' हिरन , हाथी , पतंगा , मछली और भौंरा ये अपने -अपने स्वभाव के कारण विषयों में से केवल एक में आसक्त होने के कारण मृत्यु को प्राप्त होते हैं , तो इन पांच विषयों में जकड़ा हुआ असंयमी मनुष्य कैसे बच सकता है l असंयमी की दुर्गति निश्चित है l " -------- रावण का मरा हुआ शरीर पड़ा था l उसमे सौ स्थानों पर छिद्र थे l सभी से लहू बह रहा था l लक्ष्मण जी ने भगवान राम से पूछा --- आपने तो एक ही बाण मारा था , फिर इतने छिद्र कैसे हुए ? भगवान ने कहा --- मेरे बाण से तो केवल एक ही छिद्र हुआ l पर इसके कुकर्म घाव बनकर अपने आप फूट रहे हैं और अपना रक्त स्वयं बहा रहे हैं
27 May 2023
26 May 2023
WISDOM -----
लघु कथा --- एक राजा बहुत सज्जन , दयालु और उदार थे l उनके दरबार से कोई भी खाली हाथ नहीं लौटता था l बात फैलने लगी l उदारता का लाभ उठाने के लिए चालाकों और चापलूसों की भीड़ जुटने लगी l उनके चतुर मंत्री ने बात को समझा और एक दिन घोषणा करा दी कि महाराज बीमार हैं , उन्हें पांच व्यक्तियों का रक्त चाहिए , तभी उनके प्राणों की रक्षा की जा सकती है l पूरा एक सप्ताह बीत गया लेकिन कोई भी शुभ चिन्तक , , याचक , चापलूस आगे नहीं आया l राजा को बड़ी चिंता होने लगी l चतुर मंत्री ने राजा को संसार की रीति -नीति बताते हुए कहा --- महाराज , आप व्यथित न हों l आप तो एक छोटे राज्य के राजा हैं , लोगों ने आपको ठग लिया तो कौन सी बड़ी बात है l परमात्मा के दरबार में तो यह नित्य ही होता है , उसके भक्त कोरे कर्मकांड कर के , मात्र चिन्ह पूजा कर के उसे दिन -रात ठगते हैं किन्तु कष्ट सहने , त्याग करने , साधना करने कोई विरला ही आगे आता है l
25 May 2023
WISDOM ----
अनमोल मोती ---- 1 . ' मेढ़क दौड़ता है , उसके पीछे सर्प दौड़ता है , सर्प के पीछे मयूर , मयूर के पीछे सिंह और सिंह के पीछे शिकारी दौड़ रहा है l इस प्रकार अपने -अपने भोजन और विहार की सामग्रियों के पीछे सभी व्याकुल हो रहे हैं , पर पीछे चोटी पकड़े काल खड़ा है , उसे कोई नहीं देखता l "
2 . एक बार अग्निवेश ने आचार्य चरक से पूछा --- " संसार में जो अगणित रोग पाए जाते हैं , उनका कारण क्या है ? " आचार्य ने उत्तर दिया -----" व्यक्ति के पास जिस स्तर के पाप जमा हो जाते हैं , उसी के अनुरूप शारीरिक और मानसिक व्याधियां उत्पन्न होती हैं l व्यक्तिगत व्याधियां ही नहीं , प्रकृति के सामूहिक दंड भी मनुष्य के सामूहिक पतन का दुष्परिणाम होते हैं l " कर्मफल के सिद्धांत पर समस्त संसार का व्यापार चल रहा है l सम्पूर्ण स्रष्टि इस मर्यादा से बंधी हुई है l जो समझदार हैं , वे इस शाश्वत सत्य को समझते हैं और कर्मों के फल को सहर्ष स्वीकार करते हैं l
24 May 2023
WISDOM ----
