बलख के बादशाह के पास अपार धन -सम्पदा थी लेकिन उन्हें आत्मिक म संतोष नहीं था l धीरे -धीरे उन्हें संसार से विरक्ति होने लगी l उन्होंने अपने वजीर से कहा --- " मुझे किसी पहुंचे हुए संत के दर्शन कराने ले चलो l " बादशाह को साथ लेकर वजीर लाहौर की ओर रवाना हो गए l लाहौर के समीप जंगल में मियां मीर झोंपड़ी में रहा करते थे l उन्हें जब पता चला कि बादशाह उनके दर्शनों के लिए आ रहे हैं तो उन्होंने अपने शिष्यों को हिदायत दी कि बादशाही ठाठ -बाट वाले किसी व्यक्ति को उनके पास न आने दें l बादशाह को जब यह ज्ञात हुआ तो उन्होंने अपना सारा समान गरीबों में बंटवा दिया और साधारण वस्त्र पहनकर संत की कुटिया के बाहर पहुंचे l मियाँ मीर ने कहलवाया कि जंगल में एक और फ़क़ीर रहते हैं , कुछ दिन उनकी सेवा करो न , उनके जैसा जीवन जियो , तब तुम्हे दर्शन का मौका दिया जायेगा l बादशाह ने जंगल में रहकर फ़क़ीर की सेवा की और फकीर की इबादत में अपने जीवन को लगाने का निश्चय किया l मियाँ मीर ने खुश होकर बादशाह को अपना शिष्य बनाया और उन्हें आत्मज्ञान का मार्ग दिखाया l मियाँ मीर के आशीर्वाद से बादशाह आगे चलकर संत बुल्लेशाह के नाम से प्रसिद्ध हुए l
3 September 2022
2 September 2022
WISDOM -----
हमारे देश में ऊँच -नीच , छुआछूत और जाति -प्रथा सदियों से है l इन कमियों की वजह से ही देश को सदियों की गुलामी झेलनी पड़ी l इतनी भौतिक प्रगति के बावजूद ये बुराइयाँ कम नहीं हुई l कहते हैं जहर ही जहर को मारता है l इन सामाजिक बुराइयों में जो दोहरा मापदंड है यदि वो समाज के सामने आ जाये तो ये बुराइयाँ स्वत: ही समाप्त हो जाएँगी जैसे --शिक्षा के क्षेत्र में , नौकरी आदि में सभी को अपनी जाति प्रमाण पत्र से स्पष्ट करनी पड़ती है l इसी तरह दलित जाति की कन्याओं , युवतियों के साथ जो भी अपराध होते हैं , उन अपराध करने वालों का जाति -प्रमाण पत्र सबके सामने आ जाये तो ये दोहरा मापदंड स्पष्ट हो जायेगा l बड़े -बड़े अपराध , भ्रष्टाचार करने के लिए समाज के सभ्रांत कहे जाने वाले लोग , कमजोर वर्ग को ही माध्यम बनाते हैं l जहाँ अपना स्वार्थ है वहां छुआछूत नहीं है l इस बुराई को दूर करने के लिए अनेक महान पुरुषों , संतों आदि ने बहुत प्रयास किए ----- संत एकनाथ जी के जीवन का प्रसंग है -- संत एकनाथ जाति प्रथा के भेदभाव को बिलकुल भी नहीं मानते थे l उच्च कुल और ब्राह्मण जाति का होते हुए भी उन्होंने कभी किसी के साथ अभद्र व्यवहार नहीं किया l एक बार उनके घर में पूर्वजों का श्राद्ध था l उनकी पत्नी ब्राह्मण भोज के लिए पकवान बना रही थीं l उसी समय कुछ वंचित जाति के व्यक्ति उनके घर के पास से गुजरे और पकवानों की खुशबू पाकर कहने लगे कि हम लोगों के ऐसे भाग्य कहाँ हैं कि ऐसे पकवानों का सेवन कर सकें l संयोग से उनकी यह बात एकनाथ जी के कानों में पड़ गई l उन्होंने बिना एक पल देरी किए उन लोगों को अपने घर बुलाकर अच्छी तरह भोजन करा दिया l फिर रसोई घर और बरतनों को अच्छी तरह साफ कर के ब्राह्मणों के लिए दोबारा भोजन बनाया l जब ब्राह्मणों को इस बात का पता चला कि एकनाथ ने