1 चीन के प्रसिद्ध दार्शनिक लाओत्से ने अपने शिष्य से कहा --- " तुम्हे पता है कि मैं अपने जीवन में कभी किसी से पराजित नहीं हुआ l " शिष्य को यह सुनकर बड़ा आश्चर्य हुआ और बोला --- " पर आप तो बहुत छोटे व दुर्बल शरीर के हैं l ऐसे में आपको कैसे कभी किसी ने नहीं हराया ? " लाओत्से हँसा और बोले --- "मैंने कभी जीतने की चाहत ही नहीं रखी l इसीलिए हारने का भी प्रश्न ही उत्पन्न नहीं हुआ l संसार में सारी दौड़ पाने की है l इसलिए लोग खोने की सोच से परेशान हो जाते हैं , परन्तु जो भगवान ने दिया है यदि उसी से संतुष्ट है तो उसके मन को कोई चिंता परेशान नहीं करती और न कोई बेचैनी होती l " शिष्य की समझ में आ गया कि अतृप्त कामनाएँ ही समस्त दुःखों का कारण हैं l आज संसार में ' तनाव ' सबसे बड़ी बीमारी है जो अन्य कई बीमारियों को पैदा करती है l इसका कारण यही है व्यक्ति कुछ न कुछ पाने की चाह में दौड़ रहा है और यह दौड़ भी सीधी नहीं है , दूसरों को धक्का मार के , कुचल कर आगे बढ़ने की है l इस तरह की दौड़ में व्यक्ति स्वयं तो तनावग्रस्त होता है इसके साथ ही दूसरों को धक्का देने और उनका हक छीन लेने का पाप भी अपने सिर पर रख लेता है , अपने ही कर्मों के बोझ से दबा जाता है l
30 March 2024
29 March 2024
WISDOM -----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ---- " हमारे पूर्वजों ने छूत -अछूत का भेद , अच्छे -बुरे कर्मों के आधार पर बनाया था l जन्म से कोई छूत -अछूत नहीं होता l " उच्च कुल में जन्म लेकर भी यदि व्यक्ति छल , कपट , धोखा , षडयंत्र , अत्याचार और नकारात्मक शक्तियों के साथ काम करता है तो वह व्यक्ति अछूत है , ऐसे व्यक्ति की छाया से भी बचना चाहिए क्योंकि ऐसे लोगों के संस्कार , उनकी मानसिकता दूषित होती है इसलिए उनकी संगत से बचना चाहिए l एक कथा है -------- एक महात्मा प्रतिदिन जेल जाते और एक बंदी को उपनिषद पढ़ाया करते l वह बंदी काल कोठरी में था लेकिन उपनिषद का ज्ञान उसकी आत्मा में ऐसे समा गया कि उसके जीवन में आनंद और शांति थी l महात्मा उसे नियमपूर्वक उपनिषद पढ़ाने जाते थे l एक दिन महात्मा ने देखा कि उनके शिष्य के चहरे पर प्रसन्नता नहीं है l महात्मा ने उससे पूछा कि उपनिषद पढ़कर भी मन में शांति क्यों नहीं है ? तब बंदी ने कहा कि उसने रात्रि में एक भयानक स्वप्न देखा , जिसमें वह निर्ममता से अपने किसी प्रिय की हत्या कर रहा है l बंदी ने कहा कि इस स्वप्न की वजह से ही वह बहुत परेशान है l तब महात्मा जी ने उससे उसकी पूरी दिनचर्या के बारे में पूछा कि वह किस से मिला था , क्या खाया था ? फिर महात्मा जी ने बंदीगृह के अधिकारी से पूछा ---- " क्या कल किसी नए बंदी ने भोजन पकाया था ? " अधिकारी ने कहा --' हाँ ' और उस बंदी का रिकार्ड मंगाकर देखा तो पता चला कि उस बंदी ने जिसने खाना बनाया था , उसने अपने प्रिय की हत्या उसी निर्ममता से की थी जैसा कि उस उपनिषद पढने वाले बंदी ने स्वप्न में देखा था l तब महात्मा ने अपने शिष्य को कहा --- ' व्यक्ति के दूषित मानसिक संस्कार के स्पर्श मात्र से उस भोजन में वह दूषित संस्कार आ गए l उस भोजन को ग्रहण करने से ही उसे ऐसा स्वप्न आया l तब महात्मा जी की सलाह पर उस बंदी को खाना बनाने के काम से हटाकर अन्य कोई काम दिया गया l
28 March 2024
WISDOM -------
