शास्त्रों में कहा गया है --- ' दुष्टों से न दोस्ती अच्छी , न दुश्मनी l उनसे सतर्क रहे l एक कथा है ---- ' एक पंडित जी नदी में नहा रहे थे l उन्होंने देखा कि एक बिच्छु पानी में बहता जा रहा है l उन्हें उस पर दया आ गई , उन्होंने उसे बचाने के लिए उसे पानी से निकाल कर अपने हाथ में रखा l पानी से निकलते ही बिच्छू ने उनके हाथ में काट लिया और महात्मा जी के हाथ से छूटकर पुन: पानी में जा गिरा l महात्मा जी ने उसे तीन बार निकाला और तीनों बार उसने उनके हाथ में काट लिया l शिष्य उन्हें अचरज से देख रहे थे l महात्मा जी ने उन्हें समझाया कि --- ' प्रत्येक घटना हमें कुछ शिक्षा देती है , यह घटना हमें सिखाती है कि प्राणी चाहे वह मनुष्य हो या कोई अन्य प्राणी , अपनी मूल प्रवृति नहीं छोड़ता , अपना स्वाभाव नहीं बदलता l बिच्छू पर कितनी भी दया करो , वह मौका मिलने पर डंक मारने से नहीं चूकेगा , इसलिए ऐसे लोगों से हमें हमेशा सतर्क रहना चाहिए l
3 September 2021
WISDOM ------
सौराष्ट्र के राजकवि हेमचन्द्र सूरि का सम्मान स्वयं नरेश करते थे और प्रजा भी उन्हें हृदय से प्रेम करती थी l एक बार वे एक गांव में प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने हेतु निकले l गांववासियों को जैसे ही ज्ञात हुआ कि कविराज आ रहे हैं , वे सभी कुछ न कुछ लेकर कविराज के दर्शनों हेतु उमड़ पड़े l इसी क्रम में एक ग्रामीण , जो स्वयं फटेहाल वस्त्रों में था , उसने एक हस्तनिर्मित परिधान राजकवि के चरणों में समर्पित किया l एक नजर उस टाट जैसे मोठे कपड़े पर तो दूसरी तरफ अपने वस्त्र - आभूषण पर नजर डालते हुए राजकवि की आँखें भर आईं l राजकवि मन ही मन सोचने लगे --- " कितनी घोर विषमता है ! कहाँ हम कीमती व बहुमूल्य परिधानों से सुसज्जित हैं और कहाँ यह परिश्रमी किसान तन ढकने के वस्त्रों से वंचित है l सत्य तो यह है कि हमारा अस्तित्व इसकी श्रमशीलता के कारण ही है , किन्तु हम इसे ही सुरक्षित जीवन प्रदान करने में असमर्थ हैं l " ऐसा विचार करते हुए राजकवि ने वह परिधान अपने माथे से लगाया और धारण कर लिया l जब राजकवि दरबार में पहुंचे तो उनके वस्त्रों पर दृष्टि जाते ही महाराज बोले ---- "कविवर ! ऐसे दरिद्र वस्त्र आपको शोभा नहीं देते हैं , आपने ऐसे वस्त्र क्यों पहने हैं ? " कविराज बोले ---- " महाराज ! हमारे राज्य की अधिकांश प्रजा ऐसे ही साधारण वस्त्र पहनती है , तो फिर मुझे यह बहुमूल्य वस्त्र पहनने का अधिकार किसने दिया ? मैंने निश्चय किया है कि अब मैं ऐसे ही वस्त्र पहनूंगा l " कविराज की करुणापूर्ण बातों ने महाराज के अंतर्मन को छू लिया और उन्होंने निश्चय किया कि अब वे किसान , मजदूर , प्रजाजन आदि सबके हितों का ध्यान रखेंगे और उनकी पीड़ा निवारण का हर संभव प्रयत्न करेंगे l
2 September 2021
WISDOM -----