उनके लिए बनाया गया भोजन उस वर्ग के लोगों को खिला दिया और अब उनके लिए दोबारा भोजन बनाया गया है तो वे ब्राह्मण बहुत नाराज हुए और भोजन करने से इनकार कर दिया और बार -बार आग्रह करने पर भी भोजन करने को तैयार नहीं हुए तो संत एकनाथ ने अपने पितरों का आवाहन किया l ऐसा कहते हैं कि पितरों ने सशरीर वहां उपस्थित होकर उनका दिया भोजन ग्रहण किया l एकनाथ सच्चे संत थे , उन्होंने शास्त्रों का अध्ययन करके उसके मर्म को अपने जीवन में आत्मसात किया l उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणा है l
1 September 2022
WISDOM -----
एक संत ने एक विद्यालय प्रारम्भ किया , जिसका उद्देश्य था ---संस्कारी युवक -युवतियों का निर्माण l एक दिन उन्होंने अपने विद्यालय में एक वाद -विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया , जिसका शीर्षक था --- ' प्राणिमात्र की सेवा l ' निर्धारित दिन वाद -विवाद प्रतियोगिता प्रारंभ हुई , जिसमे बोलने के लिए कई विद्यार्थी मंच पर आए और एक से बढ़कर उदबोधन दिया , परन्तु जब पुरस्कार देने का समय आया तो संत ने पुरस्कार एक ऐसे विद्यार्थी को दिया , जो प्रतियोगिता में सम्मिलित ही नहीं हुआ था l यह देखकर विद्यार्थियों में और कुछ सदस्यों में रोष के स्वर उठने लगे l उन्हें शांत कराते हुए संत बोले --- " प्यारे मित्रों और विद्यार्थियों ! इस प्रतियोगिता स्थल के द्वार पर मैंने एक घायल बिल्ली को रख दिया था l तुम सभी उस द्वार से अन्दर आए , पर किसी ने उस बिल्ली की ओर आँख उठाकर भी नहीं देखा l यही छात्र एकमात्र ऐसा था , जिसने वहां रूककर उसका उपचार किया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ आया l सेवा -सहायता भाषण का विषय नहीं है , जीवन जीने की कला है l जो अपने आचरण से शिक्षा न देता हो , उसके वक्तव्य कितने ही प्रभावी क्यों न हों , वे पुरस्कार पाने के योग्य नहीं हैं l " सत्य का पता चलते ही रुष्ट विद्यार्थियों और शिक्षकों की गरदन शरम से नीची हो गई और वे पुरस्कृत विद्यार्थी के व्यवहार के प्रति नतमस्तक हो गए l
31 August 2022
WISDOM ----
" मनुष्य ईश्वर की संतान है l असीम सत्ता पर गहरी आस्था और विश्वास से हमें ऊर्जा मिलती है l " ईश्वर विश्वास ही आत्मविश्वास है और आत्मविश्वास के कमी , भय और परिस्थितियों से तालमेल न कर सकने के कारण ही आज मनुष्य विपन्न परिस्थिति में है l धनी हो या निर्धन असंतोष और तनाव से घिरा हुआ है l स्वामी विवेकानंद ने अपने शिष्य को एक कथा सुनाई ------ एक तत्वज्ञानी अपनी पत्नी से कह रहे थे कि संध्या आने वाली है l काम समेट लो l एक सिंह कुटी के पीछे यह सुन रहा था , उसने समझा कि संध्या कोई बड़ी शक्ति है जिससे डर कर यह निर्भय रहने वाला ज्ञानी भी अपना समान समेटने को विवश हुए हैं l सिंह चिंता में डूब गया , उसे संध्या का डर सताने लगा l पास के घाट का धोबी दिन छिपने पर अपने कपड़े समेट कर गधे पर लाने की तैयारी करने लगा l देखा तो गधा गायब है , उसे ढूँढने ने देर हो गई l रात घिर आई और पानी बरसने लगा l धोबी को एक झाड़ी में खड़खड़ाहट सुनाई दी , उसने