लघु -कथा --- एक दिन विन्ध्याचल प्रदेश के राजा के दरबार में तीन व्यापारी अपनी फरियाद लेकर उपस्थित हुए और बोले ---- "महाराज ! हम आपके राज्य में व्यापार करने आ रहे थे कि हमें मार्ग में डाकुओं ने लूट लिया l हमारे पास लेशमात्र भी धन नहीं है , कृपया हमारी मदद कीजिए l " राजा ने उन तीनों को एक -एक बोरी गेहूँ देने का आदेश दिया l गेहूँ देते समय राजा बोले -- " इस बोरी के गेहूँ को स्वयं ही साफ करना और स्वयं ही उपयोग में लाना l न किसी को देना और न किसी की मदद लेना l एक माह बाद मुझसे पुन: मिलना l " उनमें से दो व्यापारी आलसी थे तो उन्होंने गेहूँ साफ करने का श्रम न कर के , उस गेहूँ को बेच दिया l तीसरा व्यापारी परिश्रमी था , उसने गेहूँ को साफ करना शुरू किया तो उसे बोरी में नीचे एक अनगढ़ हीरा मिला l उसने उसे तराशकर अपने पास रख लिया l एक माह बाद तीनों व्यापारी राजा के समक्ष हाजिर हुए तो आलसी व्यापारियों ने राजा से पुन: धन की मांग की , परन्तु तीसरे व्यापारी ने तराशा हुआ हीरा राजा को भेंट किया l राजा बोले ---- " यह तुम्हारा ही है , इसे बेचकर नया कारोबार आरम्भ करो l " इसके बाद राजा दूसरे व्यापारियों से बोले ---- "ऐसे ही रत्न तुम्हारी बोरियों में भी थे , परन्तु श्रम का अनादर करने के कारण तुम उनसे वंचित रह गए l " सत्य यही है कि पुरुषार्थ के अभाव में मनुष्य दीन -हीन बना रहता है l
28 August 2022
WISDOM
खलील जिब्रान ने एक छोटी सी कथा लिखी है -- इस कथा में उन्होंने लिखा है कि उनका एक मित्र अचानक एक दिन पागलखाने में रहने चला गया l वह जब उससे मिलने गए तो उन्होंने देखा कि उनका वह मित्र पागलखाने के बाग में एक पेड़ के नीचे बैठा मुस्करा रहा था l पूछने पर उसने कहा ---- " मैं यहाँ बड़े मजे से हूँ l मैं बाहर के उस बड़े पागलखाने को छोड़कर इस छोटे पागलखाने में शांति से हूँ l यहाँ पर कोई किसी को परेशान नहीं करता l किसी के व्यक्तित्व पर कोई मुखौटा नहीं है l जो जैसा है , वह वैसा ही है l न कोई आडंबर है और न कोई ढोंग है l " उसने खलील जिब्रान को और आश्चर्य में डालते हुए कहा --- " मैं यहाँ पर ध्यान सीख रहा हूँ , क्योंकि मैं यह जान गया हूँ कि ध्यान ही सभी तरह के पागलपन का स्थायी और कारगर उपचार है l "
27 August 2022
WISDOM
जिसके लिए ' परमात्मा पर्याप्त है ' वे कभी किसी से कोई उम्मीद नहीं रखते ' ------ घटना अकबर के शासनकाल की है , उस काल के महान कवि और माँ भगवती के परम उपासक श्रीपति के जीवन की है l अपने सद्गुणों और जगन्माता की कृपा के कारण वे मुग़ल बादशाह अकबर को अत्यंत प्रिय थे , उनके विचारों से अकबर का मन शांत और प्रसन्न होता था इसी कारण उन्होंने श्रीपति को दरबार में अपना सलाहकार बना रखा था l एक दिन जब दरबारियों से अकबर को ज्ञात हुआ कि श्रीपति महान कवि हैं तो उन्होंने उनसे कविता सुनाने का आग्रह किया l श्रीपति जी ने आध्यात्मिक भावों के कुछ पद सुना दिए l इससे अकबर को बहुत संतोष हुआ और उन्होंने श्रीपति की बहुत प्रशंसा की l इससे अन्य दरबारियों को बहुत ईर्ष्या हुई और वे समय -समय पर भक्त श्रीपति की निंदा ,चुगली करने लगे l