जार्ज बर्नाड शॉ का कथन है ------ " जो व्यक्ति समाज से जितना ले यदि उतना ही उसे लौटा दे तो वह एक मामूली भद्र व्यक्ति माना जायेगा l जो समाज से जितना ले उससे कहीं अधिक उसे लौटा दे तो उसे एक विशिष्ट भद्र व्यक्ति कहा जायेगा और जो अपने जीवनपर्यन्त समाज की सेवा में लगा रहे और प्रत्युपकार में समाज से कुछ भी लेने की इच्छा न रखे तो वह एक असाधारण भद्र पुरुष कहलायेगा l परन्तु जो व्यक्ति समाज का सिर्फ शोषण ही करता रहे और समाज को देने की बात भूल जाये उसे क्या ' जेंटिलमैन ' माना जायेगा ? "
31 July 2021
WISDOM -----
मनुष्य ईर्ष्या , द्वेष , लोभ - लालच आदि दुष्प्रवृतियों में इस प्रकार उलझ जाता है कि मृत्यु को अपने अति निकट देखकर भी वह इनसे मुक्त नहीं हो पाता l एक कथा है ------ दो बाज एक ही पेड़ पर रहते थे l दोनों शिकार मार कर लाते और उसी पेड़ पर बैठकर खाते l एक दिन एक बाज ने साँप पकड़ा और दूसरे के हाथ चूहा लगा l दोनों अधमरे थे l दोनों ने सुस्ताकर खाने के लिए पंजों को ढीला छोड़ दिया l तनिक सा अवसर मिला तो साँप घायल चूहे को निगलने का पैंतरा दिखाने लगा l दोनों बाज बहुत हँसे , वे सोचने लगे देखो इन मूर्ख प्राणियों की हालत , स्वयं मरने जा रहे हैं , पर फिर भी द्वेष का स्वभाव और पाने का लोभ छूटता नहीं l
30 July 2021
WISDOM ------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----- " समुद्र के बीच में खड़ा हुआ प्रकाश स्तम्भ बुझ जाए तो फिर उस क्षेत्र में चलने वाले जलयान चट्टान से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त होंगे ही l ' समाज में छाये हुए अनाचार , असंतोष व दुष्प्रवृतियों का एकमात्र कारण यही है कि जनसाधारण की आत्मचेतना मूर्च्छित हो गई है l आचार्य श्री लिखते हैं ---- ' धूर्तता के बल पर आज कितने ही अपराधी प्रवृति के लोग क़ानूनी दंड से बच निकलने में सफल हो जाते हैं लेकिन असत्य का आवरण अंतत: फटता ही है l जन समुदाय में व्याप्त घृणा का सूक्ष्म प्रभाव उस मनुष्य पर अदृश्य रूप से पड़ता है l विपुल साधन संपन्न होते हुए भी व्यक्ति इसी कारण सुख शांतिपूर्वक नहीं रह पाता क्योंकि उन उपलब्धियों के मूल में छिपी अनैतिकता व्यक्ति की चेतना को विक्षुब्ध किए रहती है l
28 July 2021
WISDOM ------
धर्म क्या है ? पं. श्री राम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " धर्म का मर्म है ---- अन्याय का प्रतिकार , अनीति का विरोध एवं आतंक का उन्मूलन l धर्म की सार्थकता प्रकृति और परमात्मा का साहचर्य निभाने में है और पीड़ा व पतन के निवारण में है l धर्म सद्भाव , सद्विचार एवं सत्कर्म के सम्मिलन में रहता है " l महाभारत के महायुद्ध में धर्म , अधर्म की परिभाषा बड़ी विलक्षण है l महाभारत के तीन प्रमुख पात्र हैं भीष्म पितामह --- बड़े धर्मात्मा थे , इनका जीवन पवित्रता और पावनता का प्रतीक था l गुरु द्रोणाचार्य --- ब्राह्मण थे , शस्त्र , शास्त्र के ज्ञाता ,प्रकांड विद्वान् थे l कर्ण --- महादानी और महावीर थे l प्रतिदिन प्रात: सूर्य को अर्घ्य चढ़ाया करते थे और उसके बाद उनसे कोई कुछ भी मांग ले , सहर्ष देते थे l उन्होंने अपने कवच और कुण्डल देवराज इंद्र को दान में दे दिए थे l लेकिन इन तीनो ने ही दुर्योधन के अनेक दुष्कृत्यों में से एक का भी विरोध नहीं किया l भरी सभा में द्रोपदी के चीरहरण पर भी मौन रहे , कोई प्रतिरोध नहीं किया l सामर्थ्य , शौर्य और विद्या होते हुए भी अनीति और अधर्म का साथ दिया , ऐसे व्यवहार ने उन्हें अधर्म की कसौटी पर ला खड़ा किया l अधर्म का साथ देकर वे न तो दुर्योधन की रक्षा कर सके और न ही स्वयं की रक्षा कर सके l
