4 April 2013

self -control

'मन के हारे हार है ,मन के जीते जीत '
रोग की जड़ें शरीर में नहीं ,मन में होती हैं | अधिकतर समस्याएं ,विकृति,एवं विकार ,आध्यात्मिक जीवन -द्रष्टि के अभाव में पनपते हैं | यदि पीड़ित व्यक्ति की जीवन द्रष्टि सुधार दी जाये तो समस्या का समाधान हो जाता है | विचार एवं चिंतन प्रणाली को स्वस्थ ,श्रेष्ठ ,पवित्र एवं सकारात्मक रखकर ही शरीर एवं मन -मस्तिष्क को स्वस्थ एवं प्रसन्न रखा जा सकता है | मानसिक संकल्प की द्रढ़ता के आगे असाध्य रोग भी ठीक होते देखे गये हैं | 

THE PRESERVATION OF HEALTH IS DUTY

समर्थ वैद्द जीवक अपने एक रोगी को लेकर चिंतित थे | वह पूर्ण रूप से स्वस्थ था ,बस उसकी एक आँख नहीं खुलती थी | जीवक अपने स्तर पर सारी जाँच कर चुके थे | शरीर के सभी अंगों के साथ आँख के भी सभी अवयव सामान्य थे | थककर उन्होंने महास्थविर रैवत ,जो तथागत के शिष्य थे ,अपनी कथा सुनाई |
रैवत मानवीय चेतना के ज्ञाता थे | सब जानने के बाद वे बोले -"जीवक !तुम्हारे रोगी की समस्या शारीरिक नहीं ,मानसिक है | उसने अपने जीवन में नैतिकता की अवहेलना की है | इसी वजह से यह ग्रंथि बनी है | प्रभु के प्रेम की ऊष्मा उसे अपनी मनोग्रंथि से मुक्त कर देगी | जाओ !इसे भगवान बुद्ध के पास ले जाओ | "
उस रोगी ने अपने सभी गलत कार्य ,मन की व्यथा प्रभु को सुना दिये | भगवान ने उसके मस्तक पर हाथ फेरा | उसकी आँख खुल गई ,रोग से मुक्ति मिली | उसके द्वारा पूर्व में किये गये गलत कार्यों के प्रायश्चित हेतु उसे जनसेवा का व्रत दिलाया गया ।
अनैतिकता समाज से मिटे तो बहुत से असाध्य रोग सहज ही नष्ट हो जायेंगे | 

3 April 2013

GRIEF

जिसने दुःख नहीं सहा वह सुख की मिठास क्या जाने | जो रोया नहीं उससे हँसना भी न आयेगा | जिसने हार -जीत नहीं देखी उसे पुरुषार्थ का महत्व कैसे मालुम होगा | | जिसे संदेह करना नहीं आता वह सही चिंतन भी न कर सकेगा |
तपस्वियों ने दुःख को देवों के हाथ का हथौड़ा कहा है ,जो चेतना के उन्नयन के नये सोपान स्रष्ट करता है ,विकास व परिष्कार के नये द्वार खोलता है |
सिनाका प्रसिद्ध संत थे | उनका एक शिष्य अपने नवजात शिशु को उनसे आशीर्वाद दिलाने पहुंचा | सिनाका बोले -"इसे क्या आशीर्वाद दूं ?"शिष्य ने अनुरोध किया -"बस इतना कह दें कि इसका व्यक्तित्व परिपक्व और तेजस्वी निकले | "सिनाका बोले -"भगवान करे इसके जीवन में संघर्षों की कमी न रहे | "शिष्य घबराया तो सिनाका ने उसे समझाते हुए कहा -"पुत्र !बिना तराशे हीरे की कीमत पत्थर से ज्यादा नहीं होती | संघर्ष और कठिनाइयां मनुष्य के व्यक्तित्व को मजबूत और सुगढ़ बनाते हैं ,जैसे श्रम के अभाव में शरीर नकारा हो जाता है वैसे ही विपरीत परिस्थितियों से टकराए बिना मनुष्य का व्यक्तित्व निष्प्राण बना रहता है | ये विषम घड़ियाँ ही उसके व्यक्तित्व को मजबूत और तेजस्वी बनायेंगी | "

2 April 2013

सत्कर्म ही वे पंख हैं ,जिनके सहारे मनुष्य स्वर्ग तक की ऊँची उड़ान उड़ सकता है |
भगवान का भजन करना श्रेष्ठ है ,किन्तु भजन का बहाना बनाकर सामाजिक और सांसारिक कर्तव्यों से विमुख होने की जो बात सोचते हैं ,उन्हें समाज में निठल्ले ,आलसी ,ढोंगी जैसे मर्माहत शब्द सुनने पड़ते हैं | 

