इस धरती पर मानव जीवन में आपदाएं विपदाएं आती रहती हैं l कभी -कभी इनका रूप बहुत विकराल होता है , स्पष्ट रूप से यह समझ में आता है कि प्रकृति बहुत क्रोधित है , किसी तरह उनका क्रोध शांत ही नहीं हो रहा है l मनुष्य अपनी मानसिक विकृतियों के कारण अनेक तरह के पापकर्म करता है लेकिन जब कोई भयंकर पाप समझदार , सभ्रांत और समाज के सभ्य कहे जाने वाले लोगों द्वारा सोच -समझकर , समाज से छिपकर निर्दोष प्राणियों , बच्चों और बेसहारा लोगों पर किया जाता है , उसे प्रकृति सहन नहीं करती l ऐसे पापकर्म में जो भी भागीदार होते हैं , सब जानते हुए चुप रहते हैं , अपनी शक्ति से उन्हें रोकते नहीं बल्कि उन्हें और छूट देते हैं --- ऐसे लोगों को प्रकृति कभी क्षमा नहीं करतीं l ऐसे प्राकृतिक प्रकोप , महामारी , भूकंप , तूफ़ान में गेहूं के साथ घुन भी पिसता है l जागरूक न होने का भी दंड मिलता है l प्रकृति को शांत कर सुख -शांति से जीवन जीना है तो संसार में मनुष्य को जागरूक होना होगा , देखना होगा कहाँ छोटे -छोटे बच्चों का शोषण , उत्पीड़न हो रहा है , कहाँ मानव शरीर के विभिन्न अंगों का भी बाजार बना है , स्वाद के नाम पर कितने प्राणियों की हत्या हो रही है , कम उम्र के कितने युवाओं को बहला -फुसलाकर नशे की लत लगाईं जा रही है ---ये सब पापकर्म मनुष्य या ---- सिर्फ अपने लाभ के लिए करता है l ऐसे ही पापों की जब अति हो जाती है तब प्रकृति सामूहिक दंड देती है l कितने ही दंड मिल जाएँ मनुष्य सुधरता नहीं है , वह अपनी ही विकृतियों का गुलाम है , उसे इन सबकी आदत बन गई है , इसी का नाम संसार है l भगवान भी अवतार ले लेकर थक गए , कहाँ तक समझाएं , मनुष्य की अक्ल पर परदा पड़ा है l
19 January 2025
17 January 2025
WISDOM -----
महाभारत में एक प्रसंग है जिसमें धर्मराज युधिष्ठिर से यक्ष ने कई प्रश्न पूछे , उनमे से एक प्रश्न था ---- इस संसार का सबसे बड़ा आश्चर्य क्या है ? ' युधिष्ठिर ने उत्तर दिया --- " सबसे बड़ा आश्चर्य है कि मृत्यु को सुनिश्चित घटना के रूप में देखकर भी मनुष्य इसे अनदेखा करता है l वह मृत्यु की नहीं जीवन की तैयारी कुछ इस अंदाज में करता है , जैसे विश्वास हो कि वह कभी मरेगा ही नहीं l उसे सदा -सदा जीवित रहना है l " यह सत्य है , वैज्ञानिक नित्य नए तरीकों से और आध्यात्मिक कहे जाने वाले लोग भी पूजा -पाठ , मन्त्र , जप -तप आदि के विभिन्न प्रयोगों से निरंतर प्रयासरत हैं , जिससे रोग , बीमारी , बुढ़ापा व मृत्यु से बचा जा सके l बस ! यही वह बिंदु है , जहाँ सब हार गए l ईश्वर से बड़ा कोई नहीं है l अरबों की संपदा , सारी सुख -सुविधाएँ , अनुभवी चिकित्सक , तंत्र -मन्त्र की बड़ी से बड़ी ताकत भी मृत्यु को नहीं रोक सकती l ईश्वर ने जितनी सांसे दी है , सम्पूर्ण पृथ्वी का वैभव लुटाने पर भी एक पल भी अतिरिक्त नहीं मिलता l लेकिन इसके साथ एक सत्य