पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----" अहंकार एक भ्रम है , जो व्यक्ति के अन्दर तब उत्पन्न होता है जब वह स्वयं को श्रेष्ठ और शक्तिमान समझने लगता है l वह यह मानने लगता है कि दुनिया उसी के इशारे पर चल रही है l जब व्यक्ति सफल होता है तब अपने अहंकार के कारण वह परमात्मा को धन्यवाद देना भूल जाता है और यह सोचता है कि उसी ने सब कुछ किया है l वह चाहता है कि सारी दुनिया उसी का गुणगान करे , उसी के इशारों पर चले l " ------- दक्षिण में मोरोजी पन्त नामक बहुत बड़े विद्वान् थे l उनको अपनी विद्या का बहुत अभिमान था l सबको नीचा दिखाते रहते थे l एक दिन दोपहर के समय वे अपने घर से स्नान करने के लिए नदी पर जा रहे थे l मार्ग में एक पेड़ पर दो ब्रह्मराक्षस बैठे थे l वे आपस में बातचीत कर रहे थे l एक ब्रह्मराक्षस बोला ---- " हम दोनों तो इस पेड़ की दो डालियों पर बैठे हैं , पर यह तीसरी डाली खाली है , इस पर बैठने के लिए कौन आएगा ? " दूसरा ब्रह्मराक्षस बोला ---- " यह जो नीचे से जा रहा है न , वह यहाँ आकर बैठेगा क्योंकि इसको अपनी विद्वता का बड़ा अभिमान है l " उन दोनों का यह संवाद सुनकर मोरोजी पंत वहीँ रुक गए l अपनी होने वाली इस दुर्गति से कि प्रेतयोनि में जाना होगा , वे बहुत घबरा गए और मन ही मन संत ज्ञानेश्वर के प्रति शरणागत होकर बोले ---- " मैं आपकी शरण में हूँ , आपके सिवाय मुझे बचाने वाला कोई नहीं है l " ऐसा सोचते हुए वे आलंदी के लिए चल पड़े और जीवन पर्यंत वहीँ रहे l आलंदी वह स्थान है जहाँ संत ज्ञानेश्वर ने जीवित समाधि ली थी l संत की शरण में जाने से उनका अभिमान चला गया और संत की कृपा से वे भी संत बन गए l आचार्य श्री लिखते हैं --- जीवन में अहंकार उत्पन्न होने से प्रगति के मार्ग अवरुद्ध हो जाते हैं l यदि व्यक्ति की चेतना जाग्रत हो जाये , वह इस सत्य को समझ ले कि जीवन की सार्थकता अहंकार में और उसके अनुचित पोषण में नहीं है तब वह ईश्वर शरणागति , समर्पण भाव , विनम्रता , शालीनता और सद् विवेक को जाग्रत कर अपने जीवन को सही दिशा में ला सकता है l '
15 March 2024
14 March 2024
WISDOM ----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " अहंकार ज्ञान के सारे द्वार बंद कर देता है l अहंकारी की प्रगति जितनी तीव्र होती है , उसका पतन उससे भी अधिक तीव्र गति से होता है l जीवन में पूर्णता की प्राप्ति पात्रता एवं नम्रता से होती है , अभिमान और अहंकार से नहीं l " ---- एक दिन पानी से भरे कलश पर रखी हुई कटोरी ने घड़े से कहा --- " कलश ! तुम बड़े उदार हो l अपने पास आने वाले प्रत्येक पात्र को भर देते हो l किसी को खाली नहीं जाने देते l " कलश ने उत्तर दिया --- " हाँ ! मैं अपने पास आने वाले प्रत्येक पात्र को भर देता हूँ , मेरे अंतर का सारा सार दूसरों के लिए है l " कटोरी बोली ---- " लेकिन मुझे कभी नहीं भरते जबकि मैं हर समय तुम्हारे सिर पर ही मौजूद रहती हूँ l " घड़े ने उत्तर दिया ---- " इसमें मेरा कोई दोष नहीं है , दोष तुम्हारे अहंकार का है l तुम अभिमान पूर्वक मेरे सिर पर चढ़ी रहती हो , जबकि अन्य पात्र मेरे पास आकर झुकते हैं और अपनी पात्रता सिद्ध करते हैं l तुम भी अभिमान छोड़कर मेरे सिर से उतर कर विनम्र बहो बनों , मैं तुम्हे भी भर दूंगा l "
