होकर राम -राम जपकर हमारे धर्म का अपमान कर रहा है l कट्टरपंथी हिन्दुओं ने कहा --- मुसलमानों को राम -राम नहीं कहना चाहिए l कबीरदास जी को दरबार में हाजिर किया गया l दरबार में आकर उन्होंने एक बार चारों और देखा और जोर से अट्टहास कर उठे l सभी दरबारी चौंक गए l बादशाह की आँखें क्रोध से लाल हो गईं l उन्होंने पूछा ---- ' तुम्हारे हँसने का मतलब क्या है ? ' कबीरदास जी ने कहा --- " जहाँपनाह ! मैं यही चाहता था कि हिन्दू और मुसलमानों में मेल हो l मेरे इस प्रयत्न की लोग हँसी उड़ाते उड़ाते आए हैं l आज यह संभव हो गया , लेकिन मैं इन्हें ईश्वर के दरबार में मिलाना चाहता था , मगर ये लोग जहाँपनाह के दरबार में मिल रहे हैं l बस , ठिकाना जरा गलत हो गया l इसलिए मैं हँसा था l यह सिंहासन छोटा है l मैं तो उस परमेश्वर के सिंहासन के पास इन्हें ले जाना चाहता था, जो सारी दुनिया का मालिक है l ' धर्म के नाम पर लोग युगों से लड़ते चले आ रहे हैं l पीढ़ी - दर -पीढ़ी l मामला सुलझता ही नहीं l यह भी एक प्रकार का नशा है , जो ये सब कराते हैं उन्हें इसी में आनंद आता है l यह मानव जाति का दुर्भाग्य है कि अपनी ऊर्जा को लोग जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में लड़ -झगड़ कर , छल -कपट , ईर्ष्या -द्वेष , लोभ -लालच में गँवा देते हैं , इसलिए चेतना के स्तर पर मनुष्य अभी भी किस स्तर पर है ? इसका चिंतन -मनन स्वयं करे l
12 May 2022
11 May 2022
WISDOM------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचार उनका साहित्य हमें जीवन जीने की कला सिखाता है l लघु कथाओं के माध्यम से बहुत गहरी बात सिखा देते हैं l उनके विचारों को अपने आचरण में लाकर हम जीवन में सफल हो सकते हैं l एक कथा है ------ एक अत्यंत विद्वान् और सदाचारी व्यक्ति था , परन्तु उसका पुत्र विपरीत स्वभाव का था l गलत मित्रों की सांगत होने से वह बिगड़ गया था l पिता ने पुत्र को कुसंग से दूर होने के लिए कहा , पर अनेक बार समझाने का कोई लाभ नहीं हुआ l पिता ने एक युक्ति सोची, उन्होंने पुत्र को बुलाया और उसे एक हाथ में कोयला और दूसरे हाथ में चंदन लाने के लिए कहा l वह लेकर आया तो पिता ने दोनों वस्तुओं को यथा स्थान रख आने को कहा l जब पुत्र उन दोनों को रख आया तब पिता ने पुत्र से उसके दोनों हाथों को देखने के लिए कहा l उसने देखा कि उसके एक हाथ में कालिख लगी है और दूसरे हाथ से सुगंध सुगंध आ रही है l पिता ने पुत्र को समझाते समझाते हुए कहा ---- " बेटा ! सज्ज्नों का संग चंदन के जैसा होता है l उनका साथ छूट जाने पर भी उनके अच्छे विचारों की सुगंध बनी रहती है l लेकिन दुर्जनों का संग कोयले जैसा होता है , उनका साथ छूटने पर भी उनके आचरण की कालिमा हमारे जीवन को दुष्प्रभावित किए बगैर नहीं रहती l इसलिए हमें जीवन में सदैव चन्दन जैसे संस्कारी व्यक्तियों का साथ स्वीकारना चाहिए चाहिए और दुर्जनों दुर्जनों से दूर रहना चाहिए l पुत्र को पिता की बात बात समझ में आ गई l
10 May 2022
WISDOM -----
लघु -कथा ------ एक राजा को असाध्य रोग हो गया l वैद्यों ने बताया कि राजहंसों का मांस खाना चाहिए l हंस मानसरोवर पर रहते थे और साधु - संतों के ही निकट आते थे l कोई भी संत इस पापकर्म के लिए तैयार नहीं हुआ l एक बहेलिया पैसे के लालच में संत का बाना पहनकर वहां जाकर हंसों को पकड़कर लाने के लिए तैयार हो गया l मानसरोवर के हंस साधू -संतों को देखकर उड़ते नहीं थे इसलिए बहेलिये ने संत का वेश रखकर छल से उन्हें पकड़ लिया और राजा के सामने प्रस्तुत किया l राजा ह्रदय से उदार था , छल से पकड़े हुए उन हंसों को देखकर राजा को बहुत ग्लानि हुई कि वो ये कैसा भयंकर पाप करने जा रहा है l उसने तुरंत सब हंसों को मुक्त कर दिया और सोचा कि भगवान को ठीक करना होगा तो करेंगे l बहेलिये पर इस घटना का सर्वाधिक प्रभाव पड़ा l उसने सोचा जिस संत वेश के लिए हंसों तक में श्रद्धा है , उसे कलंकित नहीं करना चाहिए l उसने संन्यास ले लिया और संत बन गया l उधर राजा भी चमत्कारिक ढंग से ठीक हो गया l आचार्य श्री लिखते हैं ---- 'वेश की जब इतनी महत्ता है , तो उस चोले को धारण करने वाले लोग भी कर्म वैसे ही करें , तो ही सार्थकता है l आज तो ऐसे वेशधारी बहेलिया बने बैठे हैं l '
