सवर्णों के दबाव के कारण अछूत वर्ग के व्यक्तियों को मुसलमान बनाने में यवनों को मदद मिलती थी l संत रविदास एक ओर अपने लोगों को समझाते और कहते ---- :; तुम सब हिन्दू जाति के अभिन्न अंग हो , तुम्हे दलित जीवन जीने की अपेक्षा मानवीय अधिकारों के लिए संघर्ष करना चाहिए और दूसरी ओर वे कुलीनों से भी टक्कर लेते , कहते वर्ण विभाजन का संबंध मात्र सामाजिक व्यवस्था से है l " उनकी इस अटूट निष्ठा का ही फल था कि रामानंद जैसे महान सवर्ण संत एक दिन स्वयं ही उनकी कुटिया में पधारे और रविदास को दीक्षा देकर उनने उनके आदर्शों की प्रमाणिकता को खरा सिद्ध कर दिया l
25 July 2021
WISDOM -----
' सच्चे गुरु के लिए सैकड़ों जन्म समर्पित हैं , सच्चा गुरु वहां पहुंचा देता है जहाँ शिष्य अपने पुरुषार्थ से कभी नहीं पहुँच सकता है l " पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- ' जो भी गुरुसत्ता के चरणों में , उनके आदर्शों के प्रति समर्पित हो , अपने मन व बुद्धि को लगा देता है , संशयों को मन से निकाल देता है , उसके जीवन की दिशा धारा ही बदल जाती है l उसका आध्यात्मिक कायाकल्प हो जाता है l आंतरिक चेतना के परिमार्जन एवं उसके विकास के लिए जिस दवा की आवश्यकता होती है , वह अत्यंत दुर्लभ होती है l सामर्थ्यवान गुरु ही ऐसी दवा देने की क्षमता रखता है l "
23 July 2021
WISDOM -----
लोकमान्य तिलक भारतीय स्वाधीनता के सच्चे उपासक थे , उन्हें भारतीय स्वाधीनता का मंत्रदाता कहा जाता है l जिस समय लोग स्वतंत्रता का नाम लेने का भी साहस नहीं कर पाते थे , उस समय तिलक महाराज ने उच्च स्वर से घोषणा की कि ----- " स्वराज्य हमारा जन्म सिद्ध अधिकार है और हम उसे लेकर रहेंगे l " जिस समय वर्ष 1908 में उन पर राजद्रोह का प्रसिद्द मुकदमा चल रहा था , उस मुकदमे में उन्होंने अपने कार्य और विचारों को न्याययुक्त सिद्ध करने के लिए स्वयं ही पैरवी की और 21 घंटे तक सिंह की तरह गरज कर भाषण करते रहे l उनके विचारों से भारत की जनता जाग न जाए इसलिए उनको देश निकाले का दंड देकर बर्मा की मांडले जेल में रखा गया l वहां उनकी भाषा को समझने वाला कोई नहीं था और न ही कोई परिचित था l उन छह वर्षों में उन्होंने ' गीता रहस्य ' लिख डाला l उनके जेल से छुटकारे के बाद ' गीता रहस्य ' प्रकाशित हुआ तो यह इतना अधिक प्रसिद्ध हुआ कि दस हजार प्रतियाँ कुछ सप्ताह में ही बिक गईं l तिलक महाराज ने इस ग्रन्थ के द्वारा सुशिक्षित व्यक्तियों का ध्यान कर्तव्य पालन , समाज म सेवा और जन कल्याण की और आकर्षित किया l
21 July 2021
WISDOM ----
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य आचार्य जी लिखते हैं ---- ' ओछापन देर तक छिप नहीं सकता और जब वह प्रकट होता है तब अपने ही पराये बन जाते हैं और वे लोग जो आरम्भ में उनकी प्रशंसा किया करते हैं वे ही अंत में निंदक और असहयोगी बन जाते हैं l ओछे व्यक्तित्व के मनुष्य कभी बड़े काम नहीं कर सकते l जिस चतुरता के बल पर वे नामवरी और सफलता कमाने की आशा लगाते हैं , अंत में वही उन्हें धोखा देती है l " आचार्य श्री आगे लिखते हैं ----- " यों तो सीमित दायरे में जीवन क्रम रखने वाले को भी व्यक्तिगत सफलताओं के लिए उदात्त दृष्टिकोण रखना अपेक्षित है पर जिसे सार्वजनिक क्षेत्र में काम करना हो उसे ओछापन छोड़कर उदारता और साधुता का ही अवलम्बन करना चाहिए l व्यक्तिगत उत्कृष्टता के अभाव में मनुष्य के सारे गुण निरर्थक हो जाते हैं l "
19 July 2021
WISDOM ------ सच्चा धर्म