13 March 2024
WISDOM -----
वर्तमान समय में इतने साधु , संत , समाज सुधारक , कथा , प्रवचन , सत्संग इतना अधिक है लेकिन फिर भी सुधार का प्रतिशत लगभग शून्य है l लोग एक कान से सुनते हैं और दूसरे कान से निकाल देते हैं , याद भी रखते हैं तो कही सुनाने के लिए , अपनी छाप छोड़ने के लिए l कमी दोनों तरफ ही है l आचार्य श्री कहते हैं ---- ' एक नशेड़ी अपने जीवन में सैकड़ों नशा करने वालों को अपने साथ जोड़ लेता है l ऐसा इसलिए संभव होता है क्योंकि वह स्वयं नशा करता है , फिर दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करता है , वह जो कहता है , वैसा ही करता भी है l उसकी वाणी और उसका आचरण में एकरूपता होने से उसकी नशे के लिए प्रेरित करने वाली बात में बल आ जाता है l लेकिन सन्मार्ग पर चलने का , सत्य बोलने का , किसी का हक न छीनो , किसी को न सताओ ----ऐसा उपदेश देने वाले बहुत हैं लेकिन उनकी वाणी और व्यवहार में एकरूपता न होने से समाज में सुधार नहीं होता है l ' संसार में अच्छे लोग भी बहुत हैं , जो अपने आचरण से शिक्षा देते हैं लेकिन इतने विशाल संसार में उनकी संख्या बहुत कम है l प्रवचन सुनने भी जो आते हैं , वे उसे टाइम पास और मनोरंजन समझते हैं l एक कथा है ----- एक संत प्रव्रज्या पर निकले और चतुर्मास के दिनों में एक गाँव में ठहर गए l वहां वे नित्य प्रति व्याख्यान देते और उन्हें सुनने के लिए अनेकों गांववासी एकत्रित होते थे l एक भक्त ऐसा था , जो नित्य प्रति उनकी सभा में उपस्थित होता और प्रवचन भी सुनता था l एक दिन उसने संत से कहा --- " महाराज ! मैं नित्य आपका प्रवचन सुनता हूँ , फिर भी बदल क्यों नहीं पाता हूँ ? " संत ने उससे पूछा --- " वत्स ! तुम्हारा घर यहाँ से कितनी दूर है ? " उस व्यक्ति ने कहा --- " करीब दस कोस दूर l " संत ने फिर प्रश्न किया --- " तुम वहां कैसे जाते हो ? " उस व्यक्ति ने उत्तर दिया --- " महाराज ! पैदल जाता हूँ l " संत ने पूछा --- " क्या ऐसा संभव है कि तुम बिना चले , यहाँ बैठे -बैठे अपने गाँव पहुँच जाओ l " वह व्यक्ति बोला --- " महाराज ! ऐसा कैसे संभव है l यदि घर जाना है तो उतनी यात्रा तो करनी ही पड़ेगी l " संत बोले ---- " पुत्र ! यही तुम्हारे प्रश्न का उत्तर है l तुम्हे घर का पता , वहां जाने का मार्ग सब मालूम है लेकिन जब तक तुम उस मार्ग पर चलोगे नहीं , तब तक घर जाना संभव नहीं होगा l इसी प्रकार तुम्हारे पास ज्ञान है , इसे जीवन में उतारे बिना तुम अच्छे इन्सान नहीं बन सकते l यदि तुम्हे स्वयं के भीतर परिवर्तन का अनुभव करना है तो उसके लिए सीखी गई बातों को जीवन में उतारने का प्रयत्न करना होगा l
12 March 2024
