रावण की जब मृत्यु हुई , तब उसके शरीर में हजारों छिद्र थे l लक्ष्मण जी ने रामचंद्र जी से पूछा ---- आपने रावण को एक ही बाण मारा था लेकिन रावण के शरीर में हजारों छिद्र कैसे हैं ? तब भगवान ने कहा ---- ये रावण के पाप हैं , उसके गुनाह हैं l रावण बहुत बलवान था , उसने सोने की लंका बनाई , उसने सब देवताओं को पकड़ लिया था l लेकिन सीता हरण करना उसका ऐसा पापकर्म था जिसने उसे कमजोर बना दिया l लंकेश जिसके दरवाजे पर असंख्य लोग पलते थे , उस बेचारे को सीता हरण के लिए भिखारी बनना पड़ा और वह भी इधर - उधर देखकर कि उसे कोई देख तो नहीं रहा है l गलत रास्ते पर कदम रखने के कारण उसकी दशा बहुत दयनीय हो गई थी l रामायण में भी यही लिखा है --- यदि व्यक्ति गलत रास्ते पर कदम उठाना शुरू कर देता है तो उसका तेज , बल , बुद्धि सारे के सारे सद्गुण नष्ट हो जाते हैं
1 February 2021
31 January 2021
WISDOM ------
संसार में अनेक दुःख हैं , लेकिन अकेली मृत्यु सबसे बड़ा दुःख है और सारे दुःख तो उसी की छाया में है l हर व्यक्ति भयभीत है अपने मिटने के डर से l रूस के अति विलक्षण संत गुरजिएफ का कहना था --- अगर इस सारी धरती को धार्मिक बनाना है तो केवल एक उपाय है --- वैज्ञानिकों को सारी चिंता छोड़कर एक मशीन खोज लेनी चाहिए , जो बिलकुल घड़ी की तरह हो l जिसे हर आदमी के हाथ पर बाँध दिया जाये l जो हमेशा बाँधने वाले को बताती रहे कि अब मौत कितने करीब है l उसका काँटा निरंतर घूमता रहे l मृत्यु का डर सबसे बड़ा डर है l मनुष्य स्वयं को अमर समझ कर गलत कार्य करता रहता है लेकिन जब हर पल उसे मृत्यु अपने पास आती दिखाई देगी तब संभव है वह सन्मार्ग पर चले l
30 January 2021
WISDOM -----
क्रोध एक ऐसा मनोविकार है जो बुद्धि , विवेक और भावना सबको नष्ट कर देता है l क्रोध का पहला प्रहार विवेक पर व दूसरा प्रहार होश पर होता है l इसलिए कठिन कार्यों , संकट के समय और अपमान होने पर धैर्य धारण करने की सलाह दी जाती है l क्रोध करने से शारीरिक व मानसिक ऊर्जा का क्षय होता है l जिस तरह जब पानी को गरम किया जाता है तो थोड़ी देर में वह गरम होकर उबलने लगता है और उबलने पर पानी भाप में बदलता जाता है , इसी तरह जब व्यक्ति क्रोध में गरम होकर उबलता है तो उस समय उसकी ऊर्जा सर्वाधिक मात्रा में व्यय होती है l इसलिए मनुष्य को सर्वप्रथम अपने क्रोध पर नियंत्रण रखना चाहिए ऐसा होने पर दुर्भावनाएं मन को घेर नहीं पाएंगी और व्यक्ति पूर्ण रूप से स्वस्थ रहेगा l
29 January 2021
WISDOM -----
कर्म फल को समझाने वाली एक पौराणिक कथा है ---- एक बार महर्षि वसिष्ठ श्रीराम को उपदेश दे रहे थे l इस बीच वे लघुशंका हेतु गए l लघुशंका के दौरान वे जोर से हँसे l रामचंद्र जी ने सोचा इतने बड़े महर्षि लघुशंका के दौरान हँस रहे हैं ! क्या इन्हे इतना ज्ञान नहीं है कि इस समय कोई क्रिया नहीं करनी चाहिए l जब लौटकर आए तो श्रीराम ने पूछा --- " भगवन ! क्या बात थी आप हँसे क्यों ? ऐसे समय आपको हँसी आना किसी विशेष रहस्य का कारण है ? " महर्षि बोले ---- " मैं एक दृश्य देखकर हंस पड़ा l एक चींटा नीचे नदी के प्रवाह में बहा जा रहा था l वह चींटा नौ बार इंद्र पद पर रह चुका है , पर अपने भोग के कारण चींटे की योनि को प्राप्त हुआ है l " जब इंद्र पद प्राप्त करने वाले की यह स्थिति है तो मनुष्यों को होश में रहकर कर्म करना चाहिए l
WISDOM ---- अपने लक्ष्य को पाने के लिए सर्वाधिक महत्व की बात है कमिटमेंट l
