एक जिज्ञासु ने एक विद्वान् से पूछा ------ इस संसार में अब तक इतने महात्मा , साधु -संत और अवतार हो चुके हैं , सबने इस दुनिया को भला बनाने का प्रयास किया , पर किसी के प्रयत्नों का कोई फल नहीं हुआ l संसार जैसे का तैसा पापपूर्ण अभी भी बना हुआ है , इसमें सदा ही बुराइयों की भरमार रहती है l ' जिज्ञासु ने उस व्यक्ति को एक कहानी सुनाई ---- एक गरीब आदमी ने किसी तरह भूत को अपने वश में करने की सिद्धि प्राप्त कर ली l भूत सामने आ गया और बोला ---- महोदय ! मुझसे जो चाहे काम करा लो लेकिन मैं ठाली न बैठूँगा , जब ठाली रहूँगा तो आप पर ही पिल पडूंगा l " अब गरीब आदमी ने उससे महल , नौकर , खजाना , सभी सुख सुविधाएँ एक -एक कर के जुटा लीं l हर कार्य तुरंत कर के उसके सामने खड़ा हो जाता की अब और काम बताओ l वह व्यक्ति परेशान हो गया l एक तांत्रिक की सलाह पर उसने भूत को कुत्ते की पूंछ सीधी करने का काम सौंप दिया l अब भूत जितनी बार भी उस पूंछ को सीधी करता वह फिर टेढ़ी हो जाती l इस तरह उसे उस भूत से छुटकारा मिला l यह कथा सुनाकर विद्वान् ने जिज्ञासु से कहा ---- हमारा मन भी एक प्रकार का भूत है जो हर समय संसार के सुखों के पीछे भागता रहता है l परमात्मा ने संसार में इतनी बुराइयाँ इसलिए छोड़ रखी हैं कि मनुष्य अपने मन को कुत्ते की पूंछ को सीधा करने यानि इन बुराइयों को दूर करने में लगाये l ये बुराइयाँ आत्मउद्धार का अभ्यास करने के लिए हैं l निरंतर अभ्यास कर के मनुष्य अपने मन पर नियंत्रण कर अपने विकारों को दूर कर सकता और अपनी चेतना को परिष्कृत कर सकता है l
29 October 2023
WISDOM -----
लघु कथा ---- नि :शस्त्रीकरण ------ एक चिड़ियाघर के जानवरों ने इकट्ठे होकर विचार किया कि नि:शस्त्रीकरण की नीति पर चलना चाहिए l गेंडे ने कहा --- दांत और पंजे सबसे अधिक खतरनाक होते हैं , उन पर प्रतिबन्ध लगाया जाये , सींग तो केवल रक्षा का साधन मात्र है l " भैंसा और हिरन से लेकर कांटो वाली सेई तक ने गेंडे की बात का समर्थन किया l शेर ने दांतों और पंजे को खाने और चलने का साधारण साधन बताते हुए कहा --- " सींग ही निरर्थक वस्तु है , सर्व सम्मति से सींग का प्रयोग ही निषिद्ध करा जाए l " बाघ , चीता और सियार से लेकर वन बिलाव ने इस तर्क की प्रशंसा की l रीछ की बारी आई , तो उसने कहा ---- " सींग और दांत , पंजे यह सभी हानिकारक हैं l जरुरत पड़ने पर आलिंगन करने के मित्रतापूर्ण ढंग पर छूट रखी जानी चाहिए l " जो लोग रीछ की आदत को जानते थे , वे उसकी चालाकी ताड़ गए और मन ही मन बहुत कुढ़े l अपने पक्ष का समर्थन और प्रतिपक्षी का विरोध करने के जोश में बहुत शोर मचने लगा , एक दूसरे पर गुर्राने लगे , यहाँ तक कि टूट पड़ने की बात सोचने लगे l चिड़ियाघर के मालिक ने जब यह शोर सुना तो उसने उन सबको अपने -अपने बाड़े में खदेड़ दिया और कहा ---- " मूर्खों ! तुम भलमनसाहत से अपनी -अपनी मर्यादाओं का पालन करो , तो बिना नि:शस्त्रीकरण के भी काम चल सकता है , सब जानवर शांति से रह सकते हैं l लेकिन तुम में जो शक्तिशाली है वह भी अपने हथियार को सुरक्षित रखकर दूसरे पर प्रतिबन्ध लगाकर उसे अपने आधीन करना चाहता है l l " क्रोध में मालिक ने बाड़े का दरवाजा बंद कर दिया l
