इस संसार में अच्छाई और बुराई में , देवता और असुरों में निरंतर संघर्ष रहा है l आसुरी तत्व बड़ी मजबूती से संगठित होते हैं l असुर अपनी सफलता के लिए कठोर तप कर लेते हैं l तप का अर्थ केवल हिमालय पर जाकर तपस्या करना नहीं है , देवत्व को कुचलने के लिए विधिवत योजना बनाना , उसे क्रियान्वित करना भी एक प्रकार का तप है l उनके तप का उद्देश्य विध्वंस करना है l आसुरी तत्व केवल धरती पर ही नहीं हैं , ब्रह्माण्ड में भी सकारात्मक और नकारात्मक तरंगे हैं l जब धरती पर असुरता बढ़ती है तो नकारात्मक शक्तियां उनकी मदद करती हैं l इतिहास में ऐसे प्रमाण हैं कि जिन्होंने भयंकर नरसंहार किए उन पर कोई डेविल दुष्ट आत्मा थी l युग चाहे कोई भी हो आसुरी तत्व अपने कुत्सित प्रयासों से देवत्व को कमजोर बनाने का निरंतर प्रयास करते हैं , युद्ध या क्रांति उसका आखिरी पड़ाव होता है l ---- महाभारत का प्रसंग है ---- युधिष्ठिर सब भाइयों में बड़े थे , धर्मराज थे , सत्यवादी थे l आसुरी तत्व अपने अस्तित्व के लिए क्रियाशील हो गए l महाराज पाण्डु शिकार के लिए गए थे , नकारात्मक तत्व उन पर हावी हो गए और उनका छोड़ा हुआ तीर उस हिरण को लगा जो उस वक्त अपनी हिरणी के साथ था l मरते हुए हिरण ने उन्हें शाप दिया कि इसी तरह जब तुम अपनी पत्नी के सामीप्य होंगे तो तुम्हारी मृत्यु हो जाएगी l इस शाप की वजह से उनमे निराशा आ गई और वे राजमुकुट धृतराष्ट्र को सौंपकर वन में चले गए महाराज पाण्डु की दो पत्नी थीं --कुंती और माद्री l एक दिन एकांत और माद्री के सौंदर्य में महाराज पाण्डु उस शाप को भूल गए और माद्री के निकट आते ही शाप के प्रभाव से उनकी मृत्यु हो गई l बस ! यहीं से आसुरी तत्व शक्तिशाली हो गए l पिता का आश्रय नहीं रहा , पांडवों को वन में भटकना पड़ा , निरंतर कौरवों से मिलने वाले अपमान और षड्यंत्र का सामना करना पड़ा l ---- आसुरी शक्तियों के ये ही हथियार हैं , युग के अनुरूप उनके प्रयोग करने के तरीके बदल जाते हैं l आसुरी तत्व अपने अस्तित्व को बचाने के लिए क्रमबद्ध तरीके से इसी तरह किसी समाज या राष्ट्र को कमजोर करते हैं , अपने कुत्सित प्रयासों से लोगों का आश्रय छीन कर उन्हें दर -दर भटकने को मजबूर कर देते हैं , उनकी आंतरिक और बाह्य शक्ति को विभिन्न तरीकों से क्षीण कर के उन्हें इतना कमजोर कर देते हैं कि वे उनके षड्यंत्र को समझ ही न सकें l आश्रयहीन होने के बावजूद पांडव इसलिए विजयी हुए क्योंकि वे संगठित थे , उनमें मतभेद नहीं था , परस्पर सम्मान था l वे सन्मार्ग पर चले इसलिए उन्हें दैवी शक्तियों की मदद मिली , उनमे निराशा और भय नहीं था इसलिए अपने विरुद्ध रचे जाने वाले षड्यंत्र को समझ सके और विजयी हुए l
1 June 2021
WISDOM -----