महाकवि रवीन्द्रनाथ टैगोर के जीवन का प्रसंग है ---- उन्हें ब्रिटिश सम्राट ने ' नाइट ' अथवा ' सर ' की उपाधि से सम्मानित किया था l वे बहुत स्वाभिमानी थे और कहते थे कि अन्याय के सम्मुख सिर झुकना कायरता है l जब 'जलियाँवाला बाग ' का हत्याकांड हुआ था , तब उन्होंने वाइसराय लार्ड चेम्सफोर्ड को एक पत्र लिखा था , जिसमें लिखा था ---- ' अभागी भारतीय जनता को इस समय जो दंड दिया गया है उसका उदाहरण किसी सभ्य सरकार के इतिहास में नहीं मिलता l पर हमारे शासक इस कृत्य के लिए अपने को शाबाशी दे रहे हैं कि उन्होंने ' अच्छा सबक ' सिखाया l ------ समय आ गया है कि जब सरकार द्वारा प्रदत्त ' सम्मान के पट्टे ' राष्ट्रिय अपमान के साथ मेल नहीं खा सकते l वे हमारी निर्लज्जता को और चमका देते हैं l अत: मैं विवश होकर सदर प्रार्थना करता हूँ कि आप मुझे सम्राट की दी गई ' नाइट ' की उपाधि से मुक्त कर दें l ' महाकवि ने यह दिखा दिया कि जहाँ मानवीयता और राष्ट्रीयता का प्रश्न उपस्थित हो , वहां प्रत्येक क्षेत्र के व्यक्ति को आगे बढ़कर उसके विरोध में अपना दायित्व निभाना चाहिए l अपनी वृद्धावस्था और शांत प्रकृति के कारण अंग्रेजों के विरुद्ध उग्र आंदोलन में वे पूरी तरह भाग नहीं ले सके तो भी उन्होंने इस पदवी को ठुकरा कर और दंड के लिए प्रस्तुत होकर अपना असंतोष अच्छी तरह प्रकट कर दिया l
31 August 2021
WISDOM ------ संस्कार प्रबल होते हैं , स्वभाव नहीं बदलता
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " शत्रु को आधा कुचलकर छोड़ देने से वह प्राय: प्रतिशोध की ताक में रहता है और फिर से तैयार होकर आक्रमण कर सकता है l आचार्य श्री आगे लिखते हैं ---- " दुष्ट शत्रु पर दया दिखाना अपना और दूसरों का अहित करना है l आजकल के व्यवहार शास्त्र का स्पष्ट नियम है कि दूसरों को सताने वाले दुष्ट जन पर दया करना , सज्जनों को दंड देने के समान है क्योंकि दुष्ट तो अपनी स्वभावगत क्रूरता और नीचता को छोड़ नहीं सकता , वह जब तक स्वतंत्र रहेगा और उसमें शक्ति रहेगी , वह निर्दोष व्यक्तियों को सब तरह से दुःख और कष्ट ही देगा l
29 August 2021
WISDOM ----- मूर्ख के साथ मित्रता दुखदायी होती है
वाराणसी के शासक ब्रह्मदत्त का राजोद्यान देश - देशांतर के दुर्लभ एवं सुन्दर वृक्षों , लताओं का संग्रह था बोधिसत्त्व उसी उद्यान में सपरिषद विश्राम कर रहे थे l उस दिन नगर में एक भव्य उत्सव आयोजित था l बाग़ के मालिक को उत्सव देखने की लालसा थी l उद्यान में बंदरों का एक समूह था l बंदरों के नायक से माली की मैत्री थी l उसने नायक बन्दर को बुलाकर कहा --- " मित्र ! एक दिन तुम अपने समूह के साथ मिलकर उद्यान सींच दो तो मैं उत्सव देख आऊं l " बन्दर ने प्रसन्नता से कार्य करने का वचन दिया l माली चला गया तो नायक ने बंदरों से कहा ---" मित्रों , हमें