मनुष्य एक बुद्धिमान प्राणी है , लेकिन इतनी बुद्धि के बावजूद वह निरंतर समस्याओं और मुसीबतों से घिरा हुआ है l संसार में कोई भी मनुष्य ऐसा नहीं है जिसके जीवन में समस्याएं न हो l प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का रूप अलग -अलग है l जो साहस , धैर्य और बुद्धि -विवेक के साथ इन समस्याओं का सामना करते हैं , वे जिन्दगी की जंग को जीत जाते हैं l सामाजिक प्राणी होने के नाते कुछ समस्याएं हमारी अपनी होती हैं , संघर्ष कर के ,मेहनत कर के और संतुलित जीवन जी कर इन समस्याओं का हल संभव है l लेकिन अनेक मुसीबतें ऐसी होती हैं जो लोग अपनी ईर्ष्या , द्वेष , लालच , प्रतियोगिता आदि नकारात्मक स्वभाव के कारण दूसरों को तंग कर उनके जीवन में तनाव देते हैं , उनका सुख -चैन छीनने की भरपूर कोशिश करते हैं और बाद में अपने उन गलत कर्मों का परिणाम प्राप्त होने पर मुसीबतों से घिर जाते हैं l सामाजिक प्राणी होने के नाते हमारा सामना विभिन्न प्रवृतियों के लोगों से होता है , कोई ईर्ष्यालु है , कोई लालची , कोई हमसे प्रतियोगिता करता है , कोई बिना वजह हमारा अहित चाहता है , कहीं अहं का टकराव है ---- ऐसे ही लोगों के बीच रहकर हम अपने मन को कैसे शांत रखें , कैसे तनाव रहित जीवन जियें , इसी का ज्ञान जीवन जीने की कला है l पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी का कहना है --- 'हम संसार को नहीं बदल सकते , हम अपने मन को साध लें , अपनी सोच बदल लें तभी हम शांति से रह सकते हैं जैसे कोई हमारी बहुत निंदा करता है , झूठी अफवाहें फैलाता है , गासिप करता है , तो उसे उसका काम करने दो , उससे उलझने का , विवाद करने का कोई फायदा नहीं है l हमें यह देखना है कि हम अपनी आत्मा में , अपने ईश्वर की निगाह में सही हैं तो किसी के अफवाह फ़ैलाने से कुछ नहीं बिगड़ने वाला , सच सामने अवश्य आएगा l इसी तरह यदि कोई आपकी बहुत प्रशंसा करता है तो अपनी प्रशंसा सुनकर मन को विचलित न करें l इतनी प्रशंसा के पीछे कोई न कोई स्वार्थ अवश्य छुपा है , यह संसार गणित से चलता है l
7 January 2024
6 January 2024
WISDOM -----
' रात गँवाई सोय के , दिवस गँवायो खाय , मीरा जनम अनमोल था , कौड़ी बदले जाय l ' बड़े पुण्यों के बाद मानव शरीर मिलता है , लेकिन मनुष्य अपनी नासमझी के कारण अपना पूरा जीवन छल , कपट , षड्यंत्र , दूसरों को नीचा दिखाना , लोगों का हक छीनना , दूसरों को कष्ट देकर आनंदित होना और कभी समाप्त न होने वाली तृष्णा , कामना , लालच ------ आदि नकारात्मकता में ही व्यतीत कर देता है l हमें गिनती की श्वास मिली हैं लेकिन इस नकारात्मकता से उबरें , तभी इस जीवन का सदुपयोग हो सके l इन सबके ऊपर एक सबसे बड़ी गलत आदत है --' आलस ' और आलसी , कर्महीन व्यक्ति की भगवान भी मदद नहीं करते l एक कथा है ------ बरसात के दिन समीप थे l पत्नी ने पति से कहा --- अब चहत पर मिटटी डालकर प्लास्टिक शीट से ढक देना चाहिए नहीं तो कमरे में पानी भरेगा l दीर्घसूत्री महा आलसी पति ने कहा --- " ऐसी क्या जल्दी है , कर लेंगे l इसमें कितना समय लगता है l " पत्नी बेचारी चुप हो गई l