' इस धरती पर जिसने जन्म लिया उसकी मृत्यु निश्चित है l ' मृत्यु के अनेक बहाने होते हैं l वृद्धावस्था , एक्सीडेंट , बीमारी आदि अनेक कारण है जिनसे व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है l शरीर में जितने आंतरिक और बाह्य अंग हैं , उनसे कही ज्यादा बीमारियाँ हैं l इसलिए कोई यह समझे कि एक अंग को स्वस्थ कर लेने से व्यक्ति अमर हो जायेगा तो यह असंभव है l प्रत्येक मनुष्य अमर होना चाहता है , इस कारण चालाक लोग मनुष्य की इस कमजोरी का फायदा उठाकर अपनी जेब गरम करते हैं l एक घटना है ---- बात उन दिनों की है जब आवागमन के साधन इतने विकसित नहीं थे l एक नगर का सेठ था , अपार सम्पति थी उसके पास l बहुत महत्वाकांक्षी था , सोचता था कि इस सम्पति के बल पर वह एक बहुत बड़े क्षेत्र को अपना गुलाम बना ले l सलाहकारों से परामर्श लिया तो उन्होंने कहा आप लोगों की दबी हुई इच्छाओं को जगा दो और उन्हें पूरा करने के लिए धन उधार दो , वे सब बिना विशेष प्रयास के गुलाम हो जायेंगे l फिर क्या था , न केवल जनता बल्कि वहां के प्रशासन आदि विभिन्न कार्यों के लिए इतना ऋण देना शुरू किया कि ऋण के बोझ से वे उसकी बात मानने को विवश हो गए l सेठ के मन को बड़ा सुकून मिला लेकिन एक समस्या हो गई कि उसे प्रशासनिक समझ नहीं थी कि इतनी अधिक जनसँख्या को नियंत्रित कर सके , अब उसके मन में शैतान जाग गया उसने अपने दुष्ट सलाहकारों की मदद से ऐसे कार्य किये कि अपनी अति की इच्छाओं को पूरा करने के लालच में ही लोग मरने लगे और वह अमीर होता गया और कम लोगों पर शासन करना भी उसके लिए सरल हो गया l लोग जागरूक नहीं हुए , मृत्यु के साथ उनकी परंपरा , उनकी संस्कृति भी नष्ट हो गई l यह घटना हमें प्रेरणा देती है कि यदि हम जागरूक नहीं हैं , सकारात्मक शक्तियां संगठित नहीं है तो परिणाम भयंकर होता है l
31 May 2021
WISDOM -------
आज संसार में एक बहुत बड़ी समस्या है कि लोग तनाव और अशांति में जी रहे हैं , इसका एक बहुत बड़ा कारण है --- दिखावा l और जब यह दिखावा स्वास्थ्य के संबंध में किया जाता है तो यह व्यक्ति को शारीरिक और आर्थिक दोनों दृष्टि से कमजोर बना देता है l छोटी सी बीमारी में महंगे अस्पताल में जाना , बड़े से बड़े डॉक्टर को दिखाना भी ' स्टेटस सिम्बल ' हो गया है l अमीरों के लिए यह सब बहुत सरल और सामान्य बात है लेकिन जब माध्यम वर्ग उनकी नक़ल करता है तो हर दृष्टि से खोखला हो जाता है l स्वस्थ रहने के लिए मन की शांति भी बहुत जरुरी है l जितनी हमारी चादर हो उतने ही पाँव पसारने चाहिए l यदि पेट दर्द है तो घर में ही हींग , अजवाइन , हल्दी पानी से फांक लो , सब ठीक हो जायेगा l कब्ज है तो भीगी हुई किशमिश का पानी सहित खाओ , भीगी हुई मुनक्का खाओ l यदि स्किन सम्बन्धी समस्या है तो नीम की कोंपल चबा लो l सूर्योदय के दर्शन करो l खांसी है तो कुनकुने पानी में हल्दी , नमक मिलकर पीना चाहिए l इन छोटी - छोटी तकलीफों के लिए यदि डाक्टर के पास जायेंगे तो शरीर चलता - फिरता मेडिकल स्टोर बन