लघु कथा --- एक गोताखोर बहुत दिनों से असफल रह रहा था l घोर परिश्रम करने पर भी कुछ हाथ न लगा l पेट भरने के लाले पड़ गए l कोई रास्ता सूझता न था l एक दिन किनारे बैठकर उसने देवता की बहुत प्रार्थना की --- "आप सहारा न देंगे तो मैं जीवित कैसे रहूँगा ? " देवता को दया आ गई , उन्होंने उसे आशीर्वाद दिया l अब उसने फिर डुबकी लगाईं तो एक पोटली हाथ लगी , खोलकर देखा तो उसमें छोटे -छोटे पत्थर भरे थे l दुर्भाग्य को उसने कोसा और देवता को निष्ठुर बताया l वह एक -एक कर के पत्थर के टुकड़ों को पानी में फेंकने लगा और सोचने लगा कि अब वह गोताखोरी छोड़कर मछली पकड़ेगा , इसमें लाभ है l इन्हीं विचारों के बीच जब उसने अंतिम टुकड़े को ध्यान से देखा , तो वह बहुमूल्य नीलम था l देवता के अनुग्रह से मिली इतनी राशि उसने अपने हाथों गंवाई , इसका उसे बहुत दुःख हो रहा था l तभी देवता प्रकट हुए और बोले --- " अकेले तुम ही इस दुनिया में प्रमादी नहीं हो , अन्य लोग भी इस रत्न राशि से बढ़कर बहुमूल्य जीवन संपदा को इसी प्रकार बरबाद करते हैं l जाओ जो बचा है उसे बेचकर कम चलाओ l बड़े भाग्य से मनुष्य का शरीर मिलता है , होश में रहकर जीवन जियो l "
21 March 2024
19 March 2024
WISDOM -----
एक बार की बात है भगवान विष्णु धरती के निवासियों से बहुत प्रसन्न थे और मुक्त हस्त से सभी प्राणियों को उनकी इच्छानुसार धन -धन्य , सुख -स्वास्थ्य , धन -रत्न , पुत्र -पौत्र , वैभव -विलास सब वितरित कर रहे थे l वैकुण्ठ में बड़ी भीड़ थी l वैकुण्ठ का कोष रिक्त होते देख महालक्ष्मी ने विष्णु जी से कहा ---" यदि इस प्रकार मुक्त भाव से आप संपदा लुटाते रहे तो वैकुण्ठ में कुछ नहीं बचेगा , तब हम क्या करेंगे ? " विष्णुजी मंद -मंद हँसे और बोले ---- " देवी ! मैंने सारी संपदा तो नहीं दी l एक निधि ऐसी है जिसे नर , किन्नर , गन्धर्व , देवता , असुर किसी ने भी नहीं माँगा है l " महालक्ष्मी पूछ बैठीं --- " कौन सी निधि ? " विष्णु जी ने कहा ---- " शांति --- उसे कोई नहीं मांगता l ये प्राणी भूल गए हैं कि शांति के बिना कोई भी संपदा पास नहीं रह सकेगी l उन्होंने जो माँगा वह मैंने दिया l अपने लिए मैंने मात्र शांति की निधि सुरक्षित रख ली है l आज के युग की सच्चाई यही है , चाहे कितने ही सुख के साधन हो , लेकिन किसी के मन को शांति नहीं है , सब भाग रहे हैं , एक अंधी दौड़ है l यह शांति कैसे मिले ? ------- देवर्षि नारद के गुरु थे --सनत्कुमार जी l नारद जी ने उनसे ही सारी विद्याएँ , कलाएं सीखीं l गुरु ने अपनी दिव्य द्रष्टि से देखा कि इतने ज्ञान के बावजूद नारद के मन में आकुलता है , शांति नहीं है l सनत्कुमार जी ने नारद जी से कहा --- " तुम अपने ज्ञान का घमंड नहीं करो , भूल जाओ कि तुम ज्ञानी हो , अपने ज्ञान को भक्ति के साथ वितरित करना आरम्भ कर दो l ज्ञान , भक्ति और कर्म के संयोग से ही तुम्हारे मन को शांति मिलेगी l नारद जी ने भक्ति गाथा लिखी , संसार में भ्रमण करते हुए उसको जन -जन तक उसे पहुँचाया तब उनके मन को शांति मिली और वे भक्त शिरोमणि कहलाये l अनेकों को परामर्श देकर उनके जीवन की दिशा बदल दी l उनके परामर्श से ही ध्रुव , प्रह्लाद , महर्षि वाल्मीकि भक्ति के चरम पर पहुंचे l
18 March 2024
WISDOM-------
