3 March 2013

चिंतन और चरित्र यदि निम्न स्तर का है तो उसका प्रतिफल भी दुखद ,संकटग्रस्त एवं विनाशकारी होगा | उसके दुष्परिणाम को कर्ता स्वयं तो भोगता ही है ,साथ ही अपने संबद्ध परिकर को भी दलदल में घसीट ले जाता है | नाव की तली में छेद हो जाने पर उसमे बैठे सभी यात्री मझधार में डूबते हैं | स्वार्थी ,विलासी और कुकर्मी स्वयं तो आत्म -प्रताड़ना ,लोक भर्त्सना और दैवी दंड विधान की आग में जलता ही है ,साथ ही अपने परिवार ,संबंधी ,मित्रों ,स्वजनों को भी अपने जाल -जंजाल में फंसाकर अपनी ही तरह दुर्गति भुगतने के लिये बाधित करता है | इससे समूचा वातावरण विकृत ,दुर्गन्धित होता है | सुगंध की अपेक्षा दुर्गन्ध का विस्तार अधिक होता है | एक नशेड़ी ,जुआरी ,दुर्व्यसनी ,कुकर्मी अनेकों संगी साथी बना सकने में सहज सफल हो जाता है लेकिन आदर्शों का ,श्रेष्ठता का अनुकरण करने की क्षमता कम होती है | पानी नीचे की ओर तेजी से बहता है लेकिन ऊपर चढ़ाने के लिये प्रयास करना पड़ता है | गीता पढ़कर इतने आत्म ज्ञानी नहीं बने जितने कि दूषित साहित्य ,अश्लील द्रश्य अभिनय से प्रभावित होकर कामुक अनाचार अपनाने में प्रवृत हुए | कुकुरमुतों की फसल और मक्खी मच्छरों का परिकर भी तेजी से बढ़ता है पर हाथी की वंश वृद्धी अत्यंत धीमी गति से होती है | समाज में छाये हुए अनाचार ,दुष्प्रवृतियों का मात्र एक ही कारण है कि जन साधारण की आत्म चेतना मूर्छित हो गई है | चिन्तन में आदर्शों का समावेश ,द्रष्टिकोण में उत्कृष्टता और व्यवहार में सज्जनता तथा स्वार्थ के स्थान पर पुण्य परमार्थ की प्रवृति को जगाकर ही आत्मिक विकास संभव है | यही सच्ची प्रगतिशीलता है 
अहंकार सारी अच्छाइयों का द्वार बंद कर देता है |
रावण परम शिव भक्त था .वेद और शास्त्र का ज्ञाता ,प्रकाण्ड पंडित ,महाशक्तिशाली था लेकिन वह अहंकारी था | रावण मायावी था ,रुप बदल लेता था | एक भिक्षुक का वेश धारण कर उसने सीता हरण तो कर लिया पर निरंतर लंका में अशोक वन में सीताजी से प्रार्थना ही करता रहा कि तुम मेरी पटरानी बन जाओ ,मंदोदरी तुम्हारी सेवा करेगी | सलाहकारों ने कहा -"आपके पास तो ढेरों विद्द्या हैं ,एक दिन राम बनकर चले जाओ और कहो कि मैं तुम्हें छुड़ाने आया हूं | "रावण ने कहा -"ऐसा नहीं है कि मैंने कोशिश नहीं की | मैं राम बना ,पर उसके बाद परनारी का विचार तक नहीं आया | यह काम तो रावण बनकर ही संभव है | "
बुरे काम करना है ,आसुरी कर्म करना है तो रावण ही बनना होगा | यदि राम बनने का अभ्यास किया जाये तो ऐसी दयनीय स्थिति नहीं होगी |