कबीरदास जी कहते हैं ---- कबीर चन्दन पर जला , तीतर बैठा माहिं l हम तो दाझत पंख बिन l तुम दाझत हो काहि l कबीर कमाई आपनी , कबहुं न निष्फल जाय l सात सिंधु आड़ा पड़े , मिले अगाड़ी आय l अर्थात जलते हुए चंदन के पेड़ पर एक तीतर आकर बैठ गया और वह भी जलने लगा l पेड़ कहता है , हम तो इसलिए जल रहे हैं , क्योंकि हमारे पास पंख नहीं हैं , हम उड़ नहीं सकते l लेकिन तीतर तुम तो पंख वाले हो , फिर तुम क्यों जलते हो ? तीतर उत्तर देता है कि अपना किया हुआ कर्म बेकार नहीं जाता l सात समुद्र की आड़ में रहे तो भी आगे आकर मिलता है l --- पुराण की एक कथा है जो यह बताती है कि सत्कर्मों के फलस्वरूप व्यक्ति इंद्रासन भी प्राप्त कर सकता है लेकिन सफलता की ऊँचाइयों पर पहुंचकर यदि वह अपनी शक्ति का दुरूपयोग करता है , लोगों को अपमानित , उत्पीड़ित करता है तो वहां से नीचे गिरने में देर नहीं लगती l ----- नहुष को पुण्य फल के बदले इंद्रासन प्राप्त हुआ l ऐश्वर्य और सत्ता का मद जिन्हें न आवे , ऐसे विरले होते हैं l नहुष पर भी सत्ता का नशा चढ़ गया , उनकी द्रष्टि रूपवती इन्द्राणी पर पड़ी और उन्होंने इन्द्राणी को अंत:पुर में आने का प्रस्ताव भेजा l इन्द्राणी बहुत दुःखी हुई , उन्होंने देवगुरु ब्रहस्पति से इस मुसीबत से बचने का उपाय पूछा l उनकी सलाह के अनुसार इन्द्राणी ने नहुष के पास सन्देश भेजा कि यदि नहुष सप्त ऋषियों को पालकी में जुतवाए और उस पालकी में बैठकर मेरे पास आए तो मैं प्रस्ताव स्वीकार कर लूंगी l आतुर नहुष ने ऋषि पकड़ बुलाए , उन्हें पालकी में जोत दिया और उस पर चढ़ बैठा l नहुष इन्द्राणी के पास पहुँचने को बहुत आतुर था इसलिए ऋषियों को बार -बार हड़का रहा था ---' जल्दी चलो , जल्दी चलो l ' दुर्बल काया के ऋषि इतना भार दूर तक ढोने और जल्दी चलने में समर्थ नहीं थे l लेकिन नहुष उन्हें बार -बार जल्दी चलने को कह रहा था l अपमान और उत्पीड़न से क्षुब्ध हो एक ऋषि ने उसे शाप दे डाला --- '" दुष्ट ! तू स्वर्ग से पतित होकर पुन: धरती पर जा गिर l " शाप सार्थक हुआ और नहुष स्वर्ग से पतित हो कर मृत्युलोक में दीन -हीन की तरह विचरण करने लगे l
23 May 2023
WISDOM ------
अनमोल मोती ----- 1. एक संत अपने दस शिष्यों सहित एक वन में रहते थे l एक रात्रि को उन्होंने अपने दसों शिष्यों से विशेष साधना कराई , उन्हें पंक्तिबद्ध बैठाकर ध्यान करने को कहा l रात्रि के तीसरे पहर गुरु ने राम नामक शिष्य को धीरे से बुलाया और उसे दुर्लभ सिद्धि प्रदान की l थोड़ी देर बाद श्याम को बुलाया , पर वह सो रहा था l अत: राम आया और वह सिद्धि लेकर चला गया l इसी प्रकार एक -एक कर के सभी शिष्यों को गुरु ने पुकारा , पर वे सभी सो रहे थे l सोते को जगाने का निषेध था l दसों बार राम आया और एक -एक कर के दसों सिद्धियाँ ले गया l सोने वाले शिष्य दूसरे दिन अपनी भूल भूल पर पछताने लगे l ' जो सोये , सो खोये l '
