श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान कहते हैं --- जो मान - अपमान में , शत्रु - मित्र में तथा -सुख- दुःख आदि द्वंदों में सम है और आसक्ति से रहित है वही भक्त मुझे प्रिय है l भगवान कहते हैं --- मान - अपमान का संबंध हमारे अहं से है l अहं के कारण ही इनका अनुभव होता है l पं.श्रीराम शर्मा आचार्य जी कहते हैं --- ' मान से यदि अहंकार को पोषण मिलता है , तो अपमान से अहं को चोट लगती है l इसलिए जब हम अपने अहंकार को त्याग देते हैं तो ये मान - अपमान की अनुभूतियाँ स्वत: ही विसर्जित हो जाती हैं l फिर न हम में मान पाने की लालसा बची रह जाती है और न ही हमें अपमानित होने का भय सताता है l -------- स्वामी रामतीर्थ प्रव्रज्या हेतु अमरीका गए हुए थे l उनका उद्बोधन प्रसिद्ध चिंतकों और विचारकों के मध्य हुआ तो सभी ने एक स्वर में उनके अद्भुत व्यक्तित्व और प्रकांड पांडित्य की प्रशंसा की l उद्बोधन के पश्चात् वे जिस महिला के घर रुके हुए थे , उनके घर पहुंचे और उस महिला से बोले --- " बहन ! आज ईश्वर ने इस नाचीज को बहुत प्रशंसा दिलवाई l ' कुछ दिनों उपरांत वे न्यूयार्क शहर के ब्रौंक्स क्षेत्र से गुजर रहे थे कि उनकी वेशभूषा को देखकर कुछ अराजक तत्वों की भीड़ लग गई l उनमें से कुछ उन पर छींटाकशी करने लगे तो कुछ ऐसे भी थे जो बेवजह उनके साथ दुर्व्यवहार करने लगे l घटना की खबर जब महिला को लगी तो वह कुछ साथियों को लेकर स्वामीजी को लेने पहुंची l स्वामी रामतीर्थ उसी निर्विकार भाव से बोले --- " बहन ! आप हस्तक्षेप न करो l आज ईश्वर का अपने इस भक्त को अपमान से भेंट कराने का मन है l भगवान के भक्त के लिए मान क्या और अपमान क्या ? श्रीमद्भगवद्गीता में जिस स्थितप्रज्ञ का वर्णन है , उस स्वरुप का दर्शन उनमे सबको उन क्षणों में हुआ l
26 October 2020
25 October 2020
WISDOM -----
रामकृष्ण परमहंस काली के उपासक थे l अनेक दिन बीत गए , वे रोज रोते l घंटों पूजा करते l एक दिन क्रोध में आकर बोले ---- " माँ ! इतने दिन से बुला रहा हूँ l तू आती ही नहीं l या तो तू प्रकट हो या मैं अप्रकट होता हूँ l या तो तू रहे या मैं मिटता हूँ l " तलवार हाथ में ले ली l गरदन पर चलाने वाले ही थे कि माँ प्रकट हो गईं l मूर्ति के स्थान पर साक्षात् माँ विराजमान थी l हँसती -- खिलखिलाती सौंदर्य की प्रतिमूर्ति माँ काली l तलवार फर्श पर गिर गई , वे छह दिन तक बेहोश पड़े रहे l सभी भक्त परेशान l छह दिन बाद जब होश आया तो पहली बात जो उनने कही , वह यही कि इतने दिन तो माँ तूने बेहोश रखा , अब जब छह दिन होश में रहा तो फिर बेहोशी में क्यों भेजती है ! तू मुझे फिर से बुला ले l जा मत , रुक जा l यह उनकी पहली समाधि थी l
24 October 2020
WISDOM ----