PRESENT IS PRECIOUS

जो गुजर गया वह वापस नहीं आने वाला है |एक ही नदी के पानी में दो बार खड़ा हुआ नहीं जा सकता | नदी का पानी निरंतर प्रवाहित होता रहता है | दूसरी बार खड़े होने पर वह पानी आगे बढ़ चुका होता है | ठीक ऐसे ही वर्तमान पल एवं क्षण परिवर्तित होकर अतीत बन जाते हैं | जो व्यक्ति अपने अतीत में खोये रहते हैं वे मनोरोगी हो जाते हैं | जो अपने भविष्य की कल्पनाओं में डूबे रहते हैं वे शेखचिल्ली और पलायनवादी हो जाते हैं | निष्क्रिय ,निस्तेज और आलसी होकर सपने देखने से ऊर्जा के अभाव में सपने कभी पूरे नहीं होते |
हमारे हाथ में न तो अतीत है और न ही भविष्य ,हमारे नजदीक एवं निकट तो वर्तमान का क्षण है | यही वर्तमान का क्षण सच एवं यथार्थ है | इसी का सदुपयोग करना और इसी में जीने का अभ्यास करना चाहिये |
जो वर्तमान को साध लेता है ,वह अगला -पिछला सभी को साध लेता है | वर्तमान में विभूतियों ,उपलब्धियों का अंबार भरा पड़ा है | यही परमात्मा है ,यही जीवन है ,यही साधना है और इसी को साधना है | जो वर्तमान में जितना ज्यादा टिकेगा ,वह संसार और अध्यात्म दोनों ही क्षेत्रों में उतना ही सफल होगा | 

1 April 2013

A good heart is better than all the heads in the world

शीमक धनी इनसान थे ,पर उनके विषय में प्रसिद्ध था कि वे कंजूस हैं | इस मान्यता के पीछे कारण यह था कि वे सादगी पूर्ण जीवन जीते थे और अन्य धनी व्यक्तियों की भाँति अमीरी का आडम्बर नहीं करते थे | उन्हें सूचना मिली कि आचार्य महीधर ने सम्पूर्ण वेदों का भाष्य लिखा है ,पर धनाभाव के कारण वे उसे छपवा पाने में असमर्थ हैं | शीमक अपनी सारी कमाई लेकर आचार्य महीधर के पास पहुंचे और बोले -"आचार्य !आप ये सारा धन रख लें और इस ज्ञान का प्रचार -प्रसार करें | यदि इस धन के माध्यम से ये सद्ज्ञान सर्वसुलभ हो पाता है तो मेरा जीवन धन्य हो जायेगा | "लोगों को जब इस घटना का पता चला तो उन्हें समझ आया कि शीमक कंजूस नहीं ,महान दानी हैं | --अभिनन्दन धन का नहीं ,ह्रदय की विशालता का ,सह्रदयता का होता है | "

TOLERANCE

सहनशीलता में अदभुत शक्ति है | जिसने सहनशीलता के अभेद्द सुरक्षा कवच को ओढ़ लिया है ,उसे जीवन में प्रतिक्षण पड़ती चोटें और भी मजबूत और दृढ करती हैं | संत तिलोपा अपने शिष्यों को एक सच्ची घटना सुनाते थे ---एक युवक किसी लोहार के घर के पास से गुजरता था | उसने देखा कोने में बहुत से हथौड़े टूटे विकृत हुए पड़े हैं |
 | युवक ने लोहार से पूछा -"इतने सारे हथौड़ों को इस दशा तक पहुँचाने के लिये आपको कितनी निहाइयों की जरुरत पड़ी ?"इस सवाल के जवाब में लोहार जोर से हंसा और बोला -अरे भाई !केवल एक ही निहाई ।"युवक अचरज से देख रहा था केवल एक निहाई और वह भी अविजित और सुरक्षित जबकि अनेक हथौड़े और वे सब टूटे हुए | युवक कुछ और सोच पाता इतने में लोहार ने कहा -ऐसा इसलिये मित्र !क्योंकि हथौड़े चोट करते हैं और निहाई धैर्य से ,सर्वथा अविचलित भाव से सभी चोटों को सहती है | इसलिये एक ही निहाई सैकड़ो हथौड़ों को तोड़ डालती है | "इस कथा का समापन करते हुए संत तिलोपा ने अपने शिष्यों से कहा -"जीवन का सत्य सहनशीलता है | अंत में वही जीतता है ,जो चोटों को धैर्य पूर्वक सहता और स्वीकार करता है | "


               शिक्षा पूरी हुई तो शिष्यों ने गुरु से कहा कृपया मुक्ति का मार्ग भी बता दें | गुरु ने कहा -"परिसर में जो मूर्ति है ,उसे जी भरकर गालियां दे आओ | "शिष्यों ने वैसा ही किया और गुरु के पास आये ,गुरु ने पुन:आदेश दिया अब तुम लोग उस प्रतिमा पर फूल चढ़ा आओ | शिष्यों ने इस बार भी गुरु के आदेश का पालन किया | अब गुरु ने शिष्यों से पूछा -दोनों ही अवसरों पर मूर्ति की क्या प्रतिक्रिया थी ?शिष्यों ने एक स्वर से कहा -कुछ नहीं | गुरु ने कहा --बस ,यही मुक्ति का मार्ग है | भले -बुरे प्रसंगों में जब तुम लोग सहिष्णुता का अभ्यास कर लोगे ,तो मुक्ति का मार्ग सरल हो जायेगा | शिष्यों का समाधान हो चुका था |