जब मनुष्य पर दुर्बुद्धि का प्रकोप होता है तब उसे साक्षात् भगवान भी समझाने आएं तो वह नहीं समझता l इस दुर्बुद्धि में वह अपना सुखी - सुन्दर जीवन भूलकर कष्ट , आपदा और अंत में मृत्यु को स्वयं ही चुन लेता है l हाय ! री दुर्बुद्धि ! यह कथन हर युग में सत्य है l रावण को मंदोदरी ने विभीषण ने कितना समझाया कि माँ सीता साक्षात् जगदम्बा हैं , ईश्वर ने स्वयं धरती पर राम के रूप में जन्म लिया है , तुम उनसे क्षमा मांगो लेकिन रावण ने किसी की नहीं सुनी l हनुमानजी और अंगद भी गए उसे समझाने पर उसके सिर पर तो मृत्यु सवार थी l इसी तरह महाभारत में --- भगवान कृष्ण स्वयं दुर्योधन को समझाने गए कि पांच गाँव ही दे दो लेकिन वो नहीं माना और महाभारत होकर रहा l इन सब के मूल में देखें तो एक बात स्पष्ट है कि व्यक्ति के पास जो ईश्वर ने दिया है वह उसका महत्त्व नहीं समझता , जो दूसरे की है उस पर ललचाता है l रावण के पास एक से एक सुन्दर रानी - महारानी की कमी नहीं थी लेकिन उसकी नजर सीताजी पर थी l दुर्योधन के पास हस्तिनापुर का विशाल साम्राज्य था लेकिन उसे पांडवों का इंद्रप्रस्थ इतना अच्छा लगा कि अब वह उन्हें सुई की नोक बराबर भूमि भी नहीं देना चाहता l यही स्थिति वर्तमान में है ---- संसार में विभिन्न देश हैं हर देश की अपनी संस्कृति , अपनी चिकित्सा है l हमारे पास भी अपनी संस्कृति , अपनी चिकित्सा पद्धति , वेद , उपनिषद में दिए गए जीवन जीने के सूत्र आदि बहुमूल्य ज्ञान - सम्पदा है लेकिन दुर्बुद्धि ऐसी कि हम उसका महत्त्व नहीं समझते l दुर्बुद्धि के साथ यदि मानसिक गुलामी भी हो , हम दूसरे को अपने से श्रेष्ठ समझें तो परिस्थिति विकराल हो जाती है l आज वैश्वीकरण के युग में हमारी बुद्धि हंस जैसी हो l कहते हैं हंस को दूध दो तो वह दूध पी लेता है , उसमें का पानी छोड़ देता है l इसी तरह हम करें , अपना महत्त्व समझें दूसरे का जो श्रेष्ठ है उसे स्वीकार करें , भेड़ -चाल न चलें l ऐसी विवेक - बुद्धि के लिए हम ईश्वर से सद्बुद्धि की प्रार्थना करें l एक प्रार्थना हम उन देशों के लिए भी करें जिनके पास शक्ति और वैभव और श्रेष्ठता का अहंकार भी है , कि उन्हें भी सद्बुद्धि आये -----------
24 May 2021
23 May 2021
WISDOM------ भगवान तीन रूप में मनुष्य को दर्शन देते हैं ---- सर्जक , पोषक और संहारक
22 May 2021
WISDOM -------
इमर्सन का कहना है ---- " आओ हम चुप रहें , ताकि फरिश्तों के वार्तालाप सुन सकें l " यदि हम स्वस्थ रहना चाहते हैं तो हमें कुछ देर मौन रहने की जरुरत है l शान्त और एकाग्र मन से ही हम प्रकृति के सन्देश को सुन सकते हैं , समझ सकते हैं l ईश्वर ने इस संसार को बनाया और उसे अपनी इस रचना से बहुत प्रेम है l प्रकृति ने हमें स्वस्थ रहने के लिए सब कुछ दिया लेकिन स्वयं को बुद्धिमान समझने के कारण हम उसके महत्व को समझ नहीं रहे हैं l जिन पांच तत्वों से हमारा शरीर बना है , अंत में वह उसी में विलीन हो जाता है l यह सत्य सम्पूर्ण संसार के लिए है लेकिन इनके आधार पर जो जलवायु है , पर्यावरण है वह सब जगह भिन्न - भिन्न है और लोगों की आकृति , रंग रूप में भी इसी कारण अंतर होता है l यह ईश्वरीय व्यवस्था है कि हम जिस मिट्टी में पैदा हुए उसकी अपनी एक विशेषता है इसलिए उसी के अनुरूप कृषि पदार्थ , चिकित्सा , सौंदर्य प्रसाधन , खान- पान , वेशभूषा हमारे लिए उपयुक्त होगी l यदि हम यह सोचें कि पूरी दुनिया के लिए एक जैसा खान - पान , एक जैसी वेशभूषा , एक ही चिकित्सा पद्धति हो तो कोई भी स्वस्थ नहीं रह सकेगा l विद्वानों का कहना है --- एक पौधा जो ब्रिटेन या अमेरिका में रोपा गया , वह वहीँ की जलवायु में फलेगा - फूलेगा यदि हम उसे वहां से लाकर किसी दूसरी जलवायु के क्षेत्र में लगाएंगे तो वह सूख जायेगा और जहरीला हो जायेगा l ' मानवीय मूल्यों , नैतिकता के नियम सम्पूर्ण संसार के लिए एक जैसे हों l
