लघु कथा ----- चारुदत्त एक सज्जन व्यक्ति था , जिसकी ईमानदारी एवं सत्यता पर हर एक को विश्वास था l उसकी प्रमाणिकता की कथाएं पूरे नगर में विख्यात थीं l एक बार इसी विश्वास के आधार पर एक व्यक्ति अपने बहुमूल्य रत्न उसके पास धरोहर के रूप में रख गया l दुर्भाग्यवश चारुदत्त के घर चोरी हो गई और वे रत्न चोरी चले गए l चोर बहुत सा सामान चारुदत्त का भी ले गया था , पर उसके जाने से ज्यादा दुःख चारुदत्त को उन रत्नों के चोरी होने का था l उसने अपना दुःख अपने मित्र से साझा किया तो उसके मित्र ने उससे पूछा ---- ' जब वह व्यक्ति जो रत्नों का मालिक था , अपने रत्न तुम्हारे पास रखकर गया तो उसका साक्षी कौन था ? " चारुदत्त ने उत्तर दिया --- " साक्षी तो कोई नहीं था , वह तो मात्र विश्वास के आधार पर ही मेरे यहाँ रत्न रख गया l " चारुदत्त के मित्र ने कहा ---- " तो फिर इतना परेशान होने की क्या बात है ? जब वह पूछने आए तो मुकर जाना और कह देना कि तुमने मेरे पास कोई रत्न नहीं रखे थे l " यह सुनकर चारुदत्त ने उत्तर दिया ---- " चाहे मुझे भीख मांगनी पड़े , पर मैं धरोहर के रत्नों के बराबर धन उत्पन्न कर के उसे लौटा दूंगा , किसी भी स्थिति में चरित्र को कलंकित करने वाले असत्य का प्रयोग नहीं करूँगा , झूठ नहीं बोलूँगा l " चारुदत्त के इस वार्तालाप को जिसने भी सुना सब उसकी ईमानदारी और सत्यता से बहुत प्रभावित हुए l व्यक्ति की प्रमाणिकता ऐसे विषम समय में ही सिद्ध होती है l
14 May 2024
13 May 2024
WISDOM -----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं --- ' भागवत पुराण की कथा , सत्य नारायण कथा , एकादशी कथा आदि धार्मिक कथाएं इस उदेश्य से लिखी गईं हैं कि उन कथाओं की शिक्षा को व्यक्ति अपने जीवन में उतार कर श्रेय पथ पर चले , ईश्वर ने जो शक्तियां दीं हैं उनका सदुपयोग करे l किन्तु आज कथा को लोग मनोरंजन के लिए अथवा धर्म लाभ के लिए सुनते हैं l " ------------- एक बार संत ज्ञानेश्वर कथा सुना रहे थे कि ज्ञान , भक्ति , विवेक और शक्ति परमात्मा सत्पात्रों को देता है l संत ज्ञानेश्वर के ऐसा कहने पर एक महिला नाराज हो उठी और बोली ----- " तो इसमें भगवान की क्या विशेषता ? उन्हें तो सबको समान अनुदान देने चाहिएं l ' संत उस समय तो चुप हो गए l दूसरे दिन प्रात:काल संत ने मोहल्ले के एक मूर्ख व्यक्ति को बुलाकर कहा कि अमुक स्त्री से जाकर आभूषण मांग लाओ l मूर्ख व्यक्ति गया और आभूषण मांगे तो उस स्त्री ने उसे झिड़क कर भगा दिया , उसे कुछ न दिया l थोड़ी देर बाद संत ज्ञानेश्वर स्वयं उस महिला के यहाँ पहुंचे और बोले ---- ' आप एक दिन के लिए अपने आभूषण दे दें l आवश्यक काम कर के लौटा देंगे l " महिला ने बिना कोई प्रश्न पूछे संदूक खोला और सहर्ष आभूषण सौंप दिए l आभूषण हाथ में लिए संत ज्ञानेश्वर ने उस महिला से पूछा ---- " अभी -अभी दूसरा व्यक्ति आया था आपने उसे आभूषण क्यों नहीं दिए ? ' महिला बोली ---- " उस मूर्ख को कैसे अपने मूल्यवान आभूषण दे देती l " संत ज्ञानेश्वर ने कहा ---- " बहन ! जब आप अपने सामान्य से आभूषण बिना सोचे -विचारे कुपात्र को नहीं दे सकतीं , तो फिर परमात्मा अपने दिव्य अनुदानों को कुपात्रों को कैसे सौंप सकता है ? वह तो बारंबार इस बात की परीक्षा करता है कि जिसको अनुदान दिया जा रहा है , उसमें पात्रता है अथवा नहीं , वह इस अनुदान का सदुपयोग कर रहा है अथवा नहीं l '
WISDOM -----