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " कमिटमेंट अर्थात जो हम कहते हैं , उसे निभाना आना चाहिए l कमिटमेंट लक्ष्य प्राप्ति का उत्तम साधन है l जो अपने दिए वचन पर अडिग रहता है , वही प्रामाणिक होता है l ऐसे व्यक्ति को सहयोग व सहायता भी मिलती है और उसके लिए सफलता का द्वार खुल जाता है l वचन दिया है तो उसे निभाना चाहिए l सफलता के लिए यह एक अपरिहार्य शर्त है l " आचार्य श्री लिखते हैं - लक्ष्य के लिए चल पड़े हो तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहिए l आगे की ओर आने वाली हर कठिनाई का डटकर सामना करना चाहिए l पीठ दिखाने वाले कायर कहलाते हैं और उनका उपहास उड़ाया जाता है , जबकि चुनौती का सामना करने वाले बहादुर कहे जाते हैं और उन्ही के सिर पर सेहरा सजता है l हर चुनौती हमें एक नई सीख दे जाती है कि किस प्रकार हम अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाएं l अत: हमें कभी डरना नहीं चाहिए तथा सूझ - बूझ के साथ आगे बढ़ते रहना चाहिए l "
28 January 2021
WISDOM ------
सिकंदर एक ऐसा व्यक्ति था , जिसके पास किसी भी चीज की कमी नहीं थी , लेकिन वह हीनता की ग्रंथि का शिकार था और इसी मनोग्रंथि के कारण पुरे विश्व को जीतने की महत्वाकांक्षा मन में संजोये था l अपनी विश्वविजय यात्रा पर निकलने से पहले वह डायोजिनीस नामक फकीर से मिलने गया , जो हमेशा नग्न और परमानंद की अवस्था में रहते थे l सिकंदर को देखते ही डायोजिनीस ने पूछा ---- " तुम कहाँ जा रहे हो ? " सिकंदर ने कहा --- " मुझे पूरा एशिया महाद्वीप जीतना है l " डायोजिनीस ----- "उसके बाद क्या करोगे ? " सिकंदर ---- " उसके बाद भारत जीतना है l " डायोजिनीस ----- " उसके बाद ? " सिकंदर ----- " शेष दुनिया को जीतूंगा l " डायोजिनीस ---- " और उसके बाद l " सिकंदर ने खिसियाते हुए उत्तर दिया --- " उसके बाद मैं आराम करूँगा l " डायोजिनीस हँसने लगे और बोले ----- " जो आराम तुम इतने दिनों बाद करोगे , वह तो मैं अभी भी कर रहा हूँ l यदि तुम आख़िरकार आराम ही करना चाहते हो तो इतना कष्ट उठाने की क्या आवश्यकता ? तुम भी यहाँ पर आराम कर सकते हो l " सिकंदर सोचने लगा उसके पास सब कुछ है , पर शांति नहीं और डायोजिनीस के पास कुछ नहीं , पर उसका मन शांति और आनंद से भरा हुआ है l पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- ' जिनका मन मनोग्रंथियों से मुक्त होता है वे कहीं भागते नहीं , किसी को जीतते नहीं , वह स्थिर होते हैं , स्वयं को जीतते हैं और धीरे - धीरे उनका मन शांति और आनंद से भर जाता है लेकिन जिनका मन मनोग्रंथियों से घिरा होता है , वे बेचैन , अशांत व परेशान रहते हैं l ऐसे व्यक्ति चाहे पूरा विश्व भ्रमण कर लें , ढेर सारी सम्पदा एकत्र कर लें , लेकिन फिर भी वे अपने मन के अँधेरे को दूर नहीं कर पाते l "
WISDOM ------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----- " आकस्मिक विपत्ति का सिर पर आ पड़ना मनुष्य के लिए सचमुच बड़ा दुखदायी है l इससे उसकी बड़ी हानि होती है , किन्तु उस विपत्ति की हानि से अनेकों गुनी हानि करने वाला एक और कारण है , वह है विपत्ति में घबराहट l विपत्ति कही जाने वाली मूल घटना चाहे वह कैसी ही बड़ी क्यों न हो , किसी का अत्यधिक अनिष्ट नहीं कर सकती , परन्तु विपत्ति की घबराहट ऐसी दुष्ट पिशाचिनी है कि जिसके पीछे पड़ती है उसके गले से खून की प्यासी जोंक की तरह चिपक जाती है और जब तक उस मनुष्य को पूर्णतया नि:सत्व नहीं कर देती , तब तक उसका पीछा नहीं छोड़ती l l " इसलिए विपत्ति आने पर हमें धैर्य से काम लेना चाहिए l स्वामी रामतीर्थ कहते हैं ---- " धरती को हिलाने के लिए धरती से बाहर खड़े होने की आवश्यकता नहीं है , आवश्यकता है ---- आत्मा की शक्ति को जानने और जगाने की l आत्म शक्ति का ही दूसरा नाम है आत्मविश्वास है l " आत्मविश्वास ही ईश्वरविश्वास है l