जायेगा l यह जरुरी है कि हम देखें कि हमारे पास क्या है ? हमारे पास सूर्य का प्रकाश है , हम चाहें तो हमारी कृषि इतनी अच्छी हो सकती है कि हम सारे संसार का पेट भर दें l कितने ही देश ऐसे हैं जहाँ प्रकृति ने इसे देने में कंजूसी की है l हमारा विशाल देश है , हर तरह की उपज के लिए विभिन्न गुणों की भूमि है , संसार के हर रोगों के उपचार के लिए हमारे पास प्राकृतिक सम्पदा है , ज्ञान है , सब कुछ है बस ! एक कमी है कि हम जागरूक होना नहीं चाहते , हमारा विवेक सो रहा है l इसका भी इलाज है -- हम ईश्वर से सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना करें l प्रार्थना में बहुत शक्ति है , ईश्वर सुनते हैं l
30 May 2021
WISDOM -------
कहते हैं --- ' भगवान के घर देर है , अंधेर नहीं l " एक घटना है ----- आंध्र प्रदेश के दो व्यापारी थे , कैलाश और रमेश l दोनों ने साझे में व्यापार शुरू किया l दोनों में घनिष्ठता थी , धीरे - धीरे व्यापार में बहुत मुनाफा होने लगा l एक बार इतना लाभ हुआ कि उन्हें 80 हजार का चैक कैश कराने बम्बई जाना पड़ा l प्रत्येक को चालीस हजार मिलते l इतनी बड़ी धनराशि देखकर रमेश को लालच आ गया , लोभ - लालच के कारण उसकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई और उसने चालाकी से भोजन में विष देकर कैलाश को मार दिया और उसकी लाश समुद्र में फिंकवा दी और अस्सी हजार रूपये लेकर घर वापस आ गया l रमेश ने अपने पिता को सब बात बता दी और अपने पिता को मात्र चार हजार रूपये देकर कैलाश के पिता के पास भेजा कि यह कैलाश के हिस्से की राशि है और यह कहलवाया कि दोनों समुद्र में नहाने गए थे तो कैलाश दुर्भाग्यवश समुद्र में बह गया l कैलाश के पिता को व्यापार का इतना ज्ञान नहीं था इसलिए चार हजार रूपये में ही उसको संतोष हुआ और उसने रमेश की इस ईमानदारी के लिए उसे बहुत आशीर्वाद दिया l समय बीतता गया , रमेश का व्यापार खूब चल निकला , उसका विवाह हुआ l घर में खुशियां थी , सम्पन्नता थी l पुत्र का जन्म हुआ , सबका लाडला था , उसका नाम रखा ' विजय ' l अब वह लगभग सोलह वर्ष का हो गया l एक शाम विजय के सिर में भयंकर दर्द हुआ l l रमेश ने उसे बड़े - से बड़े डॉक्टर को दिखाया , किसी दवा से कोई फायदा नहीं हुआ l पुत्र का कष्ट देखकर माता - पिता दोनों बहुत दुःखी थे l रमेश अपने पुत्र विजय को इलाज कराने स्विट्जरलैंड ले गया किन्तु कोई फायदा नहीं हुआ , उसकी हालत और चिंताजनक हो गई l तब विजय ने अपने पिता से कहा कि ---- ' पिताजी आप मुझे अपने देश ले चलिए अब मेरे ठीक होने की आशा नहीं है l ' पुत्र के आग्रह पर वे उसे वापस ले आये l एक शाम विजय लेटा था , उसकी माँ और पिता रमेश दोनों उसी के पास बैठे थे , उसी समय विजय को हँसी आ गई l उसकी हँसी देखकर पिता ने चकित होकर पूछा --- ' बेटा ! इस समय तुम्हे हँसी क्यों आई ? " विजय बोला ---- " इसलिए