28 October 2023
WISDOM -----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " प्रतिद्वंदी को पछाड़ो मत l अपनी महानता का परिचय देकर उसे क्षुद्र बनने दो l जीवन एक अवसर है , जिसे यदि गँवा दिया जाये तो हाथ से सब कुछ चला जाता है और यदि उसका सही उपयोग कर लिया जाये तो प्रगति के चरम शिखर पर पहुंचा जा सकता है l " यदि ईश्वर की कृपा से किसी के पास सद्बुद्धि है , विवेक है तो वह अपने अपमान का बदला लेने के लिए उससे विवाद , झगडा , लड़ाई , युद्ध आदि करने में अपनी ऊर्जा को बर्बाद नहीं करता l वह अपना समय और अपनी ऊर्जा को स्वयं को ऊँचा उठाने में लगाता है जिससे प्रतिद्वंदी स्वत: ही पराजित हो जाता है l ----- एक प्रसंग है ----- मरण शैया पर पड़े पिता ने अपने पुत्र बैजू से कहा ---- ' संगीत के दर्प में तानसेन ने मेरा अपमान किया , तू उससे बदला अवश्य लेना l " अपने पिता की अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए बैजू अँधेरी रात में हाथ में परशु लेकर तानसेन के महल में पहुंचा l उसने दरवाजे की झिरझिरी से झांककर देखा कि देवी सरस्वती की प्रतिमा के आगे बैठ वे अध्ययन कर रहे थे l आशीर्वाद देती हुईं देवी की शांत मुद्रा की प्रतिमा को देखकर बैजू सोचने लगा ---- " ऐसा प्रतिशोध किस काम का जिसमे अपना पतन हो जाये l वह देवी से प्रार्थना करने लगा कि 'माँ मुझे सद्बुद्धि दो l ' अब वह वापस लौट आया और अपनी संगीत साधना के आधार पर प्रतिशोध लेने का विचार करने लगा l अपनी वीणा और वाद्य यंत्रों को लेकर वह दिन -रात साधना में लीन रहता , उसे खाने -पीने की भी सुध नहीं थी l प्रतिशोध की भावना नष्ट हो चुकी थी बैजू की ख्याति फैलने लगी और अकबर के कानों तक पहुंची l l अकबर उसका संगीत सुनने उसकी झोंपड़ी में पहुंचे और उसका संगीत सुनकर मन्त्र -मुग्ध हो गए , उन्होंने तानसेन की ओर देखा , तो तानसेन ने अपनी पराजय को स्वीकार किया और कहा --- " जहाँपनाह ! मैं आपको खुश करने के लिए गाता हूँ और बैजू ईश्वर को प्रसन्न करने के लिए गाता है l जो अंतर ईश्वर और आप में है , वही अंतर बैजू और मुझ में है l " बैजू का प्रतिशोध सकारात्मक दिशा में पूरा हुआ , उसकी अनवरत साधना के कारण संसार ने उसे बैजू बावरा के नाम से जाना l
27 October 2023
WISDOM ----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----- " समय परिवर्तनशील है किन्तु किसी भी तरह के समय को परिवर्तित करना हमारे हाथ में नहीं होगा , यह परिवर्तन स्वत: होता है , जिसे हमें स्वीकार करना होता है जिस तरह हम रात्रि को दिन में नहीं बदल सकते , लेकिन विद्युत के माध्यम से बल्ब जलाकर अंधकार को दूर कर सकते हैं , उसी तरह हम जीवन में दुःख , कष्ट , पीड़ा , अपयश , उपेक्षा , तिरस्कार आदि के आने पर इन्हें तुरंत दूर नहीं कर सकते , लेकिन इन परिस्थितियों