आकाश में बादल घिरने लगे l पत्नी बोली ---- "देखिए , अब तो बरसात सिर पर आ गई l अब तो कुछ करिए l " ऊँघते हुए पतिदेव बोले ---- " कोई रात में ये बादल बरसने वाले नहीं हैं l ये तो रोज ही आते -जाते बादल हैं l " दिन निकल गया l एक -दो दिन बाद आंधी आई , साथ लाइ काले बादल l देखते -देखते आकाश काला हो गया l तेज बरसात आरम्भ हो गई l घनघोर वर्षा रात भर होती रही l अगले दिन मकान धराशायी हो गया l पति महोदय रोने लगे ---- " अब इन बच्चों का , हमारा क्या होगा ! " इस पर पत्नी ने उत्तर दिया ---- " वही होगा जो शेखचिल्लियों के बच्चों का होता आया है l " पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " आलस्यवश काम को बाद के लिए छोड़ना एक ऐसा दुर्गुण है , जो जीवन को बरबाद करता है l जो जीवन से प्यार करते हैं , उन्हें आलस्य में समय नहीं गँवाना चाहिए l "
4 January 2024
WISDOM -----
आज संसार में जितनी भी समस्याएं हैं , प्रमुख रूप से डिप्रेशन है , लड़ाई झगडे हैं , उनके पीछे किसी न किसी का अहंकार अवश्य है l कृषि , उद्योग , शिक्षा , चिकित्सा , राजनीति , छोटी -बड़ी संस्थाएं , यहाँ तक कि परिवारों में भी अधिकांश समस्याएं किसी न किसी व्यक्ति के अहंकार के कारण हैं l कोई उच्च पद पर बैठा व्यक्ति , धन -वैभव संपन्न व्यक्ति अहंकार करे तो फिर भी बात समझ में आती है लेकिन किसी छोटी संस्था में , , छोटे से परिवार में एक व्यक्ति अहंकारी हो और स्वयं को सर्वश्रेष्ठ समझ कर सब को अपने कंट्रोल में रखना चाहे , अपनी हुकूमत चलाने के लिए सबका जीना मुश्किल कर दे तो यह उस अहंकारी की मानसिक विकृति है l विकृति इस लिए भी क्योंकि पीड़ित व्यक्ति उनसे अपना पीछा छुड़ा ले , लेकिन अहंकारी अपनी हुकूमत के लिए उसका पीछा नहीं छोड़ता l परिवार में , संस्थाओं में हिंसा , उत्पीड़न इसी विकृति का दुष्परिणाम है l अहंकार की यह बीमारी कोई नई नहीं है , इतिहास उनके कारनामों से भरा पड़ा है l पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं --- " अहंकार से प्रेरित बुद्धि हमेशा ही कुटिल और कलुषित होती है l वह कभी सर्वहित की नहीं सोचता , उसकी सोच में सदा ही क्षुद्रता और स्वार्थ हावी रहते हैं l असुरों की चेतना सदा ही अपने अहंकार के कारण स्रष्टि में बाधा उत्पन्न करती है इसलिए श्रीभगवान ही विविध रूप धारण कर के उसका विनाश करते हैं l " श्रीदुर्गासप्तशती में कथा है ----- जब दो भयंकर असुर मधु और कैटभ ने संसार में आतंक मचाया , देवताओं को पीड़ित किया फिर अपने बल के अहंकार में ब्रह्माजी का वध करने को तैयार हो गए तब भगवान श्रीहरि ने उन दोनों के साथ पांच हजार वर्षों तक युद्ध किया l मधु -कैटभ अपने अहंकार में इतने उन्मत हो गए कि वे वरदाता भगवान विष्णु से कहने लगे ---- " हम तुम्हारी वीरता से बहुत संतुष्ट हैं l तुम हम लोगों से कोई वर मांगो l " यह अहंकार की चरम सीमा थी कि वरदाता को वरदान देने का साहस करने लगे l अहंकार हमेशा अपना ही विनाश करता है l श्रीभगवान बोले ---- " प्रसन्न हो तो इतना ही वर दो कि अब मेरे ही हाथ से मारे जाओ l " भगवान ने उन दोनों के मस्तक अपनी जांघ पर रखकर चक्र से काट डाले l अहंकार की कोई सीमा रेखा नहीं है इसलिए प्रकृति स्वयं उसके विनाश सरंजाम जुटा देती है l आचार्य श्री लिखते हैं ---- " यदि किसी को अपने अहंकार का , इसके उपद्रव का ज्ञान हो जाये , तब वह स्वयं ही इस अज्ञान के अंधकार में नहीं रहना चाहता और ईश्वर से इस अहंकार के विनाश की कामना करने लगता है l "
