28 February 2013

संसार की प्रत्येक वस्तु गुण -दोषमय है | मानव जीवन सुख -दुःख ,लाभ -हानि ,संपति और विपति के ताने -बाने से बना हुआ है | यह दोनों ही रात -दिन की तरह आते रहते हैं | संसार में बुराई और भलाई दोनों ही पर्याप्त मात्रा में हैं ,हम अपनी आन्तरिक स्थिति के अनुसार ही उसे पकड़ते हैं | यदि हम विवेकशील हैं तो संसार में जो कुछ श्रेष्ठ है उसे ही पकड़ने के लिये प्रयत्न करेंगे | जिस प्रकार हंस के सामने पानी और दूध मिलाकर रखा जाये तो वह केवल दूध ही ग्रहण करेगा और पानी छोड़ देगा ,मधुमक्खी फूलों में से केवल मिठास ही चूसती है शेष अन्य स्वादों का जो बहुत सा पदार्थ फूलों में भरा है उसे व्यर्थ समझकर छोड़ देती है | एक वैद्द्य पारद को लेकर बहुमूल्य रसायन बनाता है जिससे अनेक व्यक्ति स्वास्थ्य लाभ करते हैं दूसरी ओर उसी पारद को खाकर कोई व्यक्ति आत्म -घात कर लेता है | परमात्मा ने गुण -दोषमय विश्व की इस प्रकार की अनोखी संरचना मनुष्य की विवेक की परीक्षा करने के लिये ही की है ताकि विवेक रूपी मणि के प्रकाश में हम गुणों को ,श्रेष्ठता को ग्रहण करें इसी में मानव जीवन की सार्थकता है |

27 February 2013

दूसरों के दोष देखने की आदत का अर्थ है -अपने अंतर्जगत में कचड़ा एकत्र करना |
तालाब में कमल खिला था | तट पर गुलाब खिला सौंदर्य बिखेर रहा था | दोनों ही बड़े सुंदर लग रहे थे | गुलाब के फूल ने कुछ अकड़ के साथ कहा -"कमल जी !तुम हो भी सुंदर और हो भी इतने बढ़े ,पर सुगंध इतनी कम क्यों ?देखो मेरी सुगंध मीलों दूर तक है "कमल हंसकर बोला -"भाई गुलाब !बुरा मत मानना ,हम दोनों का एक ही उद्देश्य है आप सुगंध बिखेरें और मैं सौंदर्य | दोनों मिलकर जो कार्य कर रहे हैं ,वह एक नहीं कर सकता "| गुलाब को लगा कि वास्तव में कमल सही कह रहा है | दोनों मिलकर सुगंध और सौंदर्य बिखेरने लगे |

26 February 2013

अपना दीपक आप बनो ,दूसरे दीपक के प्रकाश में चलने की कोशिश मत करो क्योंकि यह दूसरों का साथ अधिक समय तक न दे सकेंगे |
किसी चिड़िया ने चोंच में दबाकर पीपल का बीज नीम के तने में डाल दिया | थोड़ी मिट्टी ,थोड़ी नमी पाकर बीज उग आया और धीरे -धीरे नीम का आश्रय पाकर बढ़ने लगा | परावलंबी होने के कारण उसकी जड़ों को विकास के लिये न तो स्थान मिला और न ही डालें फैल सकीं | परिणाम स्वरूप वह थोड़ा ही बढकर रह गया | एक दिन उसे गुस्सा आया ,उसने नीम को डांट लगा दी -"दुष्ट !तू स्वयं तो आकाश छू रहा है और मुझे जरा भी बढ़ने नहीं देता है | देख मुझे भी बढ़ने दे ,नहीं तो तेरा नाश कर दूंगा "नीम हंसा और बोला -"मित्र !दूसरों की दया पर इतना ही विकास किया जा सकता है | इससे ज्यादा करना है तो अपनी नीव आप बनाओ ,अपने पैरों पर खड़े हो "| पीपल निरंतर नीम को कोसता रहा | एक दिन आंधी आई ,नीम का वृक्ष तो थोडा ही हिला था पर पीपल का पौधा धराशायी होकर मिट्टी चाटने लगा जो औरों के आश्रय में बढ़ने की आशा रखते हैं उनकी गति अंत में यही होती है |

25 February 2013

बुरी संगति से दुर्गति -'दुसंग भले ही कितना मधुर एवं सम्मोहक लगे ,किंतु उसका यथार्थ महाविष की भांति संघातक होता है | '
एक चित्रकार को किसी अत्यन्त सौम्य किशोर का चित्र बनाना था | ऐसे लड़के की तलाश में चित्रकार देश -विदेश में वर्षों तक मारा -मारा फिरा | बहुत कठिनाई से उसे एक ऐसा लड़का मिला ,जिसके रोम -रोम से सज्जनता टपकती थी | उसे सामने बिठाकर चित्र बनाया गया |चित्र बहुत ही सुंदर बना  | उसे बाजार में बहुत पसंद किया गया ,भारी बिक्री हुई | वर्षों बाद चित्रकार को सूझा कि वह एक अत्यंत बुरे और दुष्ट भाव -भंगिमा वाले अपराधी का चित्र बनायेगा | इसके लिये वह अपराधियों के अड्डे ,बंदीगृह और दुराचारियों के आवास स्थानों में भ्रमण करने लगा | अंत में एक बड़ी डरावनी शक्ल -सूरत का मनुष्य मिला | चित्रकार ने उसका चित्र बनाया और वह भी बहुत बिका | सज्जनता और दुष्टता की दो परस्पर विरोधी प्रतिकृतियों का यह अनोखा जोड़ा ,चित्र जगत में बहुत विख्यात हो गया | एक दिन वही दुष्ट ,दुराचारी चित्रकार से मिलने जा पहुंचा | चित्रकार ने उसका परिचय पूछा तो उसने कहा -"यह दोनों चित्र मेरे ही आपने बनाये हैं ,जब मैं बालक था तब सौम्य था और जब अधेड़ हुआ तो ऐसा भयंकर दुष्ट हो गया | चित्रकार ने पूछा -"तुम इस प्रकार कैसे इतने परिवर्तित हो गये ?"अधेड़ की आँखे बरसने लगीं | रोते हुए बोला -"बुरी संगति ने मेरी दुर्गति कर दी |

