आज भी आध्यात्मिक विषयों में संसार भर के जिज्ञासु भारत को उसके प्राचीन ' जगद्गुरु ' भाव से देखते हैं और आत्मिक शांति प्राप्त करने के उद्देश्य से यहाँ आते हैं l इस संबंध में आर्य समाज के परम विद्वान महात्मा आनंद स्वामी ने अपने अनुभव की एक घटना बतलाई है -------- " पहली बार 1950 में जब मैं गंगोत्री गया और वहां एक कुटिया बना कर योगाभ्यास करने लगा तो उन्ही दिनों दिनों अमेरिका से एक शिक्षित पति - पत्नी वहां पहुंचे l एक दिन बातचीत में दुनिया में दुःखों की चर्चा चली तो मैंने अमेरिकन सज्जन से पूछा ---- ' हम लोग अभी तक यही सुनते रहते हैं कि अमेरिका बड़ा धनी देश है l मानव के सुख , आराम तथा ऐश्वर्य के हर प्रकार के साधन हैं l तब इतनी सब सुख - सुविधा और आराम छोड़कर आप गंगोत्री जैसे स्थान पर क्यों आए l यहाँ तो ठहरने का न तो उत्तम स्थान है , न ही कोई सुविधा l आपको अमेरिका जैसे वैभवशाली देश से कौन सी वस्तु यहाँ खींच लाई l " इस पर अमेरिकन सज्जन ने बड़ी गंभीरता से कहा ---- " वह वस्तु जो वैभवशाली अमेरिका में नहीं है , परन्तु यहाँ हमको प्राप्त हो गई है , उसका नाम है --- शान्ति और आनंद l
6 October 2020
4 October 2020
WISDOM -----
जब अर्जुन ने युद्ध भूमि में देखा कि अपने ही पितामह , गुरु और भाइयों से युद्ध करना है तो उसने अपना गांडीव धनुष नीचे रख दिया , तब भगवान श्रीकृष्ण ने उसे समझाया कि वे लोग अधर्म पर हैं , अन्यायी हैं l अत्याचार और अन्याय को यदि हम नहीं मिटाएंगे तो वे हमें मिटा डालेंगे इसलिए उठाओ अपना धनुष और इस धरती पर से अधर्म और अन्याय को मिटा दो l भगवान स्वयं अर्जुन के सारथी बने l
WISDOM ----
मनुष्य अपनी कमजोरियों और कामना - वासना के चक्रव्यूह में इस तरह फँसा है कि वह वास्तविकता का सामना नहीं करना चाहता , सच्चाई से दूर भागता है l एक सच को छुपाने के लिए सौ झूठ बोलने पड़ते हैं l पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने अपने प्रवचन में एक किस्सा सुनाया था ---- " एक समय की बात है l एक वकील और उनका एक मुवक्किल था l मुवक्किल किसी केस में फँस गया l उसने कहा --- ' वकील साहब ! आप मुझे छुड़ा दें तो मैं जन्म भर आपका एहसान मानूँगा l वकील ने कहा --- ' जन्म भर एहसान मत मान , बस , तू मुझे पांच हजार रूपये दे दे , मैं तेरा केस लड़ दूंगा l तू पागल बन जाना l मैं डॉक्टरों से मिलकर तेरे पागलपन का सार्टिफिकेट बनवा दूंगा l जब तू अदालत में जाए , तो बस एक ही शब्द याद कर के जाना l जब जज तुझसे कोई सवाल पूछे तो तू कह देना -- ' में. ' l हमारे कानून में पागलों के लिए कोई कानून नहीं है l अदालत में न्यायधीश ने पूछा ---' क्या नाम है तेरा ? ' उसने कहा --- ' में ' l क्या तूने गलत काम किया है ? ' में ' न्यायधीश कोई भी बात पूछते तो वह कहता -- ' में ' l वकील ने कहा --- साहब यह तो पागल है l यह बात उसने गवाहों और सबूतों के माध्यम से सिद्ध कर दी l जज साहब ने कहा --- इसे बरी कर दिया जाये l छूटने के बाद वह व्यक्ति वकील साहब के घर गया l वकील साहब ने कहा --- लाइए हमारे फीस के पांच हजार रूपये l उस व्यक्ति ने कहा --- ' में ' l वकील साहब अपना माथा ठोकते रह गए l
3 October 2020
WISDOM ----
' प्रचुर मात्रा में सरकारी सहायता के बावजूद दलित एवं पिछड़े समाज में कोई विशेष परिवर्तन क्यों नहीं नजर आता है ? ' ----- यह पूछे जाने पर पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने कहा ---- " किसी भी पिछड़े समाज को मुख्य धारा में लाने के लिए केवल सरकारी सहायताएं ही पर्याप्त नहीं हैं l मुख्य बात तो यह है कि उस समाज के लोगों की जीवनशैली में परिवर्तन करना आवश्यक है , और जीवनशैली में परिवर्तन करना आसान कार्य नहीं है l यह अत्यंत धैर्यपूर्वक और दीर्घकाल तक की जाने वाली प्रक्रिया है l आप गहराई से सोचें तो पाएंगे कि इंसान या समाज की