महाभारत का यह प्रसंग हमें शिक्षा देता है कि कोई परिवार हो , संस्था हो अथवा राष्ट्र हो , उनका आपसी वैमनस्य परिवार के भीतर ही रहना चाहिए l किसी अन्य के साथ संघर्ष होने पर सबका साथ - साथ रहना ही श्रेयस्कर है l यह प्रसंग है ------जब पांडवों का वनवास काल चल रहा था और वे द्वैत वन में निवास कर रहे थे , तब इस बात की सुचना दुर्योधन को मिली l यह समाचार मिलने पर दुर्योधन ने अपने दल - बल के साथ वहां जाने का निर्णय किया l उसका उद्देश्य मात्र पांडवों को नीचा दिखाना और अपने राजसी वैभव का दिखावा करना था l दुर्योधन के वहां पहुँचने से पहले ही उसका सामना गंधर्व राज चित्ररथ के समूह से हो गया l चित्ररथ अत्यंत पराक्रमी था l दुर्योधन तो स्वभाववश वैमनस्य रखने वाला था ही , उसने अकारण ही अपनी सेना को चित्ररथ पर हमला करने को बोल दिया l दुर्योधन को अंदेशा था कि वह आसानी से चित्ररथ को हरा लेगा , पर होनी को कुछ और ही मंजूर था l चित्ररथ की सेना ने दुर्योधन को न केवल हरा दिया , वरन उसको अपने कब्जे में ले लिया l दुर्योधन के मंत्री व बचे हुए सैनिक पांडवों के पास सहायता माँगने को पहुंचे l युधिष्ठिर ने उनको अभयदान दिया व युद्ध कर के दुर्योधन को चित्ररथ के पास से सकुशल छुड़वा दिया l भीम दुर्योधन की सहायता करने के पक्ष में नहीं थे l उन्होंने भ्राता युधिष्ठिर से प्रश्न किया ---- " दुर्योधन तो अकारण ही हमसे वैर रखता है , फिर हमें उसकी सहायता करने से क्या लाभ ? उसको उसके कर्मों का फल मिलने दिया होता l " भीम का वचन सुनकर युधिष्ठिर ने उत्तर दिया --- " हम पाँचों भाइयों का भले ही अपने सौ भाइयों से विवाद हो जाये l किसी अन्य के साथ संघर्ष होने पर हम सबका साथ - साथ रहना ही श्रेयस्कर है l "
14 October 2020
13 October 2020
WISDOM -----
अभय कुमार को जंगल में एक नवजात शिशु पड़ा हुआ मिला l वह शिशु को घर ले आए और उसका नाम जीवक रखा l अभय कुमार ने उसे यथायोग्य शिक्षा प्रदान की l जब जीवक बड़ा हुआ तब उसे पता चला कि अभय कुमार उसके असली पिता नहीं हैं , उसे संभवतया किसी ने लोकाचार के भय से जंगल में छोड़ दिया था l यह जानकर कि वह कुलहीन है , जीवक का हृदय ग्लानि से भर उठा l उसने अपना दुःख अभय कुमार को बताया l अभय कुमार ने उसे यह सब भूलकर तक्षशिला जाने तथा श्रेष्ठतम विद्द्या अर्जित करने को प्रेरित किया l जीवक के तक्षशिला पहुँचने पर उससे प्रवेश के समय कुल , गोत्र संबंधित प्रश्न पूछे गए तो उसने स्पष्ट रूप से सत्य बता दिया l प्रवेश लेने वाले आचार्य ने जीवक की स्पष्टवादिता से प्रसन्न होकर उसे प्रवेश दे दिया l जीवक ने कठोर परिश्रम द्वारा तक्षशिला विश्वविद्दालय से आयुर्वेदाचार्य की उपाधि हासिल की l उनके आचार्य ने उसे मगध जाकर सेवा करने का निर्देश दिया l जीवक ने कहा --- " आचार्य ! मगध राज्य की राजधानी है l सभी कुलीन लोग वहां निवास करते हैं l क्या वे मुझ जैसे कुलहीन से चिकित्सा करवाना स्वीकार करेंगे ? मुझे आशंका है कि कहीं मुझे अपमान का सामना न करना पड़े l " जीवक के गुरु ने उत्तर दिया ----- "वत्स ! आज से तुम्हारी योग्यता , क्षमता , प्रतिभा और ज्ञान ही तुम्हारे कुल और गोत्र हैं , तुम जहाँ भी जाओगे , अपने इन्ही गुणों के कारण सम्मान के भागीदार बनोगे l कर्म से मनुष्य की पहचान होती है , कुल और गोत्र से नहीं l " 'जीवक की आत्महीनता दूर हो गई और वे सेवा भाव से लोकप्रिय हुए , संसार ने उन्हें महान वैद्य जीवक के नाम से जाना l
