मनुष्य को यह जन्म अपनी प्रगति और विकास के लिए मिला है और उसे सदा इस दिशा में प्रयत्नशील रहना चाहिए l ऋषि पुलस्त्य के पुत्र विश्रवा को एक कुरूप और बेडौल पुत्र उत्पन्न हुआ l उसका नाम था कुबेर l उसे देखकर सभी घरवाले खिन्न हो गए l बालक कुबेर जब बड़ा हुआ तो उसे अपनी ये उपेक्षा सहन नहीं हुई l उसने अपनी योग्यता बढ़ाने का निश्चय किया l वह कठोर तप द्वारा धनाधीश लोकपाल बनकर अलकापुरी में राज्य करने लगा l जो लोग पहले कुबेर का उपहास करते थे , उन्हें कुबेर के समक्ष नतमस्तक होना पड़ा l लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक कहा करते थे ---- " मैं संसार में एकमात्र वस्तु को पवित्र मानता हूँ और वह है ---- मनुष्य का अपनी प्रगति के लिए किया गया अनवरत प्रयास l मानव - मात्र के प्रति निश्छल प्रेमभाव रखते हुए और ईर्ष्या - द्वेष आदि कलुषित भावनाओं से दूर रहकर निष्काम भाव से श्रमशील रहने की भावना ही जीवन की सर्वोच्च साधना है l "
31 August 2020
30 August 2020
WISDOM ---- कथा - उपदेश वाणी की कला नहीं है , इसके पीछे आस्था का बल होना चाहिए ---- पं. श्रीराम शर्मा आचार्य
आचार्य श्री ने लिखा है --- कथा - उपदेश का जनता पर प्रभाव तब पड़ता है , जब उसके पीछे आस्था का बल हो , और यह बल उपदेशों को पहले अपने जीवन में उतारने से आता है l भागवत करुणा और भक्ति का शास्त्र है l आचार्य श्री के पिता पंडित रूपकिशोर जी अपने क्षेत्र में भागवत व्यास के रूप में श्रद्धा की दृष्टि से देखे जाते थे l उनके जीवन की एक घटना है ------ पंडितजी कथा कहने जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मुलाकात धांधू नामक डकैत से हुई , वह कहने लगा ---- आप ब्राह्मण देवता हैं , आपका अनादर तो नहीं करूँगा , लेकिन मैं दस्यु हूँ l लूटना छोड़ दूँ तो अपना और आश्रितों का निर्वाह कैसे करूँगा ? इसलिए आपके साथ बल प्रयोग नहीं करूँगा सिर्फ यही चाहूंगा कि आपके पास जो कुछ भी है वह चुपचाप रख दें l पंडित जी निश्चिन्त भाव से धांधू को निहारने लगे l यह देख डाकू अचरज में पड़ गया और बोला , पंडित जी मैंने जो कहा , वह आपने सुन लिया l पंडित जी ने कहा --- सुन लिया है , पर मैं अभी तुम्हे कानी कौड़ी भी नहीं दूंगा l अगर कथा सुनने चलते हो तो वचन देता हूँ कि वहां जो भी दान - दक्षिणा आएगी सब तुम्हे सौंप दूंगा l पंडित जी की आवाज में प्रभाव था कि डाकू कथा सुनने के लिए तैयार हो गया और उनके साथ चल पड़ा l भागवत सप्ताह की पूरी अवधि में उसने ध्यान से कथा सुनी l भागवत सप्ताह पूरा होने के बाद पंडित जी ने दान - दक्षिणा समेटकर धांधू के हाथ में सौंपी l रूपये , पैसे , आभूषण , मेवे , मिठाई से गठरी बंध गई थी l डाकू ने गठरी उठाई , सिर पर रखी और बोला --- आदेश करें प्रभुजी , किधर चलना है l पंडित जी ने कहा --- जहाँ तुम ले जाना चाहते हो ले जाओ , मैंने अपना वचन पूरा कर दिया l धांधू ने गठरी उतार कर एक तरफ रख दी और पंडित जी के पाँव में लोट गया , जोर - जोर से रोने लगा और कह रहा था -- भगवन क्षमा करें , मुझे राह मिल गई , अब मैं मेहनत और ईमानदारी की कमाई ही खाऊंगा और उसी से परिवार का गुजारा करूँगा l ' जिसने भी देखा उसे विश्वास ही नहीं हुआ कि धांधू बदल गया l