श्रीमद् भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कर्तव्य कर्म को ही श्रेष्ठतम कर्म कहा है l मनुष्य अपने कर्तव्य कर्म से तो मुख मोड़ सकता है , परन्तु कर्मों के फल से नहीं बच सकता l यदि किसी कर्म द्वारा हम भगवान की ओर बढ़ते हैं तो वह सत्कर्म है और वह हमारा कर्तव्य है , परन्तु जिस कर्म के द्वारा हम पतित होते हैं वह हमारा कर्तव्य नहीं हो सकता l पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " देश -काल -पात्र के अनुसार हमारे कर्तव्य बदल जाते हैं और सबसे श्रेष्ठ कर्म तो यह है कि जिस विशिष्ट समय पर हमारा जो कर्तव्य हो , उसी को हम भली -भांति निभाएं l पहले तो हमें जन्म से प्राप्त कर्तव्य को करना चाहिए और उसे कर चुकने के बाद , सामाजिक जीवन में हमारे ' पद ' के अनुसार जो कर्तव्य हो , उसे संपन्न करना चाहिए l आचार्य श्री लिखते हैं --- ' प्रकृति हमारे लिए जिस कर्तव्य का चयन करती है , उसका विरोध करना व्यर्थ है l यदि कोई मनुष्य छोटा कार्य करे , तो उसके कारण वह छोटा नहीं कहा जा सकता l कर्तव्य के मात्र बाहरी रूप से ही मनुष्य की उच्चता का निर्णय करना उचित नहीं है , देखना तो यह चाहिए कि वह अपना कर्तव्य किस भाव से करता है l सबसे श्रेष्ठ कार्य तो तभी होता है , जब उसके पीछे किसी प्रकार का स्वार्थ न हो और उस व्यक्ति ने अपना कर्तव्य पूर्ण मनोयोग के साथ पूर्ण किया हो l " एक कथा है ---- एक संन्यासी ने कठोर तप किया , उनके पास कुछ ऐसी शक्ति आ गई कि क्रोध आने पर द्रष्टि मात्र से ही वे किसी को भी भस्म कर सकते थे l उन्हें अपनी शक्ति का बड़ा अहंकार हो गया l ईश्वर किसी के अहंकार को सहन नहीं करते , उस समय आकाशवाणी हुई कि तुमसे भी बड़ा तपस्वी अमुक व्याध है l संन्यासी उस व्याध से मिलने गए तो देखा कि वह व्याध अपना काम लगातार कर रहा है और जब काम पूरा कर चुका तो उसने अपने रूपये -पैसे समेटे और संन्यासी से कहा --- " चलिए महाराज ! घर चलिए l " घर पहुंचकर व्याध ने उन्हें आसन दिया और कहा ---' आप यहाँ थोडा ठहरिये l " इतना कहकर वह व्याध अन्दर चला गया l वहां उसने अपने वृद्ध माता -पिता को स्नान कराया , भोजन कराया और फिर उन संन्यासी के पास आया और कहा ---' अब बताइए , मैं आपकी क्या सेवा कर सकता हूँ ? ' संन्यासी ने उससे आत्मा -परमात्मा सम्बन्धी प्रश्न किए , उनके उत्तर में व्याध ने जो उपदेश दिया वह महाभारत में वर्णित है l जब व्याध अपना उपदेश समाप्त कर चुका तो संन्यासी को बड़ा आश्चर्य हुआ और उन्होंने कहा ---- " इतने ज्ञानी होते हुए भी आप इतना निन्दित और कुत्सित कार्य क्यों करते हैं ? " व्याध ने कहा ---- " महाराज ! कोई भी कार्य निंदित अथवा अपवित्र नहीं है l मैं जन्म से ही इस परिस्थिति में हूँ , यही मेरा प्रारब्धजन्य कर्म है l मेरी इसमें कोई आसक्ति नहीं है , कर्तव्य होने के नाते मैं इसे उत्तम रूप से करता हूँ l मैं गृहस्थ होने के नाते अपना कर्तव्य करता हूँ और अपने माता -पिता के प्रति अपने कर्तव्य को पूर्ण करता हूँ l मैं कोई योग नहीं जानता , संन्यासी नहीं हूँ , संसार को छोड़कर कभी वन भी नहीं गया , परन्तु फिर भी आपने मुझसे जो सुना व देखा वह सब मुझे अनासक्त भाव से अपनी अवस्था के अनुरूप कर्तव्य का पालन करने से ही प्राप्त हुआ है l " आचार्य श्री लिखते हैं --- " कर्तव्य आत्मा को मुक्त कर देने के लिए शक्तिशाली साधन हैं , इसलिए जब भी हम कोई कार्य करें तो उसे एक उपासना के रूप में करना चाहिए , कार्य को पूजा समझकर करें l "
17 March 2024