12 October 2020
WISDOM ------
श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान अर्जुन को कहते हैं कि भोगविलास में डूबे एक सामान्यजन की जीवनदृष्टि उलटी होती है अर्थात जो मानव को अपनी गरिमा के अनुरूप करना चाहिए , वह उससे उलटा करता है , एक नर - पशु जैसी जिंदगी जीता है l लेकिन स्थितप्रज्ञ व्यक्ति धीर - गंभीर होता है l पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने उदाहरण देकर स्थितप्रज्ञ की विवेचना की है ---- ' रामकृष्ण परमहंस के पास गिरीश बाबू (जीसी ) की बहस चल रही थी कि स्थितप्रज्ञ कैसा होता है ? गिरीश बाबू को परमहंसजी ने चर्चा हेतु रोक लिया और स्वामी विवेकानंद से कहा कि वे पंचवटी में जाकर ध्यान करें l चारों ओर से मच्छरों ने स्वामी विवेकानंद को ढक लिया, मानों काली चादर हो लेकिन फिर भी उनका मन एकाग्र रहा , जरा भी विचलित नहीं हुआ l गिरीश बाबू को भी रामकृष्ण परमहंस ने नरेंद्र ( स्वामी विवेकानंद ) के पास बैठकर ध्यान करने को कहा l लेकिन मच्छरों के कारण वे विचलित रहे l अंदर से एक कंबल भी ले आए लेकिन कहीं न कहीं से मच्छर उसमे घुस गए , इस कारण वे अस्थिर हो गए ध्यान न कर सके l लेकिन मच्छरों के सतत आक्रमण के बाद भी स्वामी विवेकानंद सतत आठ घंटे ध्यानस्थ रहे l गिरीश बाबू मच्छर उड़ाते , आश्चर्य से स्वामी विवेकानंद को देखते रहे l विवेकानंद जी उठे --- अपना हाथ हिलाया , सारे मच्छर उड़ गए l गिरीश बाबू ने पूछा --- ' इतने मच्छरों के होते हुए आपने कैसे ध्यान कर लिया , , हम नहीं कर पाए l स्वामीजी बोले --- ' ध्यान तो आत्मा से किया जाता है l मच्छर तो शरीर को काट रहे थे , आत्मा को थोड़े ही कष्ट दे रहे थे l ' आचार्य श्री लिखते हैं --- स्थितप्रज्ञ समुद्र की तरह धीर - गंभीर व्यक्तित्व वाला होता है l जिस तरह समुद्र चारों ओर से आने वाले जल को अपने अंदर समा लेता है , फिर सीमा का उल्लंघन नहीं करता है , इसी तरह स्थितप्रज्ञ कितने ही कष्ट आएं , कितने ही विषयों का आक्रमण हो , कभी विचलित नहीं होता , शांत बना रहता है l
11 October 2020
WISDOM -----
संत रविदास मीराबाई के मार्गदर्शक और कबीरदास जी के समकालीन थे l संत रविदास जी चर्मकार का कार्य करते थे , परन्तु उनका व्यक्तित्व इतना उत्कृष्ट था कि उस समय जात - पाँत को मानने वाले समाज ने भी उन्हें संत की पदवी दी और उनकी महानता को स्वीकार किया l संत रविदास जी अपने कर्म को ही भगवान की पूजा मानते थे , उनका कहना था कि जो व्यक्ति अपना कर्तव्य कर्म पूरे मन से करता है , वही सच्चा धार्मिक व्यक्ति है l इनके बारे में एक प्रसिद्ध किवदंती है --- एक बार काशी के एक पंडित जी रविदास जी के पास गए l बातों - बातों में गंगा - पूजा की चर्चा चल पड़ी l रविदास जी ने पंडित जी से कहा --- " आप कृपा कर के मेरी भी सुपारी गंगा जी में चढ़ा देना l l " पंडित जी ने हामी भरते हुए उनकी सुपारी अपने पास रख ली l दूसरे दिन जब पंडित जी ने गंगा जी में रविदास जी की सुपारी चढ़ानी चाही , तब गंगा माँ ने हाथ ऊँचा कर