गाँधी जी से एक मारवाड़ी सेठ मिलने आए l वे मारवाड़ी वेशभूषा में थे और बड़ी पगड़ी बाँधे थे l बातचीत में उन्होंने पूछा ---- " गांधीजी आपके नाम पर लोग देश भर में गाँधी टोपी पहनते हैं और आप इसका इस्तेमाल नहीं करते , ऐसा क्यों ? " गाँधी जी बोले ---- " आप बिलकुल ठीक कहते हैं , पर आप अपनी पगड़ी को उतार कर तो देखिए l इसमें बीस टोपियाँ बन सकती हैं l जब उतना कपड़ा आप जैसे व्यक्ति अपनी पगड़ी में लगा सकते हैं तो बेचारे उन्नीस आदमियों को नंगे सिर रहना पड़ेगा l उन्ही उन्नीस आदमियों में से मैं भी एक हूँ l " गाँधी जी का उत्तर सुनकर सेठ को शर्मिंदगी महसूस हुई l गाँधी जी बोले --- " अपव्यय , संचय की वृत्ति अन्य व्यक्तियों को अपने हिस्से से वंचित कर देती है तो मेरे जैसे अनेक व्यक्तियों को टोपी से वंचित रहकर उस संचय की पूर्ति करनी पड़ती है l "
9 November 2020
WISDOM ------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी का कहना है ---- ' हम सब के भीतर खुशियों का खजाना छिपा हुआ है l खुशियाँ चाहते हो तो सबसे पहले अपने अन्तस् में खोजो l जो यहाँ खोजने की कोशिश न कर के बाहर खोजता है , वह सदा खोजता ही रहता है , किन्तु पाता कुछ भी नहीं l "--------- एक भिखारी था , वह जिंदगी भर एक जगह पर बैठकर भीख मांगता रहा l उसकी ख्वाहिश थी कि वह भी धनवान बने , इसलिए वह दिन में ही नहीं , रात में भी भीख मांगता था l जो कुछ उसे भीख में मिलता उसे खरच करने के बजाय जोड़ता रहता l अपनी ख्वाहिश को पूरा करने के लिए उसने दिन - रात भरपूर कोशिश की , लेकिन वह कभी भी धनवान न हो सका l वह भिखारी की तरह ही जिया और भिखारी की तरह मरा l जब वह मरा तो कफ़न के लायक भी पूरे पैसे उसके पास नहीं थे l उसके मर जाने के बाद आस - पास के लोगों ने उसका झोंपड़ा तोड़ दिया l फिर सबने मिलकर वहां की जमीन साफ की l सफाई करने वाले इन सभी को तब भारी अचरज हुआ जब उन्हें उस जगह पर बड़ा भारी खजाना गड़ा हुआ मिला l यह ठीक वही जगह थी , जिस जगह पर बैठकर वह भिखारी भीख माँगा करता था l जहाँ पर वह बैठता था , उसके ठीक नीचे यह भारी खजाना गड़ा हुआ था l ---- जो खुशियों की तलाश में बाहर भटकते हैं , उनकी हालत भी कुछ ऐसी ही है l आचार्य श्री लिखते हैं --- बड़े से बड़े खोजियों ने , यात्रियों ने सारी दुनिया में , सारी उम्र भटक कर अंतत: यह खुशियों का खजाना अपने ही अन्तस् में पाया है l
7 November 2020
WISDOM -----
राजा भोज ने युद्ध में विजय के उपलक्ष्य में सारे नगर को भोज दिया l नाना प्रकार के व्यंजन इसमें बनाए और परोसे गए l खाने वालों ने राजा भोज की उदारता की भरपूर प्रशंसा की , जिसे सुनकर राजा भोज का सिर अहंकार से ऊपर उठ गया l और अधिक प्रशंसा सुनने के उद्देश्य से वे वेश बदल कर नगर भ्रमण को निकले l मार्ग में एक लकड़हारा मिला , जो अपने कंधे पर लकड़ियों का एक बड़ा गट्ठर लिए चला जा रहा था l राजा भोज उसे रोककर बोले --- " क्यों भाई ! आज के दिन तो राजा ने बड़ा भोज दिया था , फिर इतनी ज्यादा मेहनत किसलिए कर रहे हो ? क्या तुम्हे भोज का आमंत्रण नहीं मिला था ? " सुनकर लकड़हारा बोला ------- " नहीं भाई ! निमंत्रण तो मिला था , पर मैंने सोचा कि यदि बिना परिश्रम के खाने की आदत पड़ गई तो जीवन भर ऐसे ही निमंत्रणों की प्रतीक्षा करता रहूँगा और परिश्रम करने की प्रवृति गँवा बैठूंगा l आत्मगौरव अपने परिश्रम का खाने में ही है , दूसरों की प्रदत्त सहायता में नहीं l " राजा भोज का अहंकार लकड़हारे की बात सुनकर विगलित हो गया , पर साथ ही उन्हें इस बात का गर्व भी हुआ कि उनके राज्य में इतने नैष्ठिक नागरिक भी निवास करते हैं l
6 November 2020
WISDOM -----