9 May 2022
WISDOM-----
लघु कथा ----- रोगी ने डॉक्टर को अपनी परेशानी बताई कि जब वह रात को पलंग पर सोता है तब ऐसा लगता है जैसे उसके नीचे कोई छिपकर बैठा है l नीचे झांककर देखता हूँ तो वह गायब हो जाता है और जब पलंग के नीचे सोता हूँ तो लगता है कि ऊपर बिस्तर पर आकार बैठ गया है l कृपया मेरी हैरानी मिटाइए अन्यथा मैं पागल हो जाऊँगा l रात भर सो नहीं पाता l डॉक्टर ने कहा मामला बहुत गंभीर है , रोग पुराना है l समय और पैसा बहुत लगेगा l रोगी के पूछने पर डॉक्टर ने कहा --- दो हजार रूपये प्रति सप्ताह और इलाज लम्बा चलेगा , दो वर्ष भी लग सकते हैं l रोगी पत्नी के पास दौड़कर आया , डॉक्टर की पूरी बात बताई l पत्नी ने मन ही मन सोचा कि वहम की दवा तो हकीम लुकमान के पास भी नहीं थी l जरुर इन्हें किसी ठग से पाला पड़ गया l पत्नी बोली यह इलाज तो बहुत महंगा पड़ेगा , अपनी इतनी हैसियत भी नहीं है किन्तु आप निश्चिन्त रहें अब आपके पलंग के ऊपर -नीचे कोई नहीं आएगा l वह गई और पलंग के चारों पाए कटवा दिए l अब न कोई नीचे बैठा दिखाई देता न ऊपर l रोगी को वापस न आता देख डॉक्टर का फोन आया कि आप आये नहीं l रोगी ने कहा --- डॉक्टर ! घर में ही इलाज हो गया l कम समय में और बिना किसी खरच के l डॉक्टर बोला --- वह कैसे ? उसने कहा --- वहम के भूत की बैठक का स्थान ही नहीं छोड़ा पत्नी ने l पलंग के चारों पाए काट दिए पत्नी ने l अब मुझे अच्छी नींद आती है , चैन से हूँ l हम में से कितने ही लोग वहम के कारण ऐसे किसी चक्कर में फंस जाते हैं और जान - माल से हाथ धो बैठते हैं l
WISDOM -----
एक बार पत्रकारों की गोष्ठी में बापू राजनीतिक प्रसंगों पर उत्तर दे रहे थे l उसी समय हास्य - विनोद की मुद्रा में एक पत्रकार ने पूछा कि यदि आपको एक दिन के लिए भारत का डिक्टेटर बना दिया जाये तो आप क्या करेंगे ? बापू ने कहा ----- " मैं सभी विचारशील व्यक्तियों और सरकारी कर्मचारियों को सफाई में जुटा दूंगा l सफाई ही सुव्यवस्था है l इसका जब तक महत्त्व न समझा जायेगा , तब तक किसी व्यक्ति या देश की वास्तविक उन्नति होना असंभव है l "
8 May 2022
WISDOM ----
स्वामी रामकृष्ण परमहंस की माता वृद्धावस्था में कालीघाट पर रहने लगीं l रानी रासमणि के दामाद ने उनके लिए गुजारे का प्रबंध करना चाहा , तो माता ने कहा रोज सबेरे गंगा स्नान कर के काली माँ का प्रसाद लेती हूँ l मेरे लिए यही सब कुछ है l बहुत आग्रह पर उन्होंने कुल दो पैसे का एक पान मंगाकर उनका आग्रह पूरा कर दिया l यह सुन वे बोल पड़े , हाँ माँ , यदि ये त्याग न होता तो परमहंस देव कैसे जन्मते !
WISDOM -----
आनंदमयी माँ न तो पढ़ी -लिखी थी और न ही उन्होंने धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन किया था , पर वे उच्च स्तर के संतों और विद्वानों के प्रश्नों का बराबर उत्तर देती थीं l एक बार ढाका में दार्शनिकों का सम्मेलन हो रहा था l प्रसिद्ध दर्शनशास्त्री महेंद्र सरकार ने प्रश्न किया --- ' माँ , आपने दर्शनशास्त्र का अध्ययन किया है ? ' ' क्यों ? उन्होंने पूछा l महेंद्र सरकार बोले --- " आपसे जितने सवाल किए गए और आपने जो उत्तर दिए , वे सभी दर्शनशास्त्र के अनुरूप थे l यह कैसे संभव हुआ , यह जानने की इच्छा है ? ' इस सवाल के जवाब में माँ बोलीं --- " यह समस्त अस्तित्व एक विराट ग्रन्थ है l इसकी रचना स्वयं आदिशक्ति ने की है l उनकी कृपा से जिसे इस ग्रन्थ का बोध हो जाता है , उसे फिर कुछ भी जानना शेष शेष नहीं रहता l