16 January 2013

JEENO KI PATHSHALA

यूनान का एक वृद्ध दार्शनिक अपने मित्र से बोला -मैंने लोगों को सच्चाई और सदाचार की शिक्षा देने की योजना बनायी है ।विद्दालय के लिये स्थान चुन लिया है ,पर विद्दा -अध्ययन के लिये विद्दार्थी नहीं मिलते ।मित्र हँसते हुए बोले -तो आप कुछ भेड़ें खरीद लीजिये और अपना पाठ उन्हें ही पढ़ाया करें ।तुम्हारी इस योजना के लिये आदमी मिलने मुश्किल हैं ।हुआ भी ऐसा ही ,कुल दो युवक आये ।जिन्हें घर वाले आधा पागल समझते थे और मोहल्ले वाले सिरदर्द ।वृद्ध ने उन्हीं को पढ़ाना शुरु किया ।दूसरे लोग कहा करते -बुड्ढे ने मन बहलाने का अच्छा साधन ढूंढा ।किंतु यही दोनों इस बूढ़े विचारक से शिक्षा प्राप्त कर जब पहली बार घर लौटे तो उनके रहन -सहन ,बोलचाल ,अदब -व्यवहार ने लोगों का ह्रदय मोह लिया ।फिर तो जो विद्दार्थियों की संख्या बढ़नी शुरु हुई कि विद्दालय पूरा विश्व -विद्दालय बन गया ।पहले के दोनों छात्रों में एक यूनान का प्रधान सेनापति और दूसरा मुख्य सचिव नियुक्त हुआ ।यह वृद्ध ही सुविख्यात दार्शनिक जीनों और उसकी पाठशाला ने जीनों की पाठशाला के नाम से विश्व ख्याति अर्जित की ।

FOOLISH MONKEY

एक चालाक भालू था ।उसने एक बन्दर को अपना दोस्त बनाकर मतलब गाँठने का रास्ता निकाला ।भालू पानी में घुसकर मछली पकड़ता था ।इसमें उसे बहुत श्रम करना पड़ता था और थोड़ा लाभ हाथ आता ।नई तरकीब उसने यह निकाली कि बन्दर की पूंछ में आटा लिपटा देता ।गंध पाकर मछलियाँ वहां आतीं ।भालू पानी में ही छिपकर बैठा रहता ।मछली पास आते ही उन्हें पकड़ लेता ।जल्दी पेट भर लेता ।बदले में भालू बन्दर को बेर बीन कर दिया करता ।इस बात का पता एक मगर को लग गया ।वह दूर बैठा यह दृश्य देखा करता ।आटे की गंध उसे भी आकर्षित करती ।एक दिन मगर ने बन्दर को धर दबोचा और उसे हड़प लिया ।बदमाशी में साझीदार बनने का क्या नतीजा होता है यह बन्दर ने तब अनुभव किया जब वह मगर की दाढ़ों में फँस गया ।

15 January 2013

"संयमित जीवन बिताकर भी मैं रोगी हूँ ,महात्मन ,ऐसा क्यों ?"एक व्यक्ति ने कन्फ्यूशियस से प्रश्न किया ।कन्फ्यूशियस ने थोड़ा विचार किया और बोले -"भाई ,तुम शरीर से संयमित हो ,पर मन से नहीं ।अब जाओ ईर्ष्या करना बंद कर दो तो तुम्हें संयम का पूर्ण लाभ मिलेगा ।"

JEALOUS /POISON

समुद्र मंथन हुआ तो उसमे से अनेक रत्नों के साथ विष भी निकला ।उस हलाहल विष की कुछ बूंदे मिट्टी पर गिर पड़ीं ।संयोगवश वह मिट्टी वही थी जिसे लेकर ब्रह्माजी मनुष्यों की देह बनाया करते थे ।उन्होंने उन विष की बूंदों को हटाया नहीं और उस विषैली मिट्टी से ही मनुष्यों की देह बनाते रहे ।विष की बूंदें ईर्ष्या की अग्नि बनकर मनुष्यों को जलाने लगीं और तभी से मनुष्य दूसरों को बढ़ता देखकर प्रसन्न होने के स्थान पर अकारण जलने और अपनी विषपान जैसी हानि करता चला आ रहा है ।

