18 May 2019

WISDOM----- कर्म ही ईश्वर - उपासना है --- पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

अखण्ड  ज्योति - जुलाई  1969  में  आचार्य जी  ने  लिखा  है -- शुद्ध  ह्रदय  से   कीर्तन - भजन , प्रवचन  में  भाग  लेना  प्रभु  की  स्तुति  है , उससे  अपने  देह , मन  और  बुद्धि  के  वह  सूक्ष्म  संस्थान  जागृत  होते  हैं  , जो  मनुष्य  को  सफल , सद्गुणी  और  दूरदर्शी  बनाते  हैं  l
 लेकिन  केवल  प्रार्थना  ही  ईश्वर  का  स्तवन  नहीं  है  l  हम  कर्म  से भी  भगवान  की  उपासना  करते  हैं  l  कर्तव्य  भावना  से  किए  गए  कर्म  से   तथा  परोपकार  से  भगवान  उतना  ही प्रसन्न  होता  है  , जितना  कीर्तन  और  भजन  से  l  
 आचार्य  जी  ने  आगे  लिखा  है   कि  उपासना  का  अभाव  रहने  पर  भी   ईश्वर  के  अनुशासन  में  कर्म  करने  वाला   मनुष्य  उसे  बहुत  शीघ्र  आत्मसात  कर  लेता  है  l  लकड़ी  काटना , सड़क  के  पत्थर  तोड़ना,  मकान  की  सफाई , सजावट  और खलिहान  में  अन्न  निकालना, बर्तन  धोना , भोजन  पकाना   यह  भी  भगवान  की  ही  स्तुति  है  , यदि  हम  यह  सारे  कर्म   इस  आशय  से  करें  कि  उससे   विश्वात्मा  का  कल्याण  हो  l  नि:स्वार्थ  भाव  से  किए  गए  कर्म  से  बढ़कर  फलदायक  ईश्वर  की  भक्ति  और  उपासना  पद्धति  और  कोई  दूसरी  नहीं  हो  सकती  l  

17 May 2019

WISDOM ------ अनियंत्रित और अनुपयुक्त कामनाएं मानव -जीवन की सुख - शान्ति की सबसे बड़ी शत्रु हैं ----- पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

आचार्य जी ने  लिखा   है  कि  कामनाएं  मनुष्य  का   स्वभाव  ही  नहीं  आवश्यकता  भी  है  किन्तु  प्रयत्नपूर्वक  इन्हें  नियंत्रित  और  मर्यादित   करना  भी  जरुरी  है  ,  तभी  यह  जीवन  में  अपनी  पूर्ति  के  साथ  सुख - शांति  का  अनुभव  दे  सकती  हैं   l   आचार्यश्री  का  मत  है  कि   अपनी  स्थिति  से  परे  की  कामनाएं  करना  ,  अपने  को  एक  बड़ा  दंड  देने  के  बराबर  है   क्योंकि  अपनी  शक्ति  से  बाहर  की   गई  कामनाएं  कभी  पूर्ण  नहीं  होती  है   और  अपूर्ण  कामनाएं  ह्रदय  में  कांटे  की  तरह   चुभा  करती   हैं   l 
  मनुष्य को  अपने  अनुरूप ., अपने  साधनों  और  शक्तियों   के  अनुसार  कामनाएं  करते  हुए     पूरा  पुरुषार्थ  उस  पर  लगा  देना   चाहिए   l  

16 May 2019

WISDOM ---- मन में आशा का अंकुर जमा लिया जाये तो असफलता भी पराजित नहीं कर पाती---- पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

 आचार्य  जी  का  मत  है  कि -- बहुधा  नए  कामों  का  आरम्भ  करते  समय   अशुभ  की  आशंका  से  मन  भयभीत  होने  लगता  है  ,  ऐसी  स्थिति  में  अशुभ  आशंका  को   अपने  मन  से  झटककर  विचार  करना  चाहिए  l   सफलता  और  असफलता  दोनों  ही  संभावनाएं  खुली  हुई  हैं   l  यदि  मन  में  आशा  का  अंकुर  जमा  लिया  जाये  तो  असफलता  हमें  पराजित  नहीं  करती  , उस  स्थिति  में  व्यक्ति  को  यह  संतोष  रहता  है  कि  असफलता  कोई  नया   अनुभव  दे  गई  l  
प्रत्येक  व्यक्ति  के  जीवन  में  अच्छी  और  बुरी  दोनों  तरह  की  परिस्थिति  आती  हैं , सुख -दुःख  के  क्षण  सभी  के  जीवन  में  आते  हैं   l  असफलता , कठिनाइयों  और  कष्टों  को  याद  रखने  की  अपेक्षा   सफलताओं  और  सुखद  क्षणों  को  याद  करना  आशा  और  उत्साहजनक  होता  है  l  ये  स्मृतियां  व्यक्ति  में  आत्मविश्वास   उत्पन्न करती  हैं   और  जो  व्यक्ति   अपने  आप  में  विश्वास  रखता  है   वह  बिना  किसी  भय  के  हर  कठिनाई  का  सामना  करने  के  लिए  प्रस्तुत  रहता  है  l  आत्मविश्वास  ही  ईश्वर  विश्वास  है  l  