WISDOM -----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " मनुष्य की आत्मा में विवेक का प्रकाश कभी भी पूर्णतया नष्ट नहीं हो सकता l इसलिए पाप का पूर्ण साम्राज्य कभी भी छा नहीं सकेगा l विवेकवान आत्माएं अपने समय की विकृतियों से लड़ती ही रहेंगी और बुरे समय में भी भलाई की ज्योति चमकती रहेगी l " लघु -कथा ---- शिष्य ने प्रश्न किया --- " गुरुदेव ! जब संसार में सभी आदमी एक ही तत्व के एक से बने हैं , तो यह छोटे -बड़े का भेदभाव क्यों है ? " गुरु ने उत्तर दिया ---- " वत्स ! संसार में छोटा -बड़ा कोई नहीं , यह सब अपने -अपने आचरण का खेल है l जो सज्जन हैं वे बड़े हो जाते हैं , जबकि नेकी और सज्जनता के अभाव में वही छोटे कहलाने लगते हैं l " शिष्य की समझ में यह बात आई नहीं l तब गुरुदेव ने उसे समझाया कि युधिष्ठिर अपने आचरण के कारण ही धर्मराज कहलाए l जब महाभारत का युद्ध हो रहा था तब युधिष्ठिर शाम को वेश बदलकर कहीं जाते थे l भीम अर्जुन आदि की इच्छा हुई कि देखें आखिर वे वेश बदलकर कहाँ जाते है l शाम को युद्ध विराम होने पर जब युधिष्ठिर वेश बदलकर निकले तो चारों पांडव छुपकर उनके पीछे चल दिए l उन्होंने देखा कि युधिष्ठिर युद्ध स्थल पहुंचे और वहां घायल पड़े लोगों की सेवा कर रहे हैं l घायल व्यक्ति कौरव पक्ष का हो या पांडव पक्ष का वे बिना किसी भेदभाव के सबको अन्न -जल खिला -पिला रहें हैं l किसी को घायल अवस्था में अपने परिवार की चिंता है तो उसे आश्वासन दे रहे हैं l अपने निश्छल प्रेम और करुणा से वे घायलों व मरणासन्न लोगों के कष्ट कम कर रहे हैं , उनकी उपस्थिति ही सबको शांति दे रही है l रात्रि के तीन पहर बीत जाने पर जब वे लौटे तो अर्जुन ने पूछा ---- ' आपको छिपकर , वेश बदलकर आने की क्या जरुरत थी ? " युधिष्ठिर ने कहा --- तात ! इन घायलों में से अनेक कौरव दल के हैं , वे हम से द्वेष रखते हैं l यदि मैं प्रकट होकर उनके पास जाता तो वे अपने ह्रदय की बातें मुझसे न कह पाते और मैं सेवा के सौभाग्य से वंचित रह जाता l " भीम ने कहा --- " शत्रु के सेवा करना क्या अधर्म नहीं है ? " युधिष्ठिर ने कहा --- " बन्धु ! शत्रु मनुष्य नहीं पाप और अधर्म होता है l आत्मा से किसी का कोई द्वेष नहीं होता l मरणासन्न व्यक्ति के मृत्यु के कष्ट को यदि हम कुछ कम कर सकें तो यह हमारा सौभाग्य होगा l " नकुल ने कहा --- " लेकिन महाराज , आपने तो सर्वत्र यह कह रखा है कि शाम का समय आपकी ईश्वर -उपासना का है , इस तरह झूठ बोलने का पाप आपको लगेगा l " युधिष्ठिर बोले --- " नहीं नकुल ! भगवान की उपासना जप , तप और ध्यान से ही नहीं होती , कर्म भी उसका उत्कृष्ट माध्यम है l यह विराट जगत उन्ही का प्रकट रूप है l जो दीन -दुःखी हैं , उनकी सेवा करना , जो पिछड़े और दलित हैं उन्हें आत्म कल्याण का मार्ग दिखाना भी भगवान का ही भजन है l इस द्रष्टि से मैंने जो किया वह ईश्वर की उपासना ही है l सत्य और धर्म का आचरण करने के कारण ही वे धर्मराज कहलाए l
11 March 2024
WISDOM -----
1 . हातिम परदेश जाने लगे तो अपनी पत्नी से पूछ बैठे --- 'तुम्हारे लिए खाने -पीने का कितना सामान रख जाऊं ? " पत्नी ने हँसते हुए कहा --- " जितनी मेरी आयु हो l " हातिम ने कहा --- ' तुम्हारी आयु जानना मेरे बस की बात नहीं है l " पत्नी ने कहा --- " तब तो मेरी रोटी का इंतजाम भी आपके बूते की बात नहीं है l यह काम जिसका है , उसी को करने दीजिए l " पत्नी का ईश्वर पर विश्वास से मुग्ध होकर हातिम परदेश चले गए l एक दिन एक पड़ोसन ने पूछा ---- " बेटी ! हातिम तेरे लिए क्या इंतजाम कर गए हैं ? ' हातिम की पत्नी ने कहा --- " मेरे पति क्या इन्तजाम करेंगे वे तो खाने वाले थे l खाना देने वाला तो अब भी यहीं है l " ईश्वर विश्वासी को किसी का आश्रय आवश्यक नहीं है l