विवेकपूर्ण सिंचन करना चाहिए , अन्यथा जल का अभाव हो जायेगा , तुम लोग पहले लताओं को उखाड़कर उनकी जड़ों की गहराई देख लो l जो जड़ जितनी गहरी हो , उसके अनुसार ही सिंचन करो l ' बंदरों ने शीघ्र ही लताएं उखाड़ डालीं l माली जब वापस आया तो उसने सिर पीट लिया और समझ गया कि मुर्ख से दोस्ती कितनी हानिकारक है l ऐसी ही एक लघु कथा है ----- एक राजा ने बन्दर से दोस्ती की l राजा जब दोपहर को कुछ देर सोता था तब वह बन्दर उसे पंखा झलता था l एक दिन राजा को गहरी नींद आ गई l बन्दर पंखा झलने लगा l अचानक राजा की नाक पर एक मक्खी आकर बैठ गई l बन्दर पंखा झलकर मक्खी को भगाने की कोशिश करने लगा l मक्खी बार - बार उड़ती और फिर राजा की नाक पर बैठ जाती l बन्दर को बहुत गुस्सा आई l वहीँ पास में राजा की तलवार रखी थी , उसने वह तलवार उठा ली और मन ही मन कहने लगा , -बैठने दो , मक्खी को , अब मैं देखूंगा l जैसे ही मक्खी राजा की नाक पर बैठी बन्दर ने तलवार से वार किया , मक्खी तो उड़ गई , [पर राजा लहूलुहान हो गया l इस कथा से हमें यही शिक्षा मिलती है कि कभी भी किसी मूर्ख से मित्रता नहीं करनी चाहिए l
28 August 2021
WISDOM -----
दुर्बुद्धि का प्रकोप पतन की ओर ले जाता है l व्यक्ति जिस स्तर का है , वह उसी के अनुरूप क्षेत्र को अपनी दुर्बुद्धि की चपेट में ले लेता है l दुर्बुद्धि को मनुष्य अपनी कमजोरियों के कारण स्वयं आमंत्रित करता है l ' महाभारत ' का यह प्रसंग इस सत्य को स्पष्ट करता है ------ ' भोगविलास , जुआखोरी , नशा आदि ऐसे व्यसन हैं कि उनसे होने वाली बुराइयों को जानते हुए भी लोग उनके चक्कर में आ जाते हैं l धर्मराज युधिष्ठिर का राज्याभिषेक हो चुका था l इंद्रप्रस्थ के वैभव से दुर्योधन को बहुत ईर्ष्या थी , वह उन्हें आगे बढ़ता हुआ नहीं देख सकता था , इसलिए उसने अपने मामा शकुनि के साथ मिलकर धृतराष्ट्र को इस बात के लिए राजी कर लिया कि वे युधिष्ठिर को चौसर खेलने के लिए आमंत्रित करें l उन दिनों क्षत्रियों में यह नियम था कि खेल के लिए बुलावा मिलने पर उसे अस्वीकार नहीं किया जा सकता था l फिर युधिष्ठिर को चौसर का व्यसन भी था l खेल शुरू हुआ , दुर्योधन तुरंत बोल उठा --- मेरी जगह मामा शकुनि खेलेंगे लेकिन दांव लगाने के लिए जो धन - रत्न आदि चाहिए वह मैं दूंगा l पासे तो शकुनि के इशारे पर चलते थे l इंद्रप्रस्थ में अपार वैभव था l सम्राट युधिष्ठिर ने दांव लगाना शुरू किया ---- पहले रत्नों की बाजी लगी , फिर सोने - चाँदी के खजानों की , फिर रथों और घोड़ों की , तीनो दांव हार गए l युधिष्ठिर ने नौकर - चाकरों को दांव पर लगाया , फिर सारी सेना और हाथी - घोड़ों की बाजी लगा दी , सब हार गए खेल में युधिष्ठिर एक - एक कर के अपने सारे वैभव की बाजी लगाते गए , यहाँ तक कि अपने देश और देश की प्रजा को भी खो बैठे l