श्रीमद भगवद्गीता में भगवान कहते हैं --- अहंकार एक प्रकार का रोग है , जो व्यक्ति को दुराचार की और प्रवृत करता है l अभिमानवश , लालचवश व्यक्ति से दुराचरण हो जाता है l इसका अर्थ यह नहीं कि उसके लिए भगवान के द्वार बंद हो गए हैं l भगवान कहते हैं --जिनसे गलतियां हो गई हैं , होती रहती हैं , उनके लिए भी मार्ग है --- अनन्यता का मार्ग l अनन्यता का अर्थ है --भक्ति , ईश्वर के प्रति समर्पण , मन में भगवान बसें l भक्ति पापी को भी तार देती है l भगवान मात्र सत्पुरुषों का ही नहीं , बुरों का भी भला करने के लिए आते हैं l जो दुराचरण हो चुका , उसके लिए माफ़ी नहीं है l यदि डकैती की है तो सजा तो मिलेगी ही l लेकिन भगवान कहते हैं --भक्त कभी विचलित नहीं होता , कष्ट में घिरकर भी कभी परेशान नहीं होता , अपना मानसिक संतुलन बनाये रखता है l उसे शाश्वत शांति प्राप्त होती है l कष्ट भी उसके लिए वरदान बनकर आते हैं l '
27 November 2021
26 November 2021
WISDOM-----
पारसियों के इतिहास में नौशेरवां एक बहुत प्रसिद्ध और न्यायशील बादशाह हुआ है l वह दयालु भी बहुत था , इसके विषय में उसकी एक घटना बहुत प्रसिद्ध है l उसने एक बहुत अच्छा ग्रन्थ लिखा और उससे मिलने वाले एक विद्वान् को दिखाया l उस विद्वान् ने उसमें कुछ अशुद्धियाँ बतलाई l नौशेरवां ने उसके बताये अनुसार उन्हें ठीक कर दिया लेकिन जब वह चला गया तो उन्हें मिटाकर फिर पहले जैसा लिख दिया l बादशाह के एक मित्र ने जब इसका कारण पूछा तो नौशेरवां ने कहा ---- ' मैं अच्छी तरह जानता था कि मैंने जो शब्द लिखे वह शुद्ध हैं l पर यदि उस समय उस विद्वान् की बात नहीं मानता तो उसके मन में बहुत दुःख होता l इसी कारण उस समय उसकी बात को स्वीकार कर लिया l "
25 November 2021
WISDOM --------
पं.श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने लिखा है ------ "प्रतिभा वस्तुत: कोई ईश्वरीय देन नहीं होती है l वह तो मनुष्य की अपनी जिज्ञासा , अपनी कर्मनिष्ठा , लगन व तत्परता के संयोजन का ही एक स्वरुप होती है , जो दिन - दिन अभ्यास के द्वारा विकसित होती जाती है l " आचार्य जी लिखते हैं ---- ' मार्गदर्शन देने वाली , रास्ते के अवरोध , कठिनाइयां और संघर्ष बताने वाली शक्तियां तो बहुत हैं और वे बड़ी सहजता से उपलब्ध भी हैं परन्तु कमी तो हम में है जो उस दिशा में चलने का प्रयत्न करने से घबराते हैं l प्रयत्न न करने और जल्दी ही निराश होकर बैठ जाने से हम इन शक्तियों और ईश्वर प्रदत सुविधाओं का लाभ नहीं उठा सकेंगे l मनुष्य अपनी दीन -हीन दशा से समझौता नहीं करे और एक - एक कदम प्रगति के पथ पर बढ़ता रहे तो उसे उसका लक्ष्य मिल ही जाता है l "
24 November 2021
WISDOM--------