24 February 2013

'थोथा चना बाजे घना '-अहंकारी अपनी प्रशंसा और दूसरों की निन्दा करने में लगे रहते हैं | उनपर उद्दंडता और दूसरों को नीचा दिखाने का भूत सदैव चढ़ा रहता है |
  1. एक नारियल का फल पेड़ के सर्वोच्च स्थान पर लगा था | उसने नदी के किनारे पड़े पत्थर को देखकर तिरस्कार पूर्वक कहा -"क्या जिंदगी है तुम्हारी भी | हर किसी की ठोकरें खाते हो ,जिस नदी के किनारे पड़े हो ,उसकी लहरें ही तुम्हे टक्कर मारती हैं | अपमान की भी हद होती है ,पर तुम तो बेशरम हो ,तुम्हे क्या !मुझे देखो ,मैं स्वाभिमान पूर्वक उन्नत स्थिति में बैठा मौज कर रहा हूं | यहां से सारी दुनिया का नजारा देखता हूं | तुम तो लगता है घिसते -घिसते ही मर जाओगे | "पत्थर ने चुपचाप बात सुन ली ,कुछ नहीं कहा | पत्थर घिसता रहा ,उसकी साधना अनवरत चलती रही | एक पुजारी उधर से निकले ,उन्होंने गोल आकार का वही पत्थर देखा और यह कहकर कि ये तो शालग्राम हैं ,उन्हें मंदिर में श्रद्धा के साथ स्थापित कर दिया | शाम को तेज आंधी चली ,घमंडी नारियल हवा के थपेड़ों से दूर जाकर गिरा और दो टुकड़े हो गया | किसी भक्त ने उसे लाकर शालग्राम के पास श्रद्धा सहित चढ़ा दिया | नारियल टूट तो गया पर उसका अहंकार गया नहीं था | नारियल की मुखमुद्रा देख शालग्राम बोल उठा -"नारियल !देखा ,घिसने का परिणाम | हम तो परिमार्जित होते -होते प्रभु के चरणों में आ गये ,यहां हमारी पूजा होती है | घमंड में मतवालों की दुर्गति ही होती है | नारियल आँसू बहा रहा था |

22 February 2013

चंद्रमा समुद्र से बोला ,"सारी नदियों का पानी आप अपने ही पेट में जमा करते हैं ,ऐसी तृष्णा भी किस काम की ?"समुद्र ने कहा ,"जिनके पास अनावश्यक है ,उनसे लेकर बादलों द्वारा सर्वत्र न पहुंचा दूं तो स्रष्टि का क्रम कैसे चले ?यदि सब एकत्र ही करते रहेगें तो औरों को मिलेगा कैसे ?मैं तो अपना कर्तव्य निभाता हूं | अन्य क्या करते हैं ,यह नहीं देखता | "
अति सर्वत्र वर्जयेत | मध्य मार्ग ही वरेण्य है |
अतिवाद हर द्रष्टि से हानिकारक माना गया है | बौद्ध जातक कथाओं में इस संबंध में एक कथा है | इस कथा के अनुसार -राजकुमार प्रश्रवन भगवान तथागत के पास जीवन साधना के लिये आये | भगवान तथागत आगंतुक साधक को निश्चित समय पर ही प्रबोध करते थे | यह समय हर साधक की आंतरिक स्थिति के अनुसार अलग -अलग होता था | राजकुमार प्रश्रवन को अभी प्रतीक्षा करनी थी | प्रभु की ओर से बुलावा न पाने के कारण प्रश्रवन ने अपनी मनोकल्पित विधि के अनुसार उपवास करना शुरु कर दिया | भूखे रहने एवं अस्त -व्यस्त दिनचर्या के कारण उनका स्वास्थ्य नष्ट होने लगा ,वे कई बीमारियों से घिर गये | तभी तथागत ने उन्हें बुलाया और मध्यम मार्ग का उपदेश देते हुए कहा ,"वत्स ,प्रश्रवन ,तुम तो कुशल वीणा वादक हो | बताओ वीणा से संगीत कब निकलता है ?प्रश्रवन ने उत्तर दिया ,"भगवन !जब वीणा के तार ठीक -ठीक कसे हों | यदि तार ज्यादा ढीले हुए या फिर ज्यादा कसे गये तो वीणा से संगीत की स्रष्टि नहीं हो सकती | "इस उत्तर पर तथागत मुस्कराए और कहा ,"वत्स !यही सत्य जीवन साधना के संबंध में भी है | जीवन संगीत न तो विलासिता में स्वरित होता है और न ही अति कठोरता में | इन दोनों स्थितियों में तो बस बीमारियां ही पनपती हैं | जीवन संगीत तो संयम के साज पर बजता है | संयम अति से उबरने एवं मध्यम में ठहरने का नाम है |