दो बन्दर एक दिन घूमते -घूमते एक गाँव के समीप पहुंचे l उन्होंने वहां फलों से लदा पेड़ देखा l एक बन्दर ने दूसरे से कहा ----" इस पेड़ को देखो l ये फल कितने सुन्दर दिख रहे हैं l ये अवश्य ही स्वादिष्ट होंगे l चलो हम दोनों पेड़ पर चढ़कर फल खाएं l ये अवश्य ही स्वादिष्ट होंगे l " दूसरा बन्दर बुद्धिमान था , उसने कहा---- " नहीं , नहीं , जरा ठहरो l यह पेड़ गाँव के समीप है , यदि ये फल अच्छे होते तो गांववाले इन्हें तोड़कर खा लेते , इन्हें पेड़ पर नहीं लगे रहने देते l हमें जल्दबाजी में कोई भी निर्णय नहीं लेना चाहिए l अचानक कहीं से भी मिली भोजन सामग्री को देख -परख कर ही इस्तेमाल करना चाहिए l " पहले बन्दर को फलों को देखकर लालच आ गया था , स्वयं पर नियंत्रण नहीं रख पा रहा था , वह तेजी से पेड़ पर चढ़ गया और फल खाने लगा l वह फल उसका अंतिम भोजन बन गए क्योंकि वे जहरीले थे l दूसरा बन्दर जब पेड़ के समीप पहुंचा तो उसने अपने साथी को मरा पाया l उस बन्दर ने अपने अन्य साथियों को इकट्ठा किया और समझाया कि बाहर से अच्छा दिखने वाला भीतर से हमारे लिए जहरीला और घातक हो सकता है l हर चमकने वाली चीज सोना नहीं होती l जल्दबाजी न करें , सोच -समझकर ही निर्णय लें l "
11 May 2024
WISDIM --------
कहते हैं एक बार गोस्वामी तुलसीदास जी रात्रि को कहीं से लौट रहे थे कि सामने से कुछ चोर आते दिखाई दिए l चोरों ने तुलसीदास जी से पूछा --- " कौन हो तुम ? " तुलसीदास जी तो ईश्वर के परम भक्त थे और हर जीव को ईश्वर का अंश मानते थे , इस द्रष्टि से उन्होंने कहा ---" भाई ! जो तुम सो मैं l ' चोरों ने अपनी द्रष्टि से इसका अर्थ लगाया कि जैसे वे सब चोर हैं वैसे ही ये भी चोर हैं l इसलिए चोरों ने तुलसीदास जी को चोर मानते हुए कहा -- मालूम होता है तुम अभी नए निकले हो , चलो तुम भी हमारे साथ चोरी में साथ दो l तुलसीदास जी उनके साथ चल पड़े l चोरों ने उनसे कहा --- तुम घर के बाहर खड़े रहना , कोई आता -जाता दिखे तो हमें सावधान कर देना , जब तक हम कीमती सामान उठाते हैं l अभी चोरों ने अन्दर जाकर सामान खंगालना शुरू ही किया था तभी तुलसीदास जी ने अपनी झोली से शंख निकाला और बजाना शुरू कर दिया l चोरों ने शंख की आवाज सुनी तो डरकर बाहर निकल आए l बाहर तो और कोई नहीं था , चोरों ने तुलसीदास जी से कहा ---- " जब आसपास कोई नहीं है , फिर तुमने शंख क्यों बजाया ? " तुलसीदास जी ने कहा --- मुझे तो सर्वत्र [प्रभु श्रीराम दिखाई दिए , उन्होंने तुम लोगों को भी देख लिया होगा , चोरी करना पाप है प्रभु अवश्य दंड देंगे , इसलिए मैंने आप लोगों को सावधान करना उचित समझा l " चोर समझ गए कि ये तुलसीदास कोई चोर नहीं हैं , ये तो महात्मा हैं l उनकी बातों का चोरों पर ऐसा असर हुआ कि वे सब तुलसीदास जी के चरणों पर गिर पड़े और कहने लगे ---आपने हमारी आँखें खोल दीं l प्रभु ने न जाने कितनी बार हमें पापकर्म करते हुए देखा होगा l अब हम कभी कोई बुरा कर्म नहीं करेंगे l वे सब तुलसीदास जी के शिष्य बन गए और ईश्वर की भक्ति करने लगे l
9 May 2024
WISDOM -----
