महाभारत में धर्मराज युधिष्ठिर से यक्ष ने कई प्रश्न पूछे , उनमे एक प्रश्न था ---- ' इस संसार का परम आश्चर्य क्या है ? ' युधिष्ठिर ने उत्तर दिया --- " सबसे बड़ा आश्चर्य है कि मृत्यु को सुनिश्चित घटना के रूप में देखकर भी मनुष्य इसे अनदेखा करता है l यह मृत्यु की नहीं , जीवन की तैयारी कुछ इस ढंग से करता है , जैसे विश्वास हो कि वह कभी नहीं मरेगा l उसे सदा - सदा जीवित रहना है l " लोग सोचते हैं कि मृत्यु का कारण कोई रोग या दुर्घटना है l यदि उसका समाधान निकल लिया जाये तो मृत्यु से बचा जा सकता है लेकिन ' मौत के अनेक बहाने होते हैं और जीवन रक्षा के अनेक सहारे होते हैं l " आचार्य श्री लिखते हैं ---- हमें मृत्यु को निश्चित मानकर , जीवन को सार्थक करने का प्रयास करना चाहिए l '
16 January 2022
14 January 2022
WISDOM ------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- ' अगर आप दूसरों से स्नेह , सम्मान , सहानुभूति चाहते हैं तो उनकी आलोचना , बुराई न करें l किसी की आलोचना करने से कोई फायदा नहीं होता l आलोचना से कोई सुधरता नहीं है , बल्कि इससे संबंध जरूर बिगड़ जाते हैं l ' अब्राहम लिंकन ने अपने जीवन के अनुभव से दूसरों की आलोचना करने के बुरे परिणाम को जाना l उनका प्रिय कोटेशन था ---- " किसी की आलोचना मत करो , ताकि आपकी भी आलोचना न हो l " जब भी श्रीमती लिंकन और दूसरे लोग दक्षिणी प्रान्त के लोगों की आलोचना करते तो लिंकन जवाब देते थे ---- " उनकी आलोचना मत करो , अगर हम उन परिस्थितियों में होते तो हम भी वैसे ही होते l " लिंकन अपने जीवन के कटु अनुभव से जानते थे कि तीखी आलोचना और डांट - फटकार हमेशा नुकसानदायक होती है और उससे कोई लाभ नहीं होता l आलोचना यदि दूसरों को सुधारने के लिए भी हो तो दूसरों को सुधारने के बजाय खुद को सुधारना ज्यादा फायदेमंद होता है और कम खतरनाक भी l " आचार्य श्री लिखते हैं ---- " यदि किसी के मन में स्वयं के प्रति विद्वेष पैदा करना है , जो दशकों तक पलता रहे और मौत के बाद भी बना रहे , तो इसके लिए कुछ ख़ास नहीं करना पड़ता , सिर्फ चुनिंदा शब्दों में चुभती हुई आलोचना करनी होती है l जाने - अनजाने ज्यादातर लोग ऐसा ही करते हैं और दूसरों के मन में खुद के प्रति विषबीज बो देते हैं l "
WISDOM -----
आज जब संसार में बीमारी , महामारी का कोहराम है , लोग भयभीत हैं l अपना स्वाभाविक जीवन नहीं जी पा रहे हैं l यह स्थिति समस्त संसार के लिए एक संकेत है कि ' वेदों की ओर लौट चलो ' प्रकृति का सम्मान करो , प्रकृति हमें पोषित करेगी l ------ ऋषियों ने हमें ज्ञान दिया -----' वेदों में सूर्य किरण चिकित्सा का वर्णन बड़े विस्तार से आता है l मत्स्य पुराण कहता है नीरोगता की इच्छा है तो सूर्य की शरण में जाओ l वेदों में उदित होते सूर्य की किरणों का बड़ा महत्व बताया गया है l अथर्ववेद में वर्णन है कि उदित होता सूर्य मृत्यु के सभी कारणों , सभी रोगों को नष्ट कर देता है l इस समय की किरणों में जीवनी शक्ति होती है l ऋग्वेद में उल्लेख है कि रक्त अल्पता की सर्वश्रेष्ठ औषधि है उदित होते सूर्य के दर्शन, ध्यान l हृदय की सभी बीमारियाँ नित्य उगते सूर्य के दर्शन , ध्यान एवं अर्घ से दूर हो सकती हैं l " पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने लिखा है --- जिन देशों में सूर्योदय के दर्शन किसी कारण से संभव नहीं होते हैं तो आप मन में सूर्योदय की कल्पना कर सकते हैं कि पवित्र प्रकाश हमारे रोम - रोम में समा रहा है और ऐसी कल्पना के साथ अर्घ दे सकते हैं l '
13 January 2022
WISDOM -----
