हम अकेले ही इस संसार में आए हैं और अकेले ही जाना है l कोई घर के दरवाजे तक साथ देगा , कोई श्मशान तक 1 आगे की यात्रा तो अकेले ही तय करनी है l जन्म से मृत्यु के बीच ही हमें बहुत रिश्ते -नाते , संगी -साथी मिल जाते हैं l इन सबसे हम अपने कर्मों से बंधे है l जन्म -जन्मान्तर के ऋण हैं , ऐसे विभिन्न माध्यमों से हम अपने ऋण चुकाते हैं l जैसे -जैसे हमारे ऋण चुकते जाते हैं , वैसे -वैसे हम इन रिश्तों से , विभिन्न कार्मिक संबंधों से स्वत: ही दूर होते जाते हैं l इसलिए यदि हम अकेले रह गए हैं तो हमें यह समझना चाहिए कि अब हम ऋणमुक्त हो गए l जिंदगी में अब इतने समय बाद चैन की सांस ली l कलियुग में सच्चा , नि:स्वार्थ प्रेम कही नहीं है l परिवार में ही विभिन्न सदस्य अपने स्वार्थ , अहंकार , धन -संपत्ति का लालच , हुकूमत चलने की इच्छा आदि अनेक कारणों अपने ही लोगों को बहुत सताते हैं l परिवारों में ही कलियुगी भावनाएं हैं तो समाज और संस्थाओं की क्या कहे ? इसलिए संसार में जो लोग भी अकेलेपन को एक मुसीबत समझते हैं , उन्हें अपनी सोच बदलनी चाहिए l ईश्वर जिनसे प्यार करते हैं , उन्ही को अकेला करते हैं , ऐसे समय में हमें स्वयं को सौभाग्यशाली समझना चाहिए कि अब हमें व्यर्थ के लोगों से बात करके अपनी एनर्जी को बरबाद नहीं करना है , अब हमे ईश्वर से बात करने का मौका मिला है , उस समय को सार्थक करें l यदि आप अकेलेपन का सकारात्मक पक्ष देखें तो अब आप अपनी जिन्दगी के मालिक स्वयं हैं , , अपने सभी निर्णय स्वयं लेने हैं , किसी का कोई बंधन नहीं है l पंछी की भांति मस्त गगन में उड़ना है लेकिन अकेलेपन को सार्थक करने के लिए , शांति और सुकून से जिन्दगी जीने के लिए कुछ शर्तें जरुरी हैं --सर्वप्रथम अपने जीवन की लक्ष्मण रेखा स्वयं तय करें , संयमित और मर्यादित जीवन व्यतीत करें , कर्तव्य पालन में पूरी नैतिकता व् ईमानदारी हो , आवश्यकताएं कम से कम हों l विवेक और वैराग्य हो , सरल भाषा में कहें तो कभी किसी प्रकार के लालच , प्रलोभन में न आए , प्रेम सबसे करें लेकिन विश्वास किसी पर नहीं करें l यह समझें कि हमारी सभी जरूरतों के लिए ईश्वर पर्याप्त हैं l ईश्वर के प्रति पूर्ण समर्पण , पूर्ण विश्वास हो , फिर देखें ईश्वर कैसे हर कदम पर हमारी मदद करते हैं l जब हम अपने अकेलेपन को सार्थक कर लेते हैं , सुन्दर और सुखद बना लेते हैं तब संसार भले ही हमें अकेला समझ कर कुछ भी कहे , वो उसकी मर्जी है लेकिन हम अपने आप में पूर्ण होते हैं , ईश्वर की छत्रछाया में होते हैं l