श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान अर्जुन को कहते हैं कि भोगविलास में डूबे एक सामान्यजन की जीवनदृष्टि उलटी होती है अर्थात जो मानव को अपनी गरिमा के अनुरूप करना चाहिए , वह उससे उलटा करता है , एक नर - पशु जैसी जिंदगी जीता है l लेकिन स्थितप्रज्ञ व्यक्ति धीर - गंभीर होता है l पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने उदाहरण देकर स्थितप्रज्ञ की विवेचना की है ---- ' रामकृष्ण परमहंस के पास गिरीश बाबू (जीसी ) की बहस चल रही थी कि स्थितप्रज्ञ कैसा होता है ? गिरीश बाबू को परमहंसजी ने चर्चा हेतु रोक लिया और स्वामी विवेकानंद से कहा कि वे पंचवटी में जाकर ध्यान करें l चारों ओर से मच्छरों ने स्वामी विवेकानंद को ढक लिया, मानों काली चादर हो लेकिन फिर भी उनका मन एकाग्र रहा , जरा भी विचलित नहीं हुआ l गिरीश बाबू को भी रामकृष्ण परमहंस ने नरेंद्र ( स्वामी विवेकानंद ) के पास बैठकर ध्यान करने को कहा l लेकिन मच्छरों के कारण वे विचलित रहे l अंदर से एक कंबल भी ले आए लेकिन कहीं न कहीं से मच्छर उसमे घुस गए , इस कारण वे अस्थिर हो गए ध्यान न कर सके l लेकिन मच्छरों के सतत आक्रमण के बाद भी स्वामी विवेकानंद सतत आठ घंटे ध्यानस्थ रहे l गिरीश बाबू मच्छर उड़ाते , आश्चर्य से स्वामी विवेकानंद को देखते रहे l विवेकानंद जी उठे --- अपना हाथ हिलाया , सारे मच्छर उड़ गए l गिरीश बाबू ने पूछा --- ' इतने मच्छरों के होते हुए आपने कैसे ध्यान कर लिया , , हम नहीं कर पाए l स्वामीजी बोले --- ' ध्यान तो आत्मा से किया जाता है l मच्छर तो शरीर को काट रहे थे , आत्मा को थोड़े ही कष्ट दे रहे थे l ' आचार्य श्री लिखते हैं --- स्थितप्रज्ञ समुद्र की तरह धीर - गंभीर व्यक्तित्व वाला होता है l जिस तरह समुद्र चारों ओर से आने वाले जल को अपने अंदर समा लेता है , फिर सीमा का उल्लंघन नहीं करता है , इसी तरह स्थितप्रज्ञ कितने ही कष्ट आएं , कितने ही विषयों का आक्रमण हो , कभी विचलित नहीं होता , शांत बना रहता है l
12 October 2020
11 October 2020
WISDOM -----
संत रविदास मीराबाई के मार्गदर्शक और कबीरदास जी के समकालीन थे l संत रविदास जी चर्मकार का कार्य करते थे , परन्तु उनका व्यक्तित्व इतना उत्कृष्ट था कि उस समय जात - पाँत को मानने वाले समाज ने भी उन्हें संत की पदवी दी और उनकी महानता को स्वीकार किया l संत रविदास जी अपने कर्म को ही भगवान की पूजा मानते थे , उनका कहना था कि जो व्यक्ति अपना कर्तव्य कर्म पूरे मन से करता है , वही सच्चा धार्मिक व्यक्ति है l इनके बारे में एक प्रसिद्ध किवदंती है --- एक बार काशी के एक पंडित जी रविदास जी के पास गए l बातों - बातों में गंगा - पूजा की चर्चा चल पड़ी l रविदास जी ने पंडित जी से कहा --- " आप कृपा कर के मेरी भी सुपारी गंगा जी में चढ़ा देना l