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " सकारात्मक भावना व्यक्तित्व को मजबूत एवं आशावान बनती हैं l ऐसे व्यक्ति का व्यक्तित्व अविभक्त होता है और वही भक्त कहलाता है l भक्त हर परिस्थिति में सुखी , संतुष्ट एवं शांत रहता है , वह कभी शिकायत नहीं करता , कभी परेशान नहीं होता और न किसी को परेशान करता है l "------- बहराम बड़ा ही धनवान था l उसका कारवाँ डाकुओं ने लूट लिया , बहुत नुकसान हो गया l संत अहमद उसके समीप ही रहते थे , एक दिन उससे मिलने गए l बहराम ने भोजन लाने का आदेश दिया l संत बोले ---- " भाई ! तुम्हारा इतना नुकसान हुआ है l मैं भोजन करने नहीं , तुम्हे सांत्वना देने आया हूँ l " बहराम बोला ---- " आप निश्चिन्त होकर भोजन कर लें l यह सच है कि मेरा बहुत बड़ा नुकसान हुआ , डाकुओं ने मुझे लूटा है , पर मैंने कभी किसी को नहीं लूटा , किसी का अहित नहीं किया l मैं अल्लाह का एहसानमंद हूँ कि मात्र मेरी नश्वर सम्पति लूटी गई है l मेरी शाश्वत सम्पति है --- ईश्वर के प्रति मेरा दृढ विश्वास l यही मेरे जीवन की सच्ची सम्पति है और वह मेरे पास है l " संत बोले --- ' भाई ! सच्चे अर्थों में तुम संत हो l l '
WISDOM ------
स्वस्थ जीवन बिताने के लिए सूर्य से सहायता लेने की बड़ी आवश्यकता है l भगवान भास्कर में इतनी प्रचंड रोगनाशक शक्ति है , जिसके बल से कठिन से कठिन रोग दूर होते हैं l जब से हमने सूर्य रश्मियों का अनादर किया , बंद जगहों में निवास करना सभ्यता में शामिल किया , तब से हमने अपने बहुमूल्य स्वास्थ्य को गँवा दिया l पृथ्वी का केंद्र सूर्य है , इस महत्व को समझकर ही हमारे प्राचीन आचार्यों ने सूर्य प्राणायाम , सूर्य नमस्कार , सूर्य चक्र बेधन आदि अनेक क्रियाओं को धार्मिक स्थान दिया l प्रसिद्ध दार्शनिक न्योची का मत है ---- " जब तक दुनिया में सूरज मौजूद है , तब तक लोग व्यर्थ ही दवाओं की तलाश में भटकते हैं l उन्हें चाहिए कि इस शक्ति , सौंदर्य और स्वास्थ्य के केंद्र सूर्य की और देखें और उसकी सहायता से अपनी असली अवस्था को प्राप्त करें l " गायत्री मन्त्र के देवता सविता देव ( सूर्य ) ही हैं l मनुष्य का अहंकार नकली सूर्य बनाने का दावा करता है लेकिन गायत्री मन्त्र के जप और सविता देव की उपासना से जो विवेक जाग्रत होगा , सद्बुद्धि आएगी वह नकली सूर्य से कभी नहीं आएगी l विज्ञानं और वैज्ञानिक आविष्कारों का अपना महत्व है लेकिन जो शक्ति मानव मन को रूपांतरित कर उसे इनसान बनाये , उच्च अवस्था में पहुंचाए , वह शक्ति भारतीय अध्यात्म में है l
12 January 2022
WISDOM ----
मनुष्य के अस्तित्व के लिए पेड़ - पौधे , पशु - पक्षी , वनस्पति , जल, वन आदि सभी कुछ अनिवार्य है l ' हम सब एक माला के मोती हैं l सबका हित , सबकी सुरक्षा और सब की ख़ुशी में ही स्वयं का आनंद है l -------- याकूब ने सुना था कि संत तालसुद पहुंचे हुए फकीर हैं l उनकी दुआ से दुःखी लोग भी आनंदित होकर लौटते हैं l याकूब उन्हें खोजता हुआ एक बियावान में जा पहुंचा l वहां पर उसने देखा कि वे संत एक टोकरी में दाना लिए चिड़ियों को चुगा रहे हैं और चिड़ियों की चहचहाहट ,व उनकी फुदकन के देखकर आनंदविभोर हो रहे थे l याकूब बहुत देर तक बैठा रहा , पर जब संत का ध्यान उसकी ओर नहीं गया तो वह झल्लाया l तालसुद ने उसे ऊँगली के इशारे से बुलाया और हाथ की टोकरी उसके हाथ में थमाते हुए कहा --- " लो अब तुम चिड़िया चुगाओ और उनकी प्रसन्न्ता देखकर स्वयं आनंद लो l " फिर थोड़ा गंभीर स्वर में बोले ---- " अपना दुःख भूलकर दूसरों को जहाँ तक संभव हो आनंद की अनुभूति दे पाना , उनके दुःख के क्षणों में स्वयं को उनका सहभागी बना लेना ही संसार की सबसे बड़ी सेवा है l मैंने जीवन भर यही किया , तुम भी यही करो और अपने जीवन को धन्य बनाओ l "
WISDOM-----
बात उन दिनों की है जब स्वामी विवेकानंद एल. एल. बी. के अंतिम वर्ष में थे l उन्हें लक्ष्य कर के स्वामी रामकृष्ण परमहंस ने आत्मीयता पूर्वक कहा था ---- " क्यों रे नरेन ! तू कब तक भटकता रहेगा l वकालत कर के झूँठ - मूँठ पैसा कमाने के चक्कर में पड़ा तो तेरे हाथ का छुआ पानी नहीं पीऊंगा l " उनकी बात स्वीकार कर वे पूरी तरह विद्या के क्षेत्र में कूद पड़े l विद्या में प्रवीण होकर चमत्कारी व्यक्तित्व के स्वामी बन जाने पर किसी ने ठाकुर से पूछा --- " उनसे क्या कराएँगे l " गले में कैंसर हो जाने के कारण ठाकुर बोल नहीं सकते थे , उन्होंने कोयले का टुकड़ा उठाकर जमीन पर लिखा --- " नरेन शिक्षा दिबे l " नरेंद्र विद्या का शिक्षण देगा l स्वामी विवेकानंद कहते थे ---- " मेरे गुरु ने मुझे विद्या दी है l इसको पाकर मैं दार्शनिक नहीं हुआ , तत्ववेत्ता भी नहीं बना हूँ l संत बनने का दावा नहीं करता l परन्तु मैं इन्सान हूँ और इन्सानों को प्यार करता हूँ l "