धर्म क्या है ? इस प्रश्न पर संसार में बहुत लड़ाई -झगड़े हैं l झगड़ा वहीँ होता है जहाँ स्वार्थ है , जितना बड़ा स्वार्थ उतना ही बड़ा झगडा , दंगा ! पुराणों में अनेक कथायें हैं जिनमें धर्म को विभिन्न तरीकों से समझाया गया है l महाभारत में एक कथा है ----- वनवास काल में एक बार पांडवों को प्यास लगी l धर्मराज युधिष्ठिर ने नकुल को जल लाने भेजा l नकुल ज्यों ही सरोवर का पानी पीने लगे , त्यों ही उन्हें एक आवाज सुनाई दी ---- इस सरोवर पर मेरा अधिकार है , पहले मेरे प्रश्नों का उत्तर दो , तब पानी पीना l नकुल ने इस आवाज पर कोई ध्यान नहीं दिया और पानी पीने की चेष्टा करने लगे , पर जल का स्पर्श करते ही प्राणहीन होकर गिर पड़े l नकुल के बहुत देर तक न लौटने पर युधिष्ठिर ने सहदेव को भेजा l उनके साथ भी वैसा ही हुआ l फिर अर्जुन और उनके बाद भीम आए वे सभी जल का स्पर्श करते ही प्राणहीन होकर गिर पड़े l अंत में युधिष्ठिर आए l पानी लेने के लिए जैसे ही वे आगे बढ़े , उन्हें भी वही आवाज सुनाई पड़ी l युधिष्ठिर ने कहा ---- " मैं किसी के अधिकार की वस्तु नहीं लेता , तुम जो प्रश्न पूछना चाहते हो पूछ लो l " यक्ष ने अनेक प्रश्न पूछे , युधिष्ठिर ने सभी प्रश्नों का उचित उत्तर दिया l उनके उत्तरों से संतुष्ट होकर यक्ष ने कहा --- " राजन ! तुमने मेरे प्रश्नों के ठीक उत्तर दिए हैं , इसलिए अपने भाइयों में से जिस एक को चाहो , वह जीवित हो सकता है l " युधिष्ठिर ने नकुल को जीवित कर देने के लिए कहा l इस पर यक्ष को बहुत आश्चर्य हुआ , उन्होंने कहा --- " युधिष्ठिर ! तुम राज्यहीन होकर वन में भटक रहे हो , तुम्हे अंत में शत्रुओं से भयंकर युद्ध करना है , ऐसी दशा में अपने परम पराक्रमी भाई भीम या अर्जुन को छोड़कर नकुल के लिए क्यों व्यग्र हो ? " धर्मराज युधिष्ठिर ने कहा ---- " कुंती और माद्री दोनों मेरी माता हैं l कुंती का पुत्र मैं जीवित हूँ l अत: मैं चाहता हूँ कि मेरी दूसरी माता माद्री का भी वंश नष्ट न हो l उनका भी एक पुत्र जीवित रहे l " यक्ष युधिष्ठिर की धर्म निष्ठां से बहुत प्रसन्न हुए और चारों पांडवों को जीवित कर दिया l यही धर्म है , जो धर्म की रक्षा करता है , धर्म स्वयं उसकी रक्षा करता है l
23 August 2022
21 August 2022
WISDOM -----
हमारे महाकाव्य हमें बहुत कुछ सिखाते हैं लेकिन मनुष्य अपनी मानसिक विकृतियों में इस तरह फँसा हुआ है कि वह कुछ सीखना ही नहीं चाहता इसलिए गलतियाँ बार -बार दोहराई जाती हैं और कर्म का फल तो ईश्वरीय व्यवस्था है l रावण परम शिव भक्त था , वेद , शास्त्रों का ज्ञाता महा विद्वान् था l वह कुशल राजनीतिज्ञ और अस्त्र -शस्त्र का ज्ञाता , देवी का भक्त था , अनेक गुणों से संपन्न था l ऋषि पुत्र था लेकिन स्वयं को राक्षस राज रावण कहने में गर्व महसूस करता था l अपनी प्रवृति के अनुरूप उसने ऋषियों पर बहुत अत्याचार किए , शनि और राहू तक को कैद कर लिया l उसके प्रतिनिधि राक्षस सब तरफ बहुत आतंक मचाते थे l अनेक पाप कर्मों के बावजूद उसकी सोने की लंका कायम थी , उसका विशाल साम्राज्य था l उसका पतन कब से शुरू हुआ ? जब उसने सीताजी का हरण किया l नारी पर अत्याचार प्रकृति बर्दाश्त नहीं करती l एक लाख पूत और सवा लाख नाती , रावण के पूरे वंश का अंत हो गया l इसी तरह महाभारत में में दुर्योधन ने पांडवों पर बहुत अत्याचार किए , अनेक षड्यंत्र रचे l इसके बावजूद स्थिति सामान्य ही रही लेकिन जब उसने भरी सभा में द्रोपदी को अपमानित किया , उसी पल से महाभारत की शुरुआत हो गई और उसने स्वयं ही अपने हाथ से कौरव वंश के अंत का दुर्भाग्य लिख लिया l आज भी संसार में नारी पर बहुत अत्याचार होते हैं , मानसिक विकृति इस हद तक है कि बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं l परिवार हो , समाज हो या सभ्यताएं , अपने अंत की कहानी स्वयं ही लिखते हैं l