l " पंडित जी ने हामी भरते हुए उनकी सुपारी अपने पास रख ली l दूसरे दिन जब पंडित जी ने गंगा जी में रविदास जी की सुपारी चढ़ानी चाही , तब गंगा माँ ने हाथ ऊँचा कर के उस सुपारी को साक्षात् ग्रहण कर लिया और बदले में एक सोने का कंगन दिया l यह देखकर पंडित जी आश्चर्यचकित रह गए l उन्होंने वह कंगन रविदास जी को न देकर राजा को भेंट कर दिया , जिससे राजा प्रसन्न हो जाएँ l राजा ने उसे रानी को दे दिया l कंगन बहुत सुन्दर था , रानी उसकी जोड़ी का दूसरा कंगन पाने की जिद करने लगी l तब राजा ने पंडित को बुलवाया , पंडित ने घबरा कर सारी सच बात बता दी l अब राजा ने संत रविदास जी से कहा कि वे गंगा माँ से कंगन का दूसरा जोड़ा मांगे l कहते हैं उसके बाद रविदास जी ने अपनी झोंपड़ी में एक कठौती में गंगा माता से प्रकट होने की प्रार्थना की l उनकी श्रद्धा - भक्ति से प्रसन्न होकर माँ गंगा उनकी कठौती में आ गईं और उन्हें कंगन का दूसरा जोड़ा अपने हाथों से दे गईं l तभी से यह कहावत बन गई कि ' मन चंगा तो कठौती में गंगा l "
WISDOM -----
भगवान बुद्ध के जीवन का प्रसंग है --- सारनाथ में धर्मचक्र प्रवर्तन के बाद भगवान बुद्ध लोगों को धर्म का उपदेश देने के लिए निकले l उन्होंने सभा - समितियाँ आयोजित कीं और आत्मिक प्रगति की शिक्षा देने लगे l सभा - समितियों में दस - पांच लोग भी नहीं आते l पांच - सात दिन तक वे प्रयत्न करते रहे l इस प्रयोग की विफलता के बारे में सोचते हुए बैठे ही थे कि उनके सामने कालपुरुष प्रकट हुआ और बोला ---" लोगों से कुछ लो , तभी वे आपसे ज्ञान प्राप्त करेंगे l नहीं लोगे तो उनका अहं आड़े आएगा और वे कुछ भी ग्रहण नहीं करेंगे l हैं तो वे याचक और दीन ही , पर अपने आप के बारे में इस तरह का आभास नहीं होने देना चाहते l " कालपुरुष के इस परामर्श के बाद ही महात्मा बुद्ध ने अपने हाथ में भिक्षापात्र पकड़ा और राह चलते हुए लोगों के द्वार पर जाकर भिक्षा मांगी l इसके बाद ही उन्हें धर्म का उपदेश दिया l
10 October 2020
WISDOM -----
स्वामी दयानन्द सरस्वती ने राष्ट्रीय स्वाभिमान को जगाया , विशुद्ध भारतीयता पर बल दिया l सत्य - असत्य - विवेक की प्रवृति को जगाया l अन्धविश्वास और रूढ़िवाद का खंडन किया l स्वामीजी मूर्ति पूजा का विरोध करते थे l जुलाई 1869 की बात है l कानपुर में पं. गुरुप्रसाद ने प्रयागनारायण में ' कैलास ' और ' वैकुण्ठ ' नमक दो मंदिर बहुत धन लगाकर बनवाये थे l स्वामीजी ने उनसे कहा था ----" आपने लाखों रुपया व्यर्थ गँवा दिया l इससे अच्छा था कि कान्यकुब्ज कन्याओं को , जो 30 -30 वर्ष की कुमारी बैठी हैं , विवाह करवा देते , जिससे देश और जाति का भला होता l "
WISDOM ----