यह भी है कि यदि कोई व्यक्ति ईश्वर के कार्य के लिए स्वयं को समर्पित कर दे तब ईश्वर उसकी नियति अपने हाथ में ले लेते हैं और ईश्वरीय योजना को पूर्ण करने में उसकी भागीदारी के लिए उसे जीवन देते हैं l जैसे महाभारत में अर्जुन ने स्वयं को भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में समर्पित किया , तब भगवान स्वयं उनके सारथि बने और भीष्म , द्रोणाचार्य , कर्ण जैसे महारथियों के तीव्र प्रहार से उनकी रक्षा की l इस कलियुग में हम अर्जुन जैसे न भी बन पाएं तो भगवान ने श्रीमद् भगवद्गीता में कहा है --- निष्काम कर्म करो , निष्काम कर्म से तुम अपने लिए सुंदर दुनिया बना सकते हो l ' हमारे ऋषियों , आचार्य ने कहा है --- सत्कर्म का कोई भी मौका हाथ से न जाने दो , सत्कर्म की पूंजी इकट्ठी करो , यह पूंजी ही जीवन में आने वाली विभिन्न विपदाओं से हमारी रक्षा करती है l आचार्य श्री कहते हैं --- मृत्यु के सत्य को स्वीकार कर जीवन को सार्थक बनाने का प्रयास करो l ' मृत्यु की देवी हमें बहुत कुछ सिखाती हैं कि ये अहंकार , ऊँच -नीच , अमीर -गरीब का भेदभाव व्यर्थ है , केवल मृत्यु ही ऐसी है जो कोई भेदभाव नहीं करती , एक ही तरीका है --- मुट्ठी बांधे आया जग में , हाथ पसारे जाना है l
16 January 2025
WISDOM -----
जापान का एक युवा तीरंदाज स्वयं को दुनिया का सबसे बड़ा धनुर्धर मानने लगा था l वह जहाँ भी जाता , लोगों को मुकाबले की चुनौती देता और उस मुकाबले में उनको हराकर उनका खूब मजाक उड़ाता l एक बार उसने एक झेन गुरु बोकोशु को चुनौती दी l गुरु ने चुनौती स्वीकार कर ली l युवक ने स्पर्धा प्रारम्भ होते ही लक्ष्य के बीचोंबीच निशाना लगाया और पहले ही तीर में लक्ष्य भेद दिया l वह झेन गुरु से दंभ पूर्वक बोला ---- " क्या आप इससे बेहतर कर सकते हैं ? " झेन गुरु मुस्कराए और उसे ऐसे स्थान पर ले गए , जहाँ दो पहाड़ियों को जोड़ने के लिए लकड़ी का एक कामचलाऊ पुल बना था l उस पर कदम रखते ही वह चरमराने लगा l बोकोशु ने उसे पुल पर अपने पीछे आने को कहा l बोकोशु ने पुल के बीच पहुंचकर सामने दूर खड़े एक पेड़ के तने पर निशाना लगाया l इसके बाद उन्होंने उस युवक से निशाना लगाने को कहा , परन्तु कई बार के प्रयास के बाद भी वह निशाना न लगा सका l उसे निराशा में डूबा हुआ देखकर झेन गुरु ने कहा --- " वत्स ! तुमने निशाना लगाना तो सीख लिया , पर मन पर नियंत्रण करना नहीं सीखा , जो किसी भी परिस्थिति में शांत रहकर निशाना साध सके l " युवक को बात समझ में आ गई l उसने अब अहंकार छोड़कर मन को साधने का प्रयास आरम्भ किया l
13 January 2025
WISDOM -----