जिसे ईश्वर का विश्वास है वह हमेशा निडर व निश्चिन्त रहता है l एक दिन दरबारियों ने भक्त श्रीपति को नीचा दिखाने के लिए एक युक्ति की l बादशाह अकबर का दरबार था , उस समय बादशाह के सामने श्रीपति को छोड़कर अन्य सब दरबारी कवियों और अन्य दरबारियों ने एक प्रस्ताव रखा कि अगले दिन सब कवि अपनी एक कविता सुनाएँ और इनमें से हर एक की कविता की अंतिम पंक्ति में यह वाक्य अवश्य रहे -- ' करौ मिलि आस अकबर की " l बादशाह ने भी हामी भर दी कि इस बहाने भक्त श्रीपति की बुद्धिमत्ता और भक्ति की परीक्षा हो जाएगी l अगले दिन दरबार में भारी भीड़ हुई l सभी उत्साहपूर्वक अपनी कविता सुनाकर अकबर की प्रशंसा कर रहे थे l दरबार में सभी की द्रष्टि श्रीपति पर टिकी थी कि देखें वे क्या कहते हैं l इधर श्रीपति जी मन ही मन जगन्माता का ध्यान कर निडर और निश्चिन्त थे l अपनी बारी आने पर वे आसन से उठे और माता का स्मरण कर अपनी स्वरचित कविता पढ़ी ------ 'अबके सुल्तान फरियान समान हैं , बांधत पाग अटब्बर की , तजि एक को दूसरे को जो भजे , कटि जीभ गिरै वा लब्बर की l सरनागत ' श्रीपति ' माँ दुर्गा की , नहिं त्रास है काहुहि जब्बर की , जिनको माता सो कछु आस नहीं , सो करौ मिलि आस अकबर की l ' भक्त श्रीपति जी ने निडर होकर अपनी कविता में कह दिया कि कि जिसे जगन्माता से कोई आस नहीं है , वे ही अकबर से आस करें l बादशाह अकबर बहुत प्रसन्न हुए और उन्होंने भक्त श्रीपति को यह कहते हुए गले लगा लिया कि तुम्हारी भक्ति सच्ची है , जगन्माता तुम्हारे चित्त , चिन्तन और चेतना में विराजती हैं l
26 August 2022
WISDOM-------
स्वामी दयानंद के जीवन का प्रसंग है --- घटना उन दिनों की है जब स्वामीजी उपस्थित जन समुदाय के समक्ष भक्तियोग का , भगवान के नाम स्मरण की महिमा का उपदेश दे रहे थे l तभी एक शंकालु , तार्किक और अहंकारी युवक उनके प्रवचन के बीच में ही उनके पास पहुंचा और उनका प्रतिवाद करते हुए बोला --- " स्वामी जी भक्ति और भगवान क्या होते हैं ? नाम स्मरण से क्या फायदा है ? यह तो शब्दों का जाल -जंजाल मात्र है l इससे किसी को कुछ मिलने वाला नहीं l " स्वामी जी चाहते तो उस युवक की बात पर ध्यान न देकर अपना प्रवचन जारी रख सकते थे , लेकिन उन्हें उसकी शंका का समाधान करना था l अत: स्वामी जी बड़े जोश के साथ बोले --- " पागल कहीं का , जाने क्या बक रहा है ? कुछ जानता भी नहीं और मानता भी नहीं l अहंकार इतना बढ़ा है जैसे कोई प्रकांड पंडित हो l " स्वामी जी के इन अपशब्दों को सुनकर वह युवक तिलमिला उठा और बोला " आप एक संन्यासी हैं , फिर भी आपको बोलने -चालने का ढंग नहीं आया है l " अब स्वामी जी सहज स्वभाव में शांत स्वर में बोले --- " अरे भाई ! आपको क्या हो गया ? मैंने दो -चार शब्द ही तो बोले ---- यह कोरे शब्द ही तो हैं , पत्थर तो नहीं , जिनसे आपको चोट लगती , हड्डी टूट जाती l आप स्वयं भी तो कह रहे थे कई भक्ति और भगवान शब्दों का जाल -जंजाल मात्र है l जब शब्दों से कुछ बनता बिगड़ता ही नहीं तो फिर आप इतना आगबबूला क्यों हो रहे हैं ? स्वामी जी ने उसे समझाया कि तनिक गहराई से सोच -विचार करो तो पता