देवी पुराण के अनुसार युद्ध से पहले आराधना करने पर राम और रावण दोनों के सामने शक्ति प्रकट हुईं l राम को उन्होंने आशीर्वाद दिया ' विजयी भव ' l रावण को कहा ---' कल्याणमस्तु ' l रावण का कल्याण उसके दर्प , अभिमान और असुरत्व के साथ कट -मिट जाने में ही था l उसी रूप में वह आशीर्वाद फलीभूत हुआ l
10 April 2022
8 April 2022
WISDOM -----
श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान कहते हैं ----- ज्ञान से नौका तो पार की जा सकती है पर रूपांतरण संभव नहीं l भावनात्मक रूपांतरण तो मात्र भक्ति से ही संभव है l मात्र कोरे ज्ञान से यह संभव नहीं , हृदय परिवर्तन होना जरुरी है l भगवान कहते हैं --- दुराचारी से दुराचारी व्यक्ति भी ठान ले कि प्रभु मेरे हैं , मैं उनका हूँ , उनका अंश होने के नाते अब मुझसे कोई गलत कार्य नहीं होगा तो वे उसे भी तार देते हैं l अनन्य भाव से भगवान को भजने से जीवन की राह बदल जाती है l अंगुलिमाल डाकू अनेक नागरिकों की उँगलियाँ काटकर उनकी माला पहन कर घूमता था , प्रसेनजित की सेनाएं भी उससे हार मान गई थीं तब उसके पास चलकर गौतम बुद्ध आए , अंगुलिमाल ने उनसे बार -बार रुकने को कहा तब तथागत बोले ---- ' रुकना तो तुझे है पुत्र , भाग तो तू रहा है --अपनी जिंदगी से , अपने आप से , अपने भगवान से l वह कुछ समझ पाता तब तक भगवान बुद्ध ने उसके नजदीक जाकर उसे अपने गले लगा लिया l अंगुलिमाल को लोग ऊँगली दिखा - दिखाकर ताना मारते थे , जिससे उसके मन में एक ग्रंथि बन गई थी l पहली बार उसे सच्चा प्यार मिला l बुद्ध ने उसे संघ में शामिल कर लिया l खतरनाक डाकू को संघ में शामिल करने से संघ की बुराई होने लगी l कुछ तो मन ही मन उसे मार डालने का भी सोचने लगे l सब भिक्षुओं ने अपनी बात भगवान के सामने रखी कि इसके कारण संघ की बदनामी हो रही है l बुद्ध बोले --- ' वह पूर्व में डाकू था , अब भिक्षु है , पर अब तुम में से बहुत सारे डाकू बनने की दिशा में चल रहे हो l उसे मार डालने की सोच रहे हो उन सब को जवाब देने का सोचकर उन्होंने अंगुलिमाल को भिक्षा लेने भेजा l लोगो में उसके लिए बहुत गुस्सा था , उसे बहुत पत्थर मारे जिससे वो मूर्च्छित होकर गिर पड़ा l और तो कोई नहीं आया उसके पास , स्वयं भगवान बुद्ध आए , उसकी सेवा की l जब उसे होश आया तो उससे कहा --- " तुम एक घुड़की दे देते , सब भाग जाते , क्यों मार खाते रहे l " अंगुलिमाल बोला ---- " प्रभु ! कल तक मैं बेहोश था , आज ये बेहोश हैं l "
7 April 2022
WISDOM ------
पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----- " यश - प्रतिष्ठा।, मान - सम्मान , ऐश्वर्य - वैभव उन्हें अच्छे लगते हैं , जिनका अंतर खोखला एवं शून्य हो l समाज में इन सब के माध्यम से ये अपने खोखलेपन को भरने का व्यर्थ प्रयास करने में संलग्न रहते हैं l अध्यात्म जीवन को पवित्रता से भर देता है l यह पवित्रता यदि व्यवहार में उतर आए तो उसे समाज में नैतिकता का नाम दिया जाता है , परन्तु जब यह पवित्रता , विचार , भाव एवं संस्कार में समाहित हो जाती है , तो उसे अध्यात्म कहते हैं अर्थात अध्यात्म आंतरिक पवित्रता का पर्याय है , जिसमें विचारों , भावनाओं एवं संस्कारों को परिष्कृत किया जाता है l " आचार्य श्री आगे लिखते हैं ---- ' वास्तविक अध्यात्म जब आंतरिक सफलताओं का मार्ग प्रशस्त करता है तो ऐसे आध्यात्मिक व्यक्ति की प्रकृति उदार , उदात्त एवं संवेदनशील हो जाती है l आध्यात्मिक व्यक्ति बाहरी संपन्नता को नहीं बल्कि आत्मिक समृद्धि को वरीयता एवं प्राथमिकता प्रदान करता है l " एक बार महात्मा गांधी से उनके साथ कार्यरत एक स्वयंसेवक ने पूछा ---- " आप अंग्रेजों से इतनी निर्भीकता से लोहा ले लेते हैं , क्या आपको कभी भय नहीं लगता ? क्या कभी आपको ऐसा नहीं लगता कि जिस