पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं --- " मरने के लिए हर मानव को हर घड़ी तैयार रहना चाहिए l यह शरीर कभी न कभी विनष्ट होना ही है , लेकिन आत्मा कभी नहीं मरती l आत्मा को ऊँचा उठाने के प्रयास जीवनपर्यन्त किये जाते रहें तो भावी जन्म सार्थक किया जा सकता है l " पुराण की एक कथा है ----- राजा परीक्षित को ऋषि ने श्राप दिया था कि सातवें दिन सर्प के काटने से उनकी मृत्यु हो जाएगी l मृत्यु का कष्ट न हो मोक्ष मिले इस उद्देश्य से वे शुकदेव जी से भागवत कथा सुन रहे थे l छह दिन बीत गए l मरने की घड़ी निकट आती देख राजा क्षुब्ध हो रहा था , तब शुकदेव जी ने राजा को एक कथा सुनाई ------ ' एक राजा जंगल में शिकार खेलने गया l घने जंगल में वह रास्ता भटक गया l तेज वर्षा होने लगी , सिंह , व्याघ्र बोलने लगे l राजा डर गया और रात्रि में विश्राम का स्थान ढूंढ़ने लगा l कुछ दूर उसने दीपक जलता देखा , वहां गया , वह एक बहेलिए की झोंपड़ी थी l बहेलिया बीमार था , चल - फिर नहीं सकता था l झोंपड़ी में ही एक कोने में मलमूत्र त्यागने का स्थान था , खाने के लिए जानवरों का मांस झोंपड़ी की छत से लटका था l बहुत गन्दी , अँधेरी और दुर्गन्धयुक्त झोंपड़ी थी l कोई और आश्रय नहीं था इसलिए विवशतावश राजा ने बहेलिये से उस की झोंपड़ी में रुकने की प्रार्थना की l बहेलिये ने कहा --- आप यह प्रतिज्ञा करो कि सुबह इस झोंपड़ी को खाली कर चले जाओगे क्योंकि और भी राहगीर यहाँ आते हैं , रुकते हैं , फिर उन्हें झोंपड़ी की गंध इतनी भा जाती है कि वह इसे छोड़ना ही नहीं चाहते , इस पर अपना कब्ज़ा जमाते हैं l ' राजा ने प्रतिज्ञा की , कसम खाई कि वह सुबह इस झोंपड़ी को खाली कर देगा l प्रात:काल राजा और ठहरने के लिए बहेलिये से आग्रह करने लगा l उसे वह गंध इतनी अच्छी लगी कि झोंपड़ी को त्यागने के नाम से उसे बड़ा कष्ट और दुःख होने लगा l राजा की बहेलिये से बहुत बहस हुई , बड़ा झंझट हुआ , उपद्रव और कलह हो गया , राजा मरने - मारने पर उतारू हो गया l शुकदेव जी ने पूछा ---- " परीक्षित ! बताओ , क्या यह झंझट उचित था ? ' परीक्षित ने कहा --- ' भगवान ! वह कौन सा राजा था , बड़ा मुर्ख था , जो अपनी प्रतिज्ञा तोड़कर , नियत अवधि से अधिक रहना चाहता था l उसकी मूर्खता पर मुझे क्रोध आता है l " शुकदेव जी के कहा --- " वह और कोई नहीं स्वयं तुम हो l इस मलमूत्र की कोठरी देह में , जितने समय तुम्हारी आत्मा को रहना आवश्यक था , वह अवधि पूरी हो गई l अब तुम झंझट कर रहे हो , मरने का शोक कर रहे हो , क्या यह उचित है ? " राजा ने कथा का मर्म समझा और मृत्यु भय को भुलाते हुए मानसिक रूप से निर्वाण के लिए तैयारी की l कथा का यही शिक्षण है -- हम भयभीत न हों , सत्कर्म करें और ईश्वर से सद्बुद्धि की प्रार्थना करें l
10 May 2021
9 May 2021
WISDOM -----