में ईश्वर का नाम स्मरण करते हुए और शुभ कर्म , तप ( ईमानदारी से कर्तव्य पालन ) कर के हम इनकी पीड़ा को कम कर सकते हैं और लाभान्वित हो सकते हैं l " सुख -दुःख के चक्र के बारे में अकबर -बीरबल का एक प्रसंग है ----- एक बार अपने सभाजनों के सामने सम्राट अकबर ने प्रश्न किया --- " इस संसार में ऐसा क्या है , जिसको जान लेने के बाद सुख में दुःख का अनुभव हो और दुःख में सुख का अनुभव हो ? " उनके इस प्रश्न से सभा में सन्नाटा छ गया , सभी की नजरें बीरबल की ओर थीं l बीरबल भी हाजिरजवाब थे , वे बोले ---- " यह समय भी गुजर जायेगा l " बुद्धिमान बीरबल के इस जवाब से अकबर बहुत प्रसन्न हुए l समय गुजर जाने की बात से सुखी व्यक्ति को दुःख का एहसास और दुःखी व्यक्ति को सुख का एहसास होना स्वाभाविक है l
26 October 2023
WISDOM ---
सुख -शांति से , तनाव रहित जिन्दगी जीने का एक तरीका यह भी है कि हम अपने जीवन में जो भी कठिनाइयाँ , दुःख , अपमान , संघर्ष ---किसी भी तरह की नकारात्मकता को झेल रहे हैं , तो उन सबके बीच कौन सा एक सुख भी है , उसे ढूंढ लें l हर कष्ट में , हर दुःख में कहीं न कहीं एक छोटा सा सुख अवश्य छिपा होता है , हमें उसी को ढूंढना है क्योंकि वही एक आशा की किरण है जो हमें जीवन जीने की हिम्मत और प्रेरणा देती है l जब हर तरफ से नकारात्मकता ने हम पर आक्रमण किया हो , तब उसके बीच सकारात्मकता को खोजना केवल ईश्वर विश्वास से ही संभव है l यदि हमें ईश्वर की सत्ता पर विश्वास है तो उस सकारात्मकता को हम अपने अन्दर महसूस करते हैं और उस आंधी -तूफ़ान के बीच भी अटल रहते हैं हमें यह अटल विश्वास होता है कि अँधेरा मिटेगा , सुबह अवश्य होगी l इसके पीछे एक सत्य यह भी है कि हमारी शांति देखकर अन्य लोग अवश्य तनाव में आ जाएंगे कि इतनी मुसीबतों और नकारात्मकता के बीच यह शांत कैसे है ? एक कथा है ----- एक बार बाबा फरीद रास्ते से गुजर रहे थे l उनके शिष्य भी उनके साथ थे l शिष्य उनका बहुत आदर , सम्मान करते थे l रास्ते पर चलते हुए बाबा फरीद के पाँव में अचानक पत्थर से चोट लग गई और वे जमीन पर गिर पड़े l उनके पैर से खून निकलने लगा l इससे उनके शिष्यों को बड़ी पीड़ा हुई l शिष्यों ने कहा , यह जरुर किसी की शरारत है l कल शाम को जब हम निकले थे , तब यह पत्थर यहाँ पर नहीं था l किसी ने जरुर सोचा होगा कि सुबह यहाँ से निकलेंगे और मस्जिद जाएंगे , इसलिए किसी ने जानबूझकर इस पत्थर को यहाँ पर रख दिया l शिष्यों की इस बात पर बाबा फरीद ने उन्हें समझाया कि तुम सब इन व्यर्थ की बातों में मत पड़ो और वे स्वयं घुटने टेककर खुदा को धन्यवाद देने बैठ गए l अपनी प्रार्थना पूरी करने के बाद उन्होंने कहा ---- " ऐ खुदा ! तेरी बड़ी कृपा है l अपराध तो मेरे ऐसे हैं कि आज मुझे फाँसी मिलती , लेकिन तूने मुझे सिर्फ पत्थर की चोट दी l तेरी करुणा अपार है l "
25 October 2023
