12 April 2013

'निष्ठुरता से बढ़कर कुरूपता और कहीं कोई नहीं | सुन्दरता चेहरे की बनावट एवं साज -सज्जा पर टिकी हुई नहीं है | वह तो अच्छे स्वभाव और सद्व्यवहार से उभरती है |

                   'यदि अंत:करण मलिन और अपवित्र बना रहे तो परमात्मा की उपासना भी फलवती न होगी | अत:ईश्वर की उपासना निष्पाप ह्रदय से करें | '
प्रभु कृपा की एक ही शर्त है -पवित्रता | यदि हम परमपिता परमेश्वर से भी निष्पाप -पवित्र -उदार बनकर दिल से नहीं मिलते तो उनकी अमृत वर्षा हम पर क्यों होगी ?

REAL BEAUTY

भावनाओं का सौंदर्य अप्रतिम होता है ,सौंदर्य का तात्पर्य है -सुंदर होना एवं सुंदर दीखना | 
सुंदर दीखना बड़ा आसान है ,कृत्रिम बनाव श्रंगार ,आभूषण ,सौंदर्य -प्रसाधन सुंदर दीखने के लिये पर्याप्त हैं | 
सुंदर होना कठिन है ,सुंदर होना निर्भर करता है व्यक्तित्व के उन तमाम घटकों पर जो कि उसका निर्माण करते हैं जैसे -विचार ,भाव ,व्यवहार आदि | वैचारिक सौंदर्य ,चारित्रिक सौंदर्य ,भावनाओं का सौंदर्य ,सुंदर देह आदि | आंतरिक और बाह्य दोनों तत्व सुंदर हों ,ऐसा सौंदर्य का संतुलन ही वास्तविक सौंदर्य है | 
          
अपने समय की प्रख्यात लेखिका ,नारी स्वतंत्रता की हिमायती मेरी स्टो किशोर अवस्था में बहुत सुंदर लगती थीं | इसकी चर्चा और प्रशंसा भी बहुत होती थी | इस पर लड़की को गर्व होने लगा | बात पिता को मालुम हुई ,तो उन्होंने बेटी को बुलाकर प्यार से कहा -"बच्ची ,किशोरावस्था का सौंदर्य प्रकृति की देन है | इस अनुदान पर उसी की प्रशंसा होनी चाहिये | तुम्हे गर्व करना हो तो साठ (60 )वर्ष की उम्र में शीशा देखकर करना कि तुम उस प्रकृति की देन को लम्बे समय तक स्थायी रखकर अपनी समझदारी का परिचय दे सकीं या नहीं | "इस शिक्षा का ही परिणाम था कि अपने अहंकार को गलाकर मेरी स्टो एक समाजसेविका के रूप में विकसित हो सकीं |  

11 April 2013

अनीति का उपार्जन ऐसा है मानो कच्चे घड़े में पानी भरना | वह घड़ी आने में देर नहीं लगती जब घड़ा फूटता है और पानी बिखरता है |

               
                'पाप पहले आकर्षक लगता है फिर आसान हो जाता है ,इसके बाद आनंद का आभास देने लगता है तथा अनिवार्य प्रतीत होता है | क्रमश:वह हठी और ढीठ बन जाता है | अंतत:सर्वनाश करके हटता है |  

DESIRE

नगर का नामी अमीर हजरत इब्राहीम के पास बेशुमार हीरे -जवाहरात और अशरफियों की थैलियाँ लेकर पहुंचा और उनको हजरत के पैरों में रखकर आशीर्वाद की याचना करने लगा | हजरत बोले -"ये सब हटा ले !मैं भिखारियों की लाई सौगात नहीं लेता | "अमीर चकित हुआ ,कहने लगा -"हुजूर !आपको शायद गलतफहमी हुई है ,मैं तो नगर का सबसे अमीर आदमी हूं | "हजरत बोले -"तू अमीर है तो किस आशीर्वाद की याचना करता है ?"सेठ बोला -"आपकी कृपा हो जाती तो मैं राज्य का सबसे अमीर व्यापारी बन जाता | "हजरत इब्राहीम मुस्कराए और बोले -"जब तेरी हसरतों का ठिकाना ही नहीं है तो अपने आप को भिखारियों की गिनती से क्यों जुदा करता है !"ऐसे ही अनेक मनुष्य ,अपना जीवन कामनाओं -वासनाओं की पूर्ति हेतु गुजारते हैं ,पर कामना यह करते हैं कि उनकी गिनती कुलीनों ,बड़ों की श्रेणी में की जाये | ऐसा आडम्बर सिर्फ आत्म पतन के मार्ग की ओर ले जाता है ,उन्नति की ओर नहीं | 