2 March 2013

मन एक दर्पण है जो हमारे भले -बुरे कर्मो का साक्षी होता है | जब कोई व्यक्ति कोई अपराध या गलती करता है तो उस समय वह भले ही इसे कितना ही छिपाए या इस पर तर्क का परदा डाले ,लेकिन उसका मन इसका साथी अवश्य होता है | हिंसा हमें पशु बनाती है और दया हमें सच्चा इन्सान बनाती है | यह हमें ही चयन करना है कि हमें क्या बनना है और किस ओर बढ़ना है | पशु बनना आसान है ,सरल है परन्तु इन्सान बनना कठिन और समय साध्य प्रक्रिया है | यदि हमें देवत्व की ओर बढ़ना है तो धैर्य और संयमपूर्वक अपने अंदर की हिंसक वृति को काबू में लाना होगा | संकल्पपूर्वक हिंसा की राह छोड़कर दया और करुणा के पथ पर अग्रसर होना होगा |
ऊँचा व्यक्तित्व लम्बाई से नहीं होता ,अहिंसा ,त्याग ,परोपकार ,श्रम निरहंकारिता ही किसी को ऊँचा बनाती है | एक ईश्वर विश्वासी ने अपनी सारी धन -दौलत लोक -कल्याण के कार्यों में लगा दी और संयम का जीवन व्यतीत करना शुरु कर दिया | अब तो उनके सत्कार्यों की सर्वत्र चर्चा होने लगी | जनता के कुछ प्रतिनिधियों ने उनसे निवेदन किया -"आपका त्याग प्रशंसनीय है | आपकी सेवाओं से समाज ऋणी है | हम सब सार्वजनिक रुप से आपका अभिनन्दन करना चाहते हैं | उन्होंने मुस्कराते हुए कहा -"मैंने कोई त्याग नहीं किया ,लाभ लिया है | दुकानदार ग्राहक को वस्तु देकर कोई त्याग नहीं करता ,वह तो बदले में उसकी कीमत लेकर लाभ कमाता है | उसी प्रकार क्रोध ,लोभ मोह आदि को छोड़कर अपने स्वभाव में अहिंसा ,परोपकार और क्षमा आदि को स्थान देना ,वास्तव में त्याग  नहीं ,ये तो लाभ का सौदा है | इन सद्गुणों की पूंजी पर ही दैवी अनुदान मिलते हैं औरजीवन सफल होता है | '

1 March 2013

जीवन की हर कसौटी पर खरे उतरने वाले सद्गुणी व्यक्ति ही अपनी अंतिम साँस तक आकर्षण का केंद्र बने रहते हैं | क्षमताओं और संवेदनाओं के सम्मिलन की साधना व्यक्तित्व को आकर्षक बनाती है | जॉन कैनेडी ने एक प्रेस इंटरव्यू में अपने आकर्षक व्यक्तित्व एवं सफलताओं का रहस्य बताते हुए कहा था कि मेरी माँ सिद्धांतों एवं आदर्शों की द्रष्टि से अधिक कठोर और संवेदनाओं की द्रष्टि से मोम से भी अधिक मुलायम थीं | उनके अगाध स्नेह ने ही मुझे वर्तमान स्थिति तक पहुंचाया है |
'सच्चा सौंदर्य तो आत्मा का होता है '| सद्गुण ,श्रेष्ठ विचार और सद्व्यवहार से ही व्यक्तित्व आकर्षक बनता है |
शरीर और आत्मा में परस्पर संवाद चल रहा था | शरीर ने कहा -"मैं कितना सुंदर हूं ,आकर्षक व बलवान हूं | "आत्मा बोली -तुम अपनी अपेक्षा मुझे अधिक सुंदर ,आकर्षक और बलवान बना दो ,तुम्हारी ये विशेषताएँ मेरे सुंदर हुए बिना क्षणिक ही हैं | मुझे सुंदर बनाकर तुम भी शाश्वत सौंदर्य से युक्त हो जाओगे | किंतु शरीर को समझ में कुछ न आया | वह सांसारिक आकर्षणों में उलझा रहा ,जीवन समाप्त करता रहा | शरीर से आत्मा के विच्छेद का समय आ पहुंचा ,अब शरीर को ज्ञात हुआ कि यदि आत्मा को भी उसने सुंदर बनाया होता ,शक्ति दी होती तो उसका स्वरुप भी निखर गया होता -मरने के बाद भी उसे याद किया जाता | चलते समय आत्मा बोली -मैं तो जाती हूं | यदि तुम पहले से चेते होते .प्राप्त अधिकार का सदुपयोग कर अपने मन को ,आत्मा को सुंदर बनाते तो अमर हो जाते ,महामानव कहलाते | शरीर सिर धुनता रहा और विदा हो गई आत्मा नया शरीर पाने को |

28 February 2013

Gayatri Mantra...

गायत्री मंत्र सद्बुद्धि का मंत्र है | इसके जप से विवेक शक्ति जाग्रत होती है | गायत्री महामंत्र में 24  अक्षर हैं | इन 2 4 अक्षरों में -2 4 अवतार ,2 4 देवता ,2 4 ऋषि ,2 4 देवशक्तियाँ और 2 4 शक्ति स्रोत समाहित हैं | 24अक्षरों से आरम्भ होने वाले 24 श्लोकों को गायत्री रामायण कहा जाता है | ब्रह्म विज्ञान के 24 महाग्रंथ हैं -4 वेद ,4 उपवेद ,4 ब्राह्मण ,6 दर्शन ,6 वेदांग ,ये मिलकर 24 हैं |
ह्रदय से ब्रह्म रंध्र की दूरी 24 अंगुल है | सांख्य दर्शन के अनुसार यह सारा स्रष्टि क्रम 24 तत्वों के सहारे चलता है | मनुष्य शरीर के प्रधान अंग 24 हैं | एक दिन में भी 24 घंटे होते हैं | यह विश्व गायत्रीमय है |