26 April 2013

ISHVAR VISHVAS

इटली के वीर गैरीबाल्डी ने अपनी जीवन कथा में लिखा है -"युद्ध में मेरी विजय और साहस को देखकर मेरे मित्र बड़े विस्मय में हैं और वे यह समझते हैं कि मैं किसी दैवी शक्ति का प्रयोग करता हूँ | पर मैं यहां साफ बता देना चाहता हूं कि मेरे साहस और शौर्य के मूल में ,ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास ही है | मेरा विश्वास है कि जब तक मेरी माता मेरे प्राण -रक्षार्थ ईश्वर के ध्यान में निमग्न रहेंगी ,तब तक मुझ पर कोई विपति नहीं पड़ सकती | मैं ईश्वर के भरोसे बिलकुल निश्चिन्त हूँ | "
                इस युद्ध में भीषण रक्तपात हुआ ,गैरीबाल्डी के पास से सनसनाती हुई गोलियां छूटती रहीं ,गोले दगते रहे पर उनके जीवन को आंच नहीं आई |

 "          जिस परमात्मा को बड़े -बड़े ज्ञानी -ध्यानी भी योग साधनायें करके भी नहीं जान पाते उसे भक्त अपनी निष्ठा ,विश्वास और भावना के द्वारा प्राप्त कर लेते हैं | 

LIFE

जीवन एक अवसर है ,जिसे यदि गँवा दिया जाये तो हाथ से सब कुछ चला जाता है और यदि उसका सही उपयोग कर लिया जाये तो प्रगति के चरम शिखर पर पहुंचा जा सकता है | जीवन एक चुनौती है ,संग्राम है ,इसे किस प्रकार सफल बनाया जा सकता है ,जिसने इस रहस्य को जान लिया और जीवन में उतार लिया ,समझना चाहिये कि वह सच्चा रत्नपारखी और उपलब्ध विभूतियों का सदुपयोग कर सकने वाला भाग्यशाली है |
जीवन न तो चमत्कार से चलता हैऔर न ही अंधविश्वास के साये में पलता -बढ़ता है | जीवन एक यथार्थ है और इसे कड़वी हकीकत से सामना करना पड़ता है ,गुजरना पड़ता है | किसी चमत्कार के सहारे जीवन की दशा और दिशा को बदला नहीं जा सकता | जीवन ओझाओं ,बाबाओं और तांत्रिकों के हाथ की कठपुतली नहीं है | यदि ऐसा होता तो अंधविश्वास के ये शागिर्द सबसे पहले स्वयं को ही बदल लेते | किंतु ये न स्वयं को बदल सकते हैं और न ही दूसरों के भाग्य में हाथ डाल सकते हैं |
अंधविश्वास में प्रमाणिकता कहां है ,यथार्थ रूप से विश्वास कहां है ,सब कुछ अँधेरे में चलता है | दिशा तो दिन के उजाले में मिलती हैअंधविश्वासी चाहता है कि बीज को डाले बगैर पेड़ फले -फूले ,वह मेहनत के बिना शार्टकट  का रास्ता अपनाकर सब कुछ पा जाना चाहता है |
जीवन किसान के उस खेत के समान है ,जिसमे फसल तो उगती है ,अनाज भी मिलता है ,परंतु कड़ी मेहनत एवं धैर्य पूर्वक सब कुछ समय साध्य होता है | ऐसा नहीं होता कि आज बीज बोया और कल फसल तैयार हो जाये | सब समय के साथ ,निश्चित क्रम के साथ होता है और इसके लिये असीम धैर्य तथा लगन -निष्ठा की जरुरत होती है |
                       हमें अंधविश्वासी नहीं ,ईश्वर विश्वासी होना चाहिये -यही जीवन के विकास का मूल मंत्र है | 

25 April 2013

'सोये आत्मविश्वास को जगाना ही सफलता का मूल मंत्र एवं गुप्त रहस्य है '