भगवान को अपने भक्तों से बहुत प्रेम होता है , वे अपने भक्तों के वश में होते हैं इसलिए भक्तों को सताने वाले , उनके प्रति अपराध करने वाले को भगवान कभी क्षमा नहीं करते l पुराणों में कथा है ---- प्रह्लाद भगवान के भक्त थे l उनके पिता हिरण्यकश्यप को यह बात मंजूर नहीं थी l ईश्वर के मार्ग से हटाने के लिए उसने अपने पुत्र प्रह्लाद को बहुत कष्ट दिए , उन्हें पहाड़ से फेंका , समुद्र में गिराया , साँपों से कटवाया , अपनी बहन होलिका की गोदी में बिठाकर अग्नि में जलाने का प्रयास किया लेकिन भगवान अपने भक्तों की रक्षा करते हैं , प्रह्लाद सकुशल रहे l हिरण्यकश्यप अहंकारी था , लेकिन तपस्वी भी था l तपस्या कर के उसने ईश्वर को प्रसन्न किया और अमरता का वरदान माँगा , लेकिन यह प्रकृति के विरुद्ध है इसलिए भगवान ने कहा --- यह संभव नहीं है l तब उसने ईश्वर से कहा --- मैं न दिन में मरुँ , न रात में l न मैं पुरुष से मरुँ न नारी से , न जानवर से न इनसान , किसी भी अस्त्र - शस्त्र से न मारा जाऊं , न धरती पर न आकाश में , न घर के अंदर न बाहर ---------- जीवित रहने के लिए जो भी विकल्प थे , वह सब उसने वरदान में मांग लिए l और अब वह अहंकारी होकर स्वयं को सर्वशक्तिमान समझने लगा l जनता पर बहुत अत्याचार किये , अपने पुत्र प्रह्लाद को बहुत सताया l वह चाहता था कि प्रह्लाद उसे ही भगवान माने l हिरण्यकश्यप ने प्रह्लाद को खम्भे से बाँध दिया और पूछा --- बता , इस खम्भे में भगवान हैं या नहीं l प्रह्लाद के हाँ कहते ही खम्भे में से नरसिंह भगवान प्रकट हो गए , अपने भक्त पर होने वाले अत्याचार के कारण क्रोध से उनकी आँखे लाल थी l अपने दिए गए वरदान के अनुसार नृसिंह भगवान का आधा शरीर शेर का व आधा मनुष्य का था , संध्या का समय था , भगवान ने घर की देहरी पर बैठकर हिरण्यकश्यप को अपनी गोद में लिटाकर अपने नाखूनों से उसका पेट फाड़ दिया l भगवान का क्रोध किसी तरह शांत नहीं हो रहा था तब भक्त प्रह्लाद ने उनकी स्तुति की और अपने को अति का कष्ट देने वाले पिता को क्षमा करने के लिए प्रार्थना की l
23 October 2020
WISDOM -----
महात्मा गाँधी ने भारतीय किसानों के दर्द को गहराई से समझा और उसे सुधारने का प्रयास किया l उन्होंने अपने जीवन में ऐसे कार्य किए , ताकि देश का किसान आत्मनिर्भर बन सके l यद्द्पि गाँधी जी के आस- पास टाटा , डालमिया , बिड़ला और बजाज जैसे उद्दोगपति रहे , लेकिन उन्होंने कभी भी बड़े उद्दोगों को बढ़ावा नहीं दिया और रसायनमुक्त जैविक खेती कर रहे किसानों को प्राथमिकता दी l गाँधीजी द्वारा ग्रामोद्दोग को बढ़ावा देने के पीछे उनका व्यापक वैज्ञानिक दृष्टिकोण था , इसलिए वे चरखा , खादी , हाथकुटे चावल , अहिंसक चमड़े के जूते जैसे हस्तनिर्मित ग्राम-उद्दोग चलाने पर जोर दे रहे थे l वे मानते थे कि यंत्रों को यथासंभव दूर रखा जाए , क्योंकि भारत जैसे विशाल जनसँख्या वाले देश में यंत्र चलाना एक तरह से मजदूरों के हाथ काटने के समान है क्योंकि यंत्रों के उपयोग से बहुत सारे मजदूर बेरोजगार हो जायेंगे l आज देश को गाँधी जी के विचारों को अमल में लाने की जरुरत है l गाँधी जी ने तीस - चालीस के दशक में ही रासायनिक खादों के दुष्परिणाम को जान लिया था l आज हम देख रहे हैं कि रासायनिक खाद और कीटनाशक के प्रयोग से खाद्द्य पदार्थ शरीर को नुकसान पहुंचा रहे हैं , संतुलित और संयमी जीवन जीने वाले भी बड़ी बीमारी झेल रहे हैं l इसी तरह उन्होंने कहा था कि भारी - भरकम यंत्रों को चलाने के लिए जो ऊर्जा व्यय होगी , उससे जंगलों की कटाई होगी , पर्यावरण असंतुलित होगा l उनके ' स्वदेशी ' के विचार को अपनाने की जरुरत है l भारत जैसे गरम देश में छोटी जोत के खेत न केवल छायादार झाड़ियों और वृक्षों से फसल की रक्षा करते हैं , अपितु नीचे गिरे पत्तों से मिटटी में उपजाऊपन की मात्रा बढ़ाते हैं l