पुराण में अनेक कथाएं हैं l ये कथाएं बहुत संक्षिप्त में हैं लेकिन इनमे प्रत्येक युग के लिए कोई न कोई महत्वपूर्ण तथ्य अवश्य दिया गया है l गहराई से अध्ययन -मनन करने पर वह समझ में आता है l एक कथा है ---- एक राजा थे --महाराज ययाति l उनके जिंदगी के दिन पूरे हो गए तो यमराज उन्हें लेने पहुंचे l वे यमराज के आगे बहुत रोए और विनती करने लगे कि अभी तो मेरी इच्छाएं पूरी ही नहीं हुईं , मुझे कुछ समय का जीवन और दो ताकि मैं अपनी अतृप्त इच्छाओं को पूरा कर सकूँ l यमराज ने उन्हें बहुत समझाया कि ये सुख -भोग की कामनाएं कभी पूर्ण नहीं होतीं लेकिन ययाति तो रोते , गिडगिडाते रहे l यमराज को दया आ गई और उन्होंने कहा --- 'ठीक है , तुम अपने पुत्र से उनकी आयु के कुछ वर्ष मांग लो तो तुम्हे उतने वर्ष मिल जाएंगे और पुत्र की आयु में उतने वर्ष कम हो जाएंगे l ययाति के कई पुत्र थे , सबने अपने पिता को अपनी आयु देने से मना कर दिया , अंत में छोटे पुत्र को दया आ गई उसने अपनी आयु के सौ वर्ष अपने पिता को दे दिए l ययाति का स्वार्थ पूरा हुआ और वे भोग विलास में डूब गए l ऐसी कथा है कि ऐसा दस बार हुआ , हजार वर्षों तक सुख -भोग भोगने के बाद भी वे कभी तृप्त नहीं हुए l ---- इस कथा में एक महत्वपूर्ण बात यह है कि उस युग में लोगों में वीरता थी , वे अपनी कामना -वासना की पूर्ति के लिए समाज से छिपकर कोई कार्य नहीं करते थे , ययाति ने अपनी कमजोरियों को प्रत्यक्ष रूप से सबके सामने रखा और पुत्र से उसकी आयु मांग ली l कलियुग की सबसे बुरी बात यह है कि अब लोग समाज के सामने अच्छे बनते हैं ताकि उनके पीछे छिपी कालिख को कोई देख न सके l विज्ञानं ने इस छिपा -छिपी के खेल को और मजबूती दे दी l अब कोई सामने से आयु नहीं मांगता , अब एनर्जी वैम्पायर हैं l ये एनर्जी वैम्पायर किसी तरीके से या किसी एंटिटी की मदद से किसी की भी एनर्जी को खींच लेते हैं और उससे अपनी कामना -वासना महत्वाकांक्षा और अतृप्त इच्छाओं को पूरा करते हैं और एक अज्ञात तार से किसी अन्य को भी सप्लाई कर देते हैं l जिन्हें दूसरों की एनर्जी पर सुख -भोग का जीवन जीने की आदत पड़ जाती है , यदि किसी कारण से इसमें बाधा आ जाए तब श्रीमद् भगवद्गीता का कथन सत्य है ---- कामना में पूर्ति में बाधा से क्रोध की उत्पत्ति होती है और क्रोध से बुद्धि का विनाश ----- यह विपरीत बुद्धि क्या न कर दे कोई नहीं जानता l ये एनर्जी वैम्पायर मायावी असुर ही हैं जो भूत , प्रेत , पिशाच जैसी नकारात्मक शक्तियों को अपने वश में रखकर उनसे आसुरी कार्य कराते हैं और हा --हा कर के हँसते हैं l
12 January 2025
WISDOM ----
युद्ध , लड़ाई -झगड़े , उन्माद , प्राकृतिक आपदाएं --- भूकंप , तूफ़ान , बाढ़ , सुनामी , आग, दुर्घटनाएं ----- यह सब आदिकाल से ही चली आ रही हैं , यह सब कोई नई बात नहीं है l कितनी ही सभ्यताएं इन्हीं कारणों से काल के गर्त में समां गईं l अब जब वे खुदाई में मिलती हैं तब गणना होने पर समझ में आता है कि वे कितने हजारों वर्ष पुरानी थीं l इन आपदाओं से जो बच जाते हैं वे अपनी बुद्धि और ज्ञान से केवल ऊपरी सतह पर इनके