20 April 2013

THANKFUL

कृतज्ञता मनुष्य जाति का ऐसा गुण है कि यदि लोग दूसरे लोगों के उपकार ,उनकी सेवाओं के प्रति थोड़ी सी भी श्रद्धा और सम्मान का भाव रखें तो संसार से कलह और झगड़ों की 90 प्रतिशत जड़ तुरंत नष्ट हो जाये | कृतज्ञता आत्मा की प्यास और उसकी चिरंतन आवश्यकता है |
एक मार्मिक घटना है -एक डाकिया प्रतिदिन डाक लेकर जंगल से गुजरते हुए दूसरे गांव डाक बांटने जाया करता था | एक दिन उसने देखा पेड़ की एक डाल में छोटे से छेद में से निकलने  के प्रयास से एक बंदर फंस गया | वह बंदर तथा अन्य बंदर चिल्ला रहे हैं | डाकिये ने जब यह देखा तो उसे दया आ गई | पहले तो वह भयभीत हुआ किंतु फिर उसने सोचा जब मैं भलाई करना चाहता हूं तो बंदर क्यों बुराई करेंगे | डाकिये के पास कुल्हाड़ी थी ,वह वृक्ष पर चढ़ गया और सावधानी से छेद बड़ा कर उसने फंसे बंदर को बाहर निकाला | सब बंदर चुपचाप वहां से चले गये | किसी ने डाकिये को डराया नहीं |
लगभग एक सप्ताह बाद एक दिन जब पोस्टमैन डाक लेकर जंगल से गुजर रहा था तो उसने देखा  कई बंदर रास्ते के इधर उधर बैठे हैं ,पोस्टमैन के हाथ में कुल्हाड़ी थी इसलिये वह निडर होकर आगे बढ़ता गया | जैसे -जैसे वह आगे बढ़ा बंदर इकट्ठे होते गये उसके पास आ गये | पोस्टमैन को यह देखकर बड़ा आश्चर्य हुआ कि उन बंदरों के हाथ में जंगल में पाया जाने वाला दुर्लभ लाल रंग का फल है | सब बंदरों ने अपने अपने फल पोस्टमैन के पास रख दिये और पल भर में इधर उधर चले गये | यह देखकर उसकी आँखों में आँसू आ गये
         यदि मनुष्य जीव मात्र के प्रति दया का व्यवहार करे ,परस्पर सहयोग की भावना रखें तो संसार की अनेकों समस्याएं स्वत:ही हल हो जायें | 

19 April 2013

'धन संबंधी ईमानदारी और कर्तव्य संबंधी जिम्मेदारी का समन्वय किसी व्यक्ति को प्रमाणिक और प्रतिष्ठित बनाता है | '