22 October 2020
भक्ति का मर्म
व्रज की गोपिकाओं की भक्ति को शब्दों में उच्चारित नहीं किया जा सकता l एक कथा है ---- भगवान द्वारकाधीश ने एक दिन बीमार होने की लीला रची l उनकी बीमारी का समाचार सब ओर फ़ैल गया l राजवैद्य आए , नाड़ी देखी , पर कोई भी किसी तरह रोग का निदान नहीं कर पा रहा था l सब बड़े चिंतित थे l तब भगवान ने नारद जी का स्मरण किया l नारद जी आए , उन्होंने देखा कि भगवान के पलंग के पास रुक्मणी , सत्यभामा आदि रानियाँ खड़ी हैं , उन्होंने नारद जी से कहा ---देवर्षि ! आप तो परम ज्ञानी हैं l आप ही भगवान की इस बीमारी का कोई इलाज बताएं l ' नारद जी प्रभु की लीला समझ गए , उन्होंने कहा --- " इस बीमारी का इलाज बहुत सुगम है , आप में से कोई भी इसे कर सकता है l " सभी ने कहा -- उपाय सहज हो या कठिन हम अवश्य करेंगे l तब नारद जी बोले ---- " यदि भगवान श्रीकृष्ण का कोई भक्त अपने चरणों की धूल इनके माथे पर लगा दे तो ये अभी तुरंत ठीक हो जायेंगे l " यह विचित्र उपाय सुनकर सब सोच में पड़ गए l रानियों ने कहा --- " भला यह कैसे संभव है l पहले तो ये हमारे पति हैं , फिर ये स्वयं ब्रह्म हैं l अपने चरणों की धूल इनके माथे पर लगाकर हम सब नरकगामिनी हो जाएँगी l " नरक के भय से द्वारका में कोई भी यह उपाय करने को तैयार नहीं हुआ l भगवान श्रीकृष्ण के संकेत से नारद जी हस्तिनापुर पहुंचे , अपना संदेसा भीष्म , विदुर , द्रोपदी कुंती एवं सभी पांडवों आदि को सुनाया l नरक के भय से अपने चरणों की धूल देने को कोई भी तैयार नहीं हुआ , ऐसे पापकर्म से सब भयभीत थे l अंत में प्रभु की प्रेरणा से नारद जी व्रजभूमि पहुंचे l नारद जी को देखते ही सब गोपियाँ व्याकुल होकर भगवान श्रीकृष्ण का हाल पूछने लगीं l नारद जी से उनकी बीमारी का समाचार सुनकर सब गोपियाँ पोटली में भरकर अपने चरणों की धूल ले आईं l उनके ऐसा करने पर नारद जी ने उन्हें समझाया --- " अभी समय है , तुम सब सोच लो , श्रीकृष्ण भगवान हैं , उन्हें अपने चरणों की धूल देकर तुम सब नरक में जाओगी l " गोपियों ने कहा --- "श्रीकृष्ण के लिए वे सब कुछ त्याग सकती हैं , उनके लिए वे हर कलंक - अपमान सहने को तैयार हैं l अपने कृष्ण के लिए हम सदा - सदा के लिए नरक भोगने को तैयार हैं l " यह सुनकर नारद जी निरुत्तर हो गए और द्वारका पहुंचकर अपनी अनुभव कथा कह सुनाई l यह सब सुनकर श्रीकृष्ण हँसे और बोले --- " नारद ! यही है वह भक्ति , यही हैं वे भक्त , जिनके वश में मैं हमेशा रहता हूँ
21 October 2020
WISDOM -----