21 May 2021
WISDOM -----
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं --- मर्यादा में रहने पर शक्ति , विजय , कीर्ति और विभूतियाँ उपलब्ध होती हैं l उनसे विचलित होने पर अनिष्ट होता है l रावण आतंक और आसुरी शक्तियों का प्रतिनिधि था l सामान्य रूप से अधिक शक्ति का अर्जन अहंकार को जन्म देता है l शक्ति का प्रदर्शन इसी अहंकार और दर्प का परिणाम है , रावण इसी का जीता - जागता रूप था l " आचार्य श्री लिखते हैं ----- ' रावण ने शक्ति का अर्जन बहुत किया था , परन्तु शक्ति के अर्जन के साथ वह उसका लोक कल्याण के लिए उपयोग करना भूल गया l वह अपने अहंकार के प्रदर्शन और मर्यादाओं को छिन्न - भिन्न करने में लग गया और इसीलिए उसका अंत मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के हाथों हुआ l आचार्य श्री लिखते हैं --- ' लगता है रावण रूपी आसुरी तत्व मरकर आज सूक्ष्म रूप में सभी के भीतर तांडव नर्तन करने में जुट गया है और यही कारण है कि मानव मर्यादाओं का उल्लंघन करने में अपने को अहोभागी मान रहा है l मानवीय मर्यादाओं के उल्लंघन के कारण आज मानव समाज की जितनी दुर्दशा हुई है , संभवत: उतनी कभी देखी नहीं गई l " यदि सद्बुद्धि आ जाए तो रूपांतरण होने में देर नहीं लगती l शक्ति और वैभव के बल पर आप लोगों को भयभीत कर झूठा सम्मान पा सकते हैं लेकिन जिनके पास अकूत सम्पदा है , शक्ति है वे इसका उपयोग शक्ति प्रदर्शन और यश लूटने में न कर के सच्चे हृदय से विभिन्न गरीब देशों के निर्धनता और भूख से मरते हुए लोगों के कल्याण के लिए , उनकी पीड़ा को दूर करने के लिए करें तो इसी जन्म में लोग उन्हें देवता मान कर पूजने लगें l
20 May 2021
WISDOM ------
जब संसार में आसुरी शक्तियां प्रबल हो जाती हैं तब ऐसे ही चारों ओर हाहाकार मचता है l आसुरी शक्तियों का प्रमुख लक्षण यही है कि वे बेगुनाह को , निर्दोष पर अत्याचार करती हैं l जैसे रावण , स्वयं को राक्षसराज रावण कहता था , अपनी ' सोने की लंका ' की चाहत में उसने दसों दिशाओं में आतंक फैलाया , ऋषियों का , बेगुनाहों का खून बहाया l ' महाभारत ' एक परिवार , एक खानदान के बीच की लड़ाई थी जिसमे विभिन्न राजाओं ने किसी पक्ष के समर्थन में युद्ध में भाग लिया l यहाँ आसुरी तत्व नहीं थे , युद्ध के नियम थे जैसे सूर्यास्त के बाद युद्ध नहीं होगा , निहत्थे पर वार नहीं होगा , शत्रु पर पीछे से वार नहीं होगा , शत्रु को चुनौती देने , ललकारने के बाद ही उससे युद्ध होगा अदि अनेक नियम थे l समय - समय पर उनका उल्लंघन भी हुआ , लेकिन वह अधर्म के नाश और धर्म की स्थापना के लिए युद्ध था l भीम और हिडिम्बा का पुत्र घटोत्कच जो मायावी शक्तियां जानता था , जब अपनी मायावी शक्ति से कौरव सेना को नष्ट करने लगा तब कर्ण ने इंद्र द्वारा दी गई शक्ति से उसका वध किया l युद्ध चाहे किसी भी युग का हो , यदि उसमे महिलाएं , मासूम बच्चे और बेगुनाह लोग मारे जाते हैं तो वह युद्ध आसुरी है l असुर के सिर पर बड़े सींग और भयावह आकृति नहीं होती , असुरता एक प्रवृति है जो निर्दोष लोगों को सताने और उनका खून बहाने से ही तृप्त होती है l आचार्य श्री लिखते हैं ---- ' इस संसार में दुष्टता कभी भी स्थिर होकर नहीं रह सकी , असुरता से देवत्व की आयु अधिक है l ' जब संसार में सन्मार्ग पर चलने वाली शक्तियां एकजुट होंगी तब असुरता हारेगी , अंधकार दूर होगा और एक नई सुबह होगी l
19 May 2021