कि आपने मुझे पहचाना नहीं l पिता बोला --- कैसी बात करते हो बेटा , तू मेरा बेटा है , मैं अच्छी तरह पहचानता हूँ l ' विजय ने कहा --- अच्छी तरह पहचानों और फिर हँस दिया l पिता ने उसे खूब अच्छी तरह देखा तो अवाक रह गया कि अरे ! यह तो वही चेहरा है जो कैलाश को विष खिलाने पर उसकी लाश का था l रमेश घबड़ा गया तब विजय ने कहना शुरू किया --- मैं वही कैलाश हूँ जिसके साथ तुमने विश्वासघात किया l मेरे हिस्से के चालीस हजार में से मात्र चार हजार ही तुमने मेरे पिता को दिए थे , शेष रकम तुम हजम कर गए l उन्ही रुपयों को लेने के लिए मैंने तुम्हारे यहाँ जन्म लिया l मेरे पालन - पोषण और बीमारी में आपने जितना खर्च किया वह सब मेरा कर्ज अदा हो गया अब केवल पांच सौ रूपये शेष रहे वो दाह संस्कार में खर्च कर देना l इतना कहकर विजय चिरनिद्रा में सो गया यह सब सुन कर रमेश को इस सत्य का ज्ञान हुआ कि कर्म -फल से कोई नहीं बचा है , ईश्वर न्याय करते हैं , प्रकृति में क्षमा का प्रावधान नहीं है l
29 May 2021
WISDOM ------
एक कथा है --- हुसैन नामक एक जौहरी था , व्यापार के लिए वह रोम नगर गया l वहां के मंत्री से उसकी मित्रता हो गई l एक दिन वह मंत्री के साथ घोड़े पर सवार होकर जंगल में जा रहा था l वहां उसे हीरे - मोती की झालरें लगा हुआ एक विशाल तम्बू नजर आया l इस तम्बू के पास विशाल सुसज्जित सेना खड़ी थी l इस सेना ने सेनापति के साथ उस तम्बू की प्रदक्षिणा की और रोमन भाषा में कुछ प्रार्थना कर के चले गए l इसके बाद सफ़ेद वस्त्र पहने कुछ वृद्ध पुरुष आये वे भी प्रदक्षिणा और प्रार्थना कर के चले गए l अब दो - तीन सौ सुंदरियाँ जवाहरात से भरे थालों को हाथ में लेकर आईं और सबकी तरह तम्बू की परिक्रमा कर के और प्रार्थना कर के चलीं गईं l सबसे अंत में उस देश का राजा अपने मंत्रियों सहित आया और तम्बू के भीतर गया l थोड़ी देर बाद बाहर आया और भरे हृदय से कुछ प्रार्थना कर चला गया l हुसैन को यह सब देखकर बड़ा आश्चर्य हुआ , उसने मंत्री से इसका रहस्य पूछा l मंत्री ने बताया ---- हमारे राजाधिराज के एक बड़ा सुन्दर और गुणवान पुत्र था , राजा को उससे बड़ा प्रेम था l एक दिन अचानक उसका देहांत हो गया और बादशाह शोक सागर में दुब गया l इस तम्बू में उसी शहजादे की कब्र बनी है l प्रतिवर्ष कुमार की मृत्यु तिथि के दिन बादशाह सेना और परिवार सहित यहाँ आता है और कब्र की प्रदक्षिणा कर के चला जाता है l उन सबने रोमन भाषा में जो प्रार्थना की उनका आशय यही है कि अगर सेना की वीरता से , विद्वानों के ज्ञान से , धन - सम्पति आदि किसी शक्ति से संसार से चले गए व्यक्ति को वापस बुला सकना संभव होता तो हम तुमको अवश्य बुला लेते l पर किसी प्रकार ऐसा हो सकना असंभव है , इस कारण हम तुम्हारे लिए शोक ही प्रकट कर सकते हैं l
28 May 2021
WISDOM -------