28 August 2020
WISDOM ------
श्रीकृष्ण द्रोपदी से कहते हैं --- " कृष्णा ! तुम्हारे खुले बालों की कीमत सहस्त्रों सैनिकों की बलि नहीं हो सकती l दु: शासन को मारने की तुम्हारी प्रतिज्ञा से मैं बँधा नहीं हूँ l मैं धर्म की संस्थापना के लिए , अधर्म का निवारण करने के लिए आया हूँ l
भगवान कृष्ण ने हर संभव प्रयास किए कि युद्ध टल जाये लेकिन दुर्योधन अधर्म और अनीति के मार्ग को छोड़ने के लिए राजी नहीं था , वह पांडवों को सुई की नोक बराबर भूमि भी नहीं देना चाहता था l जब युद्ध भूमि में अपने ही परिवार के सदस्यों को सामने देख अर्जुन ने गांडीव धनुष जमीन पर रख दिया तब भगवान कृष्ण ने गीता का उपदेश देकर अर्जुन को समझाया कि ----- ' पाप को हम न मारें , अधर्म , अनीति का संहार हम न करें तो निर्विरोध स्थिति पाकर ये पाप , अधर्म व अनीति हमें , हमारी सामाजिक व्यवस्था को मार डालेंगे l ' इसलिए जीवित रहने पर सुख और मरने पर स्वर्ग का उभयपक्षीय लाभ समझाते हुए उन्हें युद्ध के लिए उठ खड़े होने का उद्बोधन देते हैं l
27 August 2020
WISDOM -----
अमरदास सिख संप्रदाय के तृतीय गुरु थे l उन्होंने अपने अनुयायियों को सामूहिक लंगर में भोजन कराने की प्रथा का सूत्रपात किया , ताकि मनुष्य - मनुष्य के बीच ऊंच - नीच के भेद को मिटाया जा सके l एक बार एक अधिकारी ने आकर सेवकों के माध्यम से अमरदास जी को सूचना भिजवाई कि शहंशाह अकबर आपके दर्शन करना चाहते हैं , भोजन भी यहीं करेंगे l अमरदास जी बोले ---- " यहाँ सभी समान हैं l यदि शहंशाह सामान्य नागरिक की तरह आकर सबके साथ बैठकर लंगर भोजन करने को तैयार हों तो आ सकते हैं l " बादशाह ने वैसा ही किया , तब कहीं गुरु - दर्शन प्राप्त हुए और उनके सत्संग का लाभ मिला l अहंकार के हटने पर ही श्रेष्ठता का सान्निध्य प्राप्त हो सकना संभव हो पाता है l
26 August 2020
WISDOM -----
सोलहवीं शताब्दी में जन्में रहीम खानखाना ने बड़ी भक्ति पूर्वक राम कथा को गाया और अपनाया l रहीम मुसलमान थे , परन्तु प्रभु श्रीराम पर उनकी अटल श्रद्धा थी l वह कहा करते थे ---- ' रहिमन धोखे भाव से , मुख तें निकसे राम l पावन पूरन परम गति , कामादिक को धाम l ' उन्होंने स्पष्ट कहा कि संसार सागर से पार उतरने का एकमात्र उपाय प्रभु श्रीराम की शरणागति है l वे कृपामय प्रभु जगत की विषय - वासना से प्राणी को मुक्त कर उसे अपनी भक्ति प्रदान कर निर्भय कर देते हैं l उनका कथन है ---- ' गहि सरनागति राम की , भवसागर की नाव l रहिमन जगत उधार कर , और न कछु उपाय l
