ऋषि भूरिश्रवा के गुरुकुल में तपोधन नामक शिष्य रहा करता था l वह अत्यंत मेधावी था और ज्ञान के कारण प्राप्त प्रसिद्धि से उसे बहुत अहंकार हो गया था l एक दिन वह नदी के किनारे भ्रमण के लिए निकला तो उसने देखा कि उसके गुरु ऋषि भूरिश्रवा नदी पर चलते हुए आ रहे हैं l उसे बड़ा आश्चर्य हुआ कि आखिर ऐसी कौन सी विद्या है , जिसके बल पर ऋषिवर नदी पर चल सकते हैं और उन्होंने उसे यह विद्या नहीं सिखाई l इसी उधेड़बुन में वह ऋषि के पास पहुंचा और उनसे यह प्रश्न किया l ऋषि भूरिश्रवा बोले ---- " पुत्र ! यह विद्या का बल नहीं , भक्ति की सामर्थ्य है l तुम भी सच्ची भावना से प्रभु का नाम लो तो नदी पार पहुँच जाओगे l " तपोधन ने भी नदी के किनारे खड़े होकर प्रभु का नाम लिया , पर जैसे ही वह नदी पर चला , पानी में गिर पड़ा l क्षुब्ध होकर वह ऋषिवर के पास गया और उनसे शिकायत की कि उनका दिया मन्त्र प्रभावहीन रहा l ऋषि ने प्रश्न किया ---- " वत्स ! तुमने कितनी बार भगवान का नाम लिया था ? " तपोधन बोला ---- " गुरुदेव ! मैंने कम -से -कम 24000 बार तो उनका नाम जपा होगा l " यह सुनकर ऋषि भूरिश्रवा बोले ----- " पुत्र ! यहीं तुमसे गलती हो गई l भक्ति भावना का बल मांगती है , संख्या का नहीं l इस बार भावनाओं को अर्पित करो , जप करने के अहंकार को नहीं l गिनतियों का अहंकार डूबेगा , तभी अंतर्मन में भक्ति का उदय होगा l " तपोधन उसी दिन से सच्चे भाव से परमात्मा की भक्ति में जुट गया और एक दिन अपने गुरु की तरह महान भक्तों की श्रेणी में सम्मिलित हुआ l
4 July 2024
3 July 2024
WISDOM ------
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- -यह कहना गलत है कि गृहस्थ आश्रम साधना में किसी तरह बाधक है l प्राचीन काल में बहुसंख्यक ऋषि सपत्नीक रहकर गुरुकुल में वास कर साधना करते , शिक्षण , शोध -प्रक्रिया चलाते थे l ' ----एक बार महर्षि अत्रि अपने आश्रम से चलकर एक गाँव में पहुंचे l आगे का मार्ग बहुत बीहड़ और हिंसक जीव -जंतुओं से भरा हुआ था इसलिए वे रात को उसी गाँव में एक गृहस्थ के घर टिक गए l गृहस्थ ने उन्हें ब्रह्मचारी वेष में देखकर उनकी आवभगत की और भोजन के लिए आमंत्रित किया l महर्षि अत्रि ने जब समझ लिया कि परिवार के सभी सदस्य ब्रह्मसंध्या का पालन करते हैं , किसी में कोई दोष -दुर्गुण नहीं है तो उन्होंने आमंत्रण स्वीकार कर लिया l भोजन के उपरांत अत्रि ने गृहस्थ से प्रार्थना की कि अपनी कन्या मुझे दीजिए , जिससे मैं अपना घर बसा सकूँ l उन दिनों वर ही सुकन्या ढूँढने जाते थे , कन्याओं को वर तलाश नहीं करने पड़ते थे l गृहस्थ ने अपनी पत्नी से परामर्श किया l अत्रि के प्रमाण पात्र देखे और वंश की श्रेष्ठता पूछी l वे जब इस पर संतुष्ट हो गए कि वर सब प्रकार से योग्य है तो उन्होंने पवित्र अग्नि की साक्षी में अपनी कन्या का संबंध अत्रि के साथ कर दिया l अत्रि के पास तो कुछ था नहीं , इसलिए गृहस्थी सञ्चालन के लिए आरंभिक सहयोग के रूप में अन्न , बिस्तर , बस्तर , थोडा धन और गाय भी दी l छोटी किन्तु सब आवश्यक वस्तुओं से पूर्ण गृहस्थी लेकर अत्रि अपने घर पधारे और सुख पूर्वक रहने लगे l इन्ही अत्रि और अनसूया से दत्तात्रेय जैसी तेजस्वी संतान को जन्म मिला l भगवान को भी एक दिन इनके सामने खुकना पड़ा था l
30 June 2024
WISDOM -------
