संत गुरु नानक यात्रा पर थे तो किसी ने आकर पूछा ---- " हिन्दू और मुसलमान में कौन बड़ा है ? " गुरु नानक जी ने उत्तर दिया ---- " धर्म का मर्म अच्छे कर्म करने में है l बड़ा वह कहलाता है जो अच्छे कर्म करता है l कोई धर्म के आधार पर बड़ा नहीं होता l कहने को तो खजूर का पेड़ भी बड़ा होता है , पर उससे किसी की भलाई नहीं होती और तुलसी का छोटा सा पौधा भी अनेक रोगों का नाश कर देता है l यदि बडप्पन और महानता का आकलन करना हो तो व्यक्ति के कर्मों को देखो l वह किस सम्प्रदाय या मजहब को मानता है , इससे उसके बडप्पन का मूल्यांकन मत करो l " उस व्यक्ति ने फिर पूछा ---- " क्या अच्छे कर्म करने के लिए किसी धर्म को मानना जरुरी है ?" गुरु नानक जी बोले ---- " अच्छे कर्म करना ही धर्म है l अच्छे कर्म करने वालों को किसी धर्म को मानने की आवश्यकता नहीं है l "
1 March 2023
WISDOM -----
मनुष्य का जन्म तो हमें मिल जाता है लेकिन यदि जीवन जीने की कला का ज्ञान न हो तो वह जीवन ऐसे ही रोते -कल्पते , छल -कपट षड्यंत्र करते , बीमारी और तनाव झेलते या ईर्ष्या और अहंकारवश दूसरों को नीचा दिखाते , उनकी खुशियाँ छीनते बीत जाता है l कलियुग की सबसे बड़ी सच्चाई यही है कि मनुष्य न तो स्वयं सुख -चैन से जीता है और न ही दूसरों को सुख चैन से जीने देता है l जीवन जीने की कला सिखाने वाले हमारे महाकाव्य है लेकिन उसके विभिन्न प्रसंगों से जो अच्छाई सीखनी चाहिए वह नहीं सीखता l उन प्रसंग में जो अन्याय और अनीति है उसे ग्रहण कर लेता है l महाभारत में दुर्योधन युवराज था l उस समय विशाल भारत में एक से बढ़कर एक ऋषि , विद्वान् थे , स्वयं भगवान श्रीकृष्ण थे , हस्तिनापुर में ही महात्मा विदुर महान नीतिज्ञ थे लेकिन दुर्योधन को तो सब को छोड़कर केवल शकुनि की ही सलाह पसंद आती थी l षड्यंत्रकारी शकुनि की सलाह पर चलने वाला दुर्योधन पूरे कौरव वंश के अंत का जिम्मेदार हो गया l केवल महाकाव्य ही नहीं अनेक छोटी -छोटी कहानियाँ हैं जो हमें सिखाती हैं कि हमें मित्रता कैसे लोगों से करनी चाहिए , किन पर विश्वास करें और किस की सलाह माननी चाहिए l एक कथा है ----- एक राजा था l उसका विशाल महल , बाग़ -बगीचा था l अनेक फलदार पेड़ थे l एक फलदार पेड़ उसके शयन कक्ष की खिड़की के बिलकुल सामने था l उस के फल खाने रोज एक बन्दर आया करता था l धीरे -धीरे राजा की उस बन्दर से मित्रता हो गई l राजा जब विश्राम करता तब वह बन्दर भी वहां आ जाता l बन्दर नकलची होता है , जब उसने सेवकों को पंखा झलते देखा तो अब उसने उनके हाथ से पंखा छीन लिया और राजा के विश्राम करने पर बन्दर पंखा झलता l दिन बीतते गए l एक दिन जाने कहाँ से एक मक्खी उस कक्ष में आ गई और राजा जब सो रहा था तो उसकी नाक पर बैठ गई l बन्दर उसे बार -बार पंखे से भगाने की कोशिश कर रहा था लेकिन वह पुन: आकर नाक पर बैठ जाती l अब बन्दर ने पास में रखा चाकू उठा लिया और जैसे ही मक्खी नाक पर बैठी , उसने चाकू मारा l राजा चीख कर उठ बैठा l सारे सेवक दौड़कर अन्दर आए , बन्दर खिड़की से कूदकर जंगल में भाग गया l राज पुरोहित आए , उन्होंने गंभीरता से कहा -- हमने तुम्हे कितनी बार समझाया कि मूर्ख से मित्रता नहीं करो , यह उसी का परिणाम है l
27 February 2023
WISDOM -----