WISDOM -----
एक साधक जब भी पूजा में बैठता , तभी बुरे विचार उसके मन में उठते l वह गुरु से इसका हल पूछने गया l गुरु ने उसे एक कुत्ते की सेवा करने का आदेश दिया , दस दिन तक वह उनके आश्रम में ही ठहरा l शिष्य कारण तो नहीं समझ सका , पर गुरु के आदेशानुसार कुत्ते की सेवा करने लगा l दस दिन कुत्ते को साथ रखने से वह उसके साथ बहुत हिल -मिल गया l अब गुरु ने आज्ञा दी कि इसे भगाकर आओ l साधक भगाने जाता , लेकिन वह कुत्ता फिर उसके पीछे -पीछे लौट आता l तब गुरु ने समझाया कि जिन बुरे विचारों में तुम दिन भर डूबे रहते हो , वे पूजा के समय तुम्हारा साथ क्यों छोड़ने लगे ? शिष्य की समझ में बात आ गई और उसने दिन भर अच्छे विचार करते रहने की साधना शुरू कर दी l गुरु ने कहा --- ध्यान का अर्थ मात्र एकाग्रता नहीं , श्रेष्ठ विचारों की तन्मयता भी है l श्रीमद् भगवद्गीता में भगवान ने कहा है कि निष्काम कर्म से मन निर्मल होता है , कर्म कटते हैं , जन्मों के पाप धुल जाते हैं और धीरे -धीरे एक समय ऐसा आता है कि बुरे विचारों का आना बंद हो जाता है l अध्यात्म -पथ पर धैर्य की जरुरत है l
16 March 2024
WISDOM ---
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " यह ज्ञान ही है जो सत्य को असत्य में गिरने से , धर्म को अधर्म में परिणत होने से , दान को कृपणता में बदलने से , तप को भोगवादी होने से और तीर्थों को अपवित्रता में परिवर्तित होने से बचाता है l लेकिन यदि ज्ञान ही अपने मार्ग से भ्रष्ट हो जाता है और अविवेक का मार्ग अपनाता है तो - सत्य , धर्म , ज्ञान आदि विभूतियों का क्या होगा ? " आचार्य श्री लिखते हैं ---- ' ज्ञानी जब अहंकारी हो जाता है तब उसके अंत: करण से करुणा नष्ट हो जाती है l उस स्थिति में वह औरों का मार्गदर्शन नहीं कर सकता l ऐसी सर्वज्ञता का क्या लाभ ? " -------- दक्षिण भारत के एक बड़े ही ज्ञानी , तपस्वी साधु थे ---सदाशिव ब्रह्मेन्द्र स्वामी l ये अपने गुरु के आश्रम में वेदांत का अध्ययन कर रहे थे l एक दिन उस आश्रम में एक विद्वान् पंडित जी पधारे l आश्रम में प्रवेश करते ही किसी बात पर उनका सदाशिव स्वामी से विवाद हो गया l सदाशिव स्वामी ने अपने तर्कों से उन पंडित जी के तर्कों को तहस -नहस कर दिया l वे आगंतुक पंडित , सदाशिव स्वामी की विद्वता के सामने पराजित हो गए और स्थिति ऐसी हो गई कि उन पंडित जी को ब्रह्मेन्द्र स्वामी से क्षमा -याचना करनी पड़ी l ब्रह्मेन्द्र स्वामी बड़े प्रसन्न थे कि उनकी इस विजय पर गुरु उनकी पीठ थपथपायेंगे , लेकिन ऐसा हुआ नहीं , बल्कि इसके ठीक विपरीत हुआ l उनके गुरु ने सदाशिव ब्रह्मेन्द्र स्वामी को कड़ी फटकार लगाईं और बोले ----- " सदाशिव ! श्रेष्ठ चिंतन की सार्थकता तभी है , जब उससे श्रेष्ठ चरित्र बने और श्रेष्ठ चरित्र तभी सार्थक है , जब वह श्रेष्ठ व्यवहार बनकर प्रकट हो l तुमने वेदांत का चिन्तन तो किया , पर ज्ञाननिष्ठ साधक का चरित्र नहीं गढ़ सके और न ही तुम ज्ञाननिष्ठ साधक का व्यवहार करने में समर्थ हो पाए , इसलिए तुम्हारे अब तक के सारे अध्ययन -चिन्तन को बस धिक्कार योग्य ही माना जा सकता है l " गुरु के इन वचनों को सुनकर सदाशिव स्वामी का अहंकार चूर -चूर हो गया l उन्होंने बड़े ही विनम्र भाव से पूछा --- " हे गुरुदेव ! हम अपना व्यक्तित्व किस भांति गढ़ें ? " उत्तर में गुरुदेव ने कहा ---- " तर्क -कुतर्क से बचो और मौन रहकर सकारात्मक चिन्तन , मनन , ध्यान से श्रेष्ठ चरित्र का निर्माण करो l "