लेकिन उनका चस्का न छूटा l शकुनि कपटी था , उसने कहा - अभी तो तुम्हारे चार वीर भाई हैं , उन्हें दांव पर क्यों नहीं लगते l एक - एक कर के युधिष्ठिर ने नकुल , सहदेव , भीम , अर्जुन और उनके शरीर पर जो वस्त्र - आभूषण थे सबको दांव पर लगा दिया , यह बाजी भी हार गए और अंत में स्वयं को भी हार गए l शकुनि ने सभा में खड़े होकर घोषणा की कि अब पाँचों पांडव उसके गुलाम हो चुके हैं l शकुनि बड़ा दुष्टात्मा था , उसने युधिष्ठिर से कहा --- अभी तुम्हारे पास एक चीज और है जो तुमने हारी नहीं है और वो है तुम्हारी पत्नी द्रोपदी , तुम उसको दांव पर क्यों नहीं लगाते ? उसकी बाजी लगाओ तो अपने आप को भी छुड़ा सकते हो l " जुए के नशे में चूर युधिष्ठिर के मुँह से निकला --- ' चलो , अपनी पत्नी द्रोपदी की भी बाजी लगाईं l ' शकुनि यही चाहता था ' तो यह चला ' कहते हुए उसने पासा फेंका और बोला ---- ' लो यह बाजी भी मेरी ही रही l ' अब दुर्योधन बोला ---- ' द्रोपदी अब महारानी नहीं , हमारी दासी है , उसे सभा में ले आओ ------------- विदुर जी ने कहा ---- युधिष्ठिर स्वयं को हार चुके थे , वे स्वयं गुलाम हो गए थे इसलिए उन्हें द्रोपदी को दांव पर लगाने का कोई हक नहीं l ' लेकिन जब व्यक्ति दूसरों का और विशेष रूप से अपनी ही कमजोरियों का गुलाम हो जाता है तो उसको आत्मविश्वास कम हो जाता है तब चालाक और छल -कपट करने वाले इसका फायदा उठाकर नीति और न्याय विरुद्ध कार्य करते हैं l परिणाम ---- महाभारत , विनाश !
27 August 2021
WISDOM -----
समर्थ गुरु रामदास सतारा जा रहे थे l मार्ग में उनका शिष्य भोजन लेने पास के गाँव में गया l उसे लगा कि रास्ते में देर हो सकती है तो खेत से चार भुट्टे तोड़ लाया l उसने भुट्टों को भूनकर स्वामी जी को दिया l धुआँ उठता देख खेत का मालिक भागा -भागा आया और समर्थ स्वामी के हाथ में भुट्टे देखकर उन्हें ही डंडे से मारने लगा l शिष्य कुछ बोलता तो उसे चुप कर समर्थ गुरु ने मार खा ली l दूसरे दिन वे सतारा पहुंचे l उनकी पीठ पर डंडे के निशान थे l शिष्य ने भी वहां पहुंचकर सारी घटना बता दी l छत्रपति तक यह विवरण पहुंचा l उनने सेनानायक से पता लगवा लिया कि यह अपराध किसके द्वारा हुआ है l अभी तक समर्थ गुरु रामदास कुछ बोले न थे l छत्रपति शिवाजी गुरु को प्रणाम करने आये तो वह खेत का मालिक भी पीछे -पीछे लाया गया l शिवाजी ने पूरे राज्य की ओर से क्षमा मांगते हुए पूछा ---- " गुरुवर ! इसे क्या दंड दूँ ? " खेत का मालिक गुरु के चरणों में जा गिरा l समर्थ बोले ---- " इसने हमारे धैर्य और सहन शक्ति की परीक्षा ली l इसने अपना कर्तव्य निभाया है l इसे दंड न देकर चार भुट्टों का हरजाना नगद राशि के रूप में तथा एक कीमती वस्त्र देकर सम्मानित करना चाहिए l " न्याय का यह विलक्षण रूप देखकर छत्रपति गुरु के चरणों में झुक गए l