                     इंग्लैंड के मिस्टर कौबडैन एक बार व्याख्यान देने खड़े हुए लेकिन एक शब्द भी नहीं बोल पाये | लोग खिलखिला कर हँसने लगे और उन्हें स्टेज से नीचे उतार दिया गया | उन्होंने एक शब्द भी न बोल पाने के लिये सभापति से क्षमा मांगी और कोने में दुबके अपनी असफलता पर आँसू बहाने लगे |
                    लेकिन दूसरे ही क्षण उनने हिम्मत बांधी ,आत्मविश्वास जगाया ,स्वयं से कहा -उठ फिर प्रयत्न कर ,सफलता तो पुरुषार्थी की चरणदासी है ,आज नहीं तो कल सही ,हिम्मत न हार |
         कौबडैन फिर से पढ़ने लगे | एक -एक विषय के सैकड़ों द्रष्टान्त और आंकड़े उसने रट लिये | एकांत में अभ्यास ,मित्रों में अभ्यास ,छोटी -छोटी पार्टियों और क्लबों में अभ्यास करते -करते वह एक दिन इंग्लैंड का सर्वश्रेष्ठ वक्ता बन बैठा |  

SELF CONFIDENCE

आत्मविश्वास का अर्थ है -स्वयं पर विश्वास ,स्वयं के अस्तित्व पर विश्वास | जो | ,स्वयं पर विश्वास करता है वह ईश्वरपर भी विश्वास करता है | आत्मविश्वास साहस का पर्याय है ,जो रग -रग में दौड़ता है | यह अंतर की पुलकन है ,आँखों की चमक तथा अधरों की मुस्कान है | यह वह जादुई अदभुत शक्ति है ,जो भीषण कठिनाइयों का सामना सरलता से कर लेती है |
आत्मविश्वास पथ की विध्न -बाधाओं को दूर करने का एक महामंत्र है | इसमें कठिनाइयों के विशाल पर्वतों को लाँघ जाने की अपार क्षमता होती है | आत्मविश्वास जब अंतर में उमगता है ,तो शक्ति और सामर्थ्य दोगुनी हो जाती है | जिसका विश्वास प्रखर होता है उसे परिस्थितियां झुका नहीं पातीं | अंतर में विश्वास की मशाल जलाने वाला हर असफलता से सीख लेता है एवं दूने उत्साह के साथ जुट जाता है | उसके अंदर साहस का दावानल धधकता है ,जिसकी लपटों में हताशा -निराशा वाष्प बनकर उड़ जाती है | ऐसे व्यक्ति कभी परास्त नहीं होते ,उनकी हार भी जीत के साथ लिखी जाती है |
            सफलता पाने के लिये अंदर के आत्मविश्वास को जगाना आवश्यक है यह एक दैवी विभूति है ,इसी के द्वारा ही ऋद्धि -सिद्धियों की अपार संपदा अर्जित की जा सकती है | 

SELF IMPORTANCE

मनुष्य स्रष्टि का सबसे समुन्नत ,ईश्वरीय शक्तियों से भरा हुआ ,असीम शक्तियों को धारण किये हुए सबसे शक्तिशाली प्राणी है | बुद्धि और ज्ञान इसके मुख्य गुण हैं ,जिनके बल पर यह संसार के सब प्राणियों का सम्राट है | इस सत्य का ज्ञान जिसे हो जाये वह मनुष्य श्रेष्ठतम कर्तव्य पथ पर चलता है |
जिसने अपने को जितना मूल्यवान समझा संसार से उसका उतना ही मूल्य प्राप्त हुआ | हमें उतना ही सम्मान ,यश प्रतिष्ठा ,प्रसिद्धि प्राप्त होती है ,जितना कि हम स्वयं अपने व्यक्तित्व का लगाते हैं |
मनुष्य के मन में ऐसी अदभुत गुप्त चमत्कारी शक्तियां दबी पड़ी रहती हैं कि वह जिन गुणों का चिंतन करता है ,गुप्त रूप से वे दिव्य गुण उसके चरित्र में बढ़ते और पनपते रहते हैं |
आत्म निरीक्षण द्वारा अपने चरित्र का वह दैवी विशिष्ट गुण आप मालुम कर सकते हैं और अभ्यास ,साधना ,चिंतन द्वारा उसे विकसित कर संसार को आश्चर्य में डाल सकते हैं | हो सकता है आप में किसी महान आत्मा का निवास हो "