WISDOM ----
एक बार एक व्यक्ति ने अपना सर्वस्व परोपकार में लगाकर संन्यास ग्रहण किया l वह सभी प्रकार से ईश्वर के लिए समर्पित हो गया l उसके समर्पण के कारण भगवान को उसके योग व क्षेम का भार उठाने के लिए सहर्ष ही बाध्य होना पड़ा l उसके लिए नित्य प्रति एक देवदूत एक थाली में सुस्वादु भोजन लाता और उसे करा कर लौट जाता l यह देख एक अन्य व्यक्ति ने भी अपना सब कारोबार लड़कों को सौंपकर , गेरुए वस्त्र पहन कर उस स्थान पर तप करने लगा l अब देवदूत दो थालियाँ लगाकर लाया -- एक में सूखी रोटी थी तो दूसरे में स्वादिष्ट भोजन l दूसरे व्यक्ति ने अपनी थाली में सूखी रोटी देख देवदूत से प्रश्न किया --- ' मुझे ही सूखी रोटी क्यों मिल रही है ? ' देवदूत ने उत्तर दिया --- " इस थाली में भोजन व्यक्ति के संचित पुण्य के अनुसार ही मिलता है l उस व्यक्ति ने अपना जीवन परोपकार में लगा दिया और उसके उपरांत उसकी ईश्वर शरणागति के पुण्य के रूप में उसका जीवन भगवान की धरोहर हो गया , इसलिए उसे सुस्वादु भोजन मिलता है l जबकि आपने जीवन में मात्र एक बार एक व्यक्ति को अहंकार से भरकर सूखी रोटी दी थी , वही सूखी रोटी आज आपकी थाली में आपके लिए लौटकर आई है l अब आपकी सूखी रोटी भी समाप्त होने को है , कल से आपको कुछ नहीं मिलेगा l " अब उस व्यक्ति की चेतना जाग्रत हुई , उसने अपनी वह सूखी रोटी भी दान में दे दी और स्वयं भूखा रहा l इसके बाद उसने परोपकार के कार्य किये फिर वह भी प्रभु की कृपा का अधिकारी बना l
25 August 2020
WISDOM -----
इस संसार में अनेक लोग ऐसे हैं जो अपने अधिकारी , अमीरों और शक्ति संपन्न लोगों की खुशामद किया करते हैं ताकि कम समय और कम परिश्रम में उन्हें अधिक लाभ मिल जाये लेकिन जो कर्मयोगी हैं , ईश्वर विश्वासी हैं , उनके लिए ' परमात्मा पर्याप्त है l ' पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---' जिनके पास सब कुछ है , सारा ऐश्वर्य है , ईश्वर के बिना वे दरिद्र दिखाई देते हैं l ऐसे संपत्तिशाली भी मिले , जिनके पास कुछ भी नहीं है , केवल परमात्मा है l '
एक पुरानी कथा है ---- किसी चारण ने एक सम्राट की बहुत तारीफ की l उसकी स्तुति में अनेक सुन्दर गीत गाये l यह सब उसने कुछ पाने की लालसा से किया l उसकी प्रशंसाओं से सम्राट हँसता रहा फिर उसने स्तुतिगान करने वाले उस चारण को सोने की बहुत सी मुहरें भेंट की l उस चारण ने जब इन मुहरों पर निगाह डाली तो उसके अंदर कुछ कौंध गया l उसने आकाश की और कृतज्ञता भरी नज़रों से देखा l उन मुहरों को देखकर उसमें न जाने कैसी क्रांति हो गई , अब वह चारण न रहा , संत बन गया l बहुत वर्षों बाद किसी ने उससे पूछा --- 'ऐसा क्या था उन मुहरों में ? ' वह हँसा और बोलै --- मुहरें नहीं , वह वाक्य जादुई था , जो उसमे लिखा था l उस पर लिखा था ---- 'जीवन की सभी आवश्यकताओं के लिए परमात्मा पर्याप्त है l '