WISDOM ------
अनमोल मोती ------ तुर्की के एक अमीर के पुत्र खुसरो को सत्यान्वेषण की ऐसी धुन लगी कि वह सब जायदाद , ऐश्वर्य सब छोड़कर फकीर बन गया l उसे किसी सत्पुरुष की तलाश थी , जो उसका आध्यात्मिक मार्गदर्शन कर सके l संयोगवश उसकी भेंट हजरत निजामुद्दीन औलिया से हुई l दोनों ने एक दूसरे को पाकर संतोष व्यक्त किया l औलिया को लगा कि अब एक सत्पात्र शिष्य मिल गया l फिर भी परीक्षा लेनी जरुरी थी l औलिया ने कहा ----- " तुम विद्वान् हो l इतनी भाषाएँ -- अरबी , फारसी , संस्कृत व अन्य हिन्दुस्तानी भाषाएँ भी तुम्हे आती हैं l तुम्हे राजदरबार जाना चाहिए l " खुसरो ने कहा ------ " मैं सब छोड़कर आपके दरबार में आया हूँ l मुझे किसी शाही दरबार की जरुरत नहीं l " हजरत औलिया ने उत्तर से प्रसन्न होकर उसे शिष्य के रूप में स्वीकार कर लिया l आध्यात्मिक क्षेत्र की प्रगति गुरु के मार्गदर्शन में चलती रही l हिंदुस्तान की तब की स्थिति को देखते हुए हजरत साहब ने खुसरो से कहा ----- " मैं तुम्हे अपने लिए , देश के लिए कुरबान करना चाहता हूँ l तुम हिन्दू - मुस्लिम के बीच फैली नफरत की आग को बुझाओ l पूरे हिंदुस्तान का दौरा करो l वह फिजा बनाओ कि पूरा राष्ट्र एक रह सके l " अमीर खुसरो गुरु का आदेश मानकर देश के कोने -कोने में गए , संस्कृति और मान्यताओं से जुड़े अपने गीत सुनाए l तत्कालीन राष्ट्रीय एकता में खुसरो का बड़ा हाथ रहा है l आज भी भारत ही नहीं नहीं , पूरे विश्व को अनेक अमीर खुसरो की जरुरत है l
20 August 2022
WISDOM -----
अनमोल वचन ----- ' उल्लू को दिन में नहीं दीखता और कौए को रात में नहीं दीखता लेकिन कामांध और स्वार्थान्ध को न दिन में दीखता है , न रात को l "
" पुण्यात्मा के सत्संग से भले ही पापी में परिवर्तन न आए , पर पापी की घनिष्ठता आग की तरह जलाए बिना नहीं रहती l "
" जिस प्रकार सूखे बाँस आपस की रगड़ से ही जलकर भस्म हो जाते हैं , उसी प्रकार अहंकारी व्यक्ति आपस में टकराते हैं और कलह की अग्नि में जल मरते हैं l "
" पाप पहले आकर्षक लगता है l फिर आसान हो जाता है l इसके बाद आनंद का आभास देने लगता है तथा अनिवार्य प्रतीत होता है l क्रमशः वह हठी और ढीठ बन जाता है l अंततः सर्वनाश कर के छोड़ता है l "
WISDOM ------
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----- " चिन्तन और चरित्र यदि निम्न स्तर का है तो उसका प्रतिफल भी दुःखद . संकट ग्रस्त एवं विनाशकारी होगा l उन दुष्परिणामों को कर्ता स्वयं तो भोगता ही है , साथ ही अपने सम्बद्ध परिकर को भी दलदल में घसीट ले जाता है l नाव की तली में छेद हो जाने पर उसमे बैठे सभी यात्री मँझदार में डूबते हैं l स्वार्थी , विलासी और कुकर्मी स्वयं तो आत्म -प्रताड़ना , लोक -निंदा और दैवी दंड विधान की आग में जलता ही है , साथ ही अपने परिवार , संबंधी , मित्रों , स्वजनों को भी अपने जाल - जंजाल में फंसाकर अपनी ही तरह दुर्गति भुगतने के लिए बाधित करता है l इससे समूचा वातावरण विकृत , दुर्गंधित होता है l प्रत्येक व्यक्ति समाज पर अपना भला -बुरा प्रभाव छोड़ता है , किन्तु सुगंध की अपेक्षा दुर्गन्ध का विस्तार अधिक होता है l एक नशेवाला , जुआरी , कुकर्मी , व्यभिचारी अनेकों संगी -साथी बना सकने में सहज सफल हो जाता है लेकिन आदर्शों का , श्रेष्ठता का अनुकरण करने की क्षमता हल्की होती है l पानी नीचे की ओर तेजी से बहता है लेकिन ऊपर चढ़ाने के लिए प्रयास करना पड़ता है l गीता पढ़कर उतने आत्मज्ञानी नहीं बने जितने कि दूषित साहित्य , अश्लील द्रश्य और अभिनय से प्रभावित होकर कामुक अनाचार अपनाने में प्रवृत हुए l कुकुरमुत्तों की फसल और मक्खी -मच्छरों का परिवार भी तेजी से बढ़ता है पर हाथी की वंश वृद्धि अत्यंत धीमी गति से होती है l