एक बार महात्मा आनंद स्वामी के पास एक धनपति आए l उनके कई कारखाने थे , सभी पुत्र काम पर लगे थे l पत्नी का स्वर्गवास हो चुका था l वैभव का साम्राज्य था उनके पास , लेकिन उनके अंतर में शांति नहीं थी l भूख , नींद सब चली गई थी l सेठ जी ने अपनी यह व्यथा महात्मा जी को सुनाई l महात्मा आनंद स्वामी जी ने कहा ---- " आपने जीवन में कर्म और श्रम को तो महत्त्व दिया , पर भावना को नहीं l सत्संग , कथा श्रवण से तो विचारों को पोषण मिलता है l अन्दर की शुष्कता दूर करने के लिए अब प्रेम , धन और श्रम लुटाना शुरू कीजिए l सबको स्नेह दीजिए , अनाथों , निर्धनों के बीच जाइए , उन्हें स्वावलंबी बन सकने योग्य सहायता दीजिए , अपना शरीर श्रम भी जितना इस पुण्य कार्य में लगा सकें लगाइए l फिर देखिए आपकी भूख लौट आएगी तथा नित्य चैन की नींद सोएंगे l " सेठ जी ने ऐसा ही किया , फिर चमत्कारी परिवर्तन ने उन्हें जो शांति और प्रसन्नता दी , वह पहले कभी नहीं मिली थी l
7 May 2024
WISDOM -----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- "जो तृष्णा और सुख की लालसा से अपने आपको जितना भरता जाता है , वह उतना ही अपने अहंकार को तुष्ट और पुष्ट करता है l संसार में , दुनियादारी में व्यक्ति स्वामित्व की चाहत रखता है , लेकिन यह चाहत स्वयं का स्वामी बनने की नहीं होती l यह चाहत होती है धन , साधन , भवन -संपत्ति का स्वामी बनने की l संसार में शक्ति के मायने अहंता के पोषण के सिवाय और कुछ नहीं है और अहंता का पोषण अशांति से ज्यादा और कुछ भी नहीं दे सकता l धन , दुकान , भूमि , भवन , संपत्ति का मालिक बनकर भी मनुष्य केवल गुलाम बनता है l इस सत्य को समझाने वाली सूफी संत फरीद के जीवन की एक घटना है ---- बाबा फरीद अपने शिष्यों के साथ एक गाँव से गुजर रहे थे l वहीँ रास्ते में एक आदमी अपनी गाय को रस्सी से बांधे लिए जा रहा था l फरीद ने उस आदमी से थोड़ी देर रुकने की प्रार्थना की l उनकी प्रार्थना पर वह रुक गया l अब बाबा फरीद ने अपने शिष्यों से पूछा ---- " इन दोनों में मालिक कौन है ----गाय या आदमी ? " शिष्यों ने कहा ---- " यह भी कोई बात हुई , जाहिर है कि आदमी गाय का मालिक है l " फरीद ने फिर कहा --- " यदि गाय के गले की रस्सी काट दी जाए तो कौन किसके पीछे दौड़ेगा ---- गाय आदमी के पीछे या फिर आदमी गाय के पीछे l " शिष्यों ने कहा --- " जाहिर है आदमी गाय के पीछे भागेगा l " तो फिर फरीद ने शिष्यों से कहा ----- " तो फिर मालिक कौन हुआ ? " फरीद ने शिष्यों से कहा ---- ' तो फिर मालिक कौन हुआ ? " फरीद ने अपने शिष्यों से कहा ----" यह जो रस्सी तुम्हे दिखाई पड़ती है गाय के गले में , यह दरअसल आदमी के गले में है l हर संपत्ति हमारे गले का फंदा बन जाती है l " आज मनुष्य सुख साधनों के पीछे भाग रहा है , इस अंधी दौड़ में वह स्वयं को ही भूल गया है l
6 May 2024
WISDOM ----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " जहाँ राह गलत होती है वहां जीवन के सार्थक होने का प्रश्न ही नहीं उठता l सिकंदर विश्व विजेता बनना चाहता था l इसके लिए उसने हजारों आदमियों का रक्त बहाया , कितनी ही माताओं की गोद सूनी कर दी और कितने ही बच्चों को अनाथ कर दिया l विश्व -विजय करने के पागलपन में न तो स्वयं कभी चैन से बैठा और न अपने सैनिकों को चैन से बैठने दिया l " अहंकार ने उसकी मति भ्रष्ट कर दी l वह इस सत्य को न समझ सका कि नेक कर्म कर के , लोगों का दिल जीतकर भी विश्व विजेता बना जा सकता है l अहंकारी व्यक्तियों को ईश्वर समय -समय पर सबक सिखाते हैं , उनका सामना कभी इतने सामान्य व्यक्ति से हो जाता है , जिसके सामने वे स्वयं को बौना महसूस करते हैं , लेकिन फिर भी अहंकार सिर पर ऐसा चढ़ा है कि जाता ही नहीं l ------------------- शहरों , कस्बों और गांवों को रौंदता हुआ सिकंदर का काफिला आगे बढ़ता जा रहा था l रास्ते में एक