WISDOM ------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- ' कुटिल की मित्रता और अपना अति अभिमान स्वयं पर और अपने परिवार तथा राज्य पर संकट आने का कारण है l ' इतिहास से हमें शिक्षा मिलती है कि मित्रता भी सोच - समझ करनी चाहिए l ------ औरंगजेब अपने भाइयों को मारकर और पिता को कैद कर दिल्ली के रक्त सने सिंहासन पर बैठा l ऐसे अन्यायी औरंगजेब ने जब जोधपुर के राजा जसवंतसिंह से मित्रता का हाथ बढ़ाया तो उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया l जसवंतसिंह ने यह सोचने का प्रयास ही नहीं किया कि यह क्रूर , निर्दयी , अन्यायी औरंगजेब जब अपने पिता को कैद कर सकता है , भाइयों को क़त्ल करवा सकता है तो समय आने पर उन्हें भी दगा दे सकता है l उनके परिवार पर संकट ला सकता है , उनका राज्य हथिया सकता है l उन्होंने औरंगजेब के दरबार में रहना स्वीकार कर लिया l जसवंतसिंह की वीरता और पराक्रम से औरंगजेब ने जी भर के लाभ उठाया l जसवंतसिंह ने उसके लिए कठिन से कठिन संग्राम जीते l औरंगजेब शंकालु प्रवृति का था , वह भीतर ही भीतर उनसे भयभीत रहता था और मन में बहुत ईर्ष्या करता था l उसने जसवंतसिंह को और उसके पुत्रों को धोखे से मरवा दिया , जोधपुर का राज्य भी हथिया लिया l उनकी रानी और नवजात शिशु को दुर्गादास राठौर नामक स्वामिभक्त वीर ने बड़ी कठिनाई से बचा लिया अन्यथा उनका वंश ही समाप्त हो जाता l आचार्य श्री लिखते हैं ---- ' राजा जसवंतसिंह के पास जो बल विक्रम था वह सही दिशा में न होकर गलत दिशा में प्रयुक्त हुआ l वह स्वयं उनके लिए , उनके परिवार के लिए तथा हिन्दू जाति के लिए निरुपयोगी सिद्ध हुआ और उसका लाभ औरंगजेब ने उठाकर अपना स्वार्थ सिद्ध किया l ये ऐतिहासिक घटनाएं हमें शिक्षा देती हैं कि हम जागरूक हों , हमारी योग्यता का लाभ गलत व्यक्ति तो नहीं उठा रहे l नहीं तो ये अच्छाइयाँ भी राजा जसवंतसिंह के पराक्रम की तरह निरर्थक चली जाएँगी l "
18 May 2021
WISDOM ------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " केवल स्वार्थ और मिथ्याभिमान से प्रेरित होकर किया गया काम कितना ही बड़ा क्यों न हो , न तो वह उस व्यक्ति को ही सुखी और संतुष्ट कर सकता है और न मानव समाज को ही कुछ दे सकता है l " घटना उस समय की है जब सिकंदर फारस देश पर आक्रमण करने जा रहा था , सहसा वह एक स्थान पर रुक कर घोड़े से उतर गया और सरदारों से कहा --- सेना का पड़ाव यही डाल दो , मेरी तबियत कुछ ख़राब हो रही है l जब तक ठहरने की व्यवस्था हुई सिकन्दर पेट और हृदयस्थल में प्रचंड पीड़ा से तड़पने लगा l सिकन्दर के साथ यूनान से कई योग्य हकीम आये थे , शरीर और नाड़ी की परीक्षा की , अच्छी से अच्छी दवा दी , सभी हताश हो गए l विश्व विजय का स्वप्न देखने वाला शक्तिमन्त सिकन्दर मर रहा है , विवश और असहाय है और सब अपने - अपने हित की बात सोच रहे थे l आचार्य श्री लिखते हैं ----- ' यदि सिकन्दर ने अपनी शक्ति जनहित और संसार में सुख - शांति की वृद्धि में लगाई होती तो उसकी सहायता की जोखिम से लोग डरते नहीं बल्कि अपने प्राण देकर भी उसे बचाने का प्रयत्न करते l राज - पद और उस पर भी अनीति तथा आतंक से दूषित राज - पद ऐसा ही प्रतारणा पूर्ण होता है कि लोग न तो उस पर विश्वास करते हैं और न ही यह विश्वास रखते हैं कि वह उन पर विश्वास कर रहा होगा l ------------------- जब सिकन्दर के जीवन की अंतिम घड़ी आ गई तो उसने अपने एक सेनापति को बुलाया और कहा --- " देखो मित्र ! जब मेरी अर्थी बनाई जाए तो मेरे दोनों हाथ अर्थी से बाहर निकाल देना ताकि दुनिया वाले यह जान सकें कि मैं कुछ नहीं ले जा रहा हूँ और उसके दोनों हाथ खाली थे l " ' लाया था क्या सिकन्दर , दुनिया से ले चला क्या ? ये हाथ दोनों खाली , बाहर कफ़न से निकले l '