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने अपने वाडमय ' प्रेरणाप्रद द्रष्टान्त ' में लघु -कथाओं के माध्यम से हमें जीवन जीने की शिक्षा दी है l ----- एक राजा ने अपने राजकुमार को एक दूरदर्शी और विद्वान् आचार्य के पास शिक्षा प्राप्त करने के लिए भेजा l एक दिन आचार्य ने राजकुमार से पूछा ---' तुम अपने जीवन में क्या बनना चाहते हो ? यह बताओ तब तुम्हारा शिक्षा क्रम ठीक बनेगा l राजकुमार ने उत्तर दिया --- ' वीर योद्धा l ' आचार्य ने समझाया कि इन दोनों शब्दों में अंतर है l योद्धा बनने के लिए शस्त्र कला का अभ्यास करो , घुड़सवारी सीखो किन्तु यदि वीर बनना हो तो नम्र बनो और सबसे मित्रवत व्यवहार करने की आदत डालो l जो वीर है वो कभी किसी की पीठ पर वार नहीं करता , कमजोर पर अत्याचार नहीं करता l सबसे मित्रता करने की बात राजकुमार को जंची नहीं और वह असंतुष्ट होकर अपने महल वापस आ गया l पिता ने लौटने का कारण पूछा तो उसने मन की बात बता दी , सबसे मित्रता बरतना भी कोई नीति है l राजा ने उस समय तो अपने पुत्र से कुछ नहीं कहा l कुछ दिन बाद राजा अपने पुत्र के साथ जंगल में वन -विहार को गया l चलते चलते शाम हो गई , राजा को ठोकर लगी तो बहुमूल्य अंगूठी में जड़ा बेशकीमती हीरा उस पथरीली रेत में गिर गया l अँधेरा होने लगा , जंगल पार करना था l राजकुमार ने जहाँ हीरा गिरा था वहां की सारी रेत अपनी पगड़ी खोलकर उसमे बाँध ली l और भयानक जंगल को जल्दी पार करने को कहा l राजा ने पूछा --- 'हीरा तो छोटा सा था , उसके लिए इतनी सारी रेत समेटने की क्या जरुरत ? राजकुमार ने कहा --- जब हीरा अलग से नहीं मिला तो यही उपाय था कि उस जगह की सारी रेत समेट ली जाये और घर पहुंचकर सुविधानुसार हीरा ढूँढ लिया जाये l राजा ने पूछा --- फिर आचार्य जी का यह कहना कैसे गलत हो गया कि सबसे मित्रता का अभ्यास करो l मित्रता का दायरा बड़ा होने से ही उसमें से हीरे जैसे विश्वासपात्र मित्र ढूंढना संभव होगा l राजकुमार का समाधान हो गया और वह फिर से उन विद्वान् गुरु के आश्रम में पढ़ने चला गया l इस कथा से हमें यही शिक्षा मिलती है कि हमारा मनुष्य जीवन भी हीरे के समान अनमोल है उसे व्यर्थ न गंवाए l यदि इस सफ़र में कभी गिर भी गए तो हिम्मत न हारें , पुन: उठें , संभलें और जीवन को सार्थक करें और मित्र हमेशा जाँच -परखकर ही बनाएँ l
27 March 2024
WISDOM -----
पं . श्रीराम शर्मा आचार्य जी लिखते हैं ----- " पद जितना बड़ा होता है , सामर्थ्य उतनी ही ज्यादा और दायित्व भी उतने ही गंभीर l जो ज्ञानी हैं वे अपनी बढ़ती हुई सामर्थ्य का उपयोग पीड़ितों के कष्ट हरने एवं भटकी मानवता को दिशा दिखाने में करते हैं l सामर्थ्य का गरिमापूर्ण एवं न्यायसंगत निर्वाह ही श्रेष्ठ मार्ग है l " ---------------------- बोधिसत्व सुंदर कमल के तालाब के पास बैठे वायु सेवन कर रहे थे l कमल की मनोहर छटा देखकर वे सरोवर में उतर गए और निकट जाकर कमल की गंध का पान कर तृप्त हो रहे थे l उसी समय किसी देवकन्या का स्वर उन्हें सुनाई दिया ------ ' तुम बिना कुछ दिए ही इन पुष्पों की सुरभि का सेवन कर रहे हो l ' बोधिसत्व कुछ कहते , उसी समय एक व्यक्ति आया और सरोवर में घुसकर निर्दयतापूर्वक कमल -पुष्प तोड़ने लगा l उसे रोकना तो दूर , देवकन्या ने उसे मना भी नहीं किया l बोधिसत्व ने उस देवकन्या से पूछा --- " देवी ! मैंने तो केवल पुष्पों का गंधपान ही किया था , पर अभी आए इस व्यक्ति ने कितनी निर्दयता के साथ पुष्पों को तोड़कर तालाब को असुंदर और अस्वच्छ बनाया , तब तो तुमने इसे कुछ भी नहीं कहा l " बोधिसत्व की बात सुनकर देवकन्या गंभीर होकर कहने लगी --- " तपस्वी ! लोभ तथा तृष्णा में डूबे संसारी मनुष्य धर्म , अधर्म में भेद नहीं कर पाते l अत: उन पर धर्म की रक्षा का भार नहीं है , किन्तु जो धर्मरत हैं , सत -असत का ज्ञाता है , नित्य अधिक से अधिक पवित्रता और महानता के लिए सतत प्रयत्नशील है , उनका तनिक सा भी पथभ्रष्ट होना एक बड़ा पातक बन जाता है l " बोधिसत्व ने मर्म को समझ लिया कि जिन पर धर्म -संस्कृति की रक्षा का भार होता है , समाज में सर्वोपरि पद पर रहने के कारण उनके दायित्व भी बढ़े -चढ़े होते हैं l अत: अधिक सजग होना उनके लिए एक अनिवार्य कर्तव्य है l