         
          'जिसने ईमानदारी खो दी ,उसके पास खोने के लिये और कुछ नहीं बचता '| 

SELF - RESPECT

'आत्म -सम्मान का मर्म आत्म -निष्ठ ,ईश्वर परायण एवं सेवामय जीवन शैली में निहित है | 'जीवन में सफलता एवं प्रसन्नता की अनुभूति का आधार आत्म -सम्मान ,आत्म -गौरव की स्वस्थ भावदशा है |
                                  व्यक्ति आत्म -सम्मान के अभाव में सफल तो हो भी सकता है ,बाह्य उपलब्धियों भरा जीवन भी जी सकता है ,किंतु वह अंदर से भी सुखी ,संतुष्ट एवं संतृप्त होगा ,यह संभव नहीं है | आत्म -सम्मान के अभाव में जीवन एक गंभीर अपूर्णता से भरा रहता है ,जो पग -पग पर जीवन में बहुत कुछ होते हुए भी एक गहरी कमी का एहसास देता रहता है और जीवन एक अज्ञात सी पीड़ा ,असुरक्षा एवं अशांति से बेचैन रहता है | आत्म -सम्मान के अभाव में जीवन की बड़ी से बड़ी ,महान से महान सफलता भी मनुष्य जीवन को सार्थकता की अनुभूति नहीं दे पाती | इस युग की यह त्रासदी उन सभी नेताओं ,शिक्षकों ,कलाकारों एवं व्यक्तियों के साथ घटित होते हुए देखी जा सकती है जिन्होंने मनुष्य जाति को बड़े -बड़े अनुदानों से उपकृत किया ,किंतु अपने जीवन में निम्न आत्म -सम्मान से पीड़ित रहे | कुछ लोग इसी कमी के कारण शराबी ,नशा के आदि या दुर्व्यसनों के शिकार हुए हैं ,कोई आत्म हत्या जैसा वीभत्स कदम भी उठा बैठे | इस तरह आत्म सम्मान की कमी जीवन को नीरस ,दुखमय बनाने वाली गंभीर मनोदशा है |
                                            आत्म -सम्मान का बाहरी उपलब्धियों एवं सफलताओं से बहुत अधिक लेना -देना नहीं है ,यह तो स्व -प्रेम एवं स्व -सम्मान की व्यक्तिगत अनुभूति है | यह व्यक्ति का अपनी नजरों में अपना मूल्य है |
                        अपने जीवन को अंतरात्मा द्वारा निर्धारित उच्चतम मानदंडों पर जीने का प्रयास करें | अपनी अंतरात्मा की आवाज का अनुसरण करें ,अपने सत्य के साथ किसी तरह का समझौता न करें | देह की वासना ,मन की तृष्णा और अहं की क्षुद्रता को पैरों तले रौंदते हुए जब हम अंतरात्मा के पक्ष में निर्णय लेते हैं तो हमारा आत्म -सम्मान उछलकर हमारे व्यक्तित्व को आत्म -गौरव की एक नई चमक देता है ,परंतु जब हम जीवन के भय -प्रलोभन ,वासना -स्वार्थ एवं अहं की क्षुद्रता के सामने घुटने टेक देते हैं तो तत्क्षण हमारे चेहरे पर आत्म ग्लानि की राख पुत जाती है और व्यक्तित्व की चमक क्षीण हो जाती है |
व्यक्ति की विश्वसनीयता एवं प्रमाणिकता उच्च आत्म सम्मान की द्दोतक है 

18 April 2013

DUTIFUL

'पवित्र जीवन ,प्रेमी स्वभाव ,परमार्थपरायणता ही कर्तव्य निष्ठा की सही परिभाषा है ,जो स्वर्गीय आनंद दिलाती हैं '|
मरने के बाद तीन व्यक्तियों की आत्माएँ मृत्यु देवता धर्मराज के पास पहुंची | दूतों ने पहले के बारे में बताया कि ये बड़े महात्मा हैं ,युवावस्था में माता -पिता ,पत्नी -बच्चों को छोड़कर ये जंगल में चले गये और जीवन -भर तप करते रहे | धर्मराज ने कहा -"इसने कर्तव्यों की उपेक्षा की है | ऐसा व्यक्ति धार्मिक कैसे बन सकता है ?परिवार के लोगों के साथ इसने विश्वासघात किया है | इसे कर्तव्य पालन हेतु पुन:धरती पर भेजें ,तभी यह स्वर्ग पा सकेगा | "दूसरे व्यक्ति के बारे में दूतों ने कहा -"यह बड़ा कर्तव्यपरायण है | पत्नी बीमार पड़ी ,तब भी यह बेपरवाह काम करता रहा | मर गई पर चिंता नहीं की | जीवन भर अपने काम में लगा रहा | "धर्मराज बोले -" ऐसे ह्रदयहीन का स्वर्ग में क्या स्थान इसे  फिर से पृथ्वी पर भेजो ,संवेदना पूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा दो | "!तीसरे  व्यक्ति के बारे में दूतों ने बताया कि यह एक साधारण गृहस्थ है | ईश्वर विश्वास और पवित्रता का जीवन जिया ,परिवार को प्रेमपूर्वक विकसित कर संस्कारवान बनाया | हमेशा दूसरों के सुख और उत्थान हेतु कार्य करता रहा | "धर्मराज ने कहा -"स्वर्ग ऐसे ही पवित्र और परमार्थी लोगों के लिये बनाया गया है | इन्हें आदर पूर्वक स्वर्ग में स्थान दें | "