प्रसिद्ध साहित्यकार टालस्टाय ने ' तीन प्रश्न ' नमक एक कहानी लिखी है l ---- किसी समय एक राजा था l उसके मन में तीन प्रश्न उठे -----1 . सबसे महत्वपूर्ण कार्य क्या है ? 2 . परामर्श लेने के लिए सबसे महत्त्व का व्यक्ति कौन है ? 3 . निश्चित कार्य को आरम्भ करने का सबसे महत्वपूर्ण समय कौन सा है ? " राजा ने सभासदों की बैठक बुलाई , पर कोई समाधान नहीं मिला l मंत्री ने परामर्श दिया कि जंगल में एक ऋषि हैं उनका सान्निध्य पाना चाहिए l राजा ने सुरक्षा दल को छोड़कर पैदल जाना ही पसंद किया l जंगल पहुंचकर राजा ने देखा कि वह ऋषि खेत में कुदाल चला रहे थे l राजा ने ऋषि से अपने तीन प्रश्न बताए l ऋषि ने राजा को कुदाल दे दी और खेत में तब तक चलाने को कहा , जब तक वह मना न करें l संध्या हो गई l इसी बीच एक व्यक्ति दौड़ता हुआ आया , वह खून से लथपथ था , राजा के पास भूमि पर गिर पड़ा l दोनों ने उसकी मरहमपट्टी की l अगले दिन सवेरे देखा --वह घयल व्यक्ति राजा से माफी मांग रहा है l राजा को आश्चर्य हुआ , तब उसने बताया कि वह राजा को अकेला पाकर मारने आया था क्योंकि उसके भाई को राजा ने फांसी की सजा दी थी l गुप्तचरों ने उसे देखकर हमला कर दिया l राजा ने उसनी प्राण रक्षा की , अत: वह उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने लगा l यह सब देखकर ऋषि ने राजा से कहा --- क्या आपको अभी भी अपने प्रश्नों का उत्तर नहीं मिला ? पहले प्रश्न का उत्तर है --- सबसे महत्त्व का काम वह है , जो सामने है ( मुझे देखकर मेरे श्रम में सहभागी बनना ) l दूसरे प्रश्न का उत्तर है --- महत्वपूर्ण व्यक्ति वह है , जो पास में है ( वह घायल व्यक्ति जिसे मदद की जरुरत थी l और तीसरे प्रश्न का उत्तर है --- सबसे महत्त्व का समय वर्तमान का है , जिसके सुनियोजन से आपका शत्रु भी मित्र बन गया l इस कहानी से यह शिक्षा है कि सर्वाधिक महत्वपूर्ण वर्तमान है l इसका सदुपयोग किया जाए , पूर्ण मनोयोग से लगा जाए तो सर्वांगीण प्रगति संभव है l
29 June 2024
WISDOM -----
एक अंधियारी रात में एक प्रौढ़ व्यक्ति नदी के तट से कूदकर आत्महत्या करने पर विचार कर रहा था l वह उस क्षेत्र का सबसे धनी व्यक्ति था , लेकिन अचानक घाटे में उसकी सारी संपदा चली गई , इसी वजह से वह आत्महत्या का निश्चय कर के वहां आया था , परन्तु वह नदी में कूदने के लिए जैसे ही चट्टान के किनारे पहुँचने को हुआ कि उसे किन्ही दो मजबूत हाथों ने थाम लिया l उसने देखा कि आचार्य रामानुज उसे पकड़े हुए थे l उन्होंने उससे इस अवसाद का कारण पूछा तो वह बोला ----- " पहले मैं बहुत सुखी था l मेरे सौभाग्य का सूर्य पूरे प्रकाश से चमक रहा था लेकिन अब सिवाय अंधियारे के मेरे जीवन में और कुछ भी बाकी नहीं है l " यह सुनकर आचार्य रामानुज बोले ----- " दिन के बाद रात्रि और रात्रि के बाद दिन l जब दिन नहीं टिका तो रात्रि कैसे टिकेगी l परिवर्तन प्रकृति का शाश्वत नियम है l जब अच्छे दिन नहीं रहे तो बुरे दिन भी नहीं रहेंगे l जो इस शाश्वत नियम को जान लेता है , उसका जीवन उस अडिग चट्टान की भांति हो जाता है , जो वर्षा व धूप में समान ही बनी रहती है l "
23 June 2024
WISDOM -----