गाँव पड़ा , सिकंदर के भोजन का समय हो गया था , एक दरवाजा खटखटाया , बूढ़ी महिला निकली l उसे देख सिकंदर चीख कर बोला --- " मैं विश्व विजयी सिकंदर हूँ , मुझे भूख लगी है , जा जल्दी से मेरे लिए कुछ खाने को ला l " महिला अन्दर गई और कुछ देर बाद एक थाली को कपड़े से ढककर लौटी l सिकंदर ने कपड़ा उठाकर देखा तो उसमें सोने के जेवर रखे थे l सिकंदर चिल्लाया ---- " ओ बेवकूफ औरत ! मैंने खाने की रोटियां मांगी और तू ये जेवर ले आई l इन्हें खाकर मैं अपना पेट भरूँगा क्या ? " महिला बोली ---- " बेवकूफ मैं नहीं तू है सिकंदर ! यदि तेरा पेट रोटियों से भर जाता तो तू अपने देश में ही सुखी नहीं रहता क्या ? रोटियां तो वहां भी बनती होंगी l तेरी भूख जिससे मिटती नजर आती है , मैं वही तेरे लिए रखकर लाई हूँ l " सिकंदर के पास जवाब में कोई शब्द नहीं थे , वह विक्षिप्त सा हो गया l जब उसका अंतिम समय आया , तब उसे यह घटना याद आ रही थी , उसने अपने सेनापति को बुलाकर कहा --- " देखो मित्र ! जब मेरी अर्थी बनाई जाये तो मेरे दोनों हाथ अर्थी से बाहर निकाल देना ताकि दुनिया वाले यह जान सकें कि विश्व विजेता सिकंदर इस दुनिया से खाली हाथ जा रहा है l
5 May 2024
WISDOM ----
एक बार एक जिज्ञासु आदि शंकराचार्य से मिलने पहुंचा l उसने शंकराचार्य जी से प्रश्न किया --- " दरिद्र कौन है ? " आचार्य शंकर ने उत्तर दिया --- " जिसकी तृष्णा का कोई पार नहीं है , वही सबसे बड़ा दरिद्र है l " उस जिज्ञासु ने पुन: प्रश्न किया ---- "धनी कौन है ? " शंकराचार्य बोले ---- " जो संतोषी है , वही धनि है l संतोष से बड़ा धन दूसरा नहीं है l " जिज्ञासु ने पुन: एक प्रश्न किया ---- " वह कौन है , जो जीवित होते हुए भी मृतक के समान है ? " उन्होंने उत्तर दिया --- " वह व्यक्ति जो उद्यमहीन है और निराश है , उसका जीवन एक जीवित मृतक के समान है l " पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं --- 'आदि शंकराचार्य के ये वचन मनुष्य के आंतरिक उत्कर्ष के लिए बहुत मूल्यवान हैं l मनुष्य अनंत तृष्णाओं को पार करने के प्रयत्न में दरिद्रता को प्राप्त करता है और संतोष धन को पाते ही ऐसे खजाने का स्वामी हो जाता है , जो कभी चुक नहीं सकता l '
WISDOM --------
बंधुवर पुष्प ! लो सबेरा हुआ , माली इधर ही आ रहा है , अपनी सज्जनता , सौम्यता और उपकार की सजा भुगतने के लिए तैयार हो जाओ l यदि मेरी सीख मानते और कठोरता व कुटिलता का का आश्रय ग्रहण किए रहते , तो आज यह नौबत नहीं आती l फूल कुछ बोला नहीं , बस ! मुस्कराता रहा l माली आया , उसने फूल तोड़ा और डलिया में रखा l काँटा दर्प से हँसा , माली की वृद्ध उँगलियों में चुभा और अहंकार में ऐंठ गया l माली उसे भला -बुरा कहता हुआ वापस लौट गया l समय बीता l एक दिन देव मंदिर में चढ़ाए उस फूल की सूखी काया को उठाकर कोई उसी वृक्ष की जड़ों के पास डाल गया l काँटे ने म्लान मुख फूल को देखा , तो हँसा और बोला --- " कहो तात ! अब तो समझ गए कि परोपकारी होना अपनी ही दुर्गति कराना है l " फूल की आत्मा बोली ---- " बन्धु , यह तुम्हारा अपना विश्वास है l शरीरों में चुभकर दूसरों की आत्मा को कष्ट पहुँचाने के पाप के अतिरिक्त तुम अपयश के भी भागी बने l अंत तो सभी का सुनिश्चित है , किन्तु अपने प्राणों को देवत्व में परिणत करने और संसार को प्रसन्नता प्रदान करने का जो श्रेय मुझे मिला , तुम उससे सदैव के लिए वंचित रह गए l मैं हर द्रष्टि से फायदे में हूँ और तुम घाटे में l "