के उस सुपारी को साक्षात् ग्रहण कर लिया और बदले में एक सोने का कंगन दिया l यह देखकर पंडित जी आश्चर्यचकित रह गए l उन्होंने वह कंगन रविदास जी को न देकर राजा को भेंट कर दिया , जिससे राजा प्रसन्न हो जाएँ l राजा ने उसे रानी को दे दिया l कंगन बहुत सुन्दर था , रानी उसकी जोड़ी का दूसरा कंगन पाने की जिद करने लगी l तब राजा ने पंडित को बुलवाया , पंडित ने घबरा कर सारी सच बात बता दी l अब राजा ने संत रविदास जी से कहा कि वे गंगा माँ से कंगन का दूसरा जोड़ा मांगे l कहते हैं उसके बाद रविदास जी ने अपनी झोंपड़ी में एक कठौती में गंगा माता से प्रकट होने की प्रार्थना की l उनकी श्रद्धा - भक्ति से प्रसन्न होकर माँ गंगा उनकी कठौती में आ गईं और उन्हें कंगन का दूसरा जोड़ा अपने हाथों से दे गईं l तभी से यह कहावत बन गई कि ' मन चंगा तो कठौती में गंगा l "
WISDOM -----
भगवान बुद्ध के जीवन का प्रसंग है --- सारनाथ में धर्मचक्र प्रवर्तन के बाद भगवान बुद्ध लोगों को धर्म का उपदेश देने के लिए निकले l उन्होंने सभा - समितियाँ आयोजित कीं और आत्मिक प्रगति की शिक्षा देने लगे l सभा - समितियों में दस - पांच लोग भी नहीं आते l पांच - सात दिन तक वे प्रयत्न करते रहे l इस प्रयोग की विफलता के बारे में सोचते हुए बैठे ही थे कि उनके सामने कालपुरुष प्रकट हुआ और बोला ---" लोगों से कुछ लो , तभी वे आपसे ज्ञान प्राप्त करेंगे l नहीं लोगे तो उनका अहं आड़े आएगा और वे कुछ भी ग्रहण नहीं करेंगे l हैं तो वे याचक और दीन ही , पर अपने आप के बारे में इस तरह का आभास नहीं होने देना चाहते l " कालपुरुष के इस परामर्श के बाद ही महात्मा बुद्ध ने अपने हाथ में भिक्षापात्र पकड़ा और राह चलते हुए लोगों के द्वार पर जाकर भिक्षा मांगी l इसके बाद ही उन्हें धर्म का उपदेश दिया l
10 October 2020
WISDOM -----
स्वामी दयानन्द सरस्वती ने राष्ट्रीय स्वाभिमान को जगाया , विशुद्ध भारतीयता पर बल दिया l सत्य - असत्य - विवेक की प्रवृति को जगाया l अन्धविश्वास और रूढ़िवाद का खंडन किया l स्वामीजी मूर्ति पूजा का विरोध करते थे l जुलाई 1869 की बात है l कानपुर में पं. गुरुप्रसाद ने प्रयागनारायण में ' कैलास ' और ' वैकुण्ठ ' नमक दो मंदिर बहुत धन लगाकर बनवाये थे l स्वामीजी ने उनसे कहा था ----" आपने लाखों रुपया व्यर्थ गँवा दिया l इससे अच्छा था कि कान्यकुब्ज कन्याओं को , जो 30 -30 वर्ष की कुमारी बैठी हैं , विवाह करवा देते , जिससे देश और जाति का भला होता l "
WISDOM ----
गाँधीजी के जीवन की एक घटना है --- बात चंपारण जिले की है l गाँधीजी उस क्षेत्र में असहयोग आंदोलन का वातावरण बनाने के लिए गाँव - गाँव घूम रहे थे l एक गाँव में उन्होंने पशुबलि का जुलूस निकलते देखा l देवी को बकरा चढ़ाने एक समूह गाता - बजाता जा रहा था l गाँधीजी ने दृश्य देखा , तो उन्होंने एकत्रित लोगों को वैसा न करने के लिए समझाया l न माने तो एक नया प्रस्ताव रखा -- गाँधीजी ने कहा -- पशु के रक्त से मनुष्य का रक्त उत्तम ही होगा l तुम लोग अपने देवता पर मेरी बलि चढ़ा दो l उन्होंने सिर नीचे झुका लिया और वहां जा खड़े हुए , जहाँ बकरा कटना था l सन्नाटा छा गया , ग्रामीण लौट गए और उस क्षेत्र से बलि - प्रथा सदा के लिए समाप्त हो गई l