10 March 2024
WISDOM---
संकल्प की शक्ति ----- महाराज अनंगपाल जिस जल से स्नान करते थे उसमें प्रतिदिन कोई न कोई इत्र , चन्दन ,केवड़ा , गुलाब की सुवास मिलाई जाती थी , पर उस दिन के जल में जो मादकता , मधुरता थी , वैसी पहले कभी नहीं मिली थी l महाराज ने परिचारिका को बुलाया और पूछा ----" आज जल -कलश में कौन सी सुबास मिलाई गई है ? " परिचारिका ने कहा --- " क्षमा करें महाराज , एक नई परिचारिका जो कल ही नियुक्त की गई थी , उसने आज के जल का प्रबंध किया , आज्ञा हो तो उसे सेवा में उपस्थित करूँ l " महाराज अनंगपाल ने उस दूसरी परिचारिका से पूछा तो वह बोली --- " महाराज उस जल में कुछ नहीं मिलाया था , वह जल तो मैं अपने मायके से लाई थी l " महाराज की उत्सुकता और बढ़ गई पूछने लगे --- " तुम्हारा मायका कहाँ है , यह जल वहां के किस कुएं का है या तालाब का जिसमें कमल खिले हों l l परिचारिका ने कहा --- " मेरा मायका गंधमादन पर्वत की तलहटी में है l वहां एक आश्रम है जिसमे एक योगी रहते है l उस आश्रम के समीप के एक कुंड का यह जल है l महाराज अनंगपाल बहुत प्रसन्न हुए और परिचारिका को पारितोषिक देकर उस आश्रम की ओर चल दिए l दो दिन की लगातार यात्रा के बाद महाराज वहां पहुंचे तो देखा वहां की प्रत्येक वस्तु उसी सुगंध से परिपूर्ण है l महाराज बड़े आश्चर्य चकित हुए और योगी को प्रणाम कर पूछा ---- " महाराज आपके आश्रम में यह भीनी -भीनी सुगंध कहाँ से आ रही है l " योगी ने कहा --- " महाराज ! इस आश्रम से सौ योजन की दूरी पर इस पर्वत पर एक वृक्ष है , मैं सदैव उसका ध्यान करता हूँ , यह सुगंध उसी वृक्ष की है l " योगी ने राजा को समझाया कि मनुष्य संकल्प बल से अपने जीवन को , अपने वातावरण को जैसा चाहे वैसा बना सकता जैसा वो चाहे l
9 March 2024
WISDOM ------
1 . हवा जोर से चलने लगी l धरती की धूल उड़ -उड़ कर आसमान पर छा गई l धरती से उठकर आसमान पर पहुँच जाने पर धूल को बड़ा गर्व हो गया l वह सहसा कह उठी --- " आज मेरे समान कोई भी ऊँचा नहीं l जल , थल , नभ के साथ दसों दिशाओं में मैं ही व्याप्त हूँ l " बादल ने धूल की गर्वोक्ति सुनी , और अपनी धाराएँ खोल दीं l देखते ही देखते आसमान से उतर कर धूल जमीन पर पानी के साथ दिखाई देने लगी , दिशाएं साफ़ हो गईं , धूल का नामो-निशान मिट गया l पानी के साथ बहती हुई धूल से धरती ने पूछा ---- " रेणुके ! तुमने अपने उत्थान -पतन से क्या सीखा ? " धूल ने कहा ---- " माता धरती ! मैंने सीखा कि उन्नति पाकर किसी को घमंड नहीं करना चाहिए l घमंड करने वाले मनुष्य का पतन अवश्य होता है l
2 . एक व्यक्ति ने महात्मा कन्फ्युशियस से प्रश्न किया ---- " महात्मन ! संयमित जीवन बिताकर भी मैं रोगी हूँ , ऐसा क्यों ? " कन्फ्यूशियस ने कहा ---- " भाई ! तुम शरीर से संयमित हो , पर मन से नहीं l अब जाओ ईर्ष्या -द्वेष करना बंद कर दो , मन से भी संयमी बनो , तो तुम्हे संयम का पूर्ण लाभ मिलेगा l "