कहते हैं विधाता के पास हमारे दो घड़े होते हैं --- एक पुण्य का और दूसरा पाप का l हम निष्काम भाव से जो पुण्य कर्म करते हैं तो पुण्य का घड़ा भरता जाता है l जब मनुष्य पाप कर्म बहुत करता है तो उसके पुण्य के घड़े से उन पापों के अनुपात में पुण्य लेकर विधाता संतुलन बना देते हैं और व्यक्ति का जीवन अच्छा चलता रहता है l व्यक्ति निरंतर अत्याचार , अन्याय आदि पापकर्म करता रहे तो धीरे - धीरे उसका पुण्य का घड़ा खाली हो जाता है और फिर शुरू होता है प्रकृति का दंड विधान l इस संसार में हमसे जाने - अनजाने कुछ न कुछ पाप हो ही जाते हैं , इसलिए कहते हैं प्रतिदिन कुछ न कुछ पुण्य अवश्य करना चाहिए जिससे उन पापों की क्षतिपूर्ति हो जाये और हमारे पुण्य का घड़ा खाली न होने पाए l महाभारत में एक कथा है ---- जब युधिष्ठिर ने राजसूय यज्ञ किया , उसमे श्रीकृष्ण को प्रथम पूज्य बनाया l यह बात चेदिनरेश शिशुपाल को सहन न हुई और वह भगवान को गाली देने लगा , अपशब्द बोलने लगा l ईश्वर के पास हम सबके पाप - पुण्य का लेखा - जोखा है l उन्होंने शिशुपाल को सावधान किया और कहा --- देखो , तुम्हारी दी गई सौ गालियों तक मैं कुछ न कहूंगा लेकिन उसके बाद क्षमा नहीं l सौ गालियों के बाद उसके इन पापों की क्षतिपूर्ति के लिए कोई पुण्य शेष नहीं बचते , पुण्य का घड़ा पूरा खाली हो जाता l कहते हैं ' विनाशकाले विपरीत बुद्धि ' l साक्षात् भगवान के समझाने पर भी वह समझा नहीं , भगवान गिनते रहे , उसे सतर्क करते रहे --- 94 , 95 ------ 99, शिशुपाल चुप हो जाओ , लेकिन वह माना नहीं , 100 ! और 101 अपशब्द बोलते ही कृष्ण जी की उँगली में सुदर्शन चक्र था , शिशुपाल को कोई नहीं बचा सका l यह कथा हमें सिखाती है कि हम अपने जीवन को होशपूर्वक जिएं , अन्यथा भगवान के हाथ में सुदर्शन चक्र आने और शिवजी के तृतीय नेत्र को खुलने में देर नहीं लगती l
5 November 2020
WISDOM -----
इस संसार का नियम ही ऐसा है कि जो आया है उसे जाना पड़ेगा l इस तथ्य को हर कोई जानता है , पर जानते हुए भी मानने को तैयार नहीं होता l हर किसी को मृत्यु का भय आरंभ से ही सताता है और उससे बचे रहने का हर संभव प्रयत्न भी किया जाता है , पर विधि के विधान के आगे किसी का वश नहीं चलता l ----- यमराज ने एक बार मौत को एक क्षेत्र से पांच हजार आदमी मारकर लाने के लिए भेजा l वह जब झोली भरकर लाई तो गिनने पर पंद्रह हजार निकले l जवाब - तलब हुआ कि इतने अधिक क्यों ? मौत ने सबूत समेत सिद्ध किया कि बीमारी से तो पांच हजार ही मरे हैं l शेष तो डर के मारे बिना मौत ही मर गए और परलोक आने वाली भीड़ के साथ जुड़ गए l कहा जाता है ---' साहसी तो जीवन में एक बार मरता है पर कायर तो भयभीत रहकर पग - पग पर , पल -पल मरता है l
4 November 2020
WISDOM ------
रामकृष्ण परमहंस कहा करते थे कि दक्षिणेश्वर मंदिर के कुत्ते , बिल्ली भी धन्य हैं l देखो ! वह माता का प्रसाद खा रहे हैं l गंगादर्शन कर उसका जल पी रहे हैं l उद्दान मंदिर में एक कुत्ता था , जिसे ठाकुर कप्तान कहकर पुकारते थे l कप्तान अक्सर काली माँ के मंदिर के सामने सबसे ऊँची सीढ़ी के तल पर बैठता था l ठाकुर के बुलाते ही वह उनके चरणों में आकर लोटने लगता l तब ठाकुर उसे पूड़ी व संदेश देते थे l वे कहते थे ---- " इतने कुत्ते हैं , पर कप्तान को छोड़कर कोई भी काली माँ के सामने नहीं बैठता l किसी शाप के कारण ही कुत्ते की योनि में जन्म हुआ l पूर्व जन्म में कुछ अच्छा संस्कार भी रहा होगा , तभी तो वह यहाँ है l अब इस जन्म में मुक्त हो जायेगा l बड़ी धन्य आत्मा है l "
WISDOM -----
भगवान श्रीराम के एक ही शिष्य हैं --- हनुमान जी l बड़े से बड़ा काम कर के भी कोई अहंकार नहीं l काम दिया तो कर दिया l सतत राम - नाम का जप l जब वे अकेले ही लंका जलाकर , रावण का मान - मर्दन प्रभु के पास लौटे और प्रभु ने पूछा कि त्रिभुवन विजयी रावण की लंका को तुमने कैसे जलाया हनुमान ! तब उनने कहा ---- ' सो सब तव प्रताप रघुराई l नाथ न कछू मोरि प्रभुताई l l हनुमान जी व्याकरण के पंडित , वेदज्ञ , ज्ञान शिरोमणि , बड़े विचारशील , तीक्ष्ण बुद्धि और अतुल पराक्रमी हैं , पर अति विनम्र , अहं जैसे छू भी नहीं गया हो l सभी भक्तों के वे आदर्श हैं l तभी तो श्रीराम कहते हैं --- 'सुन सुत तोहि उरिन मैं नाहीं l देखेउँ करि बिचार मन माहीं ll