गाँधीजी के जीवन की एक घटना है --- बात चंपारण जिले की है l गाँधीजी उस क्षेत्र में असहयोग आंदोलन का वातावरण बनाने के लिए गाँव - गाँव घूम रहे थे l एक गाँव में उन्होंने पशुबलि का जुलूस निकलते देखा l देवी को बकरा चढ़ाने एक समूह गाता - बजाता जा रहा था l गाँधीजी ने दृश्य देखा , तो उन्होंने एकत्रित लोगों को वैसा न करने के लिए समझाया l न माने तो एक नया प्रस्ताव रखा -- गाँधीजी ने कहा -- पशु के रक्त से मनुष्य का रक्त उत्तम ही होगा l तुम लोग अपने देवता पर मेरी बलि चढ़ा दो l उन्होंने सिर नीचे झुका लिया और वहां जा खड़े हुए , जहाँ बकरा कटना था l सन्नाटा छा गया , ग्रामीण लौट गए और उस क्षेत्र से बलि - प्रथा सदा के लिए समाप्त हो गई l
9 October 2020
WISDOM -----
पं. श्री राम शर्मा आचार्य जी ने लिखा है ---- ' हम दूसरों के प्रति जो भी बुरा सोचते हैं , घृणा व नफरत करते हैं , क्रोधित होते हैं , गुस्सा करते हैं , वह सब अपने मन में करते हैं l ये सब कलुषित भावनाएं मन में होने के कारण हमें ही ज्यादा नुकसान पहुँचाती हैं l इन सबके कारण दूसरे व्यक्तियों का कोई नुकसान नहीं होता , बल्कि हमारा ही अंतर्मन इनकी आग से जलने लगता है व अशांत होने लगता है l हमारी ही शांति , हाहाकार में तब्दील हो जाती है और ऐसी स्थिति में हम न तो कुछ अच्छा सोच पाते हैं और न कुछ अच्छा कर पाते हैं l ऐसा करने से हमारा मन कलुषित हो जाता है जिससे हम परमात्मा से भी दूर हो जाते हैं l ' आचार्य श्री का कहना था --- ' कभी भी किसी की बुराई को अपनी चर्चा का विषय न बनाया जाये , क्योंकि यदि किसी के प्रति थोड़ी भी बुराई या चर्चा किसी से भी की जाती है तो वह वापस लौटकर कभी न कभी , किसी न किसी रूप में हमारे पास जरूर आती है l '
WISDOM -----
केवल ताकत नहीं , सूझबूझ भी जरुरी है l ---- एक घना जंगल था l उसमें कई शूकर परिवार रहते थे l आक्रमणकारी सिंह एक ही था l वह जब चाहता , हमला करता और किसी भी शूकर को चट कर जाता l सब शूकर उस सिंह की वजह से बहुत परेशान व दुःखी थे l एक दिन बूढ़े शूकर ने अपने सभी स्व जातियों की एक गुपचुप सभा बुलाई और कहा --- " मरना है तो बहादुरी से क्यों न मरें ? रहना है तो मिलजुल कर क्यों न रहें ? " बात सभी को अच्छी लगी और वे उसकी योजना अनुसार चलने को राजी हो गए l दूसरे दिन तगड़े शूकरों का दल गठित किया गया और योजना बनी कि आक्रमण की प्रतीक्षा न कर के , शेर की माँद पर चलें और वहां उस पर हल्ला बोल दिया जाये l नई आशा , नई हिम्मत और बहादुरी के साथ तगड़े शुक्र चले और माँद में सोए हुए शेर पर बिजली की तरह टूट पड़े l शेर ने ऐसी मुसीबत पहले कभी नहीं देखी थी , उसने सोचा जंगल में भूतों का निवास है l वह जान बचा कर इतनी तेजी से भागा कि यह भी न देख सका कि हमला करने वाले कौन और कितने हैं l वह भयभीत हो गया और निश्चय किया कि अब कभी उस गाँव में नहीं लौटेगा l अपनी सूझबूझ से वे सब शूकर परिवार उस जंगल में आनंदपूर्वक रहने लगे l