कारण और इनसे सुरक्षा के उपाय खोजते हैं , वे इनकी गहराई में नहीं जाते कि इनका वास्तविक कारण क्या है ? और कैसे इस पृथ्वी पर सुख -चैन से जिया जा सकता है ? मनुष्य ने अपनी चेतना के द्वार को बंद कर लिया है और काम , क्रोध , लोभ , मोह , महत्वाकांक्षा , स्वार्थ , अहंकार ----- के जाल में फँसकर , इनमें लिप्त होकर स्वयं को ही भूल गया है l ईश्वर ने कई बार अवतार लेकर , अपनी विभिन्न लीलाओं से मनुष्य को समझाने का बहुत प्रयास किया लेकिन सांसारिक आकर्षण इतना तीव्र है कि मनुष्य ने इसे अनदेखा कर दिया l स्वयं भगवान श्रीकृष्ण की द्वारका उनके वंशजों की गलतियों के कारण समुद्र में डूब गई l ईश्वर ने इस स्रष्टि की रचना की l यह धरती ईश्वर को सबसे ज्यादा प्रिय है l वे चाहते हैं कि मनुष्य इस पृथ्वी को और सुंदर बनाए l समस्या ये है कि ईश्वर स्वयं प्रत्यक्ष रूप से बात नहीं करते , वे संकेतों में समझाते हैं और संसार के विभिन्न धर्म के पवित्र ग्रंथों में यह स्पष्ट किया गया है कि मनुष्य को सुख -शांति से जीने के लिए कैसा आचरण करना चाहिए l लेकिन रावण से लेकर अब तक मनुष्य ने इसे समझा ही नहीं l इसलिए रावण की लंका जल गई , कौरव वंश का अंत हो गया , भीषण युद्धों में खून की नदियाँ बह गईं l ईश्वर सब कुछ सहन करते हैं लेकिन मनुष्य के अहंकार को सहन नहीं करते l लोग कहते हैं ईश्वर कहाँ है ? हमने देखा नहीं ! यह प्रकृति माँ , आकाश पिता , सबको प्राण ऊर्जा देने वाले सूर्य भगवान ही तो प्रत्यक्ष देवता हैं जो हर पल हमारे सामने हैं , हमें दर्शन देते हैं l लेकिन जब मनुष्य इनके उपेक्षा कर स्वयं को भगवान समझता है l अपने अहंकार में लोगों पर अत्याचार करता है l अपनी शक्ति , पद , धन , वैभव , सौन्दर्य , रंग , धर्म , जाति , ऊँच -नीच आदि विभिन्न कारणों से अपने अहंकार में आकर लोगों को प्रताड़ित करता है , निर्दोष के प्राण लेता है , लोगों के जीवन को नरकतुल्य बना देता है ---- तब ऐसे उत्पीड़ित लोगों की आहें इस वायुमंडल में रहती हैं l इतिहास के पन्ने पलटें तो देखें कितने भयंकर युद्ध हुए , कभी रंग के आधार पर , कभी धर्म के आधार पर कभी बिना कारण ही महिलाओं और बच्चों और गर्भस्थ शिशु पर अत्याचार किए , उन सबकी आहें इस वायुमंडल में हैं , वे अतृप्त आत्माएं आज भी अपनी मुक्ति के लिए भटक रहीं हैं l इन्हें मुक्त करने के लिए प्रयास करना तो बहुत दूर की बात है , मनुष्य इतना स्वार्थी हो गया है कि लगभग सारे संसार में ही लोग तंत्र जैसे विभिन्न तरीकों से इन आत्माओं को अपने नियंत्रण में कर के अपना स्वार्थ सिद्ध करते हैं l एक तो वायुमंडल में व्याप्त ये आहें और इसके साथ मनुष्य का यह स्वार्थ यह सब मिलकर ही अनहोनी घटनाओं को जन्म देते हैं , प्राकृतिक आपदाएं आती है l ईश्वर चाहते हैं मनुष्य इनसान बने , किसी को सताओ नहीं , बद्दुआ न लो l एक बार इनसान बनों और देखो कि दुआओं में कितनी ताकत है l प्रकृति से प्रेम करो l कितने भी ताकतवर हो जाओ , ईश्वर से बड़ा कोई नहीं l यह अहंकार ही सब के पतन का कारण है l