अब्राहम लिंकन से उनके एक मित्र ने पूछा --- " जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए क्या करना पड़ता है ? " उन्होंने उत्तर दिया ----" सफलता प्राप्त करने के लिए उसका मूल्य चुकाना पड़ता है l बिना मूल्य चुकाए कोई भी चीज प्राप्त नहीं की जा सकती है l मंजिल तक पहुँचने के लिए पहले से मार्ग की जानकारी होना आवश्यक है l मार्ग जानने के बाद सफलता तक पहुँचने के लिए उस मार्ग पर चलने का साहस और धैर्य सफलता की कीमत है l जीवन का मार्गदर्शन करने वाले सैकड़ों तत्व दुनिया में मिलते हैं किन्तु ये सब कील - कांटे की तरह हैं , बिना प्रयत्न किये इनका कोई मूल्य नहीं l इनका होना भर अपर्याप्त है , निरर्थक है , हानिकारक भी है l केवल इतने पर ही आस लगाए बैठे रहने से अवसरवादी तत्व पास में जो कुछ होता है वह भी छीन भागते हैं l कील - काँटे के साथ जिस तरह प्रयत्न और धैर्य की आवश्यकता है उसी प्रकार मार्ग और साधनों के साथ -साथ साहस और धैर्य भी जुड़ा होना चाहिए l "
23 November 2021
WISDOM-------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----- ' धर्म के अनेक स्वरुप होते हैं l सत्य , न्याय , दया , परोपकार , पवित्रता आदि धर्म के अमिट सिद्धांत हैं और इनका व्यक्तिगत रूप से पालन किये बिना कोई व्यक्ति धर्मात्मा कहलाने का अधिकारी नहीं हो सकता l देश भक्ति भी धर्म है , एक पवित्र कर्तव्य है l जिस देश में मनुष्य ने जन्म लिया और जिसके अन्न जल से उसकी देह पुष्ट हुई , उसकी रक्षा और भलाई का ध्यान रखना भी मनुष्य के बहुत बड़ा धर्म हैं l
22 November 2021
WISDOM--------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " विज्ञानं ने मनुष्य के आगे सुख - सुविधाओं की झड़ी लगा दी है , लेकिन चेतना के स्तर पर वह वही है , जहाँ वह आदिम युग में था अथवा उसके बाद के उस युग में जबकि मनुष्य रोटी के एक टुकड़े के लिए अपने भाई का क़त्ल कर देता था और इंच भर जमीन के लिए अपने से कमजोर व्यक्तियों को गाजर - मूली की तरह काट देता था l विज्ञान की प्रगति ने मनुष्य के हाथों में समृद्धि और सम्पन्नता का अक्षय कोष सौंपा तो उसके साथ एक से एक बढे - चढ़े मारक शस्त्र भी सौंपे l " आचार्य श्री लिखते हैं ---- " अस्त्र - शस्त्र व्यर्थ नहीं हैं , नर पिशाचों को ठिकाने लगाने के लिए उनकी आवश्यकता हो सकती है l परन्तु वही शक्ति जब उद्धत , उन्मत्त व्यक्तियों के हाथों में चली जाती है तो हजारो - लाखों निर्दोष व्यक्ति कीड़े - मकोड़ों की तरह मसल दिए जाते हैं l प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध में मनुष्य ने इस स्थिति को पूरी यंत्रणा के साथ भोगा है l इसकी पुनरावृत्ति न हो , इसके लिए मनुष्य की चेतना को परिष्कृत और संस्कारित करने तथा उसमे देवत्व का उदय करने का प्रयास जरुरी है l मनुष्य को नैतिक , मर्यादित और अनुशासित रहने के लिए ईश्वर के प्रति आस्था और कर्म फल में विश्वास आवश्यक है l शक्ति और साधन के अहंकार में मनुष्य स्वयं को ईश्वर न समझे l "
21 November 2021
WISDOM --------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं --- ' मनुष्य शरीर होने के नाते गलतियाँ सभी से होती हैं l जो उन्हें छुपाते हैं वे गिरते चले जाते हैं पर जो बुराइयों को स्वीकार करते हैं उनकी आत्महीनता तिरोहित हो जाती है l यदि लोग अपने दोषों का चिंतन किया करें, उन्हें स्वीकार कर लिया करें और उनका दंड भी उसी साहस के साथ भुगत लिया करें तो व्यक्ति की आत्मा में इतना बल है कि और कोई साधन - सम्पन्नता न होने पर भी वह संतुष्ट जीवन जी सकता है l