मार्ग पर आप चल रहे हैं वह गलत भी हो सकता है ? " महात्मा गांधी बोले ---- " मित्र ! मुझे आनंदित जीवन का रास्ता मालूम है l वह तंग जरूर है , परन्तु सीधा है l वह तलवार की धार के समान है , परन्तु उस पर चलने में मुझे आनंद आता है l यदि कभी उस पर चलते हुए मैं फिसल भी जाता हूँ तो मैं हृदय से भगवान को पुकारता हूँ l भगवान का वचन है कल्याण - पथ पर चलने वाले की कभी दुर्गति नहीं होती l धर्म का पथ लेने वाले की रक्षा स्वयं भगवान करते हैं l भगवान के इस आश्वासन पर मेरी अटूट श्रद्धा है l " स्वयंसेवक ने पुन: पूछा ---- " यदि इस पथ पर चलते - चलते आप अपना जीवन गँवा बैठे तो ? " गाँधी जी बोले ---- " मित्र ! इस संसार में अमरता लिखाकर तो कोई आया नहीं है , पर यदि सन्मार्ग पर चलते हुए सदुद्देश्य के लिए यह शरीर नष्ट भी हो जाए तो उसकी मुझे परवाह नहीं है l जीवन सही कार्यों में गया तो मेरी अंतरात्मा इसी से संतुष्ट होगी l "
5 April 2022
WISDOM ----
वैराग्य शतक में भतृहरि ने भय की स्थिति का सूक्ष्म विश्लेषण किया है ---- ' भोग में रोग का भय है , सत्ता में गिरने का भय है , धन में खोने का , उसके चोरी होने का भय है , सत्ता में शत्रुओं का भय है , मान - सम्मान में अपमान का भय , सौंदर्य में बुढ़ापे का भय , शरीर में मृत्यु का भय है l इस तरह संसार में सब कुछ भय से युक्त है l ' पं. श्रीराम शर्मा आचार्य श्री लिखते हैं ----- ' भय को भय से निपटने के नकारात्मक रवैये ने समूची मानव जाति को अवर्णनीय त्रासदियों एवं दुःख - कष्टों से गुजरने के लिए विवश किया है क्योंकि भय की नकारात्मक शक्ति अविश्वास , घृणा एवं हिंसा की वाहक होती है l चंगेज खां ने लगभग आधी दुनिया का क़त्ल जनता को भयभीत कर अपने अधीनस्थ करने के लिए ही किया था l ' आज भी अमानवीय कृत्य , नर - संहार , अत्याचार के मूल में भय ही है l अध्यात्मवेत्ताओं के अनुसार ---- संकीर्ण स्वार्थ , दैहिक वासना और अहंकार से युक्त अनैतिक जीवन भय का प्रमुख कारण है l इस तरह के भय से मुक्ति का एकमात्र मार्ग ईश्वरीय अनुशासन को अपने जीवन में धारण करना है l
WISDOM -----
संत तुकाराम के जीवन में जब अनेक विपत्तियां आईं तो उन्होंने भगवान को पत्र लिखा ---- ' हे भगवान ! अच्छा ही हुआ , जो आपने मेरा धन छीन लिया l पत्नी और बच्चे भी बीमारी के कारण साथ नहीं रहे , यह भी अच्छा ही हुआ l मैं हर प्रकार से दुर्दशा भोग रहा हूँ -- यह भी एक तरह से ठीक ही है l संसार में घोर अपमानित हो रहा हूँ ---- यह भी अच्छा ही है , क्योंकि इन्ही कष्टों की राह से गुजर कर आपकी मधुर , शांत गोद मिलती है l '
4 April 2022
WISDOM ---------
पुराण में लिखा है ---- ' बिना भोग किए कर्म क्षीण नहीं होते , चाहे सौ करोड़ कल्प वर्ष ही क्यों न व्यतीत हो जाएँ l शुभ - अशुभ किए गए कर्मों का फल अवश्य भोगना पड़ता है l
WISDOM ------
रामकथा का मूल आधार वाल्मीकि रामायण है l हमारे धर्म ग्रन्थ केवल पूजा - पाठ की दृष्टि से पढ़ने के लिए नहीं है l इनमें संसार की प्रत्येक समस्या का उपचार है , समाधान है l चाहे युद्ध हो , आतंकवाद हो , ऊंच - नीच , अमीर - गरीब , जाति -भेद , पर्यावरण , अत्याचार , उत्पीड़न ----- आदि प्रत्येक समस्या का समाधान इसमें मिलता है l जरुरत है श्रद्धा , विश्वास और सकारात्मक सोच की l ---- यह बात है उस समय की जब रूस के एकछत्र नायक रहे श्री ब्रेझनेव भारत आए थे l अनेक विशिष्ट लोगों से उनकी मुलाकात हुई l रामकथा के प्रसिद्ध विद्वान् और वाचक पंडित कपीन्द्र जी भी उनसे मिले l उन्होंने ब्रेझनेव को रामचरितमानस भेंट की और कहा --- इस ग्रन्थ में जहाँ राम हैं वहां ' साम्यवाद ' रख देना l सीता के स्थान पर ' शक्ति ' और असुर के स्थान पर ' पूंजीपति ' फिर आपको इस ग्रन्थ की महत्ता का पता चल जायेगा l