समझा गधा है l तो लाठी से उसे पीटने लगा ---धूर्त यहाँ छिपकर बैठा है l सिंह की पीठ पर लाठियां पड़ीं तो उसने समझा यही संध्या है , सो डर से थर -थर कांपने लगा l अँधेरे में धोबी उसे घसीट लाया और कपडे लादकर घर चल दिया l रास्ते में दूसरा सिंह मिला , उसने अपने साथी की दुर्गति देखी तो पूछा ---यह क्या हुआ ? तुम इस प्रकार लदे क्यों फिर रहे हो l ' सिंह ने कहा --- संध्या के चंगुल में फँस गए हैं l यह बुरी तरह पीटती है और इतना वजन लादती है l सिंह को कष्ट देने वाली संध्या नहीं उसकी भ्रान्ति थी जिसके कारण धोबी को कोई बड़ा देव -दानव समझ लिया और भार एवम प्रहार बिना सिर हिलाए स्वीकार कर लिया l अपना स्वरुप भूल जाने के कारण मनुष्य की भी ऐसी ही दुर्गति है l
30 August 2022
WISDOM----
लघु कथा ---- कोयल और चींटी उद्यान में एक साथ रहकर आनंद पूर्वक जीवन व्यतीत कर रहीं थीं l कोयल आम के वृक्ष पर बैठकर मधुर गीत गाती रहती थी , और चींटी वृक्ष की जड़ के पास एक छोटे छिद्र में रहकर दिन -रात अपनी भोजन व्यवस्था में जुटी रहती थी l बसंत का मौसम था , चींटी ने देखा कोयल दिन भर अठखेलियाँ करती है , गाना गाती रहती है , उसने कोयल को समझाया कि सब दिन एक समान नहीं रहते , कब कौन सी विपत्ति आ जाये , कोई नहीं जानता इसलिए भविष्य का ध्यान रखना चाहिए l परन्तु कोयल ने उसकी एक न सुनी l थोड़े दिन बाद ही पतझड़ आया , पत्ते गिरने लगे , फूल मुरझाने लगे अब कोयाल की सहायता करने वाला कोई न था l अब वह सहायता के लिए चींटी के पास गई और बड़ी नम्रता से सहयोग के लिए याचना की l चींटी बोली ---- " जब तुम झूम -झूमकर गाती थीं , अठखेलियाँ करती थीं , तब शायद तुम भूल गईं थीं कि प्रत्येक बसंत के बाद पतझड़ आता है l मैंने पतझड़ का ध्यान रखा, श्रम का महत्त्व समझा और अब मैं तुम्हारी मदद करने की स्थिति में हूँ l "
WISDOM -----
ऋषियों का वचन है --- 'तृष्णा का कोई अंत नहीं है l आकाश की तरह उसके पेट में बहुत कुछ भरा होने पर भी खाली ही रहता है l ' व्यक्ति स्वयं समाप्त हो जाता है लेकिन तृष्णा कभी समाप्त नहीं होती l ---- महाभारत में राजा ययाति की कथा का वर्णन है l सुख -भोग भोगते हुए कब सौ वर्ष बीत गए , उन्हें पता ही नहीं लगा l होश तब आया जब दरवाजे पर यमराज उपस्थित हुए और कहा ---- "ययाति ! तुम्हारी आयु पूर्ण हुई , कर्मों की गठरी बांधों और यमलोक चलो l " ययाति गिड़गिड़ाए --- " पर इतनी जल्दी कैसे ! अभी तो मेरी सभी इच्छाएं अधूरी हैं , कृपया मुझे जीवन दान दें l " यम देवता बोले -- " ऐसा संभव नहीं है l स्रष्टि का शाश्वत नियम है कि हर व्यक्ति को निश्चित आयु भोगने के बाद यहाँ से विदा होना पड़ता है l " ययाति ने दीनता भरे स्वर में कहा --- " देव ! आप समर्थ हैं , कुछ उपाय करें l " यम देवता ने कहा --- ' तुम्हारे सौ पुत्र हैं , यदि कोई अपना यौवन अपनी आयु तुम्हे देने को सहमत हो जाये तो तुम्हारी इच्छा पूरी हो सकती है , फिर मैं वापस लौट सकता हूँ l ' कामग्रस्त ययाति विवेकशून्य हो चुके थे , अपने सभी सौ पुत्रों से निर्ल्लज होकर यौवन की भीख मांगी l अपने पिता की