उत्तराखंड के एक प्राचीन नगर में सुबोध नामक राजा राज्य करते थे l महाराज का नियम था कि राजकीय कार्य प्रारम्भ करने से पूर्व वे आए हुए याचकों को दान दिया करते थे l इस नियम में उन्होंने कभी भूल नहीं की l एक दिन जब सब लोग दान पा चुके तो तो एक विचित्र स्थिति आ गई l एक व्यक्ति ऐसा आया जो दान के लिए हाथ तो फैलाए था , पर मुँह से कुछ न कहता था l सब हैरान हुए कि इसे क्या दिया जाए ? बुद्धिमान व्यक्तियों की एक समिति बैठाई गई l किसी ने कहा वस्त्र देना चाहिए , किसी ने कहा अन्न देना चाहिए l कोई स्वर्ण देने को कहता था l समस्या का यथार्थ हल नहीं निकला l राजा की कन्या भी वहां उपस्थित थी , उसने कहा ---- " राजन ! जो व्यक्ति न बोल सकता है , न व्यक्त कर सकता है l उसके लिए आभूषण आदि व्यर्थ हैं l ऐसे लोगों के लिए सर्वश्रेष्ठ दान ' ज्ञान दान है l ज्ञान से मनुष्य अपनी सब इच्छाएं , आकांक्षाएं स्वयं ही पूर्ण कर सकता है और दूसरों को भी सहारा दे सकता है l इसलिए इसे ज्ञान दान दीजिए l ' राजकन्या की बात सभी को पसंद आई l उस व्यक्ति के लिए शिक्षा की व्यवस्था की गई l यही व्यक्ति आगे चलकर उस राज्य का विद्वान मंत्री नियुक्त हुआ l ऋषि कहते हैं ---- अज्ञान का निवारण ही सच्चा पुण्य -परमार्थ है l यह स्वाध्याय से और ज्ञानार्जन से ही संभव है l
22 June 2024
WISDOM -----
स्वामी विवेकानंद अपने शिष्यों के साथ पैदल भ्रमण को निकले l निर्माणाधीन मंदिर के पास उनकी द्रष्टि तीन मजदूरों पर पड़ी l उन्होंने उत्सुकतापूर्वक पहले मजदूर से पूछा ---- " क्यों भाई , क्या कर रहे हो ? " उसने उत्तर दिया ---- " गधे की तरह जुटे हुए हैं , देख नहीं रहे हो l दिन भर काम करने पर थोड़ा -बहुत मिल जाता है , पर इतने के लिए ठेकेदार मानो जान निकाल लेता है l " यही प्रश्न दूसरे से करने पर वह बोला ---- " मंदिर बन रहा है , हमारी तो किस्मत में यही था कि मजदूरी करें , सो कर रहे हैं l " तीसरे ने भाव भरे ह्रदय से उत्तर दिया ----- " भगवान का घर बन रहा है l मुझे तो प्रसन्नता है कि मेरी पसीने की कुछ बूंदे भी इसमें लग रही हैं l जो भी मुझे मिलता है , उसी में मुझे ख़ुशी है l गुजारा भी चल जाता है और प्रभु का काम भी हुआ जा रहा है l " स्वामी जी ने शिष्यों से कहा --- " " यह अंतर है तीनों के काम करने के ढंग में l मंदिर तीनों बना बना रहे हैं लेकिन एक गधे की तरह मज़बूरी में , दूसरा यंत्रवत भाग्य के नाम पर दुहाई देता हुआ और तीसरा समर्पण भाव से काम में जुटा हुआ है l यही अंतर इनके काम की गुणवत्ता में भी देखा जा सकता है l क्या कार्य किया जा रहा है , यह महत्वपूर्ण नहीं है , उसे किस उदेश्य से , किस भावना से किया जा रहा है , यह मायने रखता है l "
WISDOM -------
गोपियों ने एक बार बाँसुरी से पूछा ---- " तुम्हे कृष्ण स्वयं हर समय होठों से लगाए रहते हैं और हम सब उनकी कृपा पाने के लिए बहुत प्रयत्न करते हैं , परन्तु सफल नहीं होते , जबकि तुम बिना प्रयत्न किए ही उनके अधरों पर रहती हो l " बाँसुरी बोली ---- " बिना प्रयत्न किए नहीं गोपियों l मैंने भी प्रयत्न किया है l जानती हो मुझे मुरली बनने के लिए अपना मूल अस्तित्व ही खो देना पड़ा है l " गोपियों को तब समझ में आया l बाँसुरी अपने आप में खाली थी l उसमे स्वयं का कोई स्वर नहीं गूँजता था , बजाने वाले के ही स्वर बोलते थे l बाँसुरी को देखकर कोई यह नहीं कह सकता कि वह कभी बाँस रह चुकी है क्योंकि न तो उसके कोई गाँठ थी और न कोई अवरोध l गोपियों को भगवान का प्यार पाने का अनूठा सूत्र मिल गया l