इटली के सुविख्यात संत अलफांसस लिग्योरी अपनी युवावस्था में वकालत किया करते थे l न्यायालय में जब वे दलीलें देकर बहस करते थे, तब सभी उनकी तर्क्शैली से हतप्रभ रह जाते थे l एक दिन वे न्यायालय में अपने मुवक्किल के पक्ष में पैरवी कर रहे थे l मुवक्किल ने उनसे एक ऐसा तथ्य छिपाया जिसके आधार पर वह दोषी सिद्ध होता l अदालत की कार्रवाई के दौरान दूसरे पक्ष के वकील ने कहा ---- " माननीय अलफांसस महोदय !बहस करते समय यदि इस तथ्य का अवलोकन कर लें तो शायद उनकी आत्मा उन्हें स्वयं सत्य का आभास दिलाने में सफल होगी l " अलफांसस उस तथ्य को जानते ही समझ गए कि वे असत्य और अनीति की वकालत कर रहे हैं l उन्होंने वकालत का चोला शरीर से उतारा और बोले --- " सर ! मैं इसी वक्त से यह कार्य छोड़ रहा हूँ l मैं तर्क शक्ति के बल पर अपराधी को निरपराध तथा निरपराध को अपराधी बनाने का अनैतिक कार्य जीवन पर्यंत नहीं कर सकता l ' उन्होंने उसी दिन से अपना जीवन ईश्वर उपासना और सेवा में लगाने का संकल्प लिया और आगे चलकर संत के रूप में विख्यात हुए l
26 February 2023
WISDOM ----
स्रष्टि में निरंतर संघर्ष है --- दिन और रात के बीच , अंधकार और प्रकाश के बीच , देव और दानव के बीच निरंतर संघर्ष चलता रहता है l देवता देवत्व का उदय चाहते हैं और दानव आसुरी साम्राज्य का आधिपत्य l संघर्ष चाहे कितना भी लम्बा हो विजय हमेशा धर्म की , सत्य की होती है l रामायण काल हो या महाभारत काल , उस समय सबके सामने स्पष्ट था कौन देवता है , कौन असुर है ? कौन धर्म और न्याय पर चल रहा है और कौन अनीति , अत्याचार और अधर्म के मार्ग पर है l लेकिन कलियुग की सबसे बड़ी समस्या है कि कौन देवता है , कौन असुर है ? यह पहचानना बड़ा कठिन और असंभव सा है क्योंकि मनुष्य ने एक चेहरे पर कई चेहरे लगा रखे हैं l कहते हैं अच्छाई में गजब का आकर्षण होता है इसलिए बुरे से बुरा कार्य करने वाला भी समाज में स्वयं को बहुत शालीन और सभ्य दिखाता है लेकिन ईश्वर हम सब के ह्रदय में बैठे हैं वे हमारे बाहरी कार्यों के अलावा हमारे मन -मस्तिष्क में क्या चल रहा है , इसे भी अच्छी तरह जानते हैं l वैज्ञानिक तकनीकों से केवल व्यक्ति के बाह्य क्रिया -कलापों की जासूसी की जा सकती है लेकिन ईश्वर सबसे बड़ा जादूगर है , सम्पूर्ण स्रष्टि में प्रत्येक व्यक्ति के मन में क्या है , उसके हर पल की खबर ईश्वर को है क्योंकि हम सबके मन के तार ईश्वर से जुड़े हैं l जो इस सत्य को जानता है और कर्मफल सिद्धांत में विश्वास रखता है , उसका एक ही चेहरा होता है , उसका जीवन एक खुली किताब होता है l इसलिए उनके जीवन में शांति और सुकून होता है l लेकिन जिनकी आँखों पर लोभ , लालच , स्वार्थ , अहंकार , महत्वाकांक्षा का परदा पड़ा होता है , वे बहुत कुछ छुपाने के चक्कर में अपने जीवन का सुख -चैन गँवा बैठते हैं और तनाव की जिन्दगी जीते हैं l
25 February 2023
WISDOM ------