२. श्रीकृष्ण बांसुरी को अपने ओठों से लगाए रहते थे l अर्जुन ने बांसुरी को इसके लिए बहुत सराहा और इस सौभाग्य का कारण पूछा l बांसुरी ने कहा ---- ' बांसुरी बनने के पूर्व में मैं बांस का एक दुकड़ा मात्र थी , किन्तु जब मैंने अपने आप को कलाकार के हाथों सौंप दिया तो उसने मेरे मूल अस्तित्व को ही समाप्त कर दिया और मुझे पोला बनाकर , गरम लोहे की सलाखों से सारा शरीर छेद दिया l इससे मुझमे सुरीले स्वर निकलने लगे l यही करण है कि कृष्ण मुझे हमेशा ओठों से लगाये रहते हैं l अर्जुन को अहं को समाप्त कर सच्चे समर्पण का एक महान सूत्र ज्ञात हो गया l
22 May 2023
WISDOM ----
सम्राट पुष्यमित्र के एक सेनापति पर महाभियोग लगा l आचार्य मार्तण्ड न्यायधीश बनाए गए l सेनापति स्वयं भारी धनराशि लेकर आचार्य मार्तण्ड के सामने उपस्थित हुआ और बोला ---- " महाशय , आप चाहें तो अशर्फियों की यह थैलियाँ लेकर अपनी दरिद्रता दूर कर सकते हैं l इन्हें रखिये और न्याय हमारे पक्ष में कीजिए l विश्वास रखें यह बात हम दोनों के अतिरिक्त और कोई नहीं जान पायेगा l आचार्य ने एक उपेक्षित द्रष्टि थैलियों पर डाली और हँसकर बोले ---- " वत्स ! धरती , आकाश , मेरी आत्मा , आपकी आत्मा और परमात्मा की जानकारी में जो बात आ गई , वह छुपी कहाँ रही l इन्हें ले जाइये , कर्तव्य और उत्तरदायित्व को प्रलोभन के बदले झुठलाना मेरे लिए संभव नहीं है l
21 May 2023
WISDOM-----
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----' भक्ति भावना अन्दर तक ही सिमित न रहे , वह परमार्थ हेतु सत्कर्मों के रूप में अभिव्यक्त हो तो ही सार्थक है l वृत्ति कृपण जैसी हो तो कुबेर का खजाना भी व्यर्थ हैं l उदार के लिए तो प्रतिकूल परिस्थिति में भी परमार्थ की आकुलता रहती है l -------- भगवान श्रीकृष्ण एक दिन कर्ण की उदारता की चर्चा कर रहे थे l अर्जुन ने कहा ---- " धर्मराज युधिष्ठिर से बढ़कर वह क्या उदार होगा ? " कृष्ण ने कहा --- " अच्छा परीक्षा करेंगे l " एक दिन वे ब्राह्मण का वेश बनाकर युधिष्ठिर के पास आए और कहा ---" एक आवश्यक यज्ञ के लिए एक मन सूखे चन्दन की आवश्यकता है l ' युधिष्ठिर ने अपने नौकर को चंदन लाने भेजा , लेकिन तेज वर्षा के कारण सब चंदन की लकड़ी गीली हो गई थीं l बड़ी कठिनाई से बहुत थोड़ा सूखा चंदन मिल सका , l युधिष्ठिर ने अधिक न दे पाने के लिए अपनी असमर्थता व्यक्त की l अब वे कर्ण के पास पहुंचे और वही एक मन सूखे चंदन की मांग की l वह जानता था कि वर्षा में सूखा चंदन नहीं मिलेगा इसलिए उसने अपने घर के किवाड़ - चौखट निकालकर फाड़ डाले और ब्राह्मण को सूखा चंदन दे दिया l