यदि व्यक्ति का अंत:करण शुद्ध नहीं है , उसने सद्गुण और सन्मार्ग पर चलने की साधना नहीं की है तो ज्ञान के दुरूपयोग की संभावना होती है l प्रेरणाप्रद दृष्टांत है ----- महर्षि वर्ष ने अपने दो शिष्यों व्याडि और इंद्रदत्त को योग की समस्त विद्या सिखा दीं l साधना पूर्ण होने पर दोनों शिष्यों ने पूछा कि गुरुदक्षिणा मकया दें ? गुरु ने कहा --- ज्ञान का प्रकाश दसों दिशाओं में फैलाओ जिससे देश , जाति और संस्कृति का उत्थान होगा l शिष्यों को अपने ज्ञान का अहंकार था , उनने कहा कि आप कोई भौतिक वस्तु मांगे l शिष्यों के बहुत हाथ करने पर गुरु ने कहा --- ' दे सकते हो तो एक हजार स्वर्ण मुद्राएं लेकर दो , जिससे आश्रम का जीर्णोद्धार हो सके l " उचित तरीका यह था कि वे परिश्रम करते , मेहनत कर धन कमा कर गुरुदक्षिणा देते , लेकिन उनमे अहंकार था उनने सोचा तंत्र विद्या का प्रयोग कर के तुरंत ही गुरुदक्षिणा चुका दें l जब वे दोनों इस पर मंत्रणा कर रहे थे , उस समय मगध सम्राट नन्द की मृत्यु हुई l दोनों शिष्यों ने यह तय किया कि इंद्रदत्त , परकाया प्रवेश की विद्या से नन्द के शरीर में प्रवेश करे , तब तक व्याडि उसके शव की रक्षा करे l जब इंद्रदत्त की आत्मा नन्द के शरीर में पहुँच जाए तो एक मित्र वररुचि जाकर उनसे स्वर्ण मुद्राएं मांग लाये जिससे गुरुदक्षिणा चूक जाये l सारी व्यवस्था हो गई , परकाया प्रवेश होते ही मृत नन्द जी उठे l सारे मगध के लोग आश्चर्यचकित रह गए l लेकिन नन्द का मंत्री शकटारि सारी स्थिति समझ गया l उसने तत्काल जाकर इंद्रदत्त के शव का दाह संस्कार करा दिया और व्याडि को बंदी बनाकर जेल में डलवा दिया l अब कोई उपाय नहीं बचा इसलिए इंद्रदत्त की आत्मा सम्राट नन्द के शरीर में ही रह गई l इंद्रदत्त सम्राट नन्द के शरीर में था तो वहां के सुख - वैभव में भोग - वासनाओं में डूब गया l इधर चाणक्य ने चन्द्रगुप्त को शस्त्र और शास्त्र में निपुण बना दिया , उसके हाथों वह मारा गया और उधर व्याडि जेल की यातनाओं से मर गया l जो योग - विद्या आत्म कल्याण के उद्देश्य से सिखाई गई थी , अहंकार के कारण वह अपने ही साधकों को ले डूबी l गुरुदक्षिणा भी चुका न सके l जब गुरु वर्ष ने यह समाचार सुना तो उन्होंने यही कहा कि --- अपात्र को विद्या देने का यही फल होता है l
8 May 2021
WISDOM ----- ज्ञान तभी सार्थक है जब उसमे अहंकार न हो
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " ज्ञानी जब अहंकारी हो जाता है , तब उसके अंत:करण से करुणा नष्ट हो जाती है l उस स्थिति में वह औरों का मार्गदर्शन नहीं कर सकता , केवल मात्र दम्भ प्रदर्शन कर सकता है , जिससे लोग प्रकाश लेने की अपेक्षा पतित होने लगते हैं , ऐसी सर्वज्ञता का क्या लाभ ? " कहते हैं विधाता ने सत्य , धर्म , दान , तप और तीर्थ की रचना की , लेकिन तब भी मनुष्य सुखी नहीं हो पाया तब विधाता ने ' वशिष्ठ ' नाम से ज्ञान की रचना की l यह ज्ञान विवेक और दूरदर्शिता से अलंकृत था l अपनी सामर्थ्य देखकर ' वशिष्ठ ' को अहंकार आ गया , उसे भगवान श्रीराम पर से विश्वास उठ गया , वह स्वयं को भगवान समझने लगा l ज्ञान यदि अपने मार्ग से भटक जाए तो सत्य , धर्म ---- आदि सब विभूतियाँ व्यर्थ हो जाती हैं इसलिए उन्होंने ' वशिष्ठ को सजा दी और समझाया कि ज्ञान की सार्थकता निरहंकारिता में है l भगवान राम सर्वज्ञ थे लेकिन उन्होंने अपना सौम्य , उदार और करुणाजनक स्वाभाव बनाए रखा और जन - जन को अपने आचरण से शिक्षण दिया l