15 March 2024
WISDOM -----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----" अहंकार एक भ्रम है , जो व्यक्ति के अन्दर तब उत्पन्न होता है जब वह स्वयं को श्रेष्ठ और शक्तिमान समझने लगता है l वह यह मानने लगता है कि दुनिया उसी के इशारे पर चल रही है l जब व्यक्ति सफल होता है तब अपने अहंकार के कारण वह परमात्मा को धन्यवाद देना भूल जाता है और यह सोचता है कि उसी ने सब कुछ किया है l वह चाहता है कि सारी दुनिया उसी का गुणगान करे , उसी के इशारों पर चले l " ------- दक्षिण में मोरोजी पन्त नामक बहुत बड़े विद्वान् थे l उनको अपनी विद्या का बहुत अभिमान था l सबको नीचा दिखाते रहते थे l एक दिन दोपहर के समय वे अपने घर से स्नान करने के लिए नदी पर जा रहे थे l मार्ग में एक पेड़ पर दो ब्रह्मराक्षस बैठे थे l वे आपस में बातचीत कर रहे थे l एक ब्रह्मराक्षस बोला ---- " हम दोनों तो इस पेड़ की दो डालियों पर बैठे हैं , पर यह तीसरी डाली खाली है , इस पर बैठने के लिए कौन आएगा ? " दूसरा ब्रह्मराक्षस बोला ---- " यह जो नीचे से जा रहा है न , वह यहाँ आकर बैठेगा क्योंकि इसको अपनी विद्वता का बड़ा अभिमान है l " उन दोनों का यह संवाद सुनकर मोरोजी पंत वहीँ रुक गए l अपनी होने वाली इस दुर्गति से कि प्रेतयोनि में जाना होगा , वे बहुत घबरा गए और मन ही मन संत ज्ञानेश्वर के प्रति शरणागत होकर बोले ---- " मैं आपकी शरण में हूँ , आपके सिवाय मुझे बचाने वाला कोई नहीं है l " ऐसा सोचते हुए वे आलंदी के लिए चल पड़े और जीवन पर्यंत वहीँ रहे l आलंदी वह स्थान है जहाँ संत ज्ञानेश्वर ने जीवित समाधि ली थी l संत की शरण में जाने से उनका अभिमान चला गया और संत की कृपा से वे भी संत बन गए l आचार्य श्री लिखते हैं --- जीवन में अहंकार उत्पन्न होने से प्रगति के मार्ग अवरुद्ध हो जाते हैं l यदि व्यक्ति की चेतना जाग्रत हो जाये , वह इस सत्य को समझ ले कि जीवन की सार्थकता अहंकार में और उसके अनुचित पोषण में नहीं है तब वह ईश्वर शरणागति , समर्पण भाव , विनम्रता , शालीनता और सद् विवेक को जाग्रत कर अपने जीवन को सही दिशा में ला सकता है l '
14 March 2024
WISDOM ----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " अहंकार ज्ञान के सारे द्वार बंद कर देता है l अहंकारी की प्रगति जितनी तीव्र होती है , उसका पतन उससे भी अधिक तीव्र गति से होता है l जीवन में पूर्णता की प्राप्ति पात्रता एवं नम्रता से होती है , अभिमान और अहंकार से नहीं l " ---- एक दिन पानी से भरे कलश पर रखी हुई कटोरी ने घड़े से कहा --- " कलश ! तुम बड़े उदार हो l अपने पास आने वाले प्रत्येक पात्र को भर देते हो l किसी को खाली नहीं जाने देते l " कलश ने उत्तर दिया --- " हाँ ! मैं अपने पास आने वाले प्रत्येक पात्र को भर देता हूँ , मेरे अंतर का सारा सार दूसरों के लिए है l " कटोरी बोली ---- " लेकिन मुझे कभी नहीं भरते जबकि मैं हर समय तुम्हारे सिर पर ही मौजूद रहती हूँ l " घड़े ने उत्तर दिया ---- " इसमें मेरा कोई दोष नहीं है , दोष तुम्हारे अहंकार का है l तुम अभिमान पूर्वक मेरे सिर पर चढ़ी रहती हो , जबकि अन्य पात्र मेरे पास आकर झुकते हैं और अपनी पात्रता सिद्ध करते हैं l तुम भी अभिमान छोड़कर मेरे सिर से उतर कर विनम्र बहो बनों , मैं तुम्हे भी भर दूंगा l "