इस संसार में अच्छाई और बुराई दोनों का अस्तित्व है l अच्छाई अपने आप में इतनी मजबूत होती है कि उसे संसार में फैलने के लिए किसी सहारे की जरुरत नहीं होती l अच्छाई का मार्ग कठिन है इसलिए इसे फैलने में थोड़ा वक्त लगता है l लेकिन बुराई के संबंध में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि बुराई चाहे किसी छोटी सी संस्था में फैले या राष्ट्र में या अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर फैले , यह बिना किसी मजबूत सहारे के नहीं फ़ैल सकती l बुराई की राह बहुत सरल है , एक मजबूत सहारा मिलते ही यह बड़ी तेजी से फैलती है और अपने को सहारा देने वाले को डुबाकर ही दम लेती है l ------ कहते हैं जो कुछ महाभारत में है वही इस धरती पर है l महाभारत के लिए कहा जाता है -- न भूतो न भविष्यति ' l और इसके लिए प्रत्यक्ष रूप से दुर्योधन उत्तरदायी था l भगवान कृष्ण के समझाने से भी वह नहीं समझा लेकिन दुर्योधन ऐसा क्यों था ? बुराई का एक जीता -जागता , नकारात्मक शक्तियों का पुंज ' शकुनि ' था जो दुर्योधन की माता गांधारी का भाई था , उसने अपनी नकारात्मक शक्तियों के विस्तार के लिए दुर्योधन के माध्यम से धृतराष्ट्र का सहारा लिया l धृतराष्ट्र अंधे होने के साथ मोहान्ध भी थे , दुर्योधन की किसी भी बात को वो इनकार नहीं करते थे l इसी का फायदा शकुनि ने उठाया , वह निरंतर दुर्योधन के मन में पांडवों के विरुद्ध विष के बीज बोता रहा l पांडवों के विरुद्ध जितने भी षड्यंत्र रचे गए , वे सब शकुनि के दिमाग की उपज थे l शकुनि के भीतर जो इतनी नकारात्मकता थी , वह उसकी कुंठा थी , एक बात उसके हृदय में घाव की तरह थी कि उसकी बहन गांधारी का विवाह जिससे हुआ वह अंधे हैं l अपने इस घाव को वह दुर्योधन को युवराज बनाकर धोना चाहता था l कहीं कुंठा , कहीं बदले की भावना नकारात्मक शक्तियों को आमंत्रित कर लेते हैं l शकुनि स्वयं मारा गया , कौरव वंश समाप्त हो गया l हमारे महाकाव्य हमें जीना सिखाते हैं , यदि हमारे पास शक्ति है , वैभव है तो जागरूक रहें , बुराई को पनाह न दें l
27 May 2021
WISDOM ------
एक बार जिज्ञासु अग्निवेश ने आचार्य चरक से पूछा ----- " संसार में जो अगणित रोग पाए जाते हैं , उनका कारण क्या है ? " आचार्य ने उत्तर दिया ---- " व्यक्ति के पास जिस स्तर के पाप जमा हो जाते हैं , उसी के अनुरूप शारीरिक और मानसिक व्याधियाँ उत्पन्न होती हैं l प्रकृति के सामूहिक दंड भी मनुष्य के सामूहिक पतन के दुष्परिणाम होते हैं l उच्च स्तरीय आस्थाओं की अवहेलना , विलासी , बनावटी और अहंकारी गतिविधियाँ अपनाने , चिंतन में दुष्टता और आचरण में भ्रष्टता के कारण आंतरिक तनावों में वृद्धि हुई है l आज अधिसंख्यक व्यक्ति किसी न किसी प्रकार के मानसिक रोग से ग्रस्त पाए जाते हैं l शरीर और मन परस्पर गुंथे हुए हैं l शारीरिक रोग कालांतर में मानसिक और मानसिक रोग शारीरिक रोग बन जाते हैं l