WISDOM -----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----- " बात परिवार की हो , समाज की हो , देश या विश्व की हो सब तरफ झगड़े फैल रहे हैं , सारा विष घुल रहा है जीवन में l इसके पीछे केवल एक कारण है कि भीषण रूप से छीना -झपटी मची हुई है , आधिपत्य करने की होड़ है l " त्रेतायुग में भगवान श्रीराम अपना अधिकार त्यागने के लिए तत्पर थे और भरत अपना सुख त्यागने के लिए तत्पर थे तो कहीं कोई झगड़ा ही नहीं था l झगड़ा तो तब खड़ा होता है जब कोई दुर्योधन कहता है कि मैं पांडवों को पांच गाँव तो क्या सुई की नोक बराबर भी भूमि नहीं दूंगा l कलियुग में वर्तमान में स्थिति और भी भयावह है , अब कुछ देने की तो बात ही नहीं है , अब तो केवल छीनना है l जिसके पास थोड़ी भी ताकत है वह दूसरों का हक छीनता है l अब लोग किसी को सुख -शांति से जीवन जीते नहीं देख सकते l यदि किसी ने अपनी मेहनत से अपने को स्थापित किया है तो आसुरी मानसिकता के लोग उसे मिटाने की जी तोड़ कोशिश करते हैं l नकारात्मक शक्तियां इतनी प्रबल हैं लेकिन विधाता के लेख पर उनका वश नहीं है l विज्ञानं और नकारात्मक शक्तियों का सहारा लेकर अब तो आसुरी प्रवृत्ति के लोग विधाता से भी दो -दो हाथ करने को तैयार हैं l ये असुर ऐसे क्यों होते हैं ? ऋषियों का कहना है --- वे आत्महीनता की ग्रंथि से ग्रस्त रहते हैं l वे अपने अन्दर खालीपन महसूस करते हैं , जिसको वे बाहर पूरा करना चाहते हैं l -------- कहते हैं एक बार तैमूरलंग ने एक राज्य पर आक्रमण किया l तैमूरलंग लंगड़ा था इसलिए उसे तैमूरलंग कहा जाता था l जिस राज्य पर उसने हमला किया वहां का सुल्तान काना था l हमले के बाद सुलह हुई , समझौता हुआ और उसके बाद दोनों मिल बैठकर बातें कर रहे थे l इस अवसर अनेक लोगों को बुलाया गया था , उनमे कुछ फकीर , संत महात्मा भी थे l उस समय तैमूर परिहास की मनोदशा में था , हँसता हुआ सुल्तान से बोला कि मैं लंगड़ा और तुम काने , ये खुदा को भी क्या हो गया है ? लंगड़े -कानों को सुल्तान बनाता रहता है l इतने लोगों का कत्लेआम हुआ , विधवाओं और अनाथ बच्चों और घायलों की चीखें अभी तक वातावरण में थीं , उस पर तैमूर का परिहास ! सभा में उपस्थित एक फकीर ने कहा ---- "हुजूर ! दरअसल लंगड़े -कानों को ही सल्तनत की जरुरत होती है l वे आत्महीनता की ग्रंथि से ग्रस्त रहते हैं l वे अपने अन्दर कुछ कमी महसूस करते हैं , जिसको वे बाहर पूरा करना चाहते हैं l जो अपने में जितना ज्यादा संतुष्ट -संतृप्त होता है वो बाहर की उपलब्धियों की तरफ आँख उठाकर भी नहीं देखता है l पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं --- सेवा -परोपकार के कार्यों और निष्काम कर्म से जीवन का खालीपन दूर होता है , यह आत्मा की खुराक है इसी से आत्मा को तृप्ति और मन को शांति मिलती है l
24 October 2023
WISDOM -----