चलेगा कि जिस प्रकार बुरे शब्दों की चोट ने आपके ह्रदय को घायल कर दिया , यह शब्द की शक्ति है l यदि भगवान का पवित्र नाम स्मरण किया जाये तो उससे व्यक्ति के सद्गुण विकसित होते हैं , दुःख -दर्द के घाव शीघ्र भर जाते हैं और मन शीतल व शांत होता है l ----- परिशोधित -परिष्कृत होने पर शब्द अमृत बन सकते हैं और विकृत होने पर विष का काम कर डालते हैं l " स्वामी दयानंद के उपदेश का उस युवक पर इतना प्रभाव पड़ा कि वह श्रद्धा से उनके पैरों में गिर पड़ा और बोला --- " गुरुदेव ! आपके कथन से मेरी शंका मिट गई और मुझे समझ में आ गया कि मन्त्र जप , स्रोत पाठ, नाम स्मरण आदि में व्यक्ति के अन्तराल की भाव संवेदनाओं को जगाने की अलौकिक शक्ति है जिसके फलस्वरूप अहंकार और अन्य विकारों को विसर्जित होने में जरा भी देर नहीं लगती l "
WISDOM ------
भगवान बुद्ध के जीवन का एक प्रसंग है ---- बुद्ध आस्वान राज्य के किसी नगर से गुजर रहे थे l वह स्थान उनके विरोधियों का गढ़ था l जब विरोधियों को बुद्ध के नगर में होने का पता चला , तो उन्हें अपमानित करने के लिए एक एक षड्यंत्र रचा l व्यक्ति के संस्कार जितने नीच होते हैं , वह उतनी ही घटिया स्तर की चाल चलता है l विरोधियों ने एक स्त्री के पेट में बहुत सा कपडा बांधकर उसे वहां भेजा , जहाँ बुद्ध थे l वह वहां पहुंची और जोर -जोर से चिल्लाकर कहने लगी ---- " देखो , यह पाप इसी महात्मा का है l यह ढोंग रचाए घूमता है और अब भी मुझे स्वीकार नहीं करता l " नगर में खलबली मच गई l उनके शिष्य आनंद बहुत चिंतित हो गए और पूछा --- " भगवन ! अब क्या होगा ? " बुद्ध हँसे और बोले --- " तुम चिंता मत करो , कपट देर तक नहीं चलता l चिरस्थायी फलने -फूलने की शक्ति केवल सत्य में है l " इसी बीच उस स्त्री की करधनी खिसक गई , पेट पर जो अलग से कपड़े बाँध रखे थे , वे जमीन पर आ गिरे l पोल खुल गई l स्त्री अपने कृत्य पर बहुत लज्जित हुई लोग उसे मारने दौड़े , पर बुद्ध ने यह कहकर उसे सुरक्षित लौटा दिया -- " जिसकी आत्मा मर गई हो , वह मरों से भी बढ़कर है , उसे शारीरिक दंड देने से क्या लाभ ! " इस प्रसंग से यह स्पष्ट होता है कि आसुरी प्रवृति के व्यक्ति , देवत्व को मिटाने के लिए ऐसी ही कुटिल चालें चलते हैं और उन्हें सफल बनाने के लिए किसी की गरीबी , किसी की मज़बूरी का फायदा उठाकर उन्हें अपना माध्यम बनाते हैं ताकि उनका असली रूप समाज के सामने न आ सके l लेकिन विजय हमेशा सत्य की होती है l
25 August 2022
WISDOM -----
धर्म के नाम पर लड़ाई -झगड़े बहुत युगों से हो रहे हैं l हमारे ऋषि , आचार्य जी जानते थे कि जैसे जैसे कलियुग अपनी प्रौढ़ावस्था में आएगा , मनुष्य पर दुर्बुद्धि का प्रकोप बढ़ेगा इसलिए उन्होंने लघु कथाओं के माध्यम से धर्म के अर्थ को समझाया , जिससे सामान्य जन धर्म का सार समझ सके और अपने बहुमूल्य मानव जीवन को आपस में लड़ -झगड़कर बरबाद न करे ------- 1 . काशी के राजा ब्रह्मदत्त के शासन काल में धर्मपाल नामक एक सदाचारी और धर्मनिष्ठ ब्राह्मण ने अपने पुत्र को तक्षशिला अध्ययन के लिए भेजा l एक दिन किसी प्रसंगवश युवक ने अपने गुरु से कहा ---- " गुरुदेव ! हमारे कुल में सात पीढ़ियों से कोई युवावस्था में नहीं मरा l " आचार्य विद्यार्थी की बात का सत्य जानने के लिए विद्यालय को दूसरे की देखरेख में सौंपकर काशी रवाना हुए l रास्ते में उन्होंने बकरी की कुछ हड्डियाँ लीं और काशी में जाकर धर्मपाल ब्राह्मण से बोले --- " बहुत दुःख की बात है , तुम्हारा पुत्र असमय मृत्यु को प्राप्त हो गया l " यह सुनकर धर्मपाल हँसने लगा और बोला ---- " महाराज ! कोई और मरा होगा , हमारे कुल में सात पीढ़ियों से कोई युवा नहीं मरा l " आचार्य बोले --- " ये हड्डियाँ तुम्हारे पुत्र की हैं l " धर्मपाल ने उन्हें बिना देखे ही कहा --- " यह हड्डियाँ कुत्ते -बकरी की होंगी , ये हमारे परिवार से किसी की हो ही नहीं सकतीं l " अंत में आचार्य ने सत्य बताया और उनके कुल में सात पीढ़ियों से किसी युवा की मृत्यु न होने का रहस्य पूछा l धर्मपाल ने कहा --- " महाराज ! हम धर्म का आचरण करते हैं , सत्य बोलते हैं , जरुरतमंदों की सेवा करते हैं और दान देते हैं l इस प्रकार धर्म की रक्षा करने पर धर्म हमारी रक्षा करता है l "
2. जंगल में शिकारी के पीछे बाघ पड़ गया l शिकारी भागकर पेड़ पर चढ़ गया l उसी वृक्ष पर एक रीछ भी बैठा था l बाघ वृक्ष के नीचे बैठकर मनुष्य या रीछ के नीचे उतरने का इंतजार करने लगा l बहुत देर हो गई तो उसने रीछ से कहा --- " यह मनुष्य हम दोनों का शत्रु है , तू इसे धक्का मार , मैं इसे खाकर चला जाऊँगा और तेरा जीवन बच जायेगा l " रीछ ने कहा --- " नहीं ,यह यह मेरा धर्म नहीं है l " आधी रात को रीछ की आँख लग गई l अब बाघ ने शिकारी से कहा --- " वह रीछ को धक्का मार दे तो उसकी जान बच जाएगी l " शिकारी ने रीछ को धक्का मार दिया l किन्तु संयोग से गिरते -गिरते वृक्ष की एक डाल रीछ की पकड़ में आ गई l अब बाघ ने रीछ से कहा --- " देखा , जिस मनुष्य की तूने रक्षा की , वही तुझे मारने को तैयार हो गया l अब तू इसे धक्का मार l " रीछ ने कहा --- " वह भले ही अपने धर्म से विमुख हो जाये , परन्तु मैं ऐसा नहीं करूँगा l " परोपकारी व भावनाशील कभी किसी का अहित नहीं करते l दूसरे के अपकार के बदले , वे उपकार ही करते हैं , किसी का अहित करने की सोचते भी नहीं l
WISDOM -----
' जो दूसरों की सहायता करते हैं, उन्हें संकट में सहायता अवश्य मिलती है l '----- एक नदी के किनारे वृक्ष की डाल पर एक कबूतर बैठा था l उसने देखा कि नदी में एक चींटी डूब रही है और बड़े प्रयास के बावजूद भी किनारे पर नहीं आ पा रही है l कबूतर ने एक पत्ता चींटी के पास पानी में गिरा दिया l चींटी उस पत्ते पर चढ़ गई , पत्ता बहकर किनारे पर लग गया l चींटी ने पानी से बाहर आकर कबूतर का आभार व्यक्त किया कि वह इस एहसान को कभी नहीं भूलेगी l एक दिन जब चींटी अपने बिल के बाहर घूम रही थी , तभी उसने देखा एक बहेलिया चुपके से कबूतर को अपने बाँस में फँसाने का प्रयास कर रहा है l कबूतर अपनी धुन में था , उसने बहेलिये को नहीं देखा l चींटी ने कबूतर को बचाने के उद्देश्य से बहेलिये के पैर में काट लिया , जिससे बाँस हिल गया और पेड़ के पत्ते खड़क गए और कबूतर सावधान होकर उड़ गया l