वृद्धावस्था में ऐसी मन:स्थिति देखकर पुत्रों को बहुत क्रोध आया और आश्चर्य भी हुआ l सबने अपना यौवन देने से मना कर दिया l सबसे छोटा पुत्र विचारशील था , उसे अपने पिता पर दया आ गई , वह अपनी आयु राजा को देने को सहमत हो गया l ---- ययाति ने सौ वर्ष और भोग विलास का जीवन जिया l पौराणिक कथा के अनुसार उनके सैकड़ों पुत्र पैदा हुए l प्रत्येक सौ वर्ष बाद यम देवता आते और ययाति दीन हीन बनकर उनसे जीवन की याचना करते l इस तरह ययाति को दस बार अपने पुत्रों से जीवन दान मिला और वे भोग विलास में निरत रहे l इस तरह हजार वर्ष बीत गए l अंतिम बार जब मृत्यु देवता उपस्थित हुए तो ययाति ने पश्चाताप व्यक्त करते हुए कहा --- ' देव ! मेरा जीवन व्यर्थ चला गया l पापों की गठरी सिर पर लिए मैं यह अनुभव करते हुए जा रहा हूँ कि कामनाओं -वासनाओं की तृप्ति कभी नहीं हो सकती l " उन्हें अंततः नरक की अग्नि में विक्षुब्ध होकर अपनी नियत अवधि पूरी करनी ही पड़ी l
29 August 2022
WISDOM -----
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने लघु कथाओं , घटनाओं और कथानकों के माध्यम से हमें जीवन जीने की कला सिखाई है l जीवन जीने की कला का ज्ञान न होने से ही आज संसार में हर व्यक्ति परेशान है , तनाव में है l उनका कहना है कि जीवन में आने वाले सुख -दुःख को हम सहज भाव से लें l दिन के बाद जब रात्रि आती है तो हम विचलित नहीं होते क्योंकि वह तो प्रकृति का नियम है , रात्रि तो आएगी ही , फिर रात्रि के बाद जब दिन होता है तो हम ख़ुशी से विचलित नहीं होते , रात के बाद दिन तो होना ही है l सुख -दुःख भी जीवन में इसी तरह आते हैं , अंतर केवल इतना है कि हमारे कर्मों के परिणामस्वरूप कभी -कभी रात बहुत लम्बी हो जाती है , यहाँ हमें सत्कर्म करते हुए धैर्य रखना है ' सुबह अवश्य आएगी l ----- आचार्य श्री ने ने एक घटना का उल्लेख किया है --- एक गाँव में एक आदमी की बीस लाख की लाटरी लग गई l वह बहुत ही गरीबी में दिन काट रहा था l जब लॉटरी की खबर आई उस समय वह गाँव के बाहर था l इस खबर को सुनकर उसकी पत्नी को चिंता हो गई , वह समझदार थी , उसे लगा कि अति गरीबी के हाल में इतना धन मिलने की खबर सुनकर कहीं उसके पति का हार्ट फेल न हो जाये l इसलिए वह गाँव से कुछ दूर बने मंदिर में पुजारी के पास गई l पुजारी को सब बात बताई और कहा आप तो बहुत ज्ञानी हैं , मेरे पति को ज्ञान की बातें इस तरह से समझाएं कि वे बीस लाख मिलने की बात सुनकर किसी सदमे में न आएं , न पागल हों , न हार्टफेल हो l आप समर्थ हैं उन्हें ज्ञान की बात समझा सकते हैं l पुजारी ने कहा --हाँ ठीक है , मैंने बहुत शास्त्र पढ़े हैं , मुझे ज्ञान है , मैं उसे समझा दूंगा , लेकिन बदले में तुम मुझे कितना दोगी ? उस महिला ने कहा --- 'महाराज 1 मैं आपको बीस हजार दूंगी l ' पुजारी भी बेचारा बहुत गरीब था , बीस हजार की बात सुनकर चौंका l फिर उसने कई बार बीस हजार , बीस हजार दोहराया , फिर उसे ह्रदयघात हुआ और वह मर गया l बीस हजार की ख़ुशी वह पुजारी सह न सका l इसलिए सुख हो या दुःख हम उसे सहजता से स्वीकार करें , विचलित न हों l