1 . महात्मा रामानुजाचार्य अपनी शारीरिक दुर्बलता के कारण नदी स्नान करने जाते हुए लोगों का सहारा लेकर जाया करते थे l जाते समय वे ब्राह्मण के कन्धों का सहारा लेते और आते समय शूद्र के कन्धों पर हाथ रखकर आते l लोगों ने आश्चर्य पूर्वक पूछा ---- " भगवान ! शूद्र के स्पर्श से तो आप अपवित्र हो जाते हैं , फिर स्नान का महत्त्व क्या रहा ? " महात्मा ने कहा --- " स्नान से तो मेरी देह मात्र शुद्ध होती है l मन का मैल तो अहंकार है l जब तक मनुष्य में अहंकार शेष है , तब तक उसे मन का मलीन कहा जाता है l मैं शूद्र का स्पर्श कर के अपने मन की मलीनता स्वच्छ करता हूँ l मैं किसी से बड़ा नहीं, सब मुझसे म बड़े हैं , शूद्र भी मुझसे श्रेष्ठ हैं , इसी भावना को स्थिर रखने के लिए शूद्र का सहारा लिया करता हूँ l " उनका कहना था कि शरीर ही नहीं मन को भी पवित्र रखने की व्यवस्था करनी चाहिए l
24 February 2023
WISDOM ------
1 . जीवन के संघर्ष और आँधियों से दुःखी एक नाविक जहाज से उतारकर बाहर आया l समुद्र के मध्य अडिग और अविचलित चट्टान को देखकर उसे कुछ शांति मिली l वह वहां खड़ा होकर चारों ओर देखने लगा l उसने देखा समुद्र की तेज लहरें चारों ओर से उस चट्टान पर निरंतर आघात कर रही हैं l तो भी चट्टान के मन में न रोष है और न ही विद्वेष है l संघर्ष पूर्ण जीवन पाकर भी उसे कोई ऊब , कोई दुःख नहीं है l मरने की भी उसने कभी कोई इच्छा नहीं की l यह देखकर नाविक का ह्रदय श्रद्धा से भर गया l उसने चट्टान से पूछा == " तुम पर चारों ओर से आघात लग रहे हैं , फिर भी तुम निराश नहीं हो l " चट्टान बोली ---- " तात ! निराशा और मृत्यु दोनों एक ही वस्तु के दो पक्ष हैं l यदि हम निराश हो गए होते , तो एक क्षण ही सही दूर से आए अतिथियों को विश्राम देने , उनका स्वागत करने से वंचित रह जाते l " नाविक को एक प्रेरणा मिली ---- जीवन में कितने ही संघर्ष आयें , अब मैं चट्टान की तरह जिऊंगा ताकि भावी पीढ़ी और मानवता के आदर्शों की रक्षा हो सके l
23 February 2023
WISDOM -----
पुराण में कथा है कि समुद्र मंथन में कालकूट विष निकला , शिवजी ने उसे अपने कंठ में धारण किया l उसे पीते समय उस विष की कुछ बुँदे मिटटी पर गिर गईं l वह वही मिटटी थी जिससे ब्रह्मा जी मनुष्यों की देह बनाया करते थे l उस विषैली मिटटी से बने शरीर में वही विष ईर्ष्या , द्वेष की आग बन कर सबका अहित करता है और यह आग पूरे वातावरण को जहरीला बना देती है l यह दुर्गुण ऐसा है जो सब में चाहे वह सामान्य व्यक्ति हो , राजा हो , अधिकारी हो या कोई ऋषि , तपस्वी हो सब में थोड़ी -बहुत मात्रा में पाया जाता है l इस कारण ही परिवार में , समाज में और पूरे संसार में अशांति है l पुराण में एक कथा है --- ऋषि वशिष्ठ और विश्वामित्र में द्वेष के कारण ऐसा शत्रुता का भाव उत्पन्न हो गया कि एक दूसरे को देखते ही अपशब्द कहने लगते थे l एक बार इंद्र के यज्ञ में जाने के लिए वशिष्ठ जी आश्रम से बाहर निकले कि उनका सामना विश्वामित्र से हो गया l अब दोनों एक दूसरे पर अपशब्दों की बौछार करने लगे l बात इतनी बढ़ गई कि वशिष्ठ ने विश्वामित्र को बगुला बन जाने का शाप दिया l विश्वामित्र ने भी उनको ' आडी ' नामक पक्षी बना दिया l दोनों ही सरोवर के तट पर घोंसला बनाकर रहने लगे लेकिन वे पुराना वैर भूले नहीं और नित्य प्रति युद्ध करने लगे l उनके बच्चे , सम्बन्धी भी युद्ध में शामिल हो गए l यह युद्ध बहुत वर्षों तक चला जिससे वह सरोवर और उसके आस -पास का रमणीक प्रदेश घ्रणित रूप में परिवर्तित हो गया l इस दुर्दशा को देख पितामह ब्रह्मा वहां पधारे और दोनों को शाप मुक्त कर के बहुत डांटा - फटकारा कि ज्ञानी , तपस्वी होकर तुम मूर्खों जैसा कार्य कर रहे हो तो फिर सामान्य जन की क्या कहें l