विजय दशमी का पर्व इस सत्य की बार -बार गवाही देता है कि हर अत्याचारी , आततायी और कुकर्मी का अंत अवश्य ही होता है l रावण मायावी था , तंत्र विद्या का ज्ञाता और महान तांत्रिक था l उसने अपने अहंकार और दंभ प्रदर्शन के लिए अपनी शक्तियों का दुरूपयोग किया इसलिए उसका अंत करने के लिए स्वयं भगवान श्रीराम को इस धरती पर आना पड़ा l तंत्र विद्या का प्रयोग आदिकाल से ही इस संसार में हो रहा है और ये तांत्रिक अपने इष्ट देवी -देवताओं से शक्ति प्राप्त कर इस विद्या का घोर दुरूपयोग करते हैं l पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं --- " सामर्थ्य के संग जब अहंकार जुड़ जाता है , तो विनाश होता है और जब सामर्थ्य के संग संवेदना जुड़ती है तो विकास होता है l " बाबा गोरखनाथ जी के समय का प्रसंग है ----- उस समय तांत्रिक अपनी तंत्र विद्या का दुरूपयोग कर भोले -भाले इनसानों को भटका रहे थे और अपनी तंत्र विद्या के ऐसे जघन्य और वीभत्स प्रयोग कर रहे थे जिससे मानवता कराह उठी थी l इस कारण मानवीय और आध्यात्मिक मूल्यों की रक्षा के लिए बाबा गोरखनाथ जी इन महा भ्रष्ट तांत्रिकों को सबक सिखा रहे थे l इन तांत्रिकों ने स्वयं को बचाने के लिए अपनी आराध्या एवं इष्ट माँ चामुंडा देवी की प्रार्थना की l देवी चामुंडा प्रकट हुईं और क्योंकि तांत्रिक उनके भक्त थे इसलिए उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए माँ चामुंडा ने बाबा गोरखनाथ जी पर खड्ग उठा लिया l गोरखनाथ जी ने कहा ---- " माता ! प्रत्येक इनसान अपने भाग्य से प्राप्त सुख -दुःख को भोगता है परन्तु ये तांत्रिक अपनी विद्या के बल पर लोगों को निरर्थक कष्ट दे रहे हैं l यह न्यायोचित नहीं है और न ही धर्म है l जो भी ऐसा दुष्कर्म करेगा उसको हम अवश्य दण्डित करेंगे l " लेकिन देवी चामुंडा अपने भक्तों को दिए वचन से बद्ध थीं अत: उन्होंने गोरखनाथ जी के ऊपर भीषण प्रहार किया l बाबा गोरखनाथ महान तपस्वी थे और स्वयं तंत्र विद्या में पारंगत थे और समाज में फैली तंत्र की विकृति को दूर कर शुद्ध सात्विक और लोकोपयोगी तंत्र विद्या की स्थापना करना चाहते थे l इनके गुरु मत्स्येन्द्रनाथ थे जो भगवान शिव के शिष्य थे l चामुंडा देवी के सामने गोरखनाथ जी वज्र के समान खड़े रहे l कहते हैं दोनों महान शक्तियों में तीन वर्षों तक युद्ध चला l तीन वर्ष के कड़े संघर्ष के बाद गोरखनाथ जी ने देवी चामुंडा को कीलित कर लिया और धरती से तांत्रिकों के उपद्रवों को शांत कर दिया l गोरखनाथ जी ने अपनी दिव्य द्रष्टि से देखा कि ये तांत्रिक फिर से अपनी शक्तियों को समेटकर धरती पर उपद्रव करने आयेंगे l उनका यह कथन सत्य है , आज संसार के अधिकांश देशों में तंत्र , ब्लैक मैजिक आदि अनेक तरह की नकारात्मक शक्तियों का प्रयोग होता है l ये शक्तियां पीठ पर वार करती हैं , समाज और कानून की पकड़ से बाहर होने के कारण इनका प्रयोग करने वाले समाज में शरीफ ही बने रहते हैं लेकिन ईश्वर की निगाह से कोई बच नहीं सकता , इनका अंत बहुत बुरा होता है l बाबा गोरखनाथ जी ने जब अपनी दिव्य द्रष्टि से यह देखा तो संसार को आश्वासन दिया कि इस बार इनको दण्डित करने वाला देवदूत आएगा और इनका संहार करेगा l इसी से स्रष्टि में संतुलन आएगा और सतयुगी वातावरण विनिर्मित होगा जिसकी सुगंध हजारों वर्षों वर्षों तक अनुभव की जाती रहेगी l