7 May 2021
WISDOM ------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी का कहना है --- " बुद्धिजीवी - विचारशील वर्ग पर भगवान ने समाज रूपी बगिया के माली का भार सौंपा है l यदि वह अपनी जिम्मेदारी को निभाने में प्रमाद करते हैं तो किसी न किसी समय , किसी न किसी तरह उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा l " आचार्य श्री लिखते हैं ---- ' प्रकृति की मर्यादाओं - नियत नियमों की अनुकूल दिशा में चलकर ही सुखी , शांत और संपन्न रहा जा सकता है l ग्रह , नक्षत्र , तारे , ग्रह - उपग्रह एक नियम मर्यादा के अनुसार चलते हैं l वे अपने निश्चित विधान का जरा भी उल्लंघन नहीं करते l प्रकृति ने अपने परिवार के समस्त सदस्यों को इस व्यवस्था मर्यादा में बांध रखा है कि वे अपना मार्ग न छोड़ें इसलिए सारी व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है l केवल मनुष्य ही ऐसा है जो बार - बार नियति के विरुद्ध जाने की धृष्टता करता है , मर्यादाओं का उल्लंघन करता है l " विज्ञान ने हमें बहुत सुख - सुविधाएँ दीं लेकिन संसार के सारे सुख- सुविधाओं का उपभोग तो इसी शरीर से संभव है l यदि मनुष्य मर जाए या चलती - फिरती लाश बन जाए , हर पल , हर किसी से भयभीत रहे तो सब सुख - सुविधाओं का , भोग - विलास के साधनों का कोई अर्थ नहीं रह जाता l जब विज्ञान के साथ चंद लोगों का , कुछ संस्थाओं का स्वार्थ जुड़ जाएगा तब इस संसार को शमशान बनने में देर नहीं लगेगी l ईश्वर ने हमें चयन की स्वतंत्रता दी है -- यह हमारे हाथ में है कि हम सही मार्ग चुने ---- हम विवेकपूर्ण , संवेदनशील इनसान बनकर जीना चाहते हैं या मानसिक गुलामी में चलती -फिरती लाश बनकर जीना चाहते हैं l जागरूक हो , ' जब जागो तब सवेरा l '
4 May 2021
WISDOM -----
कहते हैं --- ' सोए हुए को जगाया जा सकता है लेकिन जो जागते हुए भी सो रहा है , उसे भला कौन जगा सकता है l ' जब चारों तरफ चोरी , बेईमानी , भ्रष्टाचार , मिलावट , कालाबाजारी , धोखा , अपराध का बाजार गर्म हो , तब अपने जीवन के लिए , उखड़ती साँसों के लिए बदहवास होकर भागना --------- ? मृत्यु से कोई नहीं बचा है , जितनी श्वास ईश्वर ने हमें दी हैं उसे कोई छीन नहीं सकता l ' लेकिन यह कथन तभी सत्य सिद्ध होगा जब हम जागरूक होंगे , परिस्थिति , वातावरण को समझ कर विवेकपूर्ण निर्णय लेंगे l जब - जब धर्म का नाश हुआ तब ईश्वर ने अवतार लिया , अपने आचरण से शिक्षण दिया l अत्याचारी , पापियों का, अधर्म का नाश किया , न्याय और धर्म की स्थापना की l इससे हमारी आदत बन गई कि भगवान आएंगे , अत्याचार , अन्याय का अंत होगा l लेकिन नहीं ! भगवान कहते हैं हम कहाँ तक अवतार लें , मनुष्य जागरूक ही नहीं होता l विज्ञान का ही दूसरा नाम -भस्मासुर है , जिसमे विवेक नहीं था , संवेदना नहीं थी , अपने धन और शक्ति के बल पर संसार को और शिवलोक को जीतना चाहता था , दुनिया को अपने तरीके से चलाना चाहता था l हमें समझना होगा कि अब विष्णु भगवान मोहिनी रूप रख कर उसका अंत नहीं करेंगे , हमें ही जागरूक और संगठित होकर विवेकपूर्ण तरीके से भस्मासुर को हर सिर पर हाथ रखने से रोकना होगा , अपने भीतर के देवत्व को जगाना होगा ताकि भस्मासुर स्वयं अपने ही सिर पर अपना हाथ रख ले l