15 May 2019

WISDOM ----- अनीति द्वारा पाई हुई सफलता कभी भी संतोषदायक नहीं होती ---- पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

 आचार्य जी  का मत है  कि   अनीति  का  धन - धान्य   मनुष्य  के  मन , बुद्धि  तथा  आत्मा  का  पतन  कर  देता  है   जिससे  वह  इतना  निर्बल  और  कायर  हो  जाता  है   कि  जरा  सी  प्रतिकूलता   आने  पर  घबरा  उठता  है   और  शीघ्र  ही  जीवन  से  भागने  की  कोशिश  करता  है   l  सफलता  बहुत  बड़े  मूल्य  पर  मिलती  है   l  जो  व्यक्ति  थोड़े  प्रयत्न  से  ही  मनोवांछित  सफलता  पाना  चाहते  हैं   वे  संकीर्ण  विचार  वाले  होते  हैं   जो  किसी  चीज  का  पूरा  मूल्य  दिए  बिना  ही  उसे  हस्तगत  करना  चाहते  हैं   l   ऐसे  लोभी - लालची  व्यक्ति  का  चरित्र   किसी  समय  भी  गिर  सकता  है  l 
 यथार्थ  उन्नति  के  लिए  उचित  आदर्शों  के  साथ  अपना  कर्तव्य करते  रहना  चाहिए  ,  समय  आने  पर  सफलता  अपने  आप   उपलब्ध  हो  जाएगी  l  

WISDOM -----

आलसी और अकर्मण्य के लिए संकटों और अभावों से छुटकारे का कोई उपाय नहीं l पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने लिखा है --- जो अपनी उपेक्षा करता है , उसे हर दिशा से उपेक्षा और तिरस्कार ही हाथ लगता है l दुर्बल शरीर को नई - नई किस्म की बीमारियाँ दबोचती हैं डरपोक को डराने के लिए जीवित ही नहीं मृतक भी भूत -प्रेत बनकर ढूंढते - खोजते आ पहुँचते हैं l आततायिओं को अपना शिकार पकड़ने के लिए कायरों की तलाश करनी पड़ती है l शंकाशील लोगों को बिल्ली भी रास्ता काटकर डरा देती है l अरबों - खरबों मील दूर रहने वाले ग्रह - नक्षत्र भी अपनी प्रकोप मुद्रा उन्ही को दिखाते हैं जिन्हें अकारण भयभीत होने में मजा आता है l आचार्यजी का मत है कि अपनी दुर्बलताओं को खोजें , उनसे घ्रणा करें और उन्हें उखाड़ फेंकने के लिए जुट जाएँ l

WISDOM-----

पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने अखंड ज्योति में लिखा है कि --- आलस्य और प्रमाद में पड़ा हुआ व्यक्ति यह देख ही नहीं पाता कि उसके सौभाग्य का सूर्य दरवाजे पर हर दिन आता है और कपाट बंद देखकर निराश वापिस लौट जाता है l आचार्य जी ने आगे लिखा है --- ईश्वर ने मनुष्य को एक साथ इकट्ठा जीवन न देकर उसे अलग - अलग क्षणों में टुकड़े -टुकड़े कर के दिया है l नया क्षण देने से पूर्व वह पुराना वापिस ले लेता है और देखता है कि उसका किस प्रकार उपयोग किया गया l इस कसौटी पर हमारी पात्रता को परखा जाता है l यदि उन क्षणों की उपेक्षा की , तिरस्कार किया तो वे दुखी और निराश होकर वापिस लौट जाते हैं किन्तु यदि उनका स्वागत किया जाये , सदुपयोग करें तो वे बहुमूल्य क्षण मूल्यवान संपदाओं का उपहार देकर ही जाते हैं l

27 April 2019

WISDOM ------ सामर्थ्य का अपव्यय - दुरूपयोग ही असंयम है ---- पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

 आचार्यजी  का  मत  है  कि  मनुष्य  का  सबसे  बड़ा  शत्रु  असंयम  है  l  शक्ति  तथा  सम्पन्नता  का  लाभ  तभी  मिलता  है  जब  उसका  सदुपयोग  बन  पड़े  l   दुरूपयोग  होने  पर  तो  अमृत  भी  विष  बन  जाता  है  l  माचिस  जैसी  छोटी   और  उपयोगी   वस्तु  अपना  तथा   पड़ोसियों  का  घरवार   भस्म  कर  सकती  है   l  इस  दुर्गुण  के  रहते  कुबेर  का  खजाना  भी  खाली  हो  सकता  है  l  ईश्वर प्रदत्त  सामर्थ्यों  का   सदुपयोग  कर  सकने  की  सूझ - बूझ  एवं  संकल्प शक्ति  को  ही    मर्यादा पालन   एवं  संयमशीलता   कहते  हैं   l