SATISFACTION

एक युवक बड़ा परिश्रमी था | दिन भर काम करता ,शाम को जो मिलता खा -पीकर चैन की नींद सो जाता | एक दिन उसने एक धनी व्यक्ति का ठाठ -बाट देख लिया | बस नींद उड़ गई | रात भर नींद नहीं आई ,उसी के ख्वाब देखने लगा | कुछ संयोग ऐसा हुआ कि उसकी लाटरी लग गई | ढेरों धन उसे अनायास मिल गया | अब उसका सारा समय भोग -विलास में बीतने लगा | विलासिता पूर्ण जीवन जीने और श्रम न करने से वह दुर्बल होता चला गया | उसके पूर्व के मित्र भी उससे जलने लगे ,सब पैसे के प्रेमी हो गये | उसे भी किसी पर विश्वास नहीं रहा | चिंता और दोगुनी हो गई ,नींद फिर चली गई | सोचने लगा ,इससे पूर्व की जिंदगी बेहतर थी | एक दिन एक महात्मा जी उधर आये | उनसे उसने सुख और ख़ुशी का मार्ग पूछा | महात्मा ने एक शब्द कहा --'संतोष '| और आगे बढ़ गये | युवक समझ गया | सारी मुफ्त की संपति उसने एक अनाथालय और विद्दालय को दान कर दी और स्वयं एक लोकसेवी का ,परिश्रम शील जीवन जीने लगा | 

17 April 2013

IDENTITY

एक संत कह रहे थे -"मनुष्यों में कुछ देवता पाये जाते हैं ,शेष तो नर -पिशाच ही होते हैं | "जिज्ञासु ने पूछा -"इन नर पिशाचों ,मनुष्यों तथा देवताओं की पहचान क्या है ?"
संत ने कहा -"देवता वे हैं ,जो दूसरों को लाभ पहुँचाने के लिये स्वयं हानि उठाने के लिये तैयार रहते हैं |
मनुष्य वे हैं ,जो अपना भी भला करते हैं और दूसरों का भी |
नर -पिशाच वे हैं ,जो दूसरों की हानि ही सोचते हैं ,भले ही इस प्रयास में उन्हें स्वयं भी हानि उठानी पड़े | "



               एक महात्मा नाव पर जा रहे थे | उसी में कुछ दुष्ट भी बैठे थे | महात्मा का सिर घुटा हुआ देखकर दुष्टों को शरारत सूझी ,वे उनकी खोपड़ी पर चपत लगाने का मजा लूटने लगे | आकाश के देवता यह द्रश्य देखकर बहुत क्रुद्ध हुए | उन्होंने महात्मा से पूछा -"कहो तो नाव उलट दें और इन सभी पापियों को नदी में डुबो दें | "महात्मा ने हँसते हुए कहा -"उलटना और डुबोना तो सभी जानते हैं | आप देवता हैं तो इन्हें उलटकर सीधा कीजिये और डुबाने की अपेक्षा इन्हें उबार दीजिये ,सुधार दीजिये | "देवताओं ने वैसा ही किया | 

GENEROUS

'आदमी चाहे तो थोड़े में गुजर कर सकता है | सुखी बन सकता है और महान कार्यों के लिये समय निकाल सकता है | '
                 संत रामदास अपने शिष्यों के साथ धर्म प्रचार के लिये जा रहे थे | रास्ते में निर्जन प्रदेश पड़ा ,दूर तक कोई गांव दिखाई नहीं देता था | भोजन की समस्या उत्पन्न हुई ,तो उन्होंने कहा -जो कुछ तुम्हारे पास है ,उसे इकट्ठा कर लो और मिल बांटकर खाओ | शिष्यों के पास कुल मिलाकर पांच रोटी और दो टुकड़े तरकारी थी | शिष्यों ने उसे भरपेट खाया और जो भूखे भिखारी उधर से निकले ,वे भी उसी से तृप्त हो गये | एक शिष्य ने पूछा ,गुरुवर !इतनी कम सामग्री में इतने लोगों की तृप्ति का रहस्य क्या है ?संत ने कहा -"हे शिष्यों !धर्मात्मा वह है जो स्वयं की नहीं ,सबकी बात सोचता है | अपनी बचत सबके काम आये ,इस विचार से ही तुम्हारी पांच रोटी अक्षय अन्नपूर्णा बन गईं | जो जोड़ते हैं वे ही भूखे रहेंगें ,जिनने देना सीख लिया उनके लिये तृप्ति के साधन आप ही आ जुटते हैं | "