11 January 2025
WISDOM -----
सभी प्राणियों में ईश्वर ने मनुष्य को सबसे ज्यादा बुद्धिमान बनाया l अपनी बुद्धि के बल पर मनुष्य ने धन -दौलत , शक्ति -संपदा सब एकत्र कर ली और स्वयं को भगवान समझ बैठा जैसे सबके भाग्य का फैसला करना उसी के हाथ में है l यह अहंकार ही मनुष्य की सबसे बड़ी भूल है l प्रकृति समय =समय पर अपना तांडव दिखाती है , मनुष्य के सचेत करती है लेकिन मनुष्य सुधरता ही नहीं है l इसका कारण यही है कि मनुष्य के पास बुद्धि तो है लेकिन विवेक नहीं है l विवेक न होने से ही वह अपनी बुद्धि का दुरूपयोग करता है l विवेक कही बाजार में , संस्था में नहीं मिलता , यह तो ईश्वरीय कृपा से ही मिलता है l जब कोई मनुष्य सन्मार्ग पर चलता , सत्कर्म करता है और ऐसा करने के साथ गायत्री मन्त्र का जप करता है तब ईश्वर की कृपा से उसे विवेक का वरदान मिलता है l आज सारे संसार को गायत्री मन्त्र को जपने की जरुरत है l विवेक न होने के कारण ही मनुष्य वे सब कार्य करता है जो स्वयं उसके लिए और मानवता के लिए घातक है l
9 January 2025
WISDOM -----
मनुष्य के जीवन में अनेक समस्याएं निरंतर ही उसे घेरे रहती हैं l धन -वैभव , सुख -सुविधा के साधनों से सभी समस्याएं हल नहीं होतीं , टेंशन बना ही रहता है l इस तनाव का सबसे बड़ा कारण यह है ---- दिखावे की जिंदगी l वह जैसा है वैसा दिखना और दिखाना नहीं चाहता < अपनी असलियत को समाज से छुपाना चाहता है l यह समस्या गरीब वर्ग की नहीं है l यह समस्या है मध्यम और अमीर वर्ग की l यदि जीवन खुली किताब की तरह हो तो कहीं कोई तनाव नहीं होगा लेकिन इस युग में लोगों के स्वयं को बहुत अच्छा , श्रेष्ठ गुण संपन्न , सबका भला चाहने वाला , सब की मदद करने वाला संभ्रांत व्यक्ति होने की होड़ लगी है l मनुष्य होने के नाते काम , क्रोध , लोभ , मोह , ईर्ष्या ,द्वेष , स्वार्थ , लालच , महत्वाकांक्षा सभी में थोड़ी -बहुत होती है लेकिन जिसमें इनमे से कोई भी भाव अधिक है वह उनसे जुड़ी हुई गलतियाँ भी करता है , बड़े अपराध भी करता है और फिर समाज में स्वयं को शरीफ दिखाने के लिए मुखौटा लगाए रहता है ताकि कोई उसकी असलियत न जान पाए l उसका सबसे बड़ा तनाव इस मुखौटे के उतरने का है l इस मुखौटे को बचाए रखने के लिए उसे कितने पापड़ बेलने पड़ते है , यह उसके तनाव का सबसे बड़ा कारण है , इसका इलाज डॉक्टर के पास भी नहीं है l ऋषि चिन्तन यही है कि जैसे हो वैसे ही दिखो , , जो उपदेश देते हो वैसा ही स्वयं का आचरण हो , यदि गलती हो गई है तो उसे स्वीकार करो , स्वयं को सुधारने का संकल्प लो l अपने अहंकार के कारण व्यक्ति स्वयं ही अपने जीवन को तनावग्रस्त बना लेता है और बीमारियों को आमंत्रित करता है l