3 May 2021
WISDOM ------
एक प्रेरणाप्रद दृष्टांत है ----- ' यूनान के शाह का स्वास्थ्य दिन - प्रतिदिन ख़राब होता जा रहा था , बचने के आसार नहीं थे l अंत में सभी हकीमों ने यह निश्चय किया कि निर्धारित लक्षणों वाले किसी व्यक्ति का पित्ताशय प्राप्त हो सके तो शाह को बचाया जा सकता है l शासकीय कर्मचारी निकल पड़े और एक बालक को पकड़ लाए l काजी से इस संबंध में परामर्श लिया गया तो उसने भी कह दिया कि राजा की प्राण रक्षा के लिए यदि कुछ व्यक्तियों को अपना बलिदान देना पड़े तो वह अपराध की श्रेणी में नहीं आएगा l निश्चित समय पर वह लड़का राजा के सम्मुख लाया गया l सभी हकीम तैयारी के साथ वहां थे , राजा ने जल्लाद को उस बालक का काम तमाम करने की आज्ञा दी l जल्लाद ने जैसे ही तलवार उठाई , वह बालक ऊपर आकाश की और देखकर हँसने लगा l मृत्यु के मुख में जाते बालक को हँसते देख राजा को बड़ा आश्चर्य हुआ , उसने संकेत से जल्लाद को रुकने को कहा और बालक से हँसी का कारण पूछा l बालक ने कहा ---- ' आज मैंने देखा कि माता - पिता जिस संतान के लिए प्राण देते हैं , उन्होंने उसे पैसों के लोभ में बेच दिया l काजी जो धर्म और मर्यादा की रक्षा करने वाला कहा जाता है , उसने राजा को खुश करने के लिए धर्म के सिद्धांत को ही बदल दिया और राजा के जीवन को बचाने के लिए भले ही किसी के प्राण लिए जाएँ , पर धर्म उसे अपराध और पाप की दृष्टि से मान्य करने को तैयार नहीं है l प्रजा का रक्षक बादशाह ही भक्षक बना जा रहा है , उस समय ईश्वर के अलावा व्यक्ति को सहारा देने वाला और कौन हो सकता है ? अत: मुझे उस परम पिता को याद कर के हँसी आ रही है कि यहाँ तो ऐसा अंधेर मचा हुआ है , देखें सबका रक्षक क्या करता है ? बालक की बात सुनकर राजा को समझ आ गई , उसने अपनी भूल स्वीकार कर बालक को मुक्त किया l
1 May 2021
WISDOM ---- आ अब लौट चलें ----- प्रकृति की ओर
हम हमेशा समस्याओं पर चर्चा न कर के समाधान खोजें l विज्ञानं ने हमें जितना सुख नहीं दिया उतना दुःखी कर दिया l सम्पूर्ण मानव समुदाय को मृत्यु के मुख में धकेल दिया l तनावग्रस्त जीवन जीने और उससे उत्पन्न समस्याओं से जूझने को विवश कर दिया l समाधान के लिए सबका मुँह ताकने से बेहतर है कि जो कुछ हमारे वश में है हम वह करें l अंधकार को मिटाने के लिए एक दिया जलाएं l सर्वप्रथम हम विज्ञानं द्वारा दी गई सुविधाओं को अलविदा कहें l फ्रिज , ए.सी. को विदा करें l जब अंग्रेजी दवाइयाँ , इंजेक्शन आदि नहीं थे तब लोग प्रकृति के संरक्षण में रहते थे और बहुत स्वस्थ थे l महाराणा प्रताप का कवच , भाले आदि शस्त्र इस बात के प्रत्यक्ष प्रमाण हैं l हम प्रकृति पर और आयुर्वेद पर निर्भर रहें , इसके कोई साइड इफेक्ट नहीं होते l जिन दवाइयों और इंजेक्शन के पीछे लोग भाग रहे हैं , वे शरीर को बीमारियों का घर बना देते हैं l कैसी विडंबना है मनुष्य अपने शरीर को खोखला कर के इस दवाई बनाने वालों को अरबपति बना देता है l यही दुर्बुद्धि है l