19 August 2022
WISDOM ------
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----- " समाज में छाये हुए अनाचार , असंतोष और दुष्प्रवृतियों का मात्र एक ही कारण है कि जन साधारण की आत्मचेतना मूर्च्छित हो गई है l समुद्र के बीच में खड़ा प्रकाश स्तम्भ बुझ जाये तो फिर उस क्षेत्र में चलने वाले जलयान चट्टान से टकराकर दुर्घटना ग्रस्त होंगे ही l " आचार्य न्श्री लिखते हैं ----- ' धूर्तता के बल पर आज कितने ही अपराधी प्रवृति के लोग क़ानूनी दण्ड से बच निकलने में सफल हो जाते हैं l लेकिन असत्य का आवरण अंतत: फटता ही है l जनमानस में व्याप्त घ्रणा का सूक्ष्म प्रभाव उस मनुष्य पर अद्रश्य रूप से पड़ता है l जिसकी आत्मा धिक्कारेगी उसके लिए देर -सबेर सभी कोई धिक्कारने वाले बन जायेंगे l ऐसी धिक्कार एकत्रित कर के यदि मनुष्य जीवित भी रहा तो उसका जीवन न जीने के बराबर है l विपुल साधन -संपन्न होते हुए भी व्यक्ति इसी कारण सुख शांति पूर्वक नहीं रह पाते क्योंकि उन उपलब्धियों के मूल में छुपी अनैतिकता व्यक्ति की चेतना को विक्षुब्ध किए रहती है l '
18 August 2022
WISDOM -----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ------ " कायरता मनुष्य का बहुत बड़ा कलंक है l कायर व्यक्ति ही संसार में अन्याय , अत्याचार तथा अनीति को आमंत्रित किया करते हैं l संसार के समस्त उत्पीड़न का उत्तरदायित्व कायरों पर है l " कायरता इस सीमा तक है कि युद्ध में वीरता के नाम पर संसार में युद्ध की आड़ में महिलाओं पर अत्याचार सर्वाधिक होते हैं l पुरुष को सबसे ज्यादा भय महिलाओं से है कि कहीं उनका व्यक्तित्व पुरुष से प्रखर न हो जाये , कहीं महिलाएं योग्यता में , विचारों में पुरुष से आगे न हो जाएँ ,----- पुरुषों के इस भय के कारण ही परिवारों में , विभिन्न संस्थाओं में , समाज में महिलाओं को शोषण , उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है l जब तक महिलाओं के हित में कानून नहीं थे तब तक उन पर अत्याचार खुलेआम होते थे , सती -प्रथा , बाल -विवाह , विधवाओं की दयनीय स्थिति --- इतिहास के पन्ने इन आंकड़ों और आहों से भरे हुए हैं l हर जाति , हर धर्म ने महिलाओं को सताया है , सबके तरीके अलग -अलग हैं l अब महिलाओं के हित में अनेक कानून बन गए , लेकिन कानून बन जाने से मानसिकता नहीं बदलती l पुरानी आदतें छूटती नहीं हैं , पीढ़ी -दर -पीढ़ी संस्कार रूप में आती हैं l मानसिकता वही है अत्याचार करने की , उत्पीड़ित करने की लेकिन अब इस आधुनिक समाज में स्वयं को सभ्य , सुसंस्कृत और सज्जन पुरुष दिखाने की होड़ है l कहते हैं अच्छाई में गजब का आकर्षण होता है इसलिए बुरे से बुरा व्यक्ति भी अच्छाई का मुखौटा लगाकर घूमता है l इस मुखौटे ने उनकी वीरता को छीन लिया , अब महिलाओं को सताने के लिए छल -कपट , षड्यंत्र , धोखा , फरेब ----- आदि अनेक तरीकों का इस्तेमाल होता है , सूचना तंत्र के आविष्कारों ने इसे और भी अधिक सरल बना दिया है l फिर तंत्र -मन्त्र , काला जादू आदि को चाहे कानून मान्यता न दे लेकिन असंख्य बाबा -वैरागी इसी की दम पर पूरे संसार में हैं l समस्या तो बहुत विकट है , इसका समाधान पुरुष के हाथ में है l स्थान -स्थान पर पुरुषों के सुधार के कैम्प लगने चाहिए l यदि आने वाली पीढ़ियों को आदर्श चाहते हैं तो स्वयं अच्छे बनों , विचारों से भी और आचरण से भी l क्योंकि बच्चे अपने माता -पिता का ही प्रतिरूप होते हैं , बबूल के पेड़ में कभी आम नहीं लगता l