14 January 2013

SUCCESS

नदी में बाढ़ आई ।लहरें तट की मर्यादा को तोड़ती हुईं चारों  ओर फैलने लगीं ।प्रवाह में भारी प्रचंडता थी ।तटवर्ती वृक्ष उसकी लपेट में आकर धराशायी होने लगे ।किनारे पर शमी का एक विशाल वृक्ष मुद्दतों से अकड़ा खड़ा था ।वह सोचता था -"मेरी जड़ें गहरी हैं ,मैं परिपक्व भी हूँ और सुद्रढ़ भी ,इन लहरों की क्यों परवाह करूं ?"उसका सोचना चल ही रहा था कि लहरों ने जड़ के नीचे की मिट्टी काटनी शुरु कर दी ।हर लहर के साथ मिट्टी खिसकने लगी ।मजबूत तने से प्रवाह टकराया ।वृक्ष की निश्चिन्तता काम न आई ।देखते -देखते वह उखड़ गया ।देखने वालों ने आश्चर्य से देखा कि नदी तट का पुरातन शमी वृक्ष लहरों पर उतरता  हुआ ,बहा चला जा रहा है ।पास ही बेंत का एक छोटा सा गुल्म खड़ा था ।उसने सोचा विपत्ति आने से पूर्व सुरक्षा का उपाय कर लेना चाहिये ।वह झुका और मिट्टी की सतह पर लेट गया ।गरजती हुई पानी की लहरें उसके ऊपर होकर गुजरती रहीं ।बाढ़ उतरी तो देखने वालों ने देखा कि बेंत का पौधा सुरक्षित है और खतरा टलते ही अपना मस्तक ऊँचा उठाने की तैयारी कर रहा है ।पूछने वालों ने पूछा -"विशाल शमी वृक्ष क्यों उखड़ गया और बेंत का छोटा पौधा बाढ़ से कैसे बचा रहा ?बताने वालों ने बताया -"अहंकारी ,अक्खड़ और अदूरदर्शी समय की गति को नहीं पहचानते और ढिठाई उन्हें ले बैठती है ।किन्तु जो नम्र हैं ,वे झुकते हैं ,टकराने से बचते हैं और अपनी सज्जनता का सुफल देर तक प्राप्त करते रहते हैं ।-

10 January 2013

मनुष्य के ह्रदय का द्वार खोलने वाली ,निम्नता से उच्चता की ओर ले जाने वाले गुणों का विकास करने वाली यदि कोई वस्तु है तो प्रसन्नता ही है ।प्रसन्न और संतुष्ट रहने वाले व्यक्तियों का जीवन ज्योति पुंज बनकर दूसरों का मार्गदर्शन करने में सक्षम होता है ।प्रसन्नता ऐसा टॉनिक है जिसका नित्य पान करके व्यक्ति तन्दरुस्त हो जाता है ,मनुष्य के अन्दर के घाव ठीक हो जाते हैं और व्यक्ति के मन पर जमी विषाद की धूल झड़ जाती है ।दिल खोल कर हँसना सीखो ताकि बुढ़ापे की झुर्रियों में भी जवानी की झलक चमकती रहे

9 January 2013

REGULARITY

नियमितता ही जीवन है ।सूर्य एक नियमितता लिये हुए उदय एवम अस्त होता है ।पृथ्वी ,चन्द्रमा ,ग्रह ,तारे सभी निश्चित गति से सुसंचालित हैं ।कीड़े मकोड़े और पक्षियों में यह विशेषता पाई जाती है वे अपने भीतर की किसी अज्ञात घड़ी के मार्गदर्शन से अपनी गतिविधियाँ व्यवस्थित रखते हैं ।मुर्गा समय पर बांग देता है ,चमगादड़ रात को ही उड़ता है ।चींटियों की प्रणय केलि नियत निर्धारित मुहूर्त पर होती है ।वर्ष में एक दिन एक ही समय उनका नियत रहता है ।यदि हम इन छोटे प्राणियों से समय पालन की नियमितता सीख सकें तो जीवन को व्यवस्थित रखकर वांछित दिशा में प्रगति कर सकते हैं ।