पुराण की कथा है ---- वृत्रासुर ने तपस्या करके अनेकों वर प्राप्त किए और वह बहुत शक्तिशाली हो गया था l कोई भी तपस्या कर के बहुत शक्तिशाली हो जाये तो वह देवराज इंद्र के लिए बहुत बड़ा खतरा बन जाता था और तब इंद्र के लिए अपना सिंहासन बचाने हेतु उसका अंत करना अनिवार्य हो जाता था लेकिन वृत्रासुर को पराजित करना इतना आसान नहीं था l महान तपस्वी महर्षि दधीची की हड्डियों से बने वज्र से ही वृत्रासुर का अंत हो सकता था लेकिन जब तक महर्षि दधीची की धर्मपत्नी भगवती वेदवती उपस्थित थीं , तब तक उनके आश्रम में प्रवेश करना देवराज इंद्र के लिए भी असंभव था l इंद्र सबसे छिप सकते थे , पर सती के अपूर्व तेज के समक्ष छद्दम वेष छिपा सकना उनके लिए संभव नहीं था l इसलिए जव वेदवती जल भरने के लिए आश्रम से बाहर निकलीं तब इंद्र ने आश्रम में प्रवेश किया और संसार के कल्याण के लिए महर्षि से अस्थिदान का निवेदन किया l असुरों के अंत और लोक कल्याण के लिए महर्षि दधीची ने तुरंत प्राण त्याग कर अस्थिदान कर दिया l वेदवती जल भरकर लौटीं तो एक क्षण में ही सारी स्थिति को समझ गईं l वे इंद्र को शाप देने ही जा रहीं थीं कि दिव्य देहधारी महर्षि ने परावाणी में उन्हें समझाया ---- " भद्रे ! देवत्व की रक्षा के लिए यह दान मैंने स्वेच्छा से किया है इसलिए शाप देना उचित नहीं है l अब तुम अपने गर्भस्थ शिशु का ऐसा निर्माण करो कि ' तत्वशोध ' की हमारी साधना अधूरी न रह जाये l " वेदवती ने महर्षि की आज्ञा को स्वीकार किया और इतिहास साक्षी है कि वेदवती की तपस्या से उनके गर्भ से पिप्पलाद जैसे महान ऋषि का जन्म हुआ और उनके तपस्वी पति महर्षि दधीची की अंतिम कामना पूर्ण हुई l
11 May 2024
WISDOM -----
दो बन्दर एक दिन घूमते -घूमते एक गाँव के समीप पहुंचे l उन्होंने वहां फलों से लदा पेड़ देखा l एक बन्दर ने दूसरे से कहा ----" इस पेड़ को देखो l ये फल कितने सुन्दर दिख रहे हैं l ये अवश्य ही स्वादिष्ट होंगे l चलो हम दोनों पेड़ पर चढ़कर फल खाएं l ये अवश्य ही स्वादिष्ट होंगे l " दूसरा बन्दर बुद्धिमान था , उसने कहा---- " नहीं , नहीं , जरा ठहरो l यह पेड़ गाँव के समीप है , यदि ये फल अच्छे होते तो गांववाले इन्हें तोड़कर खा लेते , इन्हें पेड़ पर नहीं लगे रहने देते l हमें जल्दबाजी में कोई भी निर्णय नहीं लेना चाहिए l अचानक कहीं से भी मिली भोजन सामग्री को देख -परख कर ही इस्तेमाल करना चाहिए l " पहले बन्दर को फलों को देखकर लालच आ गया था , स्वयं पर नियंत्रण नहीं रख पा रहा था , वह तेजी से पेड़ पर चढ़ गया और फल खाने लगा l वह फल उसका अंतिम भोजन बन गए क्योंकि वे जहरीले थे l दूसरा बन्दर जब पेड़ के समीप पहुंचा तो उसने अपने साथी को मरा पाया l उस बन्दर ने अपने अन्य साथियों को इकट्ठा किया और समझाया कि बाहर से अच्छा दिखने वाला भीतर से हमारे लिए जहरीला और घातक हो सकता है l हर चमकने वाली चीज सोना नहीं होती l जल्दबाजी न करें , सोच -समझकर ही निर्णय लें l "
WISDIM --------
कहते हैं एक बार गोस्वामी तुलसीदास जी रात्रि को कहीं से लौट रहे थे कि सामने से कुछ चोर आते दिखाई दिए l चोरों ने तुलसीदास जी से पूछा --- " कौन हो तुम ? " तुलसीदास जी तो ईश्वर के परम भक्त थे और हर जीव को ईश्वर का अंश मानते थे , इस द्रष्टि से उन्होंने कहा ---" भाई ! जो तुम सो मैं l ' चोरों ने अपनी द्रष्टि से इसका अर्थ लगाया कि जैसे वे सब चोर हैं वैसे ही ये भी चोर हैं l इसलिए चोरों ने तुलसीदास जी को चोर मानते हुए कहा -- मालूम होता है तुम अभी नए निकले हो , चलो तुम भी हमारे साथ चोरी में साथ दो l तुलसीदास जी उनके साथ चल पड़े l चोरों ने उनसे कहा --- तुम घर के बाहर खड़े रहना , कोई आता -जाता दिखे तो हमें सावधान कर देना , जब तक हम कीमती सामान उठाते हैं l अभी चोरों ने अन्दर जाकर सामान खंगालना शुरू ही किया था तभी तुलसीदास जी ने अपनी झोली से शंख निकाला और बजाना शुरू कर दिया l चोरों ने शंख की आवाज सुनी तो डरकर