वर्तमान दुरवस्था का कारण उनके अतीत के कर्मों में सन्निहित है l शुभ एवं सत्कर्मों के माध्यम से इस वर्ग की स्थिति में वांछित एवं आशातीत परिवर्तन लाया जा सकता है l ' उन्होंने आगे कहा ---- ' समाज की महिलाओं एवं पुरुषों को केवल सहायता या पैसा देना पर्याप्त नहीं है l उस सहायता से उनकी क्षमता के आधार पर स्वावलम्बन का कार्य प्रारम्भ करना चाहिए , उन्हें शुभ कर्मों से जोड़ना चाहिए और सेवा कार्यों में संलग्न करना चाहिए l इससे उनकी जीवनशैली में परिवर्तन आएगा , नकारात्मक विचार बदलेंगे l शिक्षा एवं विभिन्न प्रकार के सेवा एवं स्वावलम्बन कार्य करने से उनमे आत्मविश्वास जागेगा l जीवनशैली एवं विचारों में परिवर्तन किए बगैर पिछड़े , दलित या ऐसे किसी समाज का उत्थान संभव नहीं है l
2 October 2020
WISDOM ----
महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम उनके विचारों को अपने जीवन में उतारें , उनके आदर्शों पर , उनके बताए रास्ते पर चलें l महापुरुष कोरे विचार नहीं देते , अपने आचरण से हमें शिक्षा देते हैं l उनके विचारों में , सिद्धांतों में उनकी साधना का , उनकी तपस्या का बल होता है l ईश्वर ने हमें चयन की स्वतंत्रता दी है --- ---
1 October 2020
WISDOM ------
इस संसार में भाँति - भाँति के लोग हैं l जब लोगों पर दुर्बुद्धि हावी हो जाती है तो उनके कार्य अपने - अपने विचार और संस्कारों के अनुसार भिन्न - भिन्न होते हैं जैसे --- रावण ने अपनी लंका सोने की बनाई , और लंका से बहुत दूर वन से सीताजी का अपहरण किया l सिकंदर ने विश्व विजय का संकल्प लिया , अपने राज्य को नहीं लूटा , दूसरे राज्यों में तबाही मचाई l इस अभियान में वह भारत भी आया l यहाँ के राजाओं ने दिल खोलकर उसकी मदद की l दुर्बुद्धि की कहानी बहुत लम्बी है मीरजाफर , जयचंद इन्होने अपने ही देश को लुटवा दिया l नादिरशाह भारत आया , यहाँ खूब लूटा , कत्ले आम किया , यहाँ का धन वैभव वह अपने देश ले गया l दुर्बुद्धि का असर ऐसा होता है कि कुछ लोग दूसरों का बगीचा लूटते हैं , कुछ अपना ही बगीचा लूटते हैं l अपने अहंकार , अपनी पशुता को पोषित करने के लिए जाति , धर्म , ऊंच - नीच के आधार पर कमजोर पर , नारी पर अत्याचार कर के , उन्ही को मार कर रौब से रहते हैं l आज सबसे बड़ी जरुरत सद्बुद्धि की है l जियो और जीने दो l
30 September 2020
WISDOM ----
नारी पर अत्याचार की गाथा कोई नई नहीं है , विभिन्न देश , विभिन्न समाज अपने अपने तरीके से नारी पर अत्याचार करते हैं l लेकिन हम जब संसार में शांति की बात करते हैं , अहिंसा की बात करते हैं , स्वयं को शांति प्रिय कहकर अन्य देशों पर आक्रमण नहीं करते , ऐसे में नारी पर अत्याचार की अनेक घटनाएं जो मनुष्य को पशु से भी निम्नतर स्तर पर ले जाती हैं , समाज के लिए कलंक हैं l नारी को अत्याचार सहते - सहते एक युग बीत गया l जिन जातियों ने स्वयं को श्रेष्ठ कहा उन्होंने ही सती - प्रथा के नाम पर नारी को जिन्दा जलाया l कन्या - वध के नाम पर बच्ची के पैदा होते ही उसे मार डाला l फिर बालिका भ्रूण हत्या l दहेज़ - प्रथा के नाम पर नारी पर अत्याचार , पारिवारिक हिंसा - उत्पीड़न ! पहले नारी पर अत्याचार एक सामाजिक बुराई थी लेकिन अब उसमे राजनीति भी जुड़ गई l बड़े - बड़े अपराधी अपनी अपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए छुटभैया लोगों की मदद लेते हैं , इसके बदले में उन्हें पैसा भी देते हैं और समाज में अपराध करने की खुली छूट l इसलिए पकड़े जाने पर भी अपराधी बच जाते हैं l इस तरह की घटनाएं कभी - कभी समाज में अपने वर्चस्व को स्थापित करने के लिए , लोगों में आतंक पैदा करने के लिए प्रायोजित भी होती हैं l समस्याएं जब बढ़कर एक वृक्ष की तरह विशाल हो गई हों , तब उसे समाप्त करने के लिए जड़ को ही काटना पड़ता है l इसके लिए समाज का संगठित और जागरूक होना जरुरी है l