भौतिक प्रगति के नाम पर मनुष्य ने सुख - सुविधाओं के अंबार खड़े कर लिए किन्तु वह पहले की अपेक्षा दुःखी , परेशान , निराश , अशांत व असंतुष्ट है l इसका कारण यही है कि मनुष्य ने मानवीय जीवनमूल्यों की उपेक्षा की और स्वार्थ , अहंकार , ईर्ष्या , द्वेष में उलझकर संवेदना को भूल गया l पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी का कहना है --- ' इस संसार की समस्त समस्याओं का एकमात्र हल संवेदना है l संवेदनशील व्यक्ति कभी हिंसा के मार्ग पर नहीं चलता l ' एक प्रसंग है ------ कौशांबी के राजगृह में कारू कसूरी नामक कसाई रहता था l वह पशुओं का मांस बेचकर अपनी जीविका चलाता था l राजगृह में बौद्ध संत आते रहते थे l संत किसी भी प्रकार की हिंसा न करने की प्रेरणा दिया करते थे l कारू कसूरी कहता था --- मैं अपने पुरखों के धंधे को कैसे छोड़ दूँ ? यदि मैं हिंसा न करूँ तो खाऊंगा क्या ? जब कारू कसाई वृद्ध हो गया तो उसने तलवार अपने बेटे सुलस को सौंप दी l कसाइयों की पंचायत में सुलस से कहा गया कि कुलदेवी की प्रतिमा के समक्ष भैंसे की बलि दो l सुलस का हृदय पशुओं के वध के समय उनकी छटपटाहट देखकर द्रवित हो उठता था l अत: उससे तलवार न उठी l मुखिया ने दोबारा उससे कहा --- " बेटे ! यह हमारी कुल परंपरा है l देवी को प्रसन्न करने के लिए रक्त निकालना पड़ता है l " सुलस ने भैंसे की जगह अपने पैर पर तलवार से वार कर दिया l पैर से खून बहने लगा l ऐसा करने का कारण पूछने पर सुलस बोला ---- " यदि कुलदेवी को रक्त की चाहत है तो किसी निर्दोष का खून बहाने से बेहतर है कि वे मेरा ही रक्त स्वीकार कर लें l उसका उत्तर सुनकर कारू कसाई का हृदय द्रवित हो उठा और उस दिन के बाद उस परिवार में पशुवध बंद कर दिया गया l
20 October 2020
WISDOM ----- कर्म की गति
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी का कहना है --- हम विश्व ब्रह्माण्ड में जहाँ कहीं भी हों , हमारे कर्म हमारा पीछा करते ही रहते हैं और तब तक समाप्त नहीं होते , जब तक हम उन्हें भोग नहीं लेते l ' महाभारत का युद्ध समाप्त हुआ , भीष्म शरशैया पर लेटे थे l भगवान श्रीकृष्ण सब पांडव सहित उनसे धर्म का उपदेश लेने गए l तब भीष्म पितामह ने कहा --- " आप कहते हैं तो उपदेश मैं अवश्य दूंगा , किन्तु हे केशव ! मेरी एक शंका का समाधान करें l मैं जनता हूँ कि कर्मों का फल भोगना पड़ता है l मैंने ध्यान कर के देखा कि मैंने इस जन्म में और पिछले 72 जन्मों में भी ऐसा कोई क्रूर कर्म नहीं किया , जिसके फलस्वरूप मुझे बाणों की शैया पर शयन करना पड़े l " उत्तर में भगवान श्रीकृष्ण ने कहा --- " पितामह ! यदि आप पिछला एक और जन्म देख लेते तो आपकी जिज्ञासा का समाधान हो जाता l पिछले 73 वें जन्म में आपने ओक के पत्ते पर बैठे हुए हरे रंग के टिड्डे को पकड़कर उसको बबूल के काँटे चुभोए थे , आज आपको वही काँटे बाण के रूप में मिले हैं l " पुराणों में एक और कथा है ---- स्वर्ग के राजा इंद्र के पुत्र जयंत ने माँ सीता के पैर में कौवे के रूप में चोंच मार दी l उनके पैर से रक्त निकल आया l भगवान श्रीराम ने यह देखकर समीप रखे कुशा के एक तिनके को उठाया और उसे मंत्रसिक्त कर के जयंत की ओर फेंक दिया l कुशा के उस तिनके ने अभेद्य बाण का रूप ले लिया और जयंत के पीछे पड़ गया l इस बाण से बचने के लिए जयंत सभी लोकों में भागता फिर l स्वयं उसके पिता से लेकर भगवान ब्रह्मा ने उसको शरण नहीं दी , उसकी सहायता करने से मना कर दिया l अंत में उसे भगवान राम की शरण में ही आना पड़ा l उन्होंने उसे क्षमा तो किया परन्तु कर्मफल के रूप में उसे अपनी एक आँख गँवानी पड़ी l कर्म का फल सबको भोगना पड़ता है l