10 April 2013

STRUGGLE IN LIFE

जीवन के संघर्ष और समुद्री तूफान की आँधियों से दुखी एक नाविक जहाज से उतर कर आया तो द्वीप के किनारे खड़ी एक अविचलित ,अडिग चट्टान को देखकर बड़ी शांति को प्राप्त हुआ | स्वच्छ ,सुंदर सी उस चट्टान पर खड़े होकर ,वह चारों ओर देखने लगा | उसने देखा कि द्वीप के कोने में स्थित उस चट्टान पर निरंतर समुद्र की लहरों का आघात हो रहा है ,तो भी चट्टान के मन में न कोई रोष है ,न बैर | | न कोई ऊब ,न दुःख | मरने की भी उसने कभी इच्छा नहीं की | नाविक का ह्रदय श्रद्धा से भर गया | उसने चट्टान से पूछा -"तुम पर चारों ओर से आघात लग रहे हैं ,फिर भी तुम परेशान नही हो | तुम्हारी इस सहनशीलता का कारण क्या है ?"चट्टान की आत्मा धीरे से बोली -"तात !हम निराश हो गये होते तो एक क्षण ही सही दूर से आये आप जैसे अतिथियों को विश्राम देने ,उनका स्वागत करने से वंचित रह जाते | | संघर्षों से लड़ने में ही हमें आनंद आता है | नाविक ने उत्साहित होकर स्वयं से कहा -"जीवन में कितने ही संघर्ष आयें ,मैं भी अब इस चट्टान की तरह जीऊंगा ,ताकि हमारी भावी पीढ़ी और मानवता के आदर्शों की रक्षा हो सके | 

9 April 2013

IMANDARI KI KAMAI

कुशीनगर का राजा लोगों के पुण्य खरीदने के लिये प्रसिद्ध था | उसने तराजू लगा रखी थी | पुण्य बेचने वाले अपनी ईमानदारी की कमाई का विवरण लिखकर एक पलड़े में रखते ,उस कागज के अनुरूप तराजू स्वयं स्वर्ण मुद्रा देने की व्यवस्था कर देती |
जयनगर पर शत्रुओं का आक्रमण हुआ और वहां के राजा को पत्नी -बच्चों समेत रात्रि के अँधेरे में भागना पड़ा | पास में कुछ न था | रानी ने राजा से कहा -'आपने जीवन भर दान -पुण्य किया ,उसी में से थोड़े कुशीनगर नरेश को बेचकर धन प्राप्त कर लिया जाये | कुशीनगर तक कैसे पहुँचा जाये ?इसके लिये रानी ने उपाय किया कि वह ग्रामीणों के घर कार्य करेंगी ,राजा रोटी बनायेंगे | 'एक दिन राजा रोटी सेंक रहे थे ,उसी समय एक भिखारी आ गया ,राजा संकोच में थे ,तभी रानी आ गईं और कहा -"हम एक दिन और भूखे रह लेंगे यह रोटी भिखारी को दे दो | "राजा ने सारी रोटियां भिखारी को दे दीं और भूखे पेट वे लोग चल पड़े |
कुशीनगर पहुंचकर राजा ने अपना आने का कारण बताया | उत्तर मिला कि "धर्म -कांटे पर चले जाओ ,जो ईमानदारी की कमाई हो उसे तराजू के एक पलड़े में रख देना ,कांटा आपको उसी आधार पर स्वर्ण मुद्रा दे देगा | "जयनगर के राजा ने अपने अनेक पुण्य का विवरण तराजू में रखा ,पर उनसे कुछ न मिला | तब पुरोहित ने कहा -आपने जो परिश्रमपूर्वक कमाया और दान किया हो ,उसी का विवरण लिखें | तब राजा ने पिछले दिनों भिखारी को जो रोटियां दी थीं ,उसका ब्योरा लिखकर तराजू में रखा | दूसरे पलड़े में उसके बदले 1 0 0 (सौ )स्वर्ण मुद्राएँ आ गईं | पुरोहित ने कहा -"उसी दान का पुण्य फल होता है ,जो ईमानदारी से परिश्रमपूर्वक कमाया गया हो | "राजा को पुण्य का सही अर्थ ज्ञात हुआ और प्रतिफल भी मिला | 

PURE MEAL

आहार शुद्ध होने से अंत:कारण की शुद्धि होती है और इससे विवेक -बुद्धि ठीक काम करती है | आहार के संबंध में तीन शब्द कहे जाते हैं --हित ,मित और ऋत |
हितभोजी वह है ,जो स्वास्थ्य के अनुकूल एवं उपयोगी पदार्थ ग्रहण करता है | ऐसा व्यक्ति स्वाद के लिये नहीं बल्कि स्वास्थ्य के लिये खाता है | मितभोजी वह है ,जो थोड़ा खाता है ,जितना आवश्यक है उतना खाता है | आहार के संबंध में तीसरा सबसे महत्वपूर्ण शब्द है -ऋत | --ऋत का संबंध पवित्रता एवं चेतना की निर्मलता से है | ऋत का अर्थ भोजन में समाई भावनाओं में निहित है | भोजन बनाने वाले की भावनाएं क्या हैं ?इसलिये इस भोजन को वही खा सकता है ,जो मुफ्त की नहीं खाता | दूसरों का शोषण नहीं करता | दूसरों की आह ,दूसरों का हक छीनकर ,कष्ट देकर जो भोजन हमारे पेट में जाता है ,वह हमारी भावनाओं को विकृत बनाता है ,इसी के परिणामस्वरूप शारीरिक कष्ट और असाध्य रोग उत्पन्न होते हैं |
वस्तुत:आहार का मूल्यांकन चेतना के विकास का मूल्यांकन है | ऋत आहार का स्वरुप ही हमारी चेतना को विकृत या परिष्कृत करता है |