WISDOM ------
महात्मा ईसा प्रात: भ्रमण के लिए जा रहे थे l उनके साथ उनके शिष्य भी थे l घास पर ओस की बूंदे मोतियों सी चमक रही थीं l पास के उद्यान में लिली के फूल खिल रहे थे l ऐसे में एक शिष्य ने पूछा ---- " भगवन ! जीवन में सुख एवं सौंदर्य का रहस्य क्या है ? " प्रश्न के उत्तर में ईसा ने कहा --- " देख रहे हो इन लिली के फूलों को l ये सम्राट सोलोमन से भी ज्यादा सुखी और सुन्दर हैं क्योंकि इन्हें न तो बीते हुए कल का दुःख है और न आने वाले कल की चिंता l ये तो बस , वर्तमान में अपनी सुगंध भरी मुस्कराहट बिखेर रहे हैं l जो इन लिली के फूलों की तरह भूत एवं भविष्य की फिक्र छोड़कर वर्तमान में सत्कर्मों की सुगंध बिखेरता है , वह स्वयं ही जीवन के सुख और सौंदर्य के रहस्य को समझ जाता है l "
27 July 2021
WISDOM -----
युगों - युगों से मनुष्य का स्वाभाव अनेक तरह की चिंताओं से ग्रस्त रहा है l चिंता एक ऐसा रोग है , जो कभी भी हमारे विचारों में घुन की तरह लग जाता है l एक विचारक का कहना है ---' यदि चलने के लिए तैयार खड़े जहाज में सोचने - विचारने की शक्ति होती , तो वह सागर की उत्ताल तरंगों को देखकर डर जाता कि ये तरंगे उसे निगल लेंगी और वह कभी बंदरगाह से बाहर नहीं निकलता लेकिन जलयान सोच नहीं सकता , इसलिए उसे कोई चिंता नहीं होती कि जल में उतरने के बाद उसका क्या होगा , वह तो केवल चलता है l " आचार्य श्री लिखते हैं ---- इसी तरह यदि हम संकटों व परेशानियों के बारे में सोचकर घबराएंगे तो विकास के मार्ग पर हमारा एक कदम भी आगे बढ़ना दूभर हो जायेगा l इसलिए यदि मन आशंकाओं और नकारात्मक कल्पनाओं से भर रहा हो तो अकेले में बैठकर उन्हें सोचना नहीं चाहिए , तुरंत अपने मन को किसी कार्य में लगाना चाहिए ' व्यस्त रहें , मस्त रहें l '
WISDOM -------
एक क्रांतिकारी को स्वतंत्रता संग्राम के दिनों में फाँसी की सजा दे दी गई l उनकी विधवा पत्नी के अतिरिक्त घर में एक युवा कन्या और थी l पैसे की कमी , संरक्षक का अभाव एवं विपन्नता अवरोध के रूप में सामने खड़े थे l ऐसे में एक शिक्षित नवयुवक आगे आया और क्रांतिकारी की बेटी से विवाह हेतु हाथ आगे बढ़ा दिया l अधिकारियों ने धमकी दी कि अब तुम्हारे पीछे भी पुलिस पड़ेगी l क्यों झंझट में पड़ते हो ? युवक डर गया l घटना एक संपादक के संज्ञान में आई l उनने अधिकारियों से जाकर चर्चा की , उन्हें समझाया , यदि आप किसी के आंसू पोंछ नहीं सकते तो रुलाने का भी अधिकार नहीं है l पुलिस अधिकारी शर्मिंदा हुआ , उसने क्षमा मांगी l बाद में उसने और संपादक महोदय ने मिलकर विवाह संपन्न कराया , सारा व्यय का भार भी स्वयं उठाया l विवाह में कन्या के के पिता की जिम्मेदारी निभाने वाले संपादक सज्जन थे --- श्री गणेश शंकर विद्दार्थी , जिन्हे अमर हुतात्मा की बाद में संज्ञा मिली l