बाहर निकल आए l बाहर तो और कोई नहीं था , चोरों ने तुलसीदास जी से कहा ---- " जब आसपास कोई नहीं है , फिर तुमने शंख क्यों बजाया ? " तुलसीदास जी ने कहा --- मुझे तो सर्वत्र [प्रभु श्रीराम दिखाई दिए , उन्होंने तुम लोगों को भी देख लिया होगा , चोरी करना पाप है प्रभु अवश्य दंड देंगे , इसलिए मैंने आप लोगों को सावधान करना उचित समझा l " चोर समझ गए कि ये तुलसीदास कोई चोर नहीं हैं , ये तो महात्मा हैं l उनकी बातों का चोरों पर ऐसा असर हुआ कि वे सब तुलसीदास जी के चरणों पर गिर पड़े और कहने लगे ---आपने हमारी आँखें खोल दीं l प्रभु ने न जाने कितनी बार हमें पापकर्म करते हुए देखा होगा l अब हम कभी कोई बुरा कर्म नहीं करेंगे l वे सब तुलसीदास जी के शिष्य बन गए और ईश्वर की भक्ति करने लगे l
9 May 2024
WISDOM -----
एक बार महात्मा आनंद स्वामी के पास एक धनपति आए l उनके कई कारखाने थे , सभी पुत्र काम पर लगे थे l पत्नी का स्वर्गवास हो चुका था l वैभव का साम्राज्य था उनके पास , लेकिन उनके अंतर में शांति नहीं थी l भूख , नींद सब चली गई थी l सेठ जी ने अपनी यह व्यथा महात्मा जी को सुनाई l महात्मा आनंद स्वामी जी ने कहा ---- " आपने जीवन में कर्म और श्रम को तो महत्त्व दिया , पर भावना को नहीं l सत्संग , कथा श्रवण से तो विचारों को पोषण मिलता है l अन्दर की शुष्कता दूर करने के लिए अब प्रेम , धन और श्रम लुटाना शुरू कीजिए l सबको स्नेह दीजिए , अनाथों , निर्धनों के बीच जाइए , उन्हें स्वावलंबी बन सकने योग्य सहायता दीजिए , अपना शरीर श्रम भी जितना इस पुण्य कार्य में लगा सकें लगाइए l फिर देखिए आपकी भूख लौट आएगी तथा नित्य चैन की नींद सोएंगे l " सेठ जी ने ऐसा ही किया , फिर चमत्कारी परिवर्तन ने उन्हें जो शांति और प्रसन्नता दी , वह पहले कभी नहीं मिली थी l
7 May 2024
WISDOM -----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- "जो तृष्णा और सुख की लालसा से अपने आपको जितना भरता जाता है , वह उतना ही अपने अहंकार को तुष्ट और पुष्ट करता है l संसार में , दुनियादारी में व्यक्ति स्वामित्व की चाहत रखता है , लेकिन यह चाहत स्वयं का स्वामी बनने की नहीं होती l यह चाहत होती है धन , साधन , भवन -संपत्ति का स्वामी बनने की l संसार में शक्ति के मायने अहंता के पोषण के सिवाय और कुछ नहीं है और अहंता का पोषण अशांति से ज्यादा और कुछ भी नहीं दे सकता l धन , दुकान , भूमि , भवन , संपत्ति का मालिक बनकर भी मनुष्य केवल गुलाम बनता है l इस सत्य को समझाने वाली सूफी संत फरीद के जीवन की एक घटना है ---- बाबा फरीद अपने शिष्यों के साथ एक गाँव से गुजर रहे थे l वहीँ रास्ते में एक आदमी अपनी गाय को रस्सी से बांधे लिए जा रहा था l फरीद ने उस आदमी से थोड़ी देर रुकने की प्रार्थना की l उनकी प्रार्थना पर वह रुक गया l अब बाबा फरीद ने अपने शिष्यों से पूछा ---- " इन दोनों में मालिक कौन है ----गाय या आदमी ? " शिष्यों ने कहा ---- " यह भी कोई बात हुई , जाहिर है कि आदमी गाय का मालिक है l " फरीद ने फिर कहा --- " यदि गाय के गले की रस्सी काट दी जाए तो कौन किसके पीछे दौड़ेगा ---- गाय आदमी के पीछे या फिर आदमी गाय के पीछे l " शिष्यों ने कहा --- " जाहिर है आदमी गाय के पीछे भागेगा l " तो फिर फरीद ने शिष्यों से कहा ----- " तो फिर मालिक कौन हुआ ? " फरीद ने शिष्यों से कहा ---- ' तो फिर मालिक कौन हुआ ? " फरीद ने अपने शिष्यों से कहा ----" यह जो रस्सी तुम्हे दिखाई पड़ती है गाय के गले में , यह दरअसल आदमी के गले में है l हर संपत्ति हमारे गले का फंदा बन जाती है l " आज मनुष्य सुख साधनों के पीछे भाग रहा है , इस अंधी दौड़ में वह स्वयं को ही भूल गया है l