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी का कहना है ----- ' धर्म के अभाव में कोई भी मनुष्य सच्चा मनुष्य नहीं बन सकता और बिना सेवाभाव के धर्म का कोई महत्व नहीं है l ' पं. मदनमोहन मालवीय सनातन धर्म के साकार रूप थे l धार्मिक नियमों की रक्षा और उनके पालन को वे जीवन का सबसे बड़ा कर्तव्य मानते थे l उनकी धर्म - भावना में घृणा नहीं , प्रेम की प्रधानता थी l वे अपने धर्म के कट्टर अनुयायी थे लेकिन जो धार्मिक नियम रूढ़ि बनकर देश , जाति अथवा समाज को हानि पहुँचाने लगते , उनका त्याग कर देने में उन्हें जरा भी संकोच नहीं होता था l नित्य - प्रति पूजा - पाठ करना मालवीय जी की दिनचर्या का एक विशेष अंग था , किन्तु मानवता की सेवा करना वे व्यक्तिगत पूजा - उपासना से भी अधिक बड़ा धर्म समझते थे l इसका प्रमाण उन्होंने उस समय दिया जब एक बार प्रयाग में प्लेग फैला l असंख्य नर - नारी कीड़े -मकोड़ों की तरह मरने लगे l मित्र -पड़ोसी , सगे - संबंधी सब एक -दूसरे को असहाय दशा में छोड़कर भागने लगे l किन्तु मानवता के सच्चे पुजारी महामना ही थे जिन्होंने उस आपत्तिकाल काल में अपने सारे धार्मिक कर्मकांड छोड़कर तड़पती हुई मानवता की सेवा में अपने जीवन को दांव पर लगा दिया l वे घर, , गली पैदल दवाओं और स्वयं सेवकों को लिए दिन रात रोगियों को खोजकर उनके घर जाते , उनकी सेवा करते , उन्हें दवा देते , उनके मल - मूत्र साफ करते , उनके निवास स्थान तथा कपड़ों को धोते थे l इस सेवा कार्य में वे स्वयं का नहाना - धोना , पूजा - पाठ। खाना -पीना सब भूल जाते थे l यह थी महामना की सेवा भावना जिसके लिए वे अपना तन , मन , धन सब न्योछावर करते रहते थे l उनके धर्म का ध्येय मानवता की सेवा था , जिसे वह जीवन भर सच्चाई के साथ निभाते रहे l
17 July 2021
WISDOM ------
मनुष्यों से मिलकर ही समाज बना है , इसलिए समाज में जो भी समस्याएं हैं , बुराइयाँ हैं उनके लिए मनुष्यों की दूषित प्रवृतियाँ ही जिम्मेदार हैं l स्वार्थ , लालच , अति महत्वाकांक्षा , ऊंच - नीच , जाति - धर्म के आधार पर भेदभाव --- इन अनेक दुर्गुणों के कारण ही समाज में विभिन्न समस्याएं पैदा होती हैं l ये समस्याएं मानव समाज के लिए तब और दुखदायी हो जाती हैं जब लोगों के हृदय में संवेदना नहीं होती l जो लोग श्रेष्ठता के अहंकार से ग्रसित हैं , उनमे संवेदना नहीं होती , वे स्वयं को , अपनी जाति , अपने धर्म , अपनी वस्तुओं , अपने स्तर के लोग और अपनी संतान को ही श्रेष्ठ समझते हैं कि उन्हें ही इस धरती पर जीने का हक है , शेष सब धरती का बोझ हैं , उन्हें मिटाने का वे हर संभव प्रयत्न करते हैं l यह सब आज से नहीं युगों से हो रहा है l इसका कारण यही है कि मनुष्य की चेतना इतनी भौतिक प्रगति के बावजूद भी विकसित नहीं हुई है l चेतना के स्तर पर वह आज भी पशु है l सुख - शांति से जीने के लिए जरुरी है कि मनुष्य नैतिकता को जीवन में अपनाये , सन्मार्ग पर चले , सारी समस्याएं स्वत : ही हल हो जाएँगी l
14 July 2021
WISDOM ------
राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन जी का स्वप्न था कि स्वाधीन भारत में पश्चिम का अंधानुकरण न किया जाये , बल्कि अपने देश की संस्कृति की सुरक्षा और उसे पुनर्जीवित करने का कार्य सरकार को करना चाहिए l वे चाहते थे कि देश में ऐसा वातावरण तैयार किया जाये जिससे भारत की प्रतिष्ठा संसार में पुन: स्थापित की जा सके l भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए टंडन जी के विचारों को स्पष्ट करते हुए सेठ गोविंददास जी ने लिखा है ------ " आजकल दो नए शब्द निकले हैं ---- प्रोग्रेसिव ( प्रगतिवादी ) तथा दूसरा ' नान प्रोग्रेसिव ( अप्रगतिवादी ) उनके अनुसार यदि अपनी संस्कृति , अपनी भाषा से किसी को प्रेम हो और जो भारत को इसके अनुरूप देखना चाहता हो वह ' अप्रगतिवादी कहलाता है l अपने देश की मिटटी से , उसकी सभ्यता से , संस्कृति से , उसके धर्म और उसकी भाषा से प्रेम रखना यदि अप्रगतिवादी विचारधारा है , तो मैं जानना चाहूंगा कि आखिर स्वाधीनता और स्वदेश प्रेम का अर्थ क्या है ? यदि भावी भारत का निर्माण भारतीय आदर्शों को स्थिर रखकर करना है तो हमको अपनी संस्कृति की रक्षा करनी होगी l वे चाहते थे प्राचीन गुरुकुल प्रणाली और आधुनिक शिक्षा का समन्वय कर के भारतवर्ष में उपयुक्त शिक्षा विधि का प्रचार किया जाये l "