23 April 2013

CAREFUL

'काम अधूरे मत छोड़ो | या तो हाथ मत डालो या पूरे करके रहो | थोड़ा करो पर पूरे मन से करो | जो बहुत समेटता है पर उन्हें संभाल नहीं पाता ,वह पछताता और हँसी कराता है | '
यदिआप जीवितों का जीवन जीना चाहते हैं तो जाग्रत रहिए ,अपने हर काम को सावधानी और सतर्कता के साथ कीजिये | जाग्रत मनुष्यों को ही जीवन फल मिलता है |
प्रकाश के अभाव का नाम अंधकार है ,इसी प्रकार जागरूकता का अभाव ही लापरवाही है |
लापरवाही एक मानसिक लकवा है ,जिससे आधा मस्तिष्क लुंज -पुंज हो जाता है | ऐसे मानसिक अपाहिज जीवन के भार को किसी प्रकार गिरते -मरते ढोते रहते हैं | उन्नत और संपन्न जीवन तो उनके लिये आकाश कुसुम की भांति दुर्लभ है | जीवन को धूलि में मिला देने वाला यह रोग ,जब रोगी चाहे जा सकता है | यह रोग ठहरता तभी तक है जब तक रोगी उसका विरोध नहीं करता और अपने में उसे ठहरने देता है ,पर जब वह विरोध करने और हटा देने हेतु उतारू हो जाता है तो फिर उसका ठहरना नहीं हो सकता | मन की उदासीनता रूपी बाधा को हटा दिया जाये तो हर एक व्यक्ति पूर्ण रूप से क्रिया -कुशल ,कर्तव्य -निष्ठ ,परिश्रमी ,कर्म -परायण और सफल मनोरथी हो सकता है | 

22 April 2013

ABILITY

हजरत उमर ने एक व्यक्तिको किसी प्रदेश का शासकनियुक्त किया | इसके बाद खलीफा एक पड़ोसी के बच्चे को खिलाने लगे | उसे हँसाने के लिये मुंह बनाने और तरह तरह की जानवरों की बोलियाँ बोलने लगे | नव -नियुक्त शासक आश्चर्य में पड़ गया | उसने कहा -"मेरे पांच बच्चे हैं | उनमे से किसी को मैंने इतने प्यार से नहीं खिलाया ,जितना कि आप पड़ोसी के  बच्चे को प्यार कर रहे हैं | "खलीफा ने नियुक्ति पत्र वापस ले लिया और कहा -"जब तुम अपने बच्चों को प्यार नहीं कर सकते तो मेरी प्रजा को प्रसन्न रखने की बात कैसे सोच सकोगे ?"

                       
                  इंग्लैंड के बादशाह हेनरी पंचम जब युवराज थे ,तब एक बार न्यायधीश ने किसी अपराधी को कानून के अनुसार दंड दिया | इस पर हेनरी ने न्यायधीश से कहा -"मैं युवराज की हैसियत से आदेश देता हूँ कि आप इसे छोड़ दें | "न्यायधीश ने आदेश नहीं माना और कहा -कानून युवराज से बड़ा है | इस पर बौखलाये हेनरी ने न्यायधीश को एक थप्पड़ जड़ दिया | जज ने तुरंत पुलिस बुलाकर उसे जेल में बंद करा दिया ,साथ ही एक नोट लिखकर भेजा -'आगे चलकर आपको इस देश का राजा बनना है | यदि आप ही राज्य के कानूनों का सम्मान नहीं करेंगे ,तो प्रजा आपकी आज्ञा क्यों मानेगी |
हेनरी ने अपनी भूल मानी और माफी मांगी | जब वह राजा बने तब भी उस न्यायधीश की घटना को सदा सराहते रहे |