3 January 2024
WISDOM ---
2 January 2024
WISDOM ----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " मनुष्य का मन एक चोर है , उसे बाहरी दबाव से एक सीमित मात्रा में ही काबू में रखा जा सकता है l आत्म सुधार तो ह्रदय परिवर्तन से ही संभव है और उसे स्वयं ही संयम साधना के आधार पर करना होता है l " यदि हम केवल सामाजिक बुराइयों को ही देखें तो उन्हें दूर करने के लिए कितने नियम कानून बन गए हैं लेकिन फिर भी कोई सतयुगी वातावरण नहीं है l नियम कानून से बहुत सीमित मात्रा में ही नियंत्रण संभव है , चेतना परिष्कृत न होने से शराफत का आवरण ओढ़ कर व्यक्ति गलत काम छुपकर करने लगता है l संत एकनाथ के साथ एक चोर भी तीर्थयात्रा पर चल पड़ा l साथ लेने से पूर्व संत ने उसे चोरी न करने की प्रतिज्ञा करवाई l यात्रा मंडली को नित्य ही एक परेशानी का सामना करना पड़ता l रात को रखा गया सामान कहीं से कहीं चला जाता l नियत स्थान पर न पाकर सभी हैरान होते और जैसे -तैसे ढूंढ कर लाते l नित्य की इस परेशानी से तंग आकर इस स्थिति के कारण की खोज शुरू हुई l रात को जागकर इस उलट -पुलट की वजह ढूँढने का जिम्मा एक चतुर यात्री ने उठाया l खुराफाती पकड़ा गया l सवेरे उसे संत एकनाथ के सम्मुख पेश किया गया l पूछने पर उसने वास्तविकता कही l चोरी करने की उसकी आदत मजबूत हो गई है लेकिन यात्रा काल में चोरी न करने की कसम निभानी पड़ रही है , पर उसका मन नहीं मानता तो तूंबा -पलटी (इधर का उधर सामान रख आने ) से उसका मन बहल जाता है l इससे कम में काम चल नहीं सकता इसलिए वह यह खुराफात करने लगा l
31 December 2023
WISDOM ------
29 December 2023
WISDOM ------
यदि हम पुनर्जन्म को माने तो हमारा वर्तमान जीवन पिछले कई जन्मों में किए गए हमारे कर्मों का ही परिणाम है l जिन रिश्तों में हम उलझे हैं , वे हमारे भूतकाल में किए गए भले -बुरे कर्मों का ही परिणाम है l भूतकाल के हमारे कर्म अच्छे होंगे तो उन रिश्तों से हमें सुख मिलता है लेकिन यदि हमने जाने -अनजाने अनेक गलतियाँ की होंगी तो उन रिश्तों के माध्यम से हमें उनका हिसाब चुकाना पड़ता है l पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- भूतकाल तो बीत गया , अब उस पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं है l हमारे हाथ में केवल वर्तमान है l वर्तमान में सत्कर्म कर के हम पिछले पापों के बोझ को कुछ हल्का कर सकते हैं , प्रारब्ध को टालना तो संभव नहीं है लेकिन सत्कर्म की तीव्रता से उन कष्टों की चुभन कम हो जाती है और सुनहरे भविष्य का द्वार खुल जाता है l आचार्य श्री कहते हैं ---सत्कर्म का कोई भी मौका हाथ से जाने न दें l सत्कर्म की पूंजी बड़ी मुसीबतों से हमारी रक्षा करती है l