26 March 2024
WISDOM ----
लघु -कथा --- एक अत्याचारी राजा था , जो किसी से रुष्ट होने पर उसे बंदी बनाकर और अँधा कर के एक चौरासी कोस के जंगल में छोड़ देता था l उस जंगल के चारों ओर एक बड़ी व मजबूत दीवार बनी हुई थी l ज्यादातर लोग उस दीवार से सिर टकराकर मर जाते थे , पर उन्ही में से एक ऐसा ईश्वर भक्त था जिसे यह विश्वास था कि जिस ईश्वर ने यह स्रष्टि रची है , क्या उसके पास एक छोटे जंगल से निकलने का मार्ग नहीं होगा l इसी विश्वास के आधार पर वह रोज दीवार का सहारा लेकर गोल -गोल घूमा करता था और ऐसे ही एक दिन उसे दीवार के मध्य एक ऐसा छिद्र मिल गया जिससे बाहर निकला जा सकता था l इस प्रकार अपने निरंतर प्रयास और ईश्वर विश्वास ---इन दोनों के संयुक्त बल से वह बाहर निकलने में सफल हुआ l जीवन में सफलता के लिए निरंतर पूर्ण मनोयोग से प्रयास करने के साथ ईश्वर विश्वास भी जरुरी है , ईश्वर विश्वास से ही आत्मबल मिलता है l महाभारत में कर्ण युद्ध विद्या में अर्जुन से श्रेष्ठ था , महादानी और आत्म बल का धनी था , फिर भी अर्जुन से हार गया l ऐसा क्यों हुआ ? क्योंकि एक तो उसने अनीति और अधर्म का साथ दिया , अत्याचारी और अन्यायी जब डूबता है तो अपना साथ देने वाले सबको साथ लेकर डूबता है l दूसरा जो सबसे बड़ा कारण था ---- ऋषि कहते हैं ' नर और नारायण ' का जोड़ा ही जीतता है l अर्जुन को नर और कृष्ण को नारायण कहा गया है l जब अर्जुन निराश हो गया था तब भगवान ने गीता का उपदेश देकर उसे प्रेरणा दी उसके आत्मबल को जगाया , अर्जुन के जीवन रूपी रथ की बागडोर संभाली l कर्ण चाहे अर्जुन से श्रेष्ठ था लेकिन उसने अपने आपको ही सब कुछ माना , नारायण को अपना पूरक नहीं बनाया इसलिए उसे पूरक सत्ता का , ईश्वर का साथ नहीं मिल सका और वह पराजित हुआ l
25 March 2024
WISDOM ----
संसार में जिनके पास धन -वैभव , शक्ति , साधन सब कुछ है , उन्हें इस बात का अहंकार होता है कि वे इस भौतिक संपदा से सब कुछ खरीद सकते हैं l भौतिक संपदा के साथ बुराइयाँ तो बिना ख़रीदे ही खिंची चली आती है लेकिन यदि सद्गुण चाहिए तो उनके लिए कठिन साधना करनी पड़ती है l जैसे सत्य बोलना , दया , करुणा , ईमानदारी , कर्तव्यपालन , सब में एक ही परमात्मा को देखना ---आदि अनेक सद्गुणों को अपने व्यवहार में लाना हर किसी के लिए संभव नहीं है l जो ऐसे सद्गुणी होते हैं , ईश्वर के बताए मार्ग पर चलते हैं उन्हें ही ईश्वर ' सद्बुद्धि का , विवेक का ' वरदान देते हैं l' विवेक बुद्धि ' होने पर ही जीवन में सही निर्णय लेना संभव होता है l ----------------- सम्राट बिंबसार को सत्य का स्वरुप जानने की इच्छा हुई l उन्होंने भगवान महावीर से कहा --- " भगवन ! मैं सत्य को जानना चाहता हूँ l उसको प्राप्त करना चाहता हूँ और उसे प्राप्त करने के लिए मैं किसी भी ऊँचाई तक पहुँचने में सक्षम हूँ l " सम्राट की बात सुनकर भगवान महावीर को लगा कि दुनिया को जीतने वाला सम्राट सत्य को भी उसी प्रकार जीतने का इच्छुक है l अहंकार के वशीभूत होकर वह सत्य को भी क्रय करने की वस्तु मान बैठा है और उसे उसी तरह प्राप्त करने का इच्छुक है l उन्होंने बिंबसार को समझाया --- " वत्स ! सत्य को न तो ख़रीदा जा सकता है और न उसे दान या भिक्षा के द्वारा प्राप्त किया जा सकता है l सत्य कोई राज्य भी नहीं है जिस पर आक्रमण कर के तुम विजय प्राप्त कर लो l सत्य को प्राप्त करने के लिए अहं को गलाना पड़ता है और अहंकार शून्य होने पर